युवतियों से हुई छेड़छाड़ और आत्महत्या, राजस्थान-जयपुर में दो लोगों से मारपीट और ठगी

जयपुर. प्रदेश की राजधानी जयपुर में अपराधियों का खौफ दिन-प्रतिदन बढ़ता जा रहा है। बीते शनिवार को एक के बाद एक हुई घटना से पुलिस-प्रशासन की नींद उड़ गई है। कहीं मारपीट कर नकदी-मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है, तो कहींं हॉस्टल छात्रा से छेड़छाड़ की गई है। पहली घटना जयपुर के शिवदासपुरा थाना इलाके की है, जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने पत्थर से हमलाकर पैदल जा रहे मजदूर का सिर फोड़ दिया और फिर मारपीट कर उससे मोबाइल व नकदी छीनकर ले गए। पुलिस के अनुसार मूलतरू यूपी हाल रामचंद्रपुरा निवासी नाजीमुल ने मामला दर्ज करवाया कि वह पिरामिड कम्पनी में काम करता है। एक अगस्त की दोपहर वह कम्पनी से खाना खाने पैदल ही अपने रुम पर जा रहा था। दुर्लभ कॉलेज के पास पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और बदमाशों से पत्थर से उसका सिर फोड़ दिया। इसके बाद वह सड़क पर गिर गया। बदमाशों ने उसके साथ लात-घूसे से मारपीट की और उससे मोबाइल व जेब में रखे 5200 रुपए निकाल कर ले गए। राहगिरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उससे छुट्टी दे दी गई। इसके बाद पीडित ने थाने पहुंच कर मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना स्थल और उसके आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मदद के बहाने अस्पताल कर्मचारी ने घायल युवक के मोबाइल से ऑनलाइन ट्रांसफर किए 27 हजार दूसरी ओर सड़क हादसे में घायल युवक की मदद के बहाने एक अस्पताल कर्मचारी ने मोबाइल से अपने खाते में 27 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए। ठगी का पता लगने पर घायल के पिता ने बजाज नगर थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस के अनुसार शांति नगर दुर्गापुरा निवासी गिर्राज प्रसाद ने मामला दर्ज करवाया कि महारानी फार्म से दुर्गापुरा जाने के दौरान उसके बेटे प्रथम अग्रवाल की सड़क दुर्घटना हो गई। घायल अवस्था में उसे  जयपुरिया अस्पताल ले जाया गया। जहां पर मदद के नाम पर एक अस्पताल कर्मचारी ने उसके बेटे से मोबाइल का लॉक पूछ लिया और उससे उसके पिता को कॉल कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसके परिजन अस्पताल पहुंचे और घायल की स्थिति जानकर उसका उपचार करवाया। प्रथम अग्रवाल के स्वास्थ्य में सुधार होने पर जब मोबाइल देखा गया तो पता चला कि उसके खाते से किसी ने ऑनलाइन 27 हजार रुपए निकाल लिए। जब रुपए ट्रांसफर का समय और तारीख देखी गई तो पता चला कि उस समय तो प्रथम अस्पताल में घायल होकर पहुंचा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई धर्मवीर कर रहे है। हॉस्टल छात्रा से छेड़छाड़, आरोपी कई दिनों से कर रहा था पीछा सांगानेर थाना इलाके में एक हॉस्टल छात्रा से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने शिकायत दी कि पिछले काफी समय से आरोपी लड़का पीछा कर बीच रास्ते में पकड़ हॉस्टल छात्रा से छेड़छाड़ कर रहा है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  मामले की जांच एसआई पुष्पा कर रही हैं। पुलिस ने बताया कि सांगानेर निवासी 23 वर्षीय युवती ने मामला दर्ज करवाया कि वह एक हॉस्टल में रहकर स्टडी कर रही है। आरोप है कि पिछले काफी समय पहले पूरन नाम के लड़के से उसकी मुलाकात हुई थी। उसके बाद से आरोपी पूरन सिंह उसको बात करने का दबाव बना रहा है। हॉस्टल आने-जाने के दौरान उसका पीछा कर छेड़छाड़ करता है। कई बार समझाने का प्रयास करने पर भी पीछा कर छेड़छाड़ करना बंद नहीं किया। विरोध कर शिकायत करने की कहने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। टॉर्चर से परेशान होकर पीड़िता ने सांगानेर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। कोचिंग छात्रा ने अपार्टमेंट की 9वीं मंजिल से कूद कर की आत्महत्या मुहाना थाना इलाके में एक कोचिंग छात्रा ने अपार्टमेंट की 9वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया। आत्महत्या का प्राथमिक कारण माता-पिता से झगड़े को बताया जा रहा है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस सुसाइड के कारण का पता लगाने का प्रयास कर रही है। थानाधिकारी मदन लाल कड़वासरा ने बताया कि मृतका लीना सिंह (20) पुत्री राजेश सिंह मुहाना के एक अपार्टमेंट में रहती थी। वह अपनी बहन के साथ रहकर कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रही थी। शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे उसने अपार्टमेंट की 9वीं मंजिल की छत से छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया। बॉलकोनी से नीचे गिरने पर उठी धमकाने की आवाज सुनकर अपार्टमेंट में रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे। लहूलुहान हालत में लीना जमीन पर पड़ी मिली। स्थानीय लोगों ने तुरंत मुहाना थाना पुलिस को सूचित किया। गंभीर हालत में लीना को तुरंत हॉस्पिटल भिजवाया गया। डॉक्टर्स ने प्राथमिक इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पास से किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने की बात से इंकार किया है। recent visitors 117

