भोपाल
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अक्षय पात्र फाउंडेशन की केंद्रीयकृत रसोई का भोपाल में अवलोकन करते हुए संस्था के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और पौष्टिक भोजन विद्यार्थियों तक पहुँचाने का फाउंडेशन का यह प्रयास न केवल अनुकरणीय है, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
उप मुख्यमंत्री ने फाउंडेशन के स्वचालित और योजनाबद्ध कार्य प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा मिल रहा है। संस्था में कार्यरत कर्मचारियों के समर्पण को सराहते हुए श्री शुक्ल ने कहा, "अक्षय पात्र फाउंडेशन का यह कार्य बच्चों के भविष्य को संवारने और समाज को प्रेरित करने वाला है।"
भोपाल स्थित रसोई से मध्य प्रदेश के 645 विद्यालयों के 35,000 बच्चों को मध्यान्ह भोजन दिया जा रहा है। फाउंडेशन पूरे भारत में 23,000 से अधिक विद्यालयों में 22 लाख 50 हजार बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध करा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने फाउंडेशन की स्वचालित प्रक्रिया, साफ-सफाई, समय प्रबंधन और पोषण गुणवत्ता की प्रशंसा करते हुए इसे अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। इस अवसर पर फाउंडेशन के भोपाल क्लस्टर के अध्यक्ष आचार्य रत्न दासा भी उपस्थित थे।

“माय सीक्रेट न्यूज़” यह एक ऑनलाइन वेबसाइट है, जो आपको देश – दुनिया और आपके आसपास की हर छोटी-बड़ी खबरों को आप तक पहुंचाती है। इस वेबसाइट का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र जी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता में BJC (बेचलर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) और MJC (मास्टर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री 2011 में हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर मप्र से हासिल की है। उन्होंने भोपाल के स्वदेश, राज एक्सप्रेस, राष्ट्रीय हिंदी मेल, सांध्य प्रकाश, नवदुनिया और हरिभूमि जैसे बड़े समाचार पत्र समूहों में काम किया है। और पढ़ें