Wednesday, July 8, 2026 2:39 am

ईरान ने US बेस को भी बनाया निशाना, खामेनेई की मौत के बाद इजरायल पर मिसाइल अटैक

तेहरान. ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान में लोग सड़कों पर उतर आए हैं। ईरान ने अपना नया कमांडर इन चीफ नियुक्त किया है। ईरान ने खामेनेई की मौत के बगाद 40 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। वहीं इजरायल और अमेरिका के इस हमले की निंदा संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने भी की है। वहीं ईरान ने नए सुप्रीम लीडर का भी ऐलान किया है। हमलों के बाद भड़के हुए ईरान ने भी पड़ोसी देशों में स्थित अमेरिकी एयरबेसों को निशाना बनाया। ये हमले ऐसे समय में हुए जब हाल के हफ्तों में तनाव काफी बढ़ गया है। अमेरिकी युद्धपोत क्षेत्र में तैनात किए जा चुके थे और डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने के लिए एक समझौता चाहते थे। यह उस समय हो रहा है जब देश के भीतर भी हालात चुनौतीपूर्ण हैं और राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बाद सरकार के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है। ईरान के हमलों की वजह से कतर, सऊदी अरब, ईराक और अन्य देशों में भी उसका विरोध हो रहा है। वहीं खबर के मुताबिक यूएई में ईरान के हमले में एक शख्स की मौत भी हो गई है। IRGC ने ब्रिगेडियर जनरल अहमद वहीदी को नया कमांडर इन चीफ चुन लिया है। ऐसे में युद्ध अभी लंबा खिंचने की संभावना नजर आ रही है। खामेनेई के मारे जाने पर प्रदर्शन की आग भारत तक पहुंच गई है। भारत में कश्मीर, यूपी और कई अन्य जगहों पर शिया मुसलमान सड़कों पर उतर रहे हैं। यूएन ने की हमले की निंदा संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हवाई हमलों की शनिवार को निंदा की और ''क्षेत्र और पूरी दुनिया को संकट से निकालने'' के लिए तत्काल फिर से बातचीत शुरू करने का आह्वान किया। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने आपातकालीन बैठक में कहा कि स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ''वरना व्यापक संघर्ष होने की आशंका है जिसके नागरिकों और क्षेत्रीय स्थिरता के लिहाज से गंभीर परिणाम हो सकते हैं।'' यहां पढ़ें ईरान-इजरायल युद्ध का पूरा मामला… कैसे चुना जाएगा ईरान का सुप्रीम लीडर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत ने देश के भविष्य को लेकर बेहद महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मौलवियों की एक समिति को उनके स्थान पर नए नेता के चयन का काम सौंपा गया है। ईरान के संविधान के तहत 88 सदस्यीय समिति 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' (विशेषज्ञों की सभा) नये सर्वोच्च नेता का चयन करेगी। इस निकाय में केवल शिया धर्मगुरु शामिल होते हैं, जिन्हें हर आठ वर्ष में जनमत के आधार पर चुना जाता है। कानून के अनुसार, 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' को जल्द से जल्द नये सर्वोच्च नेता का चयन करना होगा। यदि चयन में देरी होता है तो एक नेतृत्व परिषद कार्यभार संभाल सकती है, जिसमें राष्ट्रपति, न्यायपालिका प्रमुख और 'गार्जियन काउंसिल' का एक वरिष्ठ सदस्य शामिल होता है। recent visitors 28

पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा, रिटायर्ड डॉक्टर से 2.52 करोड़ की ठगी में दरोगा का भाई भी शामिल

