उज्जैन
उज्जैन में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 की विजेता निकिता पोरवाल के ताज पहनकर महाकाल के दर्शन करने पर विवाद खड़ा हो गया है। महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। पुजारी ने कहा कि उज्जैन के लिए गौरव की बात है कि उज्जैन की बेटी ने यह ताज पहना है, लेकिन ताज पहन कर बाबा महाकालेश्वर के सामने बैठना मर्यादा के अनुकूल नहीं है। बाबा महाकाल राजाधिराज हैं और उनके सामने कोई भी पगड़ी या ताज पहनकर नही बैठता। उन्होंने कहा कि भगवान महाकाल अवंतिका के राजा माने जाते हैं। लोगों को इस मर्यादा का मान-सम्मान करना चाहिए।
उज्जैन के अरविंद नगर में रहने वाली निकिता पोरवाल को हाल ही में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का ताज पहनाया गया था। खिताब जीतने के बाद जब वह रविवार को उज्जैन पहुंचीं तो परिवार और रिश्तेदारों के साथ ही सभी लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। निकिता के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर रेड कारपेट बिछाकर और आतिशबाजी एवं फूलों की वर्षा कर उनका ग्रैंड वेलकम किया गया। इसके बाद दोपहर 3 बजे के करीब निकिता गुलाबी ड्रेस और मिस इंडिया वर्ल्ड का ताज पहन भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने के लिए श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं।
इस दौरान निकिता ने न सिर्फ सिर पर ताज पहनकर नंदी हाल में महाकाल का ध्यान लगाया, बल्कि महाकाल की चौखट पर माथा भी टेका। महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी महेश शर्मा ने इस पर ऐतराज जताया है। उनका कहना है कि महाकाल राजाधिराज अवंतिका के राजा हैं और और उनके सामने किसी भी व्यक्ति को सिर पर पगड़ी, टोपी या ताज पहनकर जाने की अनुमति नहीं है, क्योंकि इससे मंदिर की मर्यादा का उल्लंघन होता है।
मंदिर के पुजारी ने कहा कि निकिता अगर महाकाल के सामने ताज पहनकर बैठने के बजाय वह अपना ताज महाकाल के चरणों में रखकर प्रार्थना करतीं तो उससे उनका मान और सम्मान दोनों बढ़ता और भगवान के सामने मर्यादा भी बनी रहती।
मिस इंडिया ने उज्जैन में किया रोड शो जमकर नाची
मंदिर में दर्शन के बाद निकिता ने टावर चौक से इस्कॉन मंदिर तक रोड शो भी किया, जिसमें उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान वह ढोल की थाप पर डांस करती नजर आईं। इस मौके पर लोगों ने निकिता पर फूल बरसाए और उनके स्वागत में आतिशबाजी की। बच्चियों ने वेलकम डांस किया। इस दौरान निकिता ने जय महाकाल कहकर सभी का अभिवादन किया।

“माय सीक्रेट न्यूज़” यह एक ऑनलाइन वेबसाइट है, जो आपको देश – दुनिया और आपके आसपास की हर छोटी-बड़ी खबरों को आप तक पहुंचाती है। इस वेबसाइट का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र जी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता में BJC (बेचलर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) और MJC (मास्टर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री 2011 में हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर मप्र से हासिल की है। उन्होंने भोपाल के स्वदेश, राज एक्सप्रेस, राष्ट्रीय हिंदी मेल, सांध्य प्रकाश, नवदुनिया और हरिभूमि जैसे बड़े समाचार पत्र समूहों में काम किया है। इस वेबसाइट का संचालन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हो रहा है, जहाँ से प्रदेश की राजनीति से लेकर विकास की योजनाएं तैयार होती हैं।दे श व प्रदेश जिले की ताजा अपडेट्स व राजनीतिक प्रशासनिक खबरों के लिए पढ़ते रहिए हमारी वेबसाइट (my secret news. Com )👈 ✍️ पुष्पेन्द्र , (वरिष्ठ पत्रकार) भोपाल, मप्र











