लुटेरों में एक महिला भी शामिल, राजस्थान-केकड़ी में युवक से नौ लाख की लूट

केकड़ी. बाइक पर श्रीनगर (अजमेर) से छान (टोंक) जा रहे एक युवक के साथ केकड़ी में नौ लाख रुपयों की लूट हो गई। पहले एक युगल उसे चिकनी चुपड़ी बातों में फंसाकर इस युवक की बाइक पर बैठे, फिर केकड़ी पहुंचने के बाद इस युवक को बाइक से धक्का देकर वह लुटेरा युगल यह रकम ले उड़ा। मामला छह अक्तूबर का है। अजमेर क्षेत्र के भूडोल (अजमेर) गांव का रहने वाला जितेंद्र सांसी बुधवार को श्रीनगर (अजमेर) से छान (टोंक) जाने के लिए मोटर साइकिल पर निकला था। यह युवक किसी को देने के लिए नौ लाख रुपयों की रकम अपने साथ लेकर जा रहा था। रास्ते में अजमेर-केकड़ी मार्ग पर ग्राम लोहरवाड़ा के समीप माताजी के मंदिर के यहां वह चाय पीने रुका। इसी दौरान एक महिला व एक युवक इसके साथ हो लिए और मीठी-मीठी बातों से नजदीकियां बढ़ाने लगे। युवक के वहां से रवाना होते ही ये युगल भी उसके पीछे लग गया। उन्होंने चिकनी-चुपड़ी बातों में उलझाकर इसे रास्ते में एक जगह चाय भी पिलाई और शराब भी। इस बीच उसने लुटेरे युगल के सामने ही छान में रहने वाले अपने मामा से फोन पर बात भी की थी। शाम को युवक केकड़ी पहुंचा। छान जाने के लिए जैसे ही युवक आगे रवाना हुआ, अचानक उसका पीछा कर रहे दोनों लुटेरों उसके पास पहुंचे और उसे रोककर जान पहचान निकालने लगे। लुटेरे युवक ने कहा कि उसके मामा भी छान में ही रहते है तथा वह भी वहीं जा रहा है। इसलिए एक ही बाइक पर चलते है। दोनों की लच्छेदार बातों में आकर वह उनके साथ एक ही बाइक पर रवाना हो गया। केकड़ी में पुराना कोटा रोड पर ज्योतिबा फूले सर्किल के समीप लुटेरे युवक ने बाइक रोकी व उसे धक्का मारकर नौ लाख रुपए से भरा बैग व मोबाइल आदि लूट कर महिला के साथ रफूचक्कर हो गया। वारदात के बाद जैसे तैसे उसने अपने घर वालों को लूट की सूचना दी। बाद में इस संबंध में पीड़ित जितेन्द्र सांसी पुत्र गुमान सांसी निवासी भूडोल थाना गेगल जिला अजमेर ने मंगलवार रात को केकड़ी सिटी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। सिटी थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार मामले की पड़ताल में जुटी पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे है। recent visitors 71

निलंबन की लटकी तलवार, राजस्थान-केकड़ी की सरवाड़ नगर पालिका अध्यक्ष को डीएलबी का नोटिस

