उज्जैन जिला पंचायत सीईओ द्वारा शुरू किया गया ‘तीन रंगों वाला हैंडपंप मॉडल’ अब पूरे प्रदेश में लागू होने जा रहा

उज्जैन जल संकट की समस्या से निजात पाने के लिए प्रदेश को उज्जैन से एक नई राह मिली है। यहां की जिला पंचायत सीईओ जयति सिंह द्वारा शुरू किया गया ‘तीन रंगों वाला हैंडपंप मॉडल’ अब पूरे प्रदेश में लागू होने जा रहा है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख सचिव पी. नरहरी ने इसे राज्यव्यापी नीति के तौर पर अपनाने के निर्देश दिए हैं। यह मॉडल महज रंगों का खेल नहीं है, बल्कि वर्षों से उपेक्षित हैंडपंपों की हालत बताने और सुधार की ठोस कार्ययोजना की नींव है। बंद हैंडपंपों को चालू कर देना हो या सीमित जल वाले पंपों की गहराई बढ़ाकर उन्हें उपयोगी बनाना, यह सब अब रंग देखकर तय हो रहा है। नवाचार के सकारात्मक परिणामों से ग्रामीण बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि ये नवाचार पूरे राज्य के लिए एक मिसाल है।   जल संकट समाधान की ओर तीन रंगों का चमत्कार जयति सिंह ने मार्च-अप्रैल 2025 के बीच ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के सहयोग से जिले के शासकीय हैंडपंपों की जियो टैगिंग करवाई। इसके बाद इन सभी को तीन रंगों में श्रेणीबद्ध किया। हरा हैंडपंप, जिनमें सालभर जल उपलब्ध रहता है। पीला हैंडपंप जिनमें गर्मी के महीनों में जल स्तर घटता है और सुधार की जरूरत होती है। लाल हैंडपंप जो पूरी तरह बंद हो चुके हैं और जिन्हें रिचार्ज या अन्य तकनीकी हस्तक्षेप की आवश्यकता है। अब विभाग इन्हीं रंगों के आधार पर मरम्मत, गहराई बढ़ाने, जल रिचार्ज जैसी जरूरी कार्यवाही कर रहा है। यह मॉडल जलप्रबंधन को सिर्फ वैज्ञानिक ही नहीं, व्यावहारिक भी बना रहा है।   9440 हैंडपंपों पर सफलता, अब पूरे प्रदेश में विस्तार उज्जैन जिले की 609 पंचायतों में 1101 गांव हैं, जिनमें 9440 हैंडपंप हैं। इनमें 8500 चालू और 940 बंद हालात में हैं। पहले इनमें से किसमें पानी है, किसमें नहीं, इसका कोई व्यवस्थित रिकार्ड नहीं होता था, लेकिन अब रंगीन कोडिंग के कारण न केवल ग्रामीणों को जानकारी मिल रही है, बल्कि प्रशासनिक मानिटरिंग भी आसान हो गई है। जियो टैगिंग और गूगल अर्थ आधारित निगरानी से प्रत्येक हैंडपंप का यूनिक कोड तैयार किया गया है। इससे रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो गई है। जलस्तर, उपयोगिता और सुधार की ज़रूरत जैसी सूचनाएं अब एक क्लिक पर उपलब्ध हैं। रिपोर्ट के अनुसार 6500 हैंडपंप हरे श्रेणी के, दो हजार हैंडपंर पीले श्रेणी के और 940 हैंडपंप लाल श्रेणी के पाए गए हैं। जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने की ठोस कार्ययोजना पानी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने शोक पिट, वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर, परकोलेशन टैंक और कुआं रिचार्ज जैसे उपायों को भी अपनाया है। खासतौर पर पीले रंग वाले हैंडपंप, जो गर्मियों में सूखने लगते हैं, उनके पास जलस्रोत पुनर्भरण कार्य तेजी से चल रहे हैं। इस मॉडल की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह समस्या की पहचान से लेकर समाधान तक की एक पूर्ण श्रृंखला बनाता है- मूल्यांकन, वर्गीकरण, सुधार और मॉनिटरिंग। कंट्रोल रूम से 24 घंटे में निवारण ग्रामीण क्षेत्रों में जल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिला और जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जहां नल-जल और हैंडपंप से जुड़ी शिकायतों का 24 घंटे के भीतर समाधान किया जा रहा है। recent visitors 56

एक से नौ जून तक कैंसल रहेंगी 18 ट्रेनें, चिरमिरी–रीवा एक्सप्रेस तीन, पांच एवं सात जून को कैंसल रहेगी

