नई दिल्ली
इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया सिडनी टेस्ट के पहले दिन का अंत बड़ी ही गर्मा-गर्मी के साथ हुआ। आखिरी ओवर में जसप्रीत बुमराह और सैम कॉन्सटस के बीच तगड़ी बहस हुई जिसका जवाब भारतीय कप्तान ने उस्मान ख्वाजा के विकेट के साथ दिया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया पहली पारी में 185 रनों पर ढेर हो गई, जिसके जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 1 विकेट के नुकसान पर 9 रन बोर्ड पर लगाए। भारत के पास अभी भी 176 रनों की बढ़त है। बुमराह और कॉन्सटस की इस तू-तू मैं-मैं के बाद दूसरे दिन का खेल रोमांचक होने की उम्मीद है।
जसप्रीत बुमराह और सैम कॉन्सटस की बहस की घटना ऑस्ट्रेलियाई पारी के तीसरे ओवर की है। चौथी गेंद के बाद उस्मान ख्वाजा तैयार होने के लिए काफी समय ले रहे थे। दरअसल, दिन का खेल खत्म होने में समय काफी कम बचा था और भारत एक और ओवर डालना चाहता था, मगर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज इसी ओवर के साथ दिन के खेल को खत्म करना चाहते थे। जब जसप्रीत बुमराह ने उस्मान ख्वाजा से जल्द गेंद खेलने के लिए तैयार होने को कहा तो नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े सैम कॉन्सटस उनसे बहस करने लगे। दोनों खिलाड़ी एक दूसरे की ओर बढ़ ही रहे थे कि अंपायर ने उन्हें बीच में आकर रोक दिया।
ओवर की आखिरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने उस्मान ख्वाजा का शिकार किया। इस विकेट के बाद वह जश्न मनाने टीम के पास नहीं गए बल्कि 19 साल के सैम कॉन्सटस के आगे जाकर खड़े हो गए। इतने में स्लिप पर खड़े विराट कोहली ने भी उनके आगे से निकलते हुए टीम के साथ जश्न मनाया।
भारत के लिए ऋषभ पंत 40 रनों के साथ हाइएस्ट स्कोरर रहे। वहीं ऑस्ट्रेलिया के लिए स्कॉट बोलैंड ने चार तो मिचेल स्टार्क ने तीन और पैट कमिंस ने दो विकेट चटकाए। भारतीय पारी के दौरान वॉशिंगटन सुंदर के विकेट को लेकर भी बवाल हुआ। स्निको मीटर ने एक बार फिर टीम इंडिया को धोखा दिया, सुंदर के बैट और ग्लव्स पर लगे बिना स्निको मीटर पर हरकत हुई और थर्ड अंपायर ने उन्हें आउट दिया। पंत एक बार फिर पुल शॉट मारने के प्रयास में वह आउट हुए। वहीं विराट कोहली का भी हाल कुछ ऐसा ही रहा, इस सीरीज में वह 7वीं बार स्लिप में कैच आउट हुए।

“माय सीक्रेट न्यूज़” यह एक ऑनलाइन वेबसाइट है, जो आपको देश – दुनिया और आपके आसपास की हर छोटी-बड़ी खबरों को आप तक पहुंचाती है। इस वेबसाइट का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र जी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता में BJC (बेचलर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) और MJC (मास्टर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री 2011 में हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर मप्र से हासिल की है। उन्होंने भोपाल के स्वदेश, राज एक्सप्रेस, राष्ट्रीय हिंदी मेल, सांध्य प्रकाश, नवदुनिया और हरिभूमि जैसे बड़े समाचार पत्र समूहों में काम किया है। इस वेबसाइट का संचालन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हो रहा है, जहाँ से प्रदेश की राजनीति से लेकर विकास की योजनाएं तैयार होती हैं।दे श व प्रदेश जिले की ताजा अपडेट्स व राजनीतिक प्रशासनिक खबरों के लिए पढ़ते रहिए हमारी वेबसाइट (my secret news. Com )👈 ✍️ पुष्पेन्द्र , (वरिष्ठ पत्रकार) भोपाल, मप्र