केकड़ी. जिले की सरवाड़ नगर पालिका में काबिज कांग्रेस बोर्ड की अध्यक्ष छगन कंवर राठौड़ पर निलंबन की तलवार लटक गई है। स्वायत शासन विभाग ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद पालिकाध्यक्ष को नियम विरुद्ध तरीके से पट्टे जारी करने के आरोप में नोटिस देकर सात दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब नहीं देने पर उनके खिलाफ राजस्थान नगर पालिका अधिनियम 2009 की धारा 39 के तहत कार्रवाई की जाएगी। मामले में स्वायत शासन विभाग द्वारा सरवाड़ एसडीएम गुरुप्रसाद तंवर से मामले की जांच कराई गई थी, जिसमें उनके विरुद्ध आरोप तय किए गए हैं। 15 अप्रैल 2008 को नगर पालिका सरवाड़ ने आवेदक फारूख सिलावट के पक्ष में 200 रुपये प्रति वर्गगज की दर से भूखंड का पट्टा 99 वर्ष की लीज पर जारी किया था। उस समय स्थानीय निकाय विभाग को इसकी शिकायत की गई थी, जिस पर कार्यालय उपनिदेशक क्षेत्रीय स्थानीय निकाय विभाग अजमेर ने उक्त अवैध पट्टों को अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका सरवाड़ को निरस्त करवाने की कार्रवाई कर भूमि को नगर पालिका के कब्जे में लेने के निर्देश दिए थे। नोटिस में बताया गया कि पार्षद अतीक तंवर ने पट्टाकर्ता फारूख सिलावट से भूखंड खरीद लिया। नगर पालिका के अध्यक्ष व भूमि शाखा के कार्मिक व तत्कालीन अधिकारी द्वारा वर्तमान पार्षद अतीक तंवर को लाभ पहुंचाने की नीयत से अवैध लीज डीड के आधार पर पंजीबद्ध विक्रय पत्र का नामांतरण किया गया है, जो पूर्णतः नियम विरुद्ध है। नोटिस में बताया गया कि तंवर ने नामांतरण अपने पक्ष में होने के उपरांत नगर पालिका सरवाड़ में धारा 69 ए के तहत पट्टा जारी करने के लिए आवेदन किया था। जिस पर नगर पालिका की एम्पावर्ड कमेटी की मीटिंग में आवेदक को फ्री होल्ड पट्टा जारी करने का निर्णय किया गया। मीटिंग की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा की गई। इस प्रकार उक्त पट्टा वैध नहीं होने की जानकारी होते हुए भी आवेदक को अनुचित लाभ पहुंचाने की नीयत से नियम विरुद्ध फ्री होल्ड पट्टा जारी कर दिया, जो पूर्णतः अवैध है, जिसके लिए पालिका अध्यक्ष उत्तरदायी हैं। डीएलबी का कहना है कि यह आचरण नगर पालिका में अध्यक्ष पद की हैसियत के दुरुपयोग एवं कर्तव्यों के निर्वहन में अवचार तथा पद के अन्यथा आचरण की श्रेणी में आता है। मामले में 7 दिवस में स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है। recent visitors 104

पुलिस से मारपीट कर राजकार्य में डाली थी बाधा, राजस्थान-केकड़ी में दस महीने से फरार चार आरोपी गिरफ्तार

केकड़ी. केकड़ी सिटी थाना पुलिस ने नोटिस तामील कराने गए पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने एवं राजकार्य में बांधा पहुंचाने के मामले में पिछले 10 महीने से फरार चल रहे चार इनामी वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर पुलिस द्वारा दो-दो हजार रुपयों का इनाम घोषित था। प्राप्त विवरण के अनुसार, गत वर्ष नौ दिसम्बर को थाने के कांस्टेबल छोटूराम मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह स्थायी वारंटी राम सिंह पुत्र भंवर सिंह एवं करण सिंह पुत्र अमर सिंह को अदालती नोटिस तामील करवाने के लिए उनके गांव लसाड़िया गया हुआ था। राम सिंह के घर के बाहर एक व्यक्ति मिला, जिससे नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम राम सिंह पुत्र भंवर सिंह बताया। इस पर कांस्टेबल छोटूराम ने राम सिंह को बताया कि वह कई थानों में स्थायी वारंटी है। इसके बाद वह उसे लेकर रवाना होने लगा। इसी दौरान रतन सिंह पुत्र बाल सिंह, प्रताप सिंह पुत्र राम सिंह, भगवान सिंह पुत्र अमर सिंह एवं एक अन्य लड़के व दो लड़कियों ने रास्ता रोककर उसके साथ धक्का मुक्की की तथा स्थायी वारंटी रामसिंह को छुड़वा लिया। इसके बाद रामसिंह ने अन्दर से तलवार लाकर मारकाट करने की एलानियां धमकियां दी तथा कांस्टेबल को जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। पुलिस ने रामसिंह, रतन सिंह, प्रताप सिंह एवं भगवान सिंह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी। घटना के बाद चारों आरोपी गिरफ्तारी के डर से फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक ने चारों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 2-2 हजार रुपये का इनाम घोषित किया, लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आए। पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामचन्द्र सिंह व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के सुपरविजन में पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरु की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सिटी थाना पुलिस ने रामसिंह पुत्र भंवरसिंह जाति राजपूत उम्र 54 वर्ष, रतन सिंह पुत्र बाल सिंह जाति राजपूत उम्र 56 वर्ष, प्रतापसिंह पुत्र रामसिंह जाति राजपूत उम्र 28 वर्ष एवं भगवान सिंह पुत्र अमर सिंह जाति राजपूत उम्र 35 वर्ष को जिले के ग्राम जूनियां के समीप गिरफ्तार कर लिया। ये चारों आरोपी केकड़ी जिले के ग्राम लसाड़िया के निवासी है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाधिकारी अयूब खान, वृत कार्यालय के रीडर एवं एएसआई रामसिंह, हैड कांस्टेबल राकेश कुमार, कांस्टेबल राकेश कुमार, वृत कार्यालय के कांस्टेबल जीवराज व सांवरलाल एवं सिटी थाना पुलिस के कांस्टेबल शुभकरण, मुकेश कुमार व शिवचरण शामिल रहे। recent visitors 89

