Congress’ ‘Save Constitution Campaign’ starts today: State executive meeting; Protests and public relations will continue for 40 days
रायपुर। कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी ‘संविधान बचाओ अभियान’ आज से शुरू हो रहा है। इसमें पहले चरण में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होगी। जो आज रायपुर के राजीव भवन में रखी गई है।
अभियान के तहत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी 22 अप्रैल से 30 मई 2025 तक राज्य भर में व्यापक जनसंपर्क और विरोध कार्यक्रम चलाएगी।
ये फैसला 19 अप्रैल को UDAICC की बैठक के बाद अहमदाबाद और बेलगावी के घोषणापत्र के तहत लिया गया है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने इसे लेकर एक पत्र जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि ये अभियान भारतीय संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कथित हमलों के खिलाफ जन-जागरूकता के मकसद से किया जा रहा है।
40 दिन में 5 चरणों में कार्यक्रम
पत्र में उल्लेख किया गया है कि इस अभियान के तहत राज्य में चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित होंगे:
- 22 अप्रैल 2025: प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक
- 25 से 30 अप्रैल 2025: राज्य स्तरीय संविधान बचाओ यात्राएं
- 03 से 10 मई 2025: जिला स्तरीय रैलियां
- 11 से 17 मई 2025: विधानसभा स्तरीय रैलियां
- 20 से 30 मई 2025: घर-घर सम्पर्क अभियान कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक दोपहर साढ़े 12 बजे होगी।
छत्तीसगढ़ में आज कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक
कांग्रेस का दावा है कि इस अभियान में जनता के बीच जाकर संविधान, लोकतंत्र, आर्थिक अन्याय और सामाजिक शोषण जैसे मुद्दों पर संवाद किया जाएगा। पार्टी के अनुसार, भाजपा नीत केंद्र सरकार पर आरोप है कि उसने संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को सीमित किया है और जनविरोधी नीतियों के जरिए संविधान की मूल आत्मा को प्रभावित किया है।
कांग्रेस का संदेश: ‘ये हमारी लड़ाई है, देश के लिए लड़ाई है’
कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि वे इस अभियान को केवल राजनीतिक कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे संविधान और देश की आत्मा की रक्षा के लिए जनसंघर्ष के रूप में देखें। पत्र में लिखा है, ‘यह अभियान केवल एक संगठनात्मक कार्य नहीं है, बल्कि देश की आत्मा को बचाने की लड़ाई है।’
रणनीति योजना तैयार करने के निर्देश
प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला, नगर, ब्लॉक, शहर और पंचायत स्तरीय संगठनों को निर्देशित किया है कि वे 21 अप्रैल तक स्थानीय बैठकों के माध्यम से रणनीति योजना तैयार करें, और उसका अमल करें।
इस दौरान मीडिया, सोशल मीडिया और जननेताओं के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करने के निर्देश दिए गए हैं।
कांग्रेस का आरोप: ‘संविधान पर हमला, लोकतंत्र खतरे में‘
इस अभियान के जरिए कांग्रेस भाजपा पर हमलावर होने की रणनीति अपना रही है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार संविधान की मूल भावना, संस्थाओं की निष्पक्षता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला कर रही है। पार्टी इसे राष्ट्रव्यापी संकट का रूप मान रही है और जनसंवाद के जरिए इसे हर राज्य तक ले जाने की तैयारी में है।
छत्तीसगढ़ में विशेष जोर, सभी स्तर के नेताओं की भागीदारी
कांग्रेस की योजना है कि इस अभियान को जिला से लेकर बूथ स्तर तक ले जाया जाए। प्रदेश कांग्रेस ने अपने सभी विभागों संगठन, प्रचार, मीडिया, आईटी, महिला, युवा और छात्र इकाइयों को भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस पूरे अभियान की निगरानी और समन्वय का जिम्मा प्रदेश कांग्रेस के प्रचार विभाग को सौंपा गया है, जो जिला/ब्लॉक समितियों के माध्यम से रिपोर्ट लेगा और उच्च स्तर तक फीडबैक पहुंचाएगा।

“माय सीक्रेट न्यूज़” यह एक ऑनलाइन वेबसाइट है, जो आपको देश – दुनिया और आपके आसपास की हर छोटी-बड़ी खबरों को आप तक पहुंचाती है। इस वेबसाइट का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र जी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता में BJC (बेचलर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) और MJC (मास्टर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री 2011 में हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर मप्र से हासिल की है। उन्होंने भोपाल के स्वदेश, राज एक्सप्रेस, राष्ट्रीय हिंदी मेल, सांध्य प्रकाश, नवदुनिया और हरिभूमि जैसे बड़े समाचार पत्र समूहों में काम किया है। और पढ़ें
इस वेबसाइट का संचालन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हो रहा है, जहाँ से प्रदेश की राजनीति से लेकर विकास की योजनाएं तैयार होती हैं।दे श व प्रदेश जिले की ताजा अपडेट्स व राजनीतिक प्रशासनिक खबरों के लिए पढ़ते रहिए हमारी वेबसाइट (my secret news. Com )👈 ✍️ पुष्पेन्द्र , (वरिष्ठ पत्रकार) भोपाल, मप्र