रीवा में दीवार गिरने से मृत्यु बच्चों के परिवार को 4-4 लाख रुपए देने के निर्देश दिए

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा में दीवार गिरने से चार बच्चों की मृत्यु होने पर दिवंगत बच्चों के परिवार को 2 लाख रुपए की सहायता राशि बढ़ाकर 4 लाख रुपए देने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि कल रीवा में दीवार गिरने से ग्राम गढ़ में निजी विद्यालय के 5 से 8 वर्ष आयु के बच्चों की असमय मृत्यु पर 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा की गई थी।   recent visitors 72

45 मिनट तक लिफ्ट में फंसे स्टूडेंट्स, पुलिस ने मशक्कत के बाद छात्रों को बाहर निकाला

लखनऊ राजधानी दिल्ली के राजेंद्र नगर में एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में अचानक पानी भर जाने से 3 छात्रों की मौत के बाद से मुद्दा गरमाया हुआ है। इस बीच लखनऊ के एक प्रतिष्ठित आईएएस कोचिंग सेंटर में भी बड़ा हादसा टला है। अचानक से लिफ्ट खराब होने की वजह से दो छात्र करीब 45 मिनट तक बीच में फंसे रहे। जानकारी पर ह़ड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद छात्रों को बाहर निकाला। यह घटना यूपी की राजधानी लखनऊ में गोमती नगर के हुसड़िया चौराहे की है। यहां के कॉम्पलेक्स में एक नामी आईएएस कोचिंग सेंटर से पढ़कर निकले छात्र लिफ्ट के जरिए नीचे जा रहे थे। तभी अचानक आवाज के साथ लिफ्ट बीच में ही रुक गई। छात्रों ने आवाज भी लगाना शुरू किया लेकिन मेन गेट बंद होने और बीच में रुके होने की वजह से किसी को सुनाई नहीं दी। इनमें से एक महिला छात्रा ने फोन के जरिए अपने परिजन को सूचना दी। जिनके घटनास्थल पर पहुंचने और कोचिंग मैनेजमेंट को सूचना देने के बाद घटना का वीडियो भी बनाया। उनका आरोप है कि कोचिंग सेंटर की तरफ से कोई मदद नहीं मिली। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर लिफ्ट ऑपरेटर को बुलाया, जिसके बाद छात्रों को बाहर निकाला जा सका। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि मेटल की रस्सी में एक चूहा फंस गया था, जिसके कारण लिफ्ट की पावर सप्लाई कट हो गई। और पांचवें फ्लोर पर रूक गई। फिलहाल फंसे हुए छात्र सुरक्षित और स्वस्थ हैं। recent visitors 94

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सागर जिले में मकान क्षतिग्रस्त होने की घटना पर किया दु:ख व्यक्त

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सागर जिले में मकान क्षतिग्रस्त होने की घटना पर किया दु:ख व्यक्त मृत्यु का शिकार हुए बच्चों के प्रभावित परिवारों को 4-4 लाख रूपये आर्थिक सहायता के निर्देश भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले में कच्चे मकान के क्षतिग्रस्त होने की घटना में बच्चों की असामयिक मृत्यु पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। यह घटना सागर जिले के शाहपुर में आज प्रात: हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्षाकाल में सावधानियां रखे जाने के निरंतर प्रयासों के बाद ऐसी घटनाएं होना पीड़ा का विषय है। राज्य सरकार ने जिलों में अतिवर्षा की स्थितियों से निपटने के लिए आपदा दलों को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सागर जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को 4-4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने और हादसे में घायल बच्चों के उचित उपचार के निर्देश दिए हैं।   recent visitors 88

सहारनपुर रेलवे स्टेशन के पास यात्री ट्रेन के पहिये पटरी से उतरे, मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारी

 सहारनपुर सहारनपुर रेलवे स्टेशन के नजदीक अंबाला की तरफ शारदा नगर पुल के नीचे एक यात्री ट्रेन के पहिये पटरी से उतर गए। घटना का पता लगते ही रेलवे अधिकारियों में खलबली मच गई। मौके पर अफसर पहुंचे और तकनीकी टीम को बुलाकर पहियों को पटरी पर लाने की कोशिश की जा रही है। वहीं सांसद इमरान मसूद भी मौके पर पहुंचे। ट्रेन नंबर 01619 दिल्ली सहारनपुर एक्सप्रेस रविवार सुबह स्टेशन पर करीब 11 बजे पहुंची। इसके बाद ट्रेन को वाशिंग लाइन ले जाया जा रहा था। शारदा नगर पुल के नीचे लाइन पर ट्रेन को शंटिंग किया गया। इससे ट्रेन के एक कोच के दो से तीन पहिये पटरी से उतर गए। चालक की जानकारी कंट्रोल रूम में दी गई तो अधिकारियों में खलबली मच गई। अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। मौके पर तकनीकी टीम भी दौड़ी। टीम पहियों को पटरी पर लाने में जुट गई। सांसद इमरान मसूद ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पहिये पटरी उतरने से ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं हुआ है। कब और कैसे हुआ हादसा? पटरी से उतरने की घटना तब हुई जब ट्रेन एक पॉइंट पर जा रही थी, जो ट्रैक का एक गतिशील खंड है जिसका उपयोग विभिन्न रेल लाइनों के बीच ट्रेनों को बदलने के लिए किया जाता है। सौभाग्य से, उस समय ट्रेन खाली थी, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। अंबाला डिवीजन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) कार्यालय ने घटना की पुष्टि की, यह देखते हुए कि यार्ड को खाली करने और सामान्य परिचालन बहाल करने के प्रयास चल रहे हैं। ट्रेन डेढ़ घंटे से अधिक देरी से दोपहर 12:26 बजे सहारनपुर जंक्शन पर पहुंची थी। रेलवे कर्मचारी फिलहाल पटरी से उतरे दोनों डिब्बों को वापस पटरी पर लाने का काम कर रहे हैं। यह घटना पिछले 18 दिनों के भीतर देश में ट्रेन के पटरी से उतरने की 10वीं घटना है। विशाखापट्टनम रेल हादसा दूसरी तरफ, आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक ट्रेन में आग लगने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, कोरबा से विशाखापट्टनम होते हुए तिरुमाला जा रही ट्रेन विशाखापट्टनम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर खड़ी थी। इस दौरान एसी बोगी एम1, बी7, बी6 बोगियों में अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि बी7 बोगी के शौचालय में हुए शॉर्ट सर्किट से आग भड़की। ट्रेन के एसी बोगी की एम1, बी7, बी6 बोगियों में आग लगने की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। ट्रेन धू-धू कर जलती दिखी। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। हादसे के वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि ट्रेन के कोच से बड़ी-बड़ी लपटें निकल रही है। इस दौरान पूरे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। recent visitors 122

सिंधिया ने भगवान शनिदेव का तेलाभिषेक कर पूजा अर्चना की

मुरैना  केन्द्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के ऐंती पर्वत स्थित त्रेतायुगीन शनि मंदिर पर पहुंच कर भगवान शनिदेव का तेलाभिषेक कर विधि विधान से पूजा अर्चना की। सिंधिया कल सड़क मार्ग से मंदिर पहुंचे। लगभग 15 मिनट तक सिंधिया भगवान शनिदेव की पूजा में लीन रहे। आम श्रद्धालुओं की तरह ही सिंधिया ने गर्भगृह में जमीन पर बैठकर पूजा की। इसके बाद भगवान शनिदेव का तेलाभिषेक कर पूजा पश्चात आरती की। सिंधिया ने भगवान शनिदेव से ग्वालियर चम्बल संभाग के जन-जन के लिए आशीर्वाद मांगा। भगवान शनिदेव उनके स्वयं व परिवार को सुख-शांती, समृद्धि प्रदान करें, ऐसी मनोकामना भगवान से की। भगवान शनिदेव की पूजा के बाद सिंधिया ने मंदिर परिसर में स्थित हनुमान जी की भी आराधना की। सिंधिया के साथ पूर्व मंत्री इमरती देवी, पूर्व मंत्री गिर्राज डण्डौतिया, पूर्व विधायक रघुराज सिंह कंषाना, पूर्व विधायक रामबरन सिंह गुर्जर, राकेश मावई सहित अनेक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।     recent visitors 110