ग्वालियर. भारतीय वायुसेना के रिटायर्ड डॉक्टर नारायण महादेव टिकेकर को डिजिटल अरेस्ट कर 2.52 करोड़ रुपये ठगने के मामले में ग्वालियर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्वालियर पुलिस की टीम ने दिल्ली से चार आरोपियों को पकड़ा है। इनके बैंक खाते में ठगी की रकम में से 30 लाख रुपये गए थे। 30 लाख रुपये इन्होंने ही अपने एटीएम कार्ड के जरिये निकालकर बिचौलिये को दिए। इसके एवज में 1.70 लाख रुपये कमीशन मिला। पुलिस इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, जिससे ठगी की रकम की हेराफेरी करने वाले और भी लोगों तक पहुंचा जा सके। पकड़े गए आरोपियों में से एक का भाई दिल्ली पुलिस में दारोगा है। भाई के पकड़े जाने के बाद वह भी ग्वालियर आ गया। उसे यहां आकर पता लगा कि भाई ठगी की रकम की हेराफेरी करने के लिए अपने और दोस्तों के बैंक खाते ही किराये पर देता है। 89 वर्षीय नारायण महादेव टिकेकर सिरोल स्थित विंडसर हिल्स हाउसिंग सोसायटी में रहते हैं। 24 दिन तक ठगों ने खुद को सीबीआइ अधिकारी बताकर इन्हें मनी लांड्रिंग केस में फंसा बताकर डिजिटल अरेस्ट रखा था। इनसे 2.52 करोड़ रुपये ठग लिए थे। 500 बैंक खातों में ट्रांसफर हुई थी ठगी की रकम पुलिस ने पड़ताल की तो सामने आया कि ठगी की रकम दिल्ली, हरियाणा, उप्र, बिहार, गुजरात, असम, बंगाल सहित अन्य राज्यों के करीब 500 बैंक खातों में गया है। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने क्राइम ब्रांच के डीएसपी मनीष यादव, एसआइ अमित शर्मा और उनकी टीम को पड़ताल में लगाया। टीम ने तकनीकि विश्लेषण किया। उसके बाद चार आरोपित चिन्हित हुए। इनके बैंक खातों में 30 लाख रुपये गए थे। यह रुपये भी खाते में आते ही निकाल लिए गए। क्राइम ब्रांच की टीम ने रात को चार आरोपियों को पकड़ लिया। इन्हें पुलिस ग्वालियर ले आई है। पूछताछ में इन्होंने स्वीकार किया कि एक बिचौलिये के जरिये बैंक खाते ठगों को किराये पर दिए थे। इसके एवज में कमीशन मिलता था। पहले भी ठगी की रकम इनके खातों में आ चुकी है। यह आरोपित पकड़े गए 1.-मोहित मिश्रा पुत्र रामनरेश मिश्रा उम्र 31 वर्ष निवासी बी 40 चाणक्य पैलेस -1 स्ट्रीट नंबर 48 जनकपुरी नई दिल्ली 2- राहुल प्रजापति पुत्र प्रेम सिंह प्रजापति उम्र 25 वर्ष निवासी राजद 150 धरमपुर प्रथम नजफगढ़ नई दिल्ली 3-हरीश यादव पुत्र रामबाबू यादव उम्र 25 वर्ष निवासी हाउस नंबर 49 ब्लॉक धरमपुरा एक्सटेंशन नजफगढ़ नई दिल्ली 4-साहिल पुत्र फिरोज खान निवासी ए-5 175 एक्सटेंशन पार्ट 1 मोहन गार्डन उत्तम नगर नई दिल्ली टेलीग्राम के जरिये खाते किराये पर देने का नेटवर्क: प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह टेलीग्राम एप के जरिये एक ग्रुप से जुड़े। यहां से ही ठगी की रकम की हेराफेरी के लिए खाते उपलब्ध कराने का पूरा नेटवर्क चलता है। यूएसडीटी के जरिये क्रिप्टो ट्रेडिंग: इस मामले में भी क्रिप्टो ट्रेडिंग हुई है। यूएसडीटी के जरिये ठग क्रिप्टो ट्रेडिंग कराते हैं और पूरा पैसा विदेश पहुंच रहा है। पुलिस ने पकड़े चार आरोपी रिटायर्ड डाक्टर से ठगी के मामले में चार आरोपित पकड़े गए हैं। इन्होंने अपने बैंक खाते किराये पर दिए थे। इन्हें रिमांड पर लिया जाएगा। धर्मवीर सिंह, एसएसपी recent visitors 23

