नई दिल्ली
देशभर में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। कहीं माइनस में तापमान गिर गया है तो कहीं शीतलहर से लोग कांप रहे हैं। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में हाल ही में लैंडस्लाइड (भूस्खलन) हुआ जिससे नेशनल हाईवे ब्लॉक हो गया। जम्मू-कश्मीर में 40 दिन वाली सर्दी का दौर चिल्लई कलां शुरू हो चुका है। श्रीनगर में इस बार तापमान -8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है जो पिछले 133 साल में तीसरी बार हुआ है। उत्तर भारत शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है जबकि दक्षिण भारत में बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आगामी मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 28 दिसंबर तक मौसम में बड़ा बदलाव हो सकता है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा जिससे मौसम का मिजाज बदल जाएगा। 27 से 31 दिसंबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा। इसके चलते पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है और मैदानी इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान है जिससे ठंड बढ़ सकती है।
देशभर में मौसमी हालात
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम मध्य और दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया सक्रिय था जो अब कमजोर होकर आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
26 दिसंबर के बाद होगा बदलाव
मौसम विभाग ने बताया कि 26 दिसंबर की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत में असर डाल सकता है। इससे दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवातीय हवाओं का चक्र) बनने की संभावना है। इसके कारण 28 दिसंबर तक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाएं उठेंगी जिससे पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और मध्य भारत में भी बारिश का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।
शीतलहर और घना कोहरा
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में शीतलहर और घना कोहरा छा सकता है।
दिल्ली में बारिश की संभावना
दिल्ली में इस समय हल्के कोहरे के साथ ठंड बढ़ी हुई है। पिछले कुछ दिनों से शीतलहर के कारण दिल्ली में सूखी ठंड पड़ रही थी और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 26 दिसंबर के बाद दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली का तापमान 21 से 23°C के बीच रहेगा जबकि न्यूनतम तापमान 7 से 9°C के बीच रह सकता है। बता दें कि इस समय देशभर में मौसम का मिजाज बहुत सर्द है और अगले कुछ दिन और भी ठंडे हो सकते हैं।

“माय सीक्रेट न्यूज़” यह एक ऑनलाइन वेबसाइट है, जो आपको देश – दुनिया और आपके आसपास की हर छोटी-बड़ी खबरों को आप तक पहुंचाती है। इस वेबसाइट का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र जी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता में BJC (बेचलर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) और MJC (मास्टर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री 2011 में हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर मप्र से हासिल की है। उन्होंने भोपाल के स्वदेश, राज एक्सप्रेस, राष्ट्रीय हिंदी मेल, सांध्य प्रकाश, नवदुनिया और हरिभूमि जैसे बड़े समाचार पत्र समूहों में काम किया है। इस वेबसाइट का संचालन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हो रहा है, जहाँ से प्रदेश की राजनीति से लेकर विकास की योजनाएं तैयार होती हैं।दे श व प्रदेश जिले की ताजा अपडेट्स व राजनीतिक प्रशासनिक खबरों के लिए पढ़ते रहिए हमारी वेबसाइट (my secret news. Com )👈 ✍️ पुष्पेन्द्र , (वरिष्ठ पत्रकार) भोपाल, मप्र