ग्वालियर की पुलिस ने जमीन विवाद को सुलझाते हुए मानवता का परिचय दिया

ग्वालियर  मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुलिस का एक मानवीय चेहरा सामने आया है। इससे पता चलता है कि पुलिस का काम केवल अपराध को नियंत्रित करना ही नहीं है, बल्कि उसे जड़ से समाप्त कर आपसी भेदभाव और मनमुटाव को खत्म कर भविष्य की नींव को संवारना भी है। इस मामले में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर चले आ रहे विवाद में पुलिस ने ऐसा काम किया कि लोग चारो ओर उनकी तारीफ कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार बिजौली थाना के ग्राम जग्गुपुरा के रहने वाले ज्ञान सिंह, नाथू परिहार, रामकुमार परिहार, गुड्डी बाई, रौना बाई, अशोका बाई और दर्शन सिंह परिहार ने अलग-अलग शिकायती आवेदन लेकर एसडीओपी बेहट संतोष कुमार पटेल के पास आये थे। उनके द्वारा चार सीएम हेल्पलाइन भी लगाई थी। मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ था। मिटा सालों पुराना मनमुटाव पता चला कि 7-8 साल पहले सगी चाची ने ज़मीन विवाद को लेकर सगे भतीजे राकेश परिहार पर छेड़छाड़ का मुक़दमा भी लगवाया था। जिसमें वह बाद में दोषमुक्त हुआ था। जमीन विवाद के मामले को देखने के लिए जब चार पुलिस वालों को लेकर एसडीओपी बेहट संतोष कुमार पटेल जग्गुपुरा गांव पहुंचे और पुलिस ने हाथ में टेप लेकर नापना शुरू किया तो 15 वर्ष पुरानी बुराइयां समाप्त होनी शुरू हो गयी। राकेश परिहार जिसे उसके ही भाई गुंडा बदमाश बोलते थे। उसने सड़क किनारे की ज़मीन भी दान कर दी। 15 साल बाद मिली अपनी जमीन बारिश का महीना आते ही गांवों में ज़मीन विवाद बढ़ने लगते हैं। गांव छोड़कर शहर में रहने वाले भी गांव में खेती करने जाते हैं। इसलिए लड़ाई झगड़े होते हैं। ऐसा ही एक मामला महाराजपुरा थाना हस्तिनापुर का था। जिसमें तीन भाइयों में से सबसे छोटे भाई व पत्नी की मृत्यु के बाद उसके तीनों बच्चे पढ़ने के लिए शहर में रहने चले गए थे। 15 साल बाद जब गांव में गए तब उनके ही अपनों न रहने के लिए घर दिया और न ही ज़मीन। उसके बाद एसडीओपी संतोष कुमार पटेल व थाना प्रभारी हस्तिनापुर राजकुमार राजावत ने गांव जाकर बटवारा की बात की तो गांव व रिश्तेदारों ने एक दिन में सही बंटवारा कर दिया। पुलिस द्वारा जमीनी विवाद पर की गई पहल से वर्षों पुराने विवाद का निराकरण हुआ और सभी पक्ष खुश हुए। लोगों ने की जमकर तारीफ उक्त मामले में आम जन का कहना था कि पुलिस का यह भी चेहरा होता है यह तो उन्हे पता ही नहीं था। अगर इस तरह पुलिस अपनी जिम्मेदारी निभाए तो अपराध और अपराधी दोनों ही अपने आप पुलिस को आत्म समर्पण कर देंगे। साथ ही जब पुलिस इस तरीके से काम करती है तो जनता पुलिस से अपने मन की बात कहने में कोई झिझक भी नहीं रहती है। recent visitors 97