अप्रैल 2028 तक रहेगा कार्यकाल, सुभरंजन सेन बने नए मप्र वन बल प्रमुख

भोपाल. भारतीय वन सेवा के अधिकारी सुभरंजन सेन मध्य प्रदेश के नए वन बल प्रमुख नियुक्त किए गए हैं। वरिष्ठता में 1989 बैच के आईएफएस अधिकारी एचएयू खान और 1990 बैच के बिभाष ठाकुर को पीछे छोड़ 1991 बैच के आईएफएस अधिकारी सेन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहली पसंद बन गए, सेन अभी मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक हैं। वन बल प्रमुख वीएन अंबाडे 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनके सेवानिवृत्ति के एक सप्ताह पहले से नए वन बल प्रमुख की तलाश की जा रही थी। इनमें खान, ठाकुर और सेन इन तीन नामों का पैनल बनाकर वन विभाग ने मुख्यमंत्री को स्वीकृति के लिए भेजा था। इससे पहले मंत्रालय में मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में नए वन बल प्रमुख के चयन के लिए बैठक की गई थी। नजरअंदाज कर जूनियर को सौंपी कमान वन विभाग में वन बल प्रमुख सबसे वरिष्ठतम अधिकारी को ही बनाया जाता है। इस हिसाब से वन विकास निगम के प्रबंध संचालक एचयू खान और उनके बाद पीसीसीएफ अनुसंधान और विस्तार बिभाष कुमार ठाकुर वन बल प्रमुख बनने की वरिष्ठता रखते हैं। लेकिन पहली बार वरिष्ठता को नजरअंदाज कर खान और ठाकुर से जूनियर सेन को वन बल प्रमुख की कमान सौंपी है। अब चूंकि सेन की नियुक्त हो गई है तो ठाकुर की वर्तमान पदस्थापना में बदलाव किया जा सकता है, उन्हें पीसीसीएफ अनुसंधान और विस्तार से हटाना पड़ेगा। वरिष्ठता के कारण उन्हें लघु वनोपज संघ या वन विकास निगम के प्रतिनियुक्ति पर भेजा जा सकता है। समीता राजौरा बनाई जा सकती हैं मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक वरिष्ठता के आधार पर 1992 बैच की आईएफएस अधिकारी समीता राजौरा मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक बनाई जा सकती हैं। वह वन्यप्राणी शाखा में काम करने की इच्छुक भी हैं। वर्तमान में वह मप्र राज्य लघुवनोपज संघ की प्रबंध संचालक हैं। इधर, राज्य वन विकास निगम की प्रबंध संचालक एवं एसपीसीसीएफ अर्चना शुक्ला को पीसीसीएफ के पद पर पदोन्नत कर दिया गया है। recent visitors 28

