एसडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला, राजस्थान-बूंदी के बिलकेश्वर महादेव मंदिर में गए 11 पर्यटक बाढ़ मे फंसे

बूंदी. जिले के बिलकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने के लिए गए पर्यटक पानी भरने के कारण वहां फंस गए। बताया जा रहा है के जब वे महादेव दर्शन के लिए गए थे तब सीढ़ियों पर पानी नहीं था लेकिन वापस लौटते समय लगातार हुई तेज बारिश के कारण मेज नदी ऊफान पर आ गई और मंदिर की सीढ़ियां पानी में डूब गईं। समय रहते लोगों ने गेंडोली थाना पुलिस को सूचना दी। पानी का सैलाब बढ़ता देख पूरा मामला एसडीआरएफ के हवाले किया गया। जिस पर एक दर्जन से अधिक एसडीआरएफ के जवानों ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद सभी को पानी से सुरक्षित निकाल लिया। एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार जिले के रिहाणा, ख्यावदा, गोलपुरा गांव के युवक नैनवा रोड पर त्रिवेणी संगम पर बिल्केश्वर महादेव के दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन करने के बाद वापस घर लौटने लगे तो मेज नदी में ऊफान आ गया। नदी में लगातार पानी बढ़ने से 11 बच्चे ओर दो युवक मंदिर मे ही डटे रहे लेकिन पानी कम नहीं होने पर लोगों ने प्रशासन को इसकी सूचना दी, जिस पर गेंडोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। हिंडोली क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में 8 इंच बारिश हुई, जिसके चलते जिले की कई नदियां ऊफान पर हैं। यहां से निकलने वाली मेज नदी में जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है, जिसके चलते खटकड़ पुलिया पर 1 से 2 फीट पानी आ जाने के चलते मार्ग पूरा बाधित हो गया।  recent visitors 125

लोगों ने मशक्कत कर बचाया, राजस्थान-बूंदी में भारी बारिश में बही पुलिस जवानों से भरी जीप

बूंदी. राजस्थान के बूंदी में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। जिले में भारी बारिश का सिलसिला अनवरत जारी है। इस बारिश के कारण जैत सागर झील उफान पर आ गई है, जिसके चलते प्रशासन ने झील के सभी गेट खोल दिए हैं। इस दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया जब महावीर कॉलोनी में जैत सागर नाले की पुलिया को पार करते समय पुलिसकर्मियों से भरी जीप सैलाब में बह गई। स्थानीय लोगों ने जैसे ही पुलिस की जीप को बहते हुए देखा, उन्होंने तुरंत बड़ी रस्सियों का उपयोग करके पुलिसकर्मियों को एक-एक करके सुरक्षित बाहर निकाला। लोगों की सूझबूझ और तत्परता के चलते यह बड़ा हादसा टल गया। हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा और एसपी हनुमान प्रसाद मीणा मौके पर पहुंचे, साथ ही एसडीआरएफ की टीम को भी रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। एसडीईआरएफ के कमांडो गोपाल सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें जेसीबी की मदद से पानी में डूबी जीप को निकालने का प्रयास किया गया। हालांकि, पानी के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में कई कठिनाइयाँ आईं, लेकिन अंततः जीप को बाहर निकाला जा सका। देई खेड़ा थाना के पुलिसकर्मी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बूंदी आए थे। वापस लौटते समय उन्होंने शहर का रास्ता छोड़कर कॉलोनी का रास्ता पकड़ा, जहाँ यह हादसा हुआ। पुलिया पर दो से तीन फीट पानी होने के कारण जीप अनियंत्रित हो गई और सैलाब में बह गई। इस हादसे में पुलिसकर्मियों की जान लोगों की सूझबूझ से बच सकी। वर्तमान में कलेक्टर और एसपी ने जैत सागर झील का निरीक्षण किया और पानी के वेग की स्थिति का जायजा लिया। बूंदी में भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे इलाके में जलमग्न की स्थिति बनी हुई है। recent visitors 112