बजरी माफियाओं में मचा हड़कंप, राजस्थान-केकड़ी में 800 टन बजरी का अवैध स्टॉक जब्त

केकड़ी. सदर थाना पुलिस व खनन विभाग ने शुक्रवार को केकड़ी जिले के मीणों का नयागांव में अवैध बजरी खनन एवं भंडारण के खिलाफ संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए 800 टन बजरी के आठ स्टॉक जब्त किए। कार्रवाई का पता चलते ही बजरी माफिया के बीच हड़कंप मच गया। जिला कलेक्टर श्वेता चौहान, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा एवं खनन विभाग के अधीक्षण अभियंता जे.के. गुरुबक्षानी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामचन्द्र सिंह, पुलिस उपअधीक्षक हर्षित शर्मा एवं सहायक खनिज अभियंता संजय शर्मा की देखरेख में हुई इस कार्रवाई में पुलिस व खनन विभाग की टीम को मीणों का नयागांव में बजरी के अवैध रूप से पड़े करीब 800 टन के आठ बड़े स्टॉक मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। प्रशासन अब इस बजरी को जेसीबी व डम्पर की सहायता से उठवा कर अपने कब्जे में ले रहा है। उल्लेखनीय है कि केकड़ी क्षेत्र में आए दिन अवैध बजरी खनन के मामले सामने आते रहते हैं, जिन पर प्रशासन का कोई प्रभावी अंकुश नहीं होने से खननकर्ताओं के हौसले बुलंद बने रहते हैं। केकड़ी क्षेत्र से गुजर रही बनास नदी के कई इलाके अवैध बजरी खनन के मुख्य केंद्र बने हुए हैं, जहां से रात के अंधेरों में अवैध रूप से बजरी निकालकर प्रदेश के कई इलाकों में चुपचाप सप्लाई कर दी जाती है। यही गोरखधंधा यहां लंबे समय से चल रहा है। अक्सर प्रशासन व कानून व्यवस्था से जुड़े बड़े अधिकारियों द्वारा इस संबंध में अपने महकमों की बैठकें लेकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाते हैं, मगर उनके ये निर्देश महज औपचारिकता बनकर रह जाते हैं और बजरी के अवैध खनन को रोकने के लिए कोई कड़ी कार्रवाई सामने नहीं आने से नदियों से बजरी का दोहन करने का सिलसिला जारी रहता है। लेकिन इस बार जिले में पुलिस व खनन विभाग सक्रिय नजर आ रहा है और बजरी के अवैध भंडारण पर एक के बाद एक छापामार कार्रवाई कर ऐसे बजरी के ढेरों को जब्त करने में लगा हुआ है। इससे पूर्व भी दोनों विभागों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जिले के टोडारायसिंह क्षेत्र में छह अलग-अलग स्थानों से 2640 टन बजरी जब्त की थी। recent visitors 150

