सरकार की सभी योजनाएं गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित : राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वर्मा

अन्न उत्सव: हितग्राहियों को मिला निःशुल्क अन्न

रामेश्वर कालोनी, बाग मुगालिया में हुआ आयोजन

(माय सीक्रेट न्यूज़)

भोपाल। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत राजधानी के रामेश्वर कॉलोनी, बाग मुगलिया के नितिन उपभोक्ता भंडार साकेत मंडल में अन्न-उत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा एवं जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी समेत अन्य अतिथियों ने अपने विचार रखे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने गरीबी हटाने का सिर्फ नारा नहीं दिया, बल्कि पं. दीनदयाल के अंत्योदय के विचार को साकार करते हुए सत्ता के माध्यम से गरीबों के जीवन स्तर को बदलने, ऊपर उठाने का काम किया है। केंद्र और राज्य सरकार की सारी योजनाएं गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित हैं। यही कारण है कि आज देश के गरीब और अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।

जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड संकट के दौरान गरीबों को लगातार अन्न वितरण का अभियान चलाया। कोविड के संकट में देश और प्रदेश के सभी जनप्रतिनिधियों, शासन एवं प्रशासन ने यह तय किया कि कोई भी गरीब भूखा नहीं रहेगा। इस दिशा में भाजपा के जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। उन्होंने कहा कि कोविड काल से शुरू हुआ अन्न वितरण का यह अभियान लगातार चल रहा है। प्रधानमंत्री के इस अभियान को भारतीय जनता पार्टी की सरकार, पार्टी के कार्यकर्ता एवं प्रशासन जमीन पर उतारने का काम कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि गरीबों के साथ शासन, प्रशासन और भाजपा के कार्यकर्ता मजबूती के साथ खड़े हैं। जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि आयोजन के बाद भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने गोविंदपुरा विधानसभा के बूथ क्रमांक 227 के बूथ अध्यक्ष सुशांत शिवनानी के निवास पर स्वल्पाहार किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, क्षेत्रीय विधायक कृष्णा गौर, सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर, जीतेंद्र शुक्ला सहित साकेत मंडल के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं हितग्राही उपस्थित थे।

लेटेस्ट खबरें