जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर में बारामूला जिले के सोपोर इलाके में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कश्मीर संभाग की पुलिस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी पोस्ट में कहा, ‘बारामूला के रामपोरा सोपोर इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों ने संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया गया। तलाशी अभियान के दौरान गोलीबारी हुई।’
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ की विस्तृत जानकारी का इंतजार है। हालांकि, एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने पहचान गुप्त रखते हुए बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी मारा गया है। उन्होंने बताया कि मारे गए दहशतगर्द और उसके संगठन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। दूसरी ओर, श्रीनगर के बाहरी इलाके में जबरवान वन क्षेत्र में रविवार को आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ दाचीगाम और निशात क्षेत्र के ऊपरी इलाकों को जोड़ने वाले वन क्षेत्र में सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। मुठभेड़ में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
कठुआ में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा
गौरतलब है कि सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। पंजाब और हिमाचल प्रदेश की सीमा से लगे कठुआ में सेना प्रमुख का दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब जम्मू क्षेत्र में आतंकवाद निरोधक अभियान तेज हो गए हैं। यहां गुरुवार को किश्तवाड़ जिले में हुए हमले में आतंकवादियों ने 2 ग्राम रक्षा गार्ड का अपहरण करने के बाद उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। एडीजीपीआई ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कठुआ, जम्मू कश्मीर में तैनात राइजिंग स्टार कोर की अग्रिम इकाइयों का दौरा किया। उन्हें मौजूदा सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी गई। सेना प्रमुख ने सैनिकों से भी बातचीत की और उनके पेशेवर रवैये व कर्तव्य के प्रति समर्पण के उच्च मानकों की सराहना की।’

“माय सीक्रेट न्यूज़” यह एक ऑनलाइन वेबसाइट है, जो आपको देश – दुनिया और आपके आसपास की हर छोटी-बड़ी खबरों को आप तक पहुंचाती है। इस वेबसाइट का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र जी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता में BJC (बेचलर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) और MJC (मास्टर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री 2011 में हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर मप्र से हासिल की है। उन्होंने भोपाल के स्वदेश, राज एक्सप्रेस, राष्ट्रीय हिंदी मेल, सांध्य प्रकाश, नवदुनिया और हरिभूमि जैसे बड़े समाचार पत्र समूहों में काम किया है। इस वेबसाइट का संचालन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हो रहा है, जहाँ से प्रदेश की राजनीति से लेकर विकास की योजनाएं तैयार होती हैं।दे श व प्रदेश जिले की ताजा अपडेट्स व राजनीतिक प्रशासनिक खबरों के लिए पढ़ते रहिए हमारी वेबसाइट (my secret news. Com )👈 ✍️ पुष्पेन्द्र , (वरिष्ठ पत्रकार) भोपाल, मप्र











