जोगी बस्ती में भीषण आग से 18 गरीब परिवारों की गृहस्थी जलकर राख, कांग्रेस परिवार ने तत्काल पहुंचकर की मदद, शासन से एक-एक लाख रुपये मुआवजे की मांग

A massive fire in Jogi Basti destroyed the homes of 18 poor families. The Congress party immediately arrived to help, demanding compensation of Rs 1 lakh each from the government. विशेष संवाददाता:  जितेन्द्र श्रीवास्तव  जबलपुर । शहर की पूर्व विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड में नेम गार्डन के पीछे स्थित जोगी बस्ती में आज दिनांक 7 नवंबर 2026 को रात्रि लगभग 3:30 बजे भीषण आग लगने से लगभग 18 गरीब एवं मजदूर परिवारों के मकान और घर-गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। इस दर्दनाक अग्निकांड में प्रभावित परिवारों के खाने-पीने का सामान, कपड़े, बर्तन, जरूरी दस्तावेज, नकदी एवं जीवनभर की मेहनत-मजदूरी से जुटाई गई अन्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। अचानक लगी आग के कारण लोगों को अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागना पड़ा। आज इन परिवारों के सामने रहने और अपने बच्चों के पालन-पोषण तक का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस परिवार के सदस्यों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद प्रशासन एवं संबंधित कर्मचारियों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। सुबह होते ही कांग्रेस परिवार के प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी तत्काल आवश्यकताओं को देखते हुए आर्थिक सहायता, बर्तन एवं जरूरी खाद्य सामग्री और अनाज की व्यवस्था कराई, ताकि प्रभावित परिवार फिलहाल अपने दैनिक जीवन और बच्चों के पालन-पोषण की व्यवस्था कर सकें। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक लखन घनघोरिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हाजी कदीर सोनी, पूर्व पार्षद ताहिर अली, मजार उस्मानी सहित कांग्रेस परिवार के अनेक वरिष्ठ साथी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दुखद घटना को देखते हुए प्रशासन से मांग की गई कि आगजनी से प्रभावित सभी 18 परिवारों को आपदा राहत कोष से एक-एक लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, साथ ही उनके पुनर्वास एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में जबलपुर कलेक्टर से तत्काल मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की मांग की गई, जिस पर प्रशासन की ओर से अति शीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। recent visitors 3