विजयादशमी के पर्व पर एक महिला ने अपने पति, सास, ससुर और ननद की तस्वीरों को चस्पा कर पुतलों का दहन किया

हमीरपुर उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां विजयादशमी के पर्व पर एक महिला ने अपने पति, सास, ससुर और ननद की तस्वीरों को चस्पा कर पुतलों का दहन किया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह अनोखा दहन अब जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। जानें महिला ने क्यों किया ऐसा बीते शनिवार को पूरे भारत में विजयादशमी का पर्व मनाया गया। इसी दिन हमीरपुर जिले के मुस्करा कस्बे में रहने वाली प्रियंका दीक्षित ने अपने पति, सास, ससुर और ननद की तस्वीरों को चस्पा कर पुतलों का दहन किया। दरअसल, प्रियंका दीक्षित की शादी करीब 14 साल पहले संजीव दीक्षित के साथ हुई। शादी के बाद ही प्रियंका के पति का अफेयर उसकी बहन की सहेली पुष्पांजलि के साथ शुरू हो गया। जिसके चलते वह प्रियंका को छोड़कर पुष्पांजलि के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लग गया। सास-ससुर और ननद ने भी नहीं दिया साथ वहीं, जब प्रियंका ने इसका विरोध किया, तो सास-ससुर और ननद ने उसका साथ नहीं दिया, जिससे वह 14 सालों से परेशान है। इसी के चलते प्रियंका ने विजयादशमी के दिन अपने पति के घर के बाहर पुतलों को जलाकर समाज को संदेश देने की कोशिश की कि रावण रूपी लोगों का बहिष्कार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी शादी को 14 साल हो गए हैं, लेकिन उनका वनवास खत्म नहीं हुआ है। प्रियंका ने CM योगी से लगाई न्याय की गुहार बता दें कि प्रियंका ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि 'बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ' अभियान के तहत एक पढ़ी-लिखी महिला की मदद नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।   recent visitors 85

कल से WTSA की बैठक : अब 6G की रेस में तेजी से आगे बढ़ रहा भारत, 190 देशों के प्रतिनिधि करेंगे चर्चा

नई दिल्ली राजधानी दिल्ली में कल से वर्ल्ड टेलीकम्युनिकेशन स्टैंडर्डाइजेशन असेंबली (WTSA) की बैठक शुरू हो रही है, जो 24 अक्टूबर तक चलेगी। इस सम्मेलन में 190 देशों के प्रतिनिधि 6G और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। यह पहली बार है जब भारत में इतने देशों के प्रतिनिधि एक साथ आकर टेक्नोलॉजी पर बात करेंगे। एशिया में भी इससे पहले ऐसा आयोजन नहीं हुआ है। आजकल हाई स्पीड इंटरनेट की मांग तेजी से बढ़ रही है। लोग और तेज स्पीड चाहते हैं। भारत में फिलहाल 4G और 5G इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध हैं, और अब देश 6G इंटरनेट सर्विस की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बिजनेस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत जल्द से जल्द 6G हाई स्पीड इंटरनेट सेवा शुरू करने की योजना बना रहा है। भारत ने ग्लोबल पेटेंट फाइलिंग में शीर्ष-6 देशों में अपनी जगह बना ली है, जो दिखाता है कि देश तकनीक के क्षेत्र में कितना आगे बढ़ चुका है। कई कंपनियां 5G इंटरनेट सेवाएं शुरू कर चुकी हैं, जबकि अन्य कंपनियां 4G सेवाएं दे रही हैं और जल्द ही 5G में प्रवेश करेंगी। दिल्ली में इंटरनेशनल टेलीकम्युनिकेशन यूनियन (ITU) के सहयोग से WTSA का यह सम्मेलन आयोजित हो रहा है, जो सूचना और संचार प्रौद्योगिकी के विकास और उपयोग को बढ़ावा देने के लिए काम करता है। भारत के लिए यह सम्मेलन महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे देश को अन्य देशों के साथ सहयोग करने का मौका मिलेगा और अपने तकनीकी मानकों को विकसित करने में मदद मिलेगी। 6G मोबाइल नेटवर्क टेक्नोलॉजी भविष्य की नई पीढ़ी है, जो 5G से कई गुना तेज और अधिक सुरक्षित होगी, जिससे काम करना और भी आसान हो जाएगा।   recent visitors 94

दुर्गा मंदिर में भंडार खा कर घर वापस जा रही थी किशोरी, तभी 4 लोगों ने किया गैंगरेप, 4