पिकअप गाड़ी ने स्कूटर को मारी टक्कर, नरसिंहपुर में दो सगी बहनों की मौत

नरसिंहपुर. नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुआ सड़क हादसा एक परिवार के लिए असहनीय पीड़ा बन गया। एक ही परिवार में ब्याही दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत से ग्राम सलैया में मातम पसरा हुआ है। शादी के वर्षों बाद भी साथ निभाने वाली दोनों बहनें अंतिम यात्रा पर भी साथ ही चली गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका बसंती पति जीवनलाल यादव उम्र 62 वर्ष एवं मृतका गजरो बाई पति हरीश यादव उम्र 65 वर्ष निवासी ग्राम सलैया सगी बहनें थीं। दोनों की शादी एक ही परिवार में हुई थी। शनिवार को जीवनलाल पिता बक्तूलाल यादव उम्र 65 वर्ष अपनी पत्नी बसंती और साली गजरो बाई के साथ स्कूटर से सलैया से गोरखपुर मेहगांव जा रहे थे। शनिवार शाम करीब 4.30 बजे मुंगवानी के पास वन विभाग डिपो के समीप जीवनलाल लघुशंका के लिए वाहन रोककर नीचे उतरे। दोनों महिलाएं सड़क किनारे खड़ी मोपेड के पास ही खड़ी रहीं। जैसे ही जीवनलाल वापस लौटकर वाहन उठाने लगे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकअप वाहन की तलाश कर रही पुलिस घायलों को हाईवे एंबुलेंस 1033 की मदद से शासकीय जिला अस्पताल नरसिंहपुर लाया गया, जहां उपचार के दौरान बसंती और गजरो बाई ने दम तोड़ दिया। जीवनलाल यादव को दोनों पैरों व सिर में चोट आई है। जिनका अस्पताल उपचार जारी है। रविवार की सुबह अस्पताल चौकी पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूर्ण कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस द्वारा पिकअप वाहन और ड्राइवर की तलाश की जा रही है। recent visitors 21

रीवा में केक काटने के बहाने किशोरी से दुष्कर्म, इंस्टाग्राम फ्रेंड ने बर्थडे पर दिया खौफनाक गिफ्ट

रीवा. शहर से रिश्तों को शर्मसार करने वाली और इंटरनेट मीडिया की दोस्ती के खतरनाक अंजाम की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक नाबालिग किशोरी को उसके इंस्टाग्राम दोस्त ने जन्मदिन मनाने के बहाने बुलाकर अपनी हवस का शिकार बनाया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता और आरोपी की पहचान इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' के जरिए हुई थी। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से बातचीत चल रही थी। बीती 27 फरवरी को किशोरी का जन्मदिन था। जन्मदिन के इस मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने उसे मिलने के बहाने बुलाया। जन्मदिन की रात हुई वारदात घटनाक्रम के मुताबिक, 27 फरवरी की रात किशोरी अपने परिजनों को बिना बताए घर से निकली थी। उसने घर वालों से सहेली के यहां जाने की बात कही थी। वह बिछिया थाना क्षेत्र के रहने वाले अपने इसी इंस्टाग्राम दोस्त से मिलने पहुंची। वहाँं आरोपी किशोर ने केक काटने और जन्मदिन मनाने के बहाने किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। परिजनों को सुनाई आपबीती देर रात किशोरी वापस घर लौटी, तो वह काफी डरी और सहमी हुई थी। परिजनों के पूछने पर उसने रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजन तुरंत किशोरी को लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। सिविल लाइन थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की गई। शुरुआत में पीड़िता घटना स्थल और आरोपी के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी। उसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कड़ियां जोड़ीं । पुलिस की गिरफ्त में आरोपी तथ्यों की पुष्टि होने के बाद महिला पुलिस अधिकारी की उपस्थिति में दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी किशोर बिछिया क्षेत्र का निवासी है। आरोपी से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है। recent visitors 24

अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध से बढ़ा संकट, इंदौर के पूर्व विधायक समेत कई उद्योगपति और व्यापारी दुबई में फंसे