पुलिसकर्मी और संचालक के बीच मारपीट और हंगामा, राजस्थान-जयपुर के कैफे में मिली शराब

जयपुर. जयपुर में बजाज नगर थाना क्षेत्र में त्रिवेणी पुलिया के पास ग्रैब ए कॉफी नामक कैफे पर एक युवक को पुलिसकर्मी द्वारा थप्पड़ मारे जाने के बाद विरोध में वहां भारी भीड़ एकत्रित हो गई और हंगामा कर दिया। बताया जा रहा है कि रात कैफे में शराब बेचे जाने को लेकर पुलिसकर्मी और कैफे संचालक के बीच विवाद हुआ था। जानकारी के अनुसार रात करीब 9 बजे सादा वर्दी में मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर फूलचंद का समय सीमा के बाद कैफे में शराब बेचने को लेकर संचालक के साथ विवाद हो गया। इस पर कैफे में काम करने वाले आकाश मेहता को एसआई ने थप्पड़ जड़ दिया, जिस पर उसके दोस्त बलजीत सिंह ने ऐतराज उठाते हुए एसआई को बिना सबूत के मारपीट करने को लेकर झगड़ा किया। मारपीट की सूचना पर बजाज नगर और आसपास के क्षेत्रों से पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर मौजूद बलजीतसिंह ने पुलिसकर्मी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए जबरन मारपीट किए जाने की बात की, जबकि एसआई फूलचंद का कहना था कि कैफे में शराब बेचने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ, जिसमें बलजीत सिंह समेत अन्य लोगों ने मारपीट की। बहरहाल घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज ने मामले में कहा है कि जल्द ही मामले की जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी। recent visitors 106

छह बसें चलाई जा रहीं, राजस्थान-जयपुर में मुफ्त बस शटल सेवा शुरू

जयपुर. राजस्थान की राजधानी जयपुर के परकोटे बाजार में आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। रामनिवास बाग पार्किंग से मुफ्त बस शटल सेवा शुरू की गई है। जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड (जेसीटीएसएल), जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) और हैरिटेज नगर निगम ने इस सेवा को संयुक्त रूप से शुरू किया है। इस पहल के तहत शुरुआत में छह बसें चलाई जा रही हैं। रामनिवास बाग में वाहन पार्क करने वाले लोगों को यह मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इस सेवा का मुख्य उद्देश्य चारदीवारी के बाजारों में आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों को सुविधा प्रदान करना है। मिडी बसें दो रूटों पर संचालित होंगी। पहले रूट में बसें रामनिवास बाग से अजमेरी गेट, किशनपोल बाजार, छोटी चौपड़, चांदपोल, त्रिपोलिया गेट और चौड़ा रास्ता होते हुए रामनिवास बाग लौटेंगी। दूसरे रूट में बसें रामनिवास बाग पार्किंग से सांगानेरी गेट, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार और चौड़ा रास्ता होते हुए रामनिवास बाग वापस आएंगी। हैरिटेज नगर निगम की सतर्कता शाखा ने सुरक्षा और व्यवस्था को संभालने के लिए गार्ड तैनात किए हैं। यह बसें सुबह 9:30 बजे से रात 9:30 बजे तक चलेंगी और हर 15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी। यह सेवा व्यापारियों और ग्राहकों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी, क्योंकि इससे बाजारों में भीड़भाड़ कम होगी और पार्किंग की समस्या का समाधान होगा। नगर निगम की यह पहल निश्चित रूप से शहर के बाजारों में आने-जाने वाले लोगों के लिए एक बड़ी राहत है। recent visitors 118

दिल्ली कोचिंग जैसा हुआ हादसा, अब राजस्थान-जयपुर के बेसमेंट में बारिश का पानी भरने से पिता और दो बेटों की मौत

जयपुर. राजस्थान की राजधानी जयपुर में दिल्ली के कोचिंग सेंटर जैसा मामला सामने आया है। शहर में बुधवार देर रात आई बारिश के बाद विद्याधरनगर के ध्वज नगर में एक मकान के बेसमेंट में पानी भर गया। जिसमें डूबने से पिता और दो बेटों समेत तीन की मौत हो गई। करीब 6 घंटे के चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोपहर 12 बजे तीनों के शव बाहर निकाले गए। स्थानीय पार्षद ने बताया कि ध्वज नगर में लोगों ने अवैध मकान बना रखे हैं। तेज बरसात के कारण मकानों की मिट्टी ढह गई। जानकारी के अनुसार जयपुर में बुधवार रात को शुरू हुई बारिश के बाद विद्याधरनगर के ध्वज नगर में स्थित एक मकान के बेसमेंट में पानी भर गया। तेज बारिश के कारण मकान की दीवार ढहने से पिता और उसके दोनों बेटे बेसमेंट में फंस गए थे। सूचना प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब छह घंटे चले ऑपरेशन के बाद तीनों के शव बाहर निकाले गए। बताया जा रहा है कि मृतक बिहार के आरा जिले के रहने वाले थे। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों से संपर्क कर लिया है। उपमुख्यमंत्री और विद्याधरनगर विधायक दिया कुमारी ने जयपुर कलेक्टर से बात कर मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली हादसे में क्या हुआ था? 29 जुलाई को दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित RAU'S IAS कोचिंग सेंटर में इसी तरह के हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई थी। करीब 35 छात्र कोचिंग में बने बेसमेंट में बैठकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान शुरू हुई बारिश के बाद दो-तीन मिनट में ही बेसमेंट में 10-12 फीट पानी भर गया था। जिसमें डूबने से तीन छात्रों की मौत हो गई थी। recent visitors 149