प्रभावितों को मिले तत्काल राहत एवं आर्थिक सहायता- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में हो रही लगातार बारिश को देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन को सजगता और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्य करें और आवश्यकता होने पर तत्काल आमजनता को आगाह किया जाए, जिससे कहीं भी कोई दुर्घटना न हो। अतिवर्षा और बाढ़ की चुनौतियों से निपटने के लिए समन्वय में कोई कमी नहीं रहना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रपटों और पुलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि तमाम सावधानियां के बाद भी यदि कोई घटना और दुर्घटनाएं होती हैं, तो ऐसे मामलों में प्रभावित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। प्रदेश में वर्षा की स्थिति और शासन द्वारा किए गए प्रबंध प्रदेश में 3 अगस्त तक 548.9 मि.मी. वर्षा हो चुकी है यह औसत से 14% अधिक है। आगामी 3 दिनों में भी सम्पूर्ण प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है। आज लगभग पूरे प्रदेश में वर्षा हो रही हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जिला भोपाल, विदिशा, सागर, दमोह, रायसेन, गुना, अशोकनगर, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम्, जबलपुर, कटनी, सिवनी, छिंदवाड़ा में अतिभारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। जिला सीहोर, शिवपुरी, सतना, मैहर, मण्डला, बालाघाट, पन्ना, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, एवं डिण्डौरी जिलों में भारी वर्षा तथा शेष सभी जिलों में हल्की वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया गया है। सिंचाई डेमों की स्थिति प्रदेश के ज्यादातर सिंचाई डेम अभी 60-80% के आस-पास भरे हैं। बाणसुजारा 68.56%, बरगी 88.49%, बारना 79.18%, संजय सरोवर 66.71%, राजघाट 75.90%, तवा 82.45% भर चुका है। वर्तमान में बाणसुजारा (टीकमगढ़) के 06 गेट, बरगी (जबलपुर) के 09 गेट, बिलगांव मीडियम प्रोजेक्ट (डिण्डौरी) 02 गेट, कलियासोत डेम (भोपाल) के 2 गेट, कोलार डेम (सीहोर) के 02 गेट, मटियारी (मंडला) के 06 गेट, मोहनपुरा (राजगढ) 02 गेट, पागरा फिडर (सागर) के 08 गेट, पवई मीडियम प्रोजेक्ट (पन्ना) के 06 गेट, पेंच डायवर्जन (छिंदवाडा) का 04 गेट, राजघाट (अशोकनगर) के 12 गेट, संजय सागर (विदिशा) 01 गेट, तवा (नर्मदापुरम) 03 गेट, थानवर (मंडला) 05 गेट, संजय सरोवर (सिवनी) के 03 गेट खोले गये हैं। इस मॉनसून में अभी तक हुई जन और पशु हानि और मकानों में क्षति के मामलों में राहत राशि तत्काल वितरण करने के निर्देश दिये गए हैं। इसके लिये जिलों में पर्याप्त बजट भी उपलब्ध करवाया गया है। वर्तमान में फसल को कोई नुकसान नहीं हुआ है। कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील में बाढ़ प्रभावितों के लिए 02 कैम्प संचालित है, जिसमें कुल 290 लोगों को रखा गया हैं। सागर जिले में 01 कैम्प संचालित है, जिसमें 25 लोगों को रखा गया है। जिलेवार स्थिति:- विदिशा – तहसील पोहरी के केदारेश्वर मंदिर पर सरकुला नदी में अचानक जल स्तर बढ़ने से 8 लोग फस गए हैं। मौके पर पुलिस एवं राजस्व टीम ओ.एस.डी.आर.एफ. की टीम पहुँच गई है। सभी 8 लोग ऊंचाई पर हैं एवं सुरक्षित हैं। हरदाः– तहसील हंडिया अंतर्गत ग्राम झुगरिया मनोहरपुरा, अजनई-बमनई, गांगियाखेडी-घोडाकुण्ड रास्ते पर बने रपटों पर पानी होने से मार्ग बंद है। रात भर से वर्षा हो रही है। नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। हरियाली अमावस्या के चलते किनारे के गांवों में घाट पर नहाने से रोक दिया गया है। रायसेन:- नाले में 02 व्यक्तियों के बहने की सूचना पर सर्चिग जारी है। नर्मदा नदी में 01 व्यक्ति के कूदने एवं नाले में 01 बच्चे की डूबने की पर सूचना पर सर्चिग जारी है। छतरपुरः– धसान नदी में एक संदग्धि बॉडी नदी में फसी होने पर SDERF टीम द्वारा सर्चिग जारी है। खरगोन:- 01 व्यक्ति नर्मदा नदी में नहाने गया था। उसके डूबने की सूचना पर रेस्क्यू कार्य जारी है। बालाघाटः- संगाडी नाले में एक अज्ञात महिला का शव बहने की सूचना पर SDERF टीम द्वारा सर्चिग जारी है। सागर:- रातभर वर्षा हुई है। निचले इलाकों में पानी भरने की सूचना है। जनहानि नहीं हुई है। वर्तमान में हल्की बारिश हो रही है। सीहोर:– ग्राम छिदगाव काछी से चमेटी मार्ग बंद। बैरिकेट लगा दिया गया है। कोटवार तैनात है। नर्मदा नदी में 01 महिला के कूदने की सूचना पर सचिंग जारी है। जिला रीवा:- 3 अगस्त 2024 को दोपहर रीवा जिले की मनगवां तहसील के ग्राम गढ़ में अशासकीय सनराइज विद्यालय के समीप बाउंड्रीवाल गिरने से 04 बच्चों की मृत्यु हुई है। 01 बच्चा एवं 01 महिला घायल होने से उपचाररत हैं। पिकनिक मनाने गये 12 लोगो को जंगली क्षेत्र जल भराव में फंसे होने की सूचना पर SDERF द्वारा सुरक्षित बाहर निकाला गया। शहडोल:- 02 अगस्त 2024 को सांय लगभग 7 बजे अतिवृष्टि के कारण निर्माणाधीन ब्यौहारी न्यू सपटा मार्ग के चैनेज में झापर नदी पर लगभग 35 वर्ष पुराना पूर्व निर्मित बाक्स कलवर्ट क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके कारण यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है। पुल के दोनो तरफ बैरिकेडिंग की गई है। दुर्गा माता मंदिर के पास बरसात का पानी भर जाने से कुछ लोग के फसे होने की सूचना पर SDERF टीम घटना स्थल पर पहुँची जहा स्थिति सामान्य है और सभी सुरक्षित है। फ्लोटिंग पम्प की सहायता से पानी खाली कराया गया है। भोपाल:- ईदगाह हिल्स में NDRF कार्यालय की बाउड्रीवाल गिर गई है। जनहानि नही हुई है। उमरिया:– 01 व्यक्ति के डूबने की सूचना पर सर्चिग जारी है। छिंदवाड़ा:- पेंच नदी में 01 व्यक्ति के डूबने की सूचना पर सर्चिग जारी है। पन्ना:- जल भराव के कारण एक ट्रक के फसने की सूचना पर SDERF टीम द्वारा ड्राइवर एवं उनके सहयोगी को सकुशल निकाला। सिंगरौली:– जल भराव होने पर 25 लोगो के फसे होने की सूचना पर SDERF टीम द्वारा सभी को सुरक्षित निकाला गया। कटनी:- गर्रा घाट में अभी पुल के काफी ऊपर से नदी बह रही है। सभी नदी नालों में पानी बढ़ा है। रास्ते बंद है। जिले में अत्यधिक वर्षा के कारण कुछ स्थानों में जल भराव की स्थिति निर्मित हुई है, जलभराव वाले क्षेत्रों में विभागों से सुरक्षा की दृष्टि से वैरीकेट एवं कर्मचारी तैनात किये गये है, किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।   recent visitors 107