इंदौर. अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा हालात बिगड़ने के चलते दुबई आने-जाने वाली कई उड़ानें रद कर दी गई हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला समेत शहर के कई उद्योगपति और व्यापारी दुबई में फंस गए हैं। जानकारी के अनुसार, शारजाह से इंदौर आने वाली Air India Express की फ्लाइट संख्या IX-256 अचानक रद कर दी गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्षेत्रीय तनाव के बीच दुबई में सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि एहतियातन दुबई के एयरपोर्ट संचालन पर अस्थायी रोक लगाई गई, जिसके चलते कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अनिश्चित समय के लिए स्थगित कर दी गई हैं। इसका असर भारत लौटने वाले यात्रियों, खासकर मध्य प्रदेश के लोगों पर पड़ा है। शादी समारोह में गए थे दुबई मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक संजय शुक्ला एक निजी शादी समारोह में शामिल होने दुबई गए थे। उनके साथ पूर्व विधायक विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, पिंटू छाबड़ा, मनीष शाहरा, गोलू पाटनी और संजय अग्रवाल सहित इंदौर के कई प्रमुख कारोबारी भी मौजूद हैं। फ्लाइट रद होने के बाद सभी वहीं रुके हुए हैं। सोशल मीडिया पर दी जानकारी स्थिति को लेकर इंदौर में उनके परिजनों और समर्थकों में चिंता का माहौल बन गया। इस बीच संजय शुक्ला ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से सभी को आश्वस्त किया। उन्होंने लिखा कि वे, उनके पुत्र आकाश और उनके साथ मौजूद सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण दुबई एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद है, जिससे उनकी भारत वापसी फिलहाल संभव नहीं हो पाई है। दुबई सरकार और भारत सरकार की ओर से पूरा सहयोग मिलने की बात भी उन्होंने कही। पोस्ट में उन्होंने इंदौरवासियों से अपील की कि वे किसी प्रकार की चिंता न करें और परिस्थितियां सामान्य होते ही वे जल्द इंदौर लौटेंगे।  recent visitors 24

सेमीफाइनल का टिकट दांव पर: वेस्टइंडीज से आर-पार की भिड़ंत में टीम इंडिया

नई दिल्ली टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को 'करो या मरो' के मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत वेस्टइंडीज से होगी। कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को हर हाल में कैरेबियाई टीम के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। टीम इंडिया ने सुपर-8 राउंड का आगाज साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के साथ किया था। प्रोटियाज टीम के खिलाफ मिली 76 रनों की बड़ी हार से भारतीय टीम के नेट रन रेट पर भी बुरा असर पड़ा था। हालांकि, जिम्बाब्वे के खिलाफ 26 फरवरी को खेले गए मुकाबले में सूर्या की सेना ने शानदार वापसी की थी। भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को एकतरफा अंदाज में 72 रनों से हराया था। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने टूर्नामेंट में अपना पहला अर्धशतक जमाया था। वहीं, हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए बल्ले से अहम योगदान दिया था। भारतीय टीम की ओर से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने सिर्फ 24 रन देकर 3 विकेट निकाले थे, जबकि वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने भी दमदार प्रदर्शन किया था। दूसरी ओर, सुपर-8 राउंड के पहले मैच में जिम्बाब्वे को 107 रनों से रौंदने के बाद वेस्टइंडीज को साउथ अफ्रीका के हाथों 9 विकेट की करारी हार झेलनी पड़ी थी। टीम के गेंदबाज 177 रनों के लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे थे। वहीं, कैरेबियाई टीम का टॉप ऑर्डर भी बुरी तरह से विफल रहा था। जेसन होल्डर ने 31 गेंदों में 49 रनों की दमदार पारी खेली थी, तो रोमारियो शेफर्ड ने 37 गेंदों में 52 रन बनाए थे। टी20 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 19 मैच में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है। वहीं, वेस्टइंडीज ने 10 मैच जीते हैं। एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है। ग्राउंड पर बढ़िया बाउंस होने की वजह से गेंद बल्ले पर काफी अच्छे से आती है। हालांकि, शुरुआती ओवर्स के बाद स्पिन गेंदबाजों को भी पिच से मदद मिलती है। ईडन गार्डन्स में पहली पारी का औसतन स्कोर 161 रन रहा है। वहीं, दूसरी पारी में औसत स्कोर 139 रन है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले अहम मुकाबले में बारिश होने की आशंका न के बराबर है। रविवार को यहां का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा और दिन में धूप खिली रहेगी। यानी फैंस को पूरे 40 ओवरों का रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। recent visitors 28