पुरुषों के वर्चस्व वाले पेशे में अनीता गंधर्व की धमक
बिहान योजना से मिली उड़ान
राज मिस्त्री बनकर बनीं लखपति दीदी
रायपुर
राज मिस्त्री का काम अब सिर्फ पुरुषों का क्षेत्र नहीं रहा। बिलासपुर जिले के कोटा ब्लॉक के मिट्ठू नवागांव की अनीता गंधर्व ने अपने हौसले और मेहनत की बदौलत यह साबित कर दिखाया है। ईंट, सीमेंट और गारे के बीच अनीता ने अपने जीवन को एक नई मजबूती दी है। आज अनीता न केवल एक कुशल राज मिस्त्री हैं, बल्कि लखपति दीदी के रूप में भी गांव में मिसाल बन चुकी हैं।
अनीता का सफर आसान नहीं था। कभी आर्थिक तंगी से जूझने वाली अनीता ने 2019 में बिहान योजना के वंदना महिला स्व सहायता समूह से जुड़कर अपने सपनों को दिशा दी। यहां उन्हें छोटे-बड़े खर्चों के लिए ऋण मिला, जिससे उन्होंने अपने घर के कई जरूरी काम पूरे किए। फिर ग्रामीण स्व-रोजगार प्रशिक्षण केंद्र (कोनी) में निःशुल्क राज मिस्त्री का प्रशिक्षण प्राप्त कर उन्होंने एक नया रास्ता चुना।
शुरुआत में अनीता को काफी संघर्ष करना पड़ा। लोगों को यह स्वीकार करना मुश्किल था कि एक महिला भी राज मिस्त्री का काम कर सकती है। कई बार उनका मजाक भी बनाया गया। लेकिन स्वच्छ भारत मिशन के तहत जब गांव में शौचालय निर्माण का कार्य शुरू हुआ, तो समूह की दीदियों और बिहान टीम ने उनका उत्साह बढ़ाया और ग्राम सरपंच ने उन पर विश्वास जताते हुए काम का मौका दिया। अनीता ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए लगन और मेहनत के साथ शौचालय निर्माण पूरा किया। इसके बाद उन्होंने नल जल योजना और 15 ग्रामीण आवासों के निर्माण का कार्य भी सफलतापूर्वक किया।
आज अनीता न केवल राज मिस्त्री के तौर पर आत्मनिर्भर हैं, बल्कि उन्होंने बैंक लोन और सीआईएफ सहायता से होटल और गुपचुप चाट का व्यवसाय भी शुरू कर लिया है। इन प्रयासों से उनकी आमदनी इतनी बढ़ी कि वे अब लखपति दीदी की श्रेणी में आ गई हैं। अनीता ने अपने सपनों का घर भी खुद अपने हाथों से बनाया, जिससे उन्हें बड़ी आर्थिक बचत हुई।
अब अनीता के इस हौसले से गांव की अन्य महिलाएं भी प्रेरित हो रही हैं जो राज मिस्त्री का काम सीखने की इच्छुक हैं। अनीता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और बिहान योजना का आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि इस योजना ने उनकी जिंदगी को नई दिशा दी है और उन्हें सम्मानपूर्ण जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है।

“माय सीक्रेट न्यूज़” यह एक ऑनलाइन वेबसाइट है, जो आपको देश – दुनिया और आपके आसपास की हर छोटी-बड़ी खबरों को आप तक पहुंचाती है। इस वेबसाइट का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र जी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता में BJC (बेचलर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) और MJC (मास्टर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री 2011 में हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर मप्र से हासिल की है। उन्होंने भोपाल के स्वदेश, राज एक्सप्रेस, राष्ट्रीय हिंदी मेल, सांध्य प्रकाश, नवदुनिया और हरिभूमि जैसे बड़े समाचार पत्र समूहों में काम किया है। इस वेबसाइट का संचालन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हो रहा है, जहाँ से प्रदेश की राजनीति से लेकर विकास की योजनाएं तैयार होती हैं।दे श व प्रदेश जिले की ताजा अपडेट्स व राजनीतिक प्रशासनिक खबरों के लिए पढ़ते रहिए हमारी वेबसाइट (my secret news. Com )👈 ✍️ पुष्पेन्द्र , (वरिष्ठ पत्रकार) भोपाल, मप्र