दो युवकों की मौत और दो घायल, राजस्थान-केकड़ी में कार और ट्रक की भिड़ंत

केकड़ी. केकड़ी के दो परिवारों पर गुरुवार की दोपहर कहर टूट पड़ा। एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं दो युवक घायल हो गए। अजमेर कोटा मार्ग पर ग्राम कोहड़ा के समीप एक कार और ट्रक की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कार में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय भेजा गया। मगर उसे बचाया नहीं जा सका। कार में सवार ये चारों युवक दोस्त बताए गए। अजमेर-कोटा मार्ग पर केकड़ी से करीब तीन किमी दूर ग्राम कोहड़ा के समीप एक कार और ट्रक की आपस में भिड़ंत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब केकड़ी के चार युवक एक कार में देवली की तरफ जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे एक ट्रक के चालक ने लापरवाही पूर्वक ट्रक चलाते हुए कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक बुरी तरह से फंस गए। टक्कर के बाद कार कई पलटियां खाकर सड़क के किनारे झाड़ियों में फिसल गई। दुर्घटना में केकड़ी शहर के अजमेरी गेट निवासी 18 वर्षीय हार्दिक अग्रवाल पुत्र अरविंद अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके बाकी तीनों हमउम्र दोस्त घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने जैसे तैसे घायलों को कार से बाहर निकाला। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की मदद से चारों युवकों को केकड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने हार्दिक को मृत घोषित कर दिया। घायलों में से एक युवक अजमेर रोड़ निवासी अभिजीत कानावत पुत्र हेमराज कानावत की हालत ज्यादा गंभीर होने से उसे तुरंत अजमेर रेफर किया गया। मगर उसे बचाया नहीं जा सका। अभिजीत की अजमेर उपचार के दौरान अभी रात्रि को मृत्यु हो गई, जबकि हादसे के दो अन्य घायल युवक अजमेर रोड़ निवासी सार्थक जैन पुत्र महेन्द्र जैन व जालिया हाल केकड़ी निवासी आदित्यसिंह पुत्र नरेन्द्र सिंह राठौड़ का केकड़ी के राजकीय जिला अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलने पर सिटी पुलिस थाने के हैड कांस्टेबल राकेश मीणा भी मय पुलिस जाब्ते के अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक हार्दिक का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। जबकि हादसे में दूसरे मृतक के शव का अजमेर के जेएलएन अस्पताल में पोस्टमार्टम किया। दुर्घटना की खबर फैलते ही यहां हर कोई स्तब्ध रह गया और केकड़ी जिला अस्पताल की तरफ दौड़ पड़ा। जिससे वहां भारी भीड़ हो गई। हादसे का शिकार हुए चारों युवकों के परिजन व समाजबंधु मौके पर जमा हो गए। अस्पताल में इनके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। इस दुर्घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। बताया गया कि हार्दिक अग्रवाल अपने दोस्तों के साथ अपने हाथ के फ्रेक्चर का इलाज करवाने देवली जा रहा था। वह अपने दोस्तों केकड़ी निवासी अभिजीत कानावत, सार्थक जैन व आदित्यसिंह के साथ एक कार में केकड़ी से रवाना हुआ, तभी शहर से निकलते ही यह हादसा हो गया। recent visitors 79

तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, राजस्थान-केकड़ी में 1020 किलो अवैध डोडा पोस्त के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

केकड़ी. अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भिनाय थाना पुलिस की टीम ने मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर इनके पास से करीब 1020 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद की है। पुलिस के अनुसार केकड़ी जिले की स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम राजपुरा (सरवाड) के पास केकड़ी रोड पर एक संदिग्ध वाहन खड़ा है। जिसमें अवैध मादक पदार्थ भरे होने की संभावना है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली और उसमें से 1019 किलो 700 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद की।  RJ 01 GC 8698 नंबर की बोलेरो गाड़ी में यह अवैध पदार्थ ले जाया जा रहा था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी मुकेश गुर्जर व गोपाल गुर्जर लंबे समय से फरार चल रहे थे, जिन्हें हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। recent visitors 123

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने विद्यार्थियों से किया संवाद, राजस्थान-केकड़ी में कबाड़ से बनाये आकर्षक मॉडल

केकड़ी. गांधी जयंती के अवसर पर केकड़ी में अजमेर रोड़ पर कृष्णा नगर स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में स्वच्छता प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें क्षेत्र के कई उच्च प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने कबाड़ के सामानों से जुगाड़ करते हुए कलात्मक कृतियों का निर्माण कर प्रेरणादायी संदेश दिया। प्रदर्शनी में बच्चों ने कई आकर्षक चार्ट व मॉडल प्रदर्शित किए। प्रदर्शनी का मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी ने अवलोकन किया और बच्चों से संवाद कायम कर उनकी सृजनात्मक प्रतिभा की भूरि भूरि प्रशंसा की। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी गोविंद नारायण शर्मा, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विष्णु शर्मा, सीएमओ केकड़ी सीमा नरवरिया, यूसीईओ केकड़ी कालूराम सामरिया, खवास स्कूल के प्रधानाचार्य हेमेंद्र चौधरी, कादेड़ा बालिका स्कूल के प्रधानाचार्य योगेश आचार्य व भाजपा केकड़ी मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार राठी सहित कई शिक्षक और शिक्षिकाएं मौजूद रहे। प्रारम्भ में मेजबान स्कूल के प्रधानाचार्य कैलाश चंद झारोटिया व स्कूल स्टॉफ ने अतिथियों का स्वागत किया। recent visitors 128