रायपुर एक जून से नौ जून तक तकरीबन 18 ट्रेनें रद रहेंगी। ट्रेन रद होने की वजह से हजारों यात्रियों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ेगी। आए दिन रेल यात्रा में लोगों को राहत मिलने के बजाय ट्रेन रद होने की समस्या झेलनी पड़ रही है। बिलासपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले झलवारा स्टेशन में अधोसंरचना विकास के लिए नान-इंटरलाकिंग कार्य किया जाएगा। इसकी वजह से 18 ट्रेने रद रहेंगी और दो ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन किया गया है। इस कार्य के तहत कटनी ग्रेड सेपरेटर लाइन (कटनी-मुड़वारा से) और सिंगरौली दिशा की ओर टाइ-लाइन की कनेक्टिविटी को इरकोन के माध्यम से जोड़ा जाएगा। कार्य की वजह से एक से नौ जून के बीच रेल परिचालन पर असर पड़ेगा।   ये ट्रेनें रहेंगी कैंसल 1. ट्रेन नंबर 18236 बिलासपुर- भोपाल एक्सप्रेस एक से सात जून तक रद्द रहेगी। 2. 18235 भोपाल – बिलासपुर एक्सप्रेस तीन से नौ जून तक रद्द रहेगी। 3. 11265 जबलपुर – अम्बिकापुर एक्सप्रेस दो से सात जून तक रद्द रहेगी। 4. 11266 अम्बिकापुर – जबलपुर एक्सप्रेस तीन से आठ जून तक रद्द रहेगी। 5. 11751 रीवा – चिरमिरी एक्सप्रेस : दो, चार एवं छः जून को रद रहेगी। 6. 11752 चिरमिरी – रीवा एक्सप्रेस तीन, पांच एवं सात जून को रद रहेगी। 7. 12535 लखनऊ – रायपुर एक्सप्रेस दो एवं पांच जून को रद रहेगी। 8. 12536 रायपुर – लखनऊ एक्सप्रेस तीन एवं छः जून को रद रहेगी। 9. 22867 दुर्ग – निजामुद्दीन एक्सप्रेस तीन एवं छ जून को रद रहेगी। 10. 22868 निजामुद्दीन – दुर्ग एक्सप्रेस चार एवं सात जून को रद रहेगी। 11. 18213 दुर्ग – अजमेर एक्सप्रेस एक जून को रद रहेगी। 12. 18214 अजमेर – दुर्ग एक्सप्रेस दो जून को रद रहेगी। 13. 18205 दुर्ग – नवतनवा एक्सप्रेस पांच जून को रद रहेगी। 14. 18206 नवतनवा – दुर्ग एक्सप्रेस सात जून को रद रहेगी। 15. 51755 चिरमिरी – अनुपपुर पैसेंजर तीन, पांच और सात जून को रद रहेगी। 16. 51756 अनुपपुर – चिरमिरी पैसेंजर तीन, पांच और सात जून को रद रहेगी। 17. ट्रेन नंबर 61601 कटनी – चिरमिरी पैसेंजर दो और सात जून को रद रहेगी। 18. ट्रेन नंबर 61602 चिरमिरी – कटनी पैसेंजर तीन और आठ जून तक रद रहेगी। ये ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलेंगी     ट्रेन नंबर 15231 बरौनी–गोंदिया एक्सप्रेस दो से छ जून तक परिवर्तित मार्ग बरौनी–कटनी–जबलपुर–नैनपुर–बालाघाट–गोंदिया होते हुए चलेगी।     ट्रेन नंबर 15232 गोंदिया–बरौनी एक्सप्रेस दो से छ जून तक परिवर्तित मार्ग गोंदिया–बालाघाट–नैनपुर–जबलपुर–कटनी–बरौनी होते हुए चलेगी। recent visitors 63

आज सोमवार 26 मई 2025 का पढ़ें दैनिक राशिफल

मेष राशि– आप अपने काम के प्रति काफी कमिटेड भी रहेंगे। आप अपने हर लक्ष्य को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। आज आपको अपने करियर में उन्नति देखने को मिलेगी। काम के दबाव के कारण आपके शेड्यूल में थोड़ा बदलाव हो सकता है। वृषभ राशि- आज का दिन भाई-बहनों के साथ अच्छी नेटवर्किंग और मौज-मस्ती लेकर आएगा। आपको नेटवर्क बनाने का मौका मिलेगा, जिससे आपका करियर विकसित होगा। आप दूसरों के बारे में अपने विचार आसानी से जाहिर कर पाएंगे। मिथुन राशि- आज आर्थिक तौर पर आप कुछ जोखिम भरे निवेश करने से बचें, खासकर शेयर मार्केट में। निजी जीवन में आज का दिन आपके लिए बेहद रोमांटिक रहेगा। आप अपना काफी समय प्यार और रोमांस में बिताएंगे। कर्क राशि- आपकी रचनात्मकता बढ़ेगी और आप कला, संगीत और कविता के माध्यम से नाम कमाएंगे। नौकरी और व्यवसाय से जुड़े लोग मनोरंजक गतिविधियों में भी भाग ले सकते हैं। यह आपके काम के तनाव से मुक्ति दिला सकता है। सिंह राशि- आज का दिन अच्छा आर्थिक लाभ और रोमांस की इच्छा लेकर आएगा। कार्यस्थल पर आप अपने नए और रचनात्मक विचारों की मदद से सभी मुश्किल मुद्दों का सोल्यूशन खोजने में सक्षम होंगे। इसके साथ ही कलाकारों और रचनात्मक क्षेत्र के लोगों के लिए दिन काफी अच्छा रहने वाला है। कन्या राशि- आज के दिन कारोबार आपका बेहतरीन रहने वाला है। अगर आप अपने कैजुअल रिश्ते को लंबे समय तक बनाए रखना चाहते हैं तो आपको इसके लिए प्रयास करना चाहिए। आप अपने सामाजिक जीवन, करियर और निवेश में रिस्क लेने के बारे में सोच सकते हैं। तुला राशि- आज व्यापार से जुड़े लोग कुछ अच्छी स्ट्रेटेजी बना सकते हैं और अपनी योजनाओं को अपने पार्टनर्स के साथ शेयर कर सकते हैं। ग्राहक आपके काम से खुश रहेंगे और आपके ग्राहक भी बढ़ेंगे। वृश्चिक राशि- आज आप लोगों की नजरों में मददगार इंसान बन सकते हैं। ऑफिस में आपको अपने दुश्मनों से सावधान रहने की आवश्यकता होगी। वे आपकी प्रतिष्ठा और कार्यस्थल पर आपके द्वारा किए जा रहे प्रयासों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। धनु राशि- आज अपने पर्सनल जीवन और व्यावसायिक पार्टनरशिप में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे। आपका व्यक्तित्व और अधिक आकर्षक बनेगा। लोग आपकी ओर आकर्षित होंगे। आप अपने सहकर्मियों की स्किल्स की प्रशंसा करेंगे। मकर राशि- आज ऑफिस में आपकी किस्मत हर काम में आपका साथ देगी। प्रोजेक्ट को सफलता के साथ पूरा करेंगे। कोई भी दुश्मन आपको किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा पाएगा। व्यापार से जुड़े जातकों को कोई नया लाभदायक सौदा मिल सकता है। कुंभ राशि- आप आज अब तक जिस पर भी विश्वास करते आए हैं, उस पर सवाल उठाना शुरू कर सकते हैं। इसके अलावा आप आध्यात्मिक चीजों पर भी ध्यान देंगे ताकि आपको अपने सवालों के जवाब मिल सकें। आप अपनी जीवनशैली और व्यक्तित्व में जरूरी बदलाव लाएंगे। मीन राशि– आज के दिन विचारों में बदलाव लाएगा। आपकी रुचि कुछ सामाजिक मुद्दों में रहेगी। इसके साथ ही समाज को बेहतर बनाने के लिए दान और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेंगे। आप किसी दूसरी संस्कृति के फैशन से मोटिवेट होंगे।   recent visitors 97

मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा- चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना ‘विकसित भारत’ की ओर बड़ी छलांग

नई दिल्ली केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने भारत की ताजा आर्थिक उपलब्धि की सराहना करते हुए रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने 'विकसित भारत की ओर एक तेज कदम, एक बड़ी छलांग' लगाई है। जितेंद्र सिंह की यह टिप्पणी इस आधिकारिक पुष्टि के एक दिन बाद आई कि भारत जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। वैश्विक आर्थिक रैंकिंग में भारत के एक पायदान ऊपर चढ़ने पर खुशी जताते हुए केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "ऐसा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद।" उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, जिस दूरदर्शिता के साथ भारत पिछले 10-12 साल से विकास यात्रा पर निकला है, यह उसी का परिणाम है। मेरे हिसाब से इस उपलब्धि के पीछे सबसे बड़ी बात यह रही कि पीएम मोदी ने देश के लोगों को पहली बार टेक्नोलॉजी के महत्व को लेकर जागरूक किया है। टेक्नोलॉजी को लेकर बहुत ही क्रांतिकारी निर्णय लिए गए। इससे पहले नीति आयोग के सीईओ बी.वी.आर. सुब्रमण्यम ने शनिवार को कहा था कि अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के आंकड़ों के आधार पर भारत अब चार ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था है। नीति आयोग की 10वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पुष्टि की, "मैं जब बोल रहा हूं, तब हम चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। मैं जब बोल रहा हूं, तब हम चार ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था हैं, और यह मेरा डेटा नहीं है। यह आईएमएफ डाटा है। आज भारत जापान से बड़ा है।" नॉमिनल जीडीपी के मामले में अब केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी ही भारत से आगे हैं। सुब्रह्मण्यम ने कहा, "केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी ही बड़े हैं, और अगर जो योजना बनाई जा रही है, जिस पर विचार किया जा रहा है, हम उस पर टिके रहते हैं, तो अगले ढाई-तीन साल में हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे।" recent visitors 81

राज्यपाल पटेल ने कहा- परिवार एवं समाज के उत्थान के लिए बालिका शिक्षा है जरूरी

भोपाल वर्तमान समय में मौसम कुछ ऐसा चल रहा है कि सुबह ठंड लगती है, दोपहर में तेज गर्मी एवं शाम होने तक बारिश होने लगती है। यह सब जलवायु परिवर्तन के कारण हो रहा है। जलवायु परिवर्तन के लिए हम मनुष्य ही दोषी हैं, क्योंकि हमने वनों को काटकर उन्हें समाप्त कर दिया है। प्रकृति ने हर मौसम के लिए चार माह का समय निर्धारित किया है, परन्तु मनुष्य ने अपने स्वार्थ के लिए वनों को समाप्त कर प्रकृति के चक्र में अवरोध उत्पन्न किया है। वर्तमान में मौसम का जो स्वरूप है उसके लिए यह आवश्यक है कि हम सभी अधिक से अधिक पेड़ लगाकर प्रकृति का पुनः श्रृंगार करें। राज्यपाल श्री पटेल ने उक्त बातें रविवार को बड़वानी जिले की राजपुर तहसील के ग्राम पंचायत इंदरपुर के ग्राम लोटनदेव में गुजराती चारण समाज न्यास द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रकृति ने हमें बहुत कुछ दिया है, परन्तु मनुष्य ने तो सिर्फ लिया ही लिया है। प्रकृति में मनुष्य की हर राशि, नक्षत्र के हिसाब से भी पेड़ निर्धारित हैं। अगर हर व्यक्ति वर्षाकाल में मात्र दो ही पेड़ लगाकर उन्हें बड़ा करे तो जलवायु परिवर्तन की स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सकता है, अन्यथा इसी तरह वनों का दोहन होता रहा तो आने वाले समय में जलवायु परिवर्तन की भयावह स्थिति हमारे समक्ष होगी और हम उसका सामना भी नहीं कर पायेंगे। बालिका शिक्षा पर दिया जोर राज्यपाल श्री पटेल ने अपने उद्बोधन में बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि परिवार एवं समाज के उत्थान के लिए सभी लोग अपनी बेटियों को अनिवार्य रूप से शिक्षित करें क्योंकि बेटी जब शिक्षित होगी तो वह अपने मायके एवं ससुराल दोनों का नाम रोशन करेगी। शिक्षा के कारण उसकी शादी अच्छे परिवार में होगी, जहां वह अपने बच्चों को भी शिक्षा देकर उनका भी जीवन संवारेगी। शिक्षित माता ही बच्चों में वे सभी संस्कारों को डाल सकती है जो आगे चलकर समाज और देश की उन्नति के लिए आवश्यक है, एक शिक्षित मां 100 शिक्षकों के बराबर है । आवड़ माता जी का किया पूजन अर्चन ग्राम लोटनदेव पहुंचकर महामहिम राज्यपाल श्री पटेल ने सबसे पहले ग्राम में स्थित श्री आवड़ माताजी के मंदिर में पहुंचकर माताजी का पूजन अर्चन कर ग्रामवासियों के सुख एवं समृद्धि की कामना की। साथ ही मंदिर में उनके स्वागत में खड़ी चारण समुदाय की बालिकाओं के सिर पर हाथ रखकर उन्हे आर्शीवाद भी दिया। साथ ही महामहिम राज्यपाल ने मंदिर के समीप ही त्रिवेणी (पीपल, बरगद, नीम) पौधों का भी रोपण किया। चारण समुदाय ने पारंपरिक पगड़ी, जैकेट एवं तीर कमान भेंटकर किया स्वागत कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर महामहिम राज्यपाल श्री पटेल का स्वागत चारण समुदाय की पारंपरिक पगड़ी एवं जैकेट पहनाकर ग्राम के श्री हुकुमनाथा चारण , भूरारामजी चारण, जीवाजी चारण एवं शिवाजी चारण ने किया। इस दौरान ग्राम के सरपंच एवं उप सरपंच ने महामहिम राज्यपाल को स्मृति स्वरूप तीर कमान भी भेंट किया। शहीद की पत्नी को किया सम्मानित कार्यक्रम के दौरान महामहिम राज्यपाल श्री पटेल, चारण समुदाय के अध्यक्ष श्री वल्लभ भाई पटेल एवं श्री हीरालाल पाटीदार ने ग्राम नरावला के शहीद श्री नायक बघेल की धर्मपत्नी श्रीमती संतोषी बघेल को पटेल मोटर्स की तरफ से चेक एवं साड़ी देकर सम्मानित किया। कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाली बालिकाओं को किया सम्मानित कार्यक्रम के दौरान महामहिम राज्यपाल श्री पटेल ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रदेश की प्रावीण्य सूची में अपना स्थान बनाने वाली जिले की कक्षा 12वीं की छात्रा सुश्री राधिका सोनी एवं 10वी की छात्रा लीना यादव को प्रशस्ति पत्र एवं चेक देकर सम्मानित किया। टीबी मरीजों को किया पोषण आहार किट का वितरण कार्यक्रम के दौरान महामहिम राज्यपाल श्री पटेल ने अतिथियों के साथ सुशीला देवी उमरावसिंह पटेल सेवा संस्थान खरगोन-बड़वानी के सौजन्य से 2 टीबी मरीजों को प्रतीकात्मक रूप से पोषण आहार का किट का वितरण किया। साथ ही एक सिकलसेल पॉजिटिव बालक को दिव्यांगता प्रमाण पत्र का वितरण किया। 50 करोड़ की लागत से क्षेत्र में बनेगा विशेष स्वास्थ्य केन्द्र कार्यक्रम के दौरान चारण समुदाय के अध्यक्ष श्री वल्लभ भाई पटेल ने संबोधित करते हुए कहा कि वे हमेशा से ही अपने क्षेत्र एवं समाज के लिए कुछ करना चाहते हैं। उन्हें हमेशा ही अपने समाज के युवा वर्ग की फिक्र रहती है, उनका हमेशा से ही यही फोकस रहता था कि उनके समाज का युवा कही भटक न जाये। इसे ध्यान में रखते हुए श्री वल्लभ भाई एवं कार्यक्रम के विशेष अतिथि श्री हीरालाल पाटीदार ने मंच से यह घोषणा की, कि 50 करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्र में एक विशेष स्वास्थ्य केन्द्र बनेगा जो कि आधुनिक चिकित्सा सेवाओं से संबंद्ध रहेगा। साथ ही समाज के युवा वर्ग के लिए एक स्किल डेवलपमेंट केन्द्र खोला जायेगा। यहाँ पर उन्हें शिक्षित कर एवं हुनर सिखाकर रोजगार भी दिया जायेगा। इन्द्रपुर से लोटनदेव मार्ग निर्माण में भी सरकार को उनके द्वारा विशेष सहयोग दिया जायेगा। लोकसभा सांसद श्री गजेन्द्र सिंह पटेल ने भी कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, पेयजल एवं सड़क हेतु किए जा रहे कार्यों की जानकारी देकर जन समस्याओं का निराकरण करने का आश्वासन दिया। साथ ही क्षेत्र में किये जा रहे सिकल सेल एनीमिया एवं टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत किये जा रहे सराहनीय कार्यों का भी जिक्र किया। कार्यक्रम में स्थानीय जन-प्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित थे।   recent visitors 87

जब सीबीआई की टीम ने किडनी तस्करी के आरोपों के तहत मशहूर डॉक्टर के घर छापा, लाखों की नकदी-हीरे और सोना जब्त

बर्दवान बर्दवान शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब सीबीआई की टीम ने किडनी तस्करी के गंभीर आरोपों के तहत शहर के एक नामचीन चिकित्सक डॉ. तपन कुमार जाना के आवास पर देर रात छापेमारी की। शनिवार रात 11 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई रविवार सुबह तक जारी रही। मीठापुकुर स्थित हातिशाल इलाके में डॉ. जाना के घर पर जब सीबीआई की 8 सदस्यीय टीम पहुंची, तो उनके साथ स्थानीय बर्दवान थाना पुलिस भी मौजूद थी। छापे के दौरान डॉक्टर घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन उनकी पत्नी घर में थीं। तलाशी अभियान के दौरान सीबीआई ने घर से करीब 24 लाख रुपये नकद, हीरे और सोने के गहने, तथा कीमती रत्न बरामद किए। इसके अलावा जांच एजेंसी ने कंप्यूटर की हार्ड डिस्क, कई अहम दस्तावेज, और कुछ डिजिटल उपकरण भी ज़ब्त किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, डॉ. तपन कुमार जाना का नाम एक अंतरराष्ट्रीय किडनी ट्रैफिकिंग रैकेट से जोड़ा जा रहा है, जिसकी जांच सीबीआई लंबे समय से कर रही है। आशंका है कि इस रैकेट के जरिए देश-विदेश में जरूरतमंद मरीजों को मोटी रकम लेकर अवैध रूप से किडनी उपलब्ध कराई जाती थी। छापेमारी के बाद इलाके में हलचल मच गई है। स्थानीय लोग डॉक्टर जाना को एक प्रतिष्ठित चिकित्सक के रूप में जानते थे, ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह की गंभीर कार्रवाई से लोग हैरान हैं। हालांकि अभी तक सीबीआई ने कोई आधिकारिक गिरफ्तारी नहीं की है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि डॉक्टर की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं और उनसे जल्द पूछताछ की जाएगी। फिलहाल, बरामद नकदी और कीमती वस्तुओं की सूची तैयार की जा रही है और इस पूरे मामले में सीबीआई की जांच तेज़ हो चुकी है। यह छापेमारी न केवल डॉक्टर जाना के पेशे पर सवाल उठा रही है, बल्कि पूरे चिकित्सा जगत के लिए भी एक बड़ी चेतावनी बनकर सामने आई है। recent visitors 81

शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने न्यूयॉर्क में आतंकवाद से लड़ने के भारतीय संकल्प को दोहराया

न्यूयॉर्क कांग्रेस नेता शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने न्यूयॉर्क में प्रमुख थिंक टैंक, अकादमिक नेताओं और मीडिया के समक्ष अपनी बात रखी। इस बातचीत में प्रतिनिधिमंडल ने दृढ़ता के साथ भारत के आतंकवाद से लड़ने के संकल्प को रेखांकित किया। इसकी पुष्टि न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर की। वाणिज्य दूतावास के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, "शशि थरूर के नेतृत्व में राजनयिक आउटरीच यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क पहुंचे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से लड़ने के लिए भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया।" भारतीय प्रतिनिधियों ने "आतंकवाद के खिलाफ शून्य सहिष्णुता और एकीकृत राष्ट्रीय संकल्प का दृढ़ संदेश दिया और आतंकवाद का मुकाबला करने, इसके नेटवर्क को समाप्त करने और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए मजबूत अंतरराष्ट्रीय तंत्र की वकालत की।" इसके साथ ही भारत-अमेरिका रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने 9/11 के आतंकवादी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतिनिधिमंडल के बयान में कहा गया है कि, "एकजुटता के प्रतीक रूप में 'राष्ट्रीय सितंबर 11 स्मारक और संग्रहालय' का दौरा किया गया और 9/11 हमलों में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भारत वैश्विक स्तर पर आतंकवाद से पीड़ितों के साथ एकजुट है। यह यात्रा 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत की व्यापक कूटनीतिक वैश्विक पहुंच का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य आतंकवाद से उत्पन्न जटिल और उभरते खतरों से निपटने के लिए प्रमुख अंतरराष्ट्रीय देशों के बीच आम सहमति बनाना है। शशि थरूर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में शांभवी चौधरी (लोक जनशक्ति पार्टी), सरफराज अहमद (झारखंड मुक्ति मोर्चा), जीएम हरीश बलयागी (तेलुगु देशम पार्टी), शशांक मणि त्रिपाठी (भाजपा), तेजस्वी सूर्या (भाजपा), भुवनेश्वर के लता (भाजपा), मिलिंद देवरा (शिवसेना) और अमेरिका में पूर्व भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू शामिल हैं। recent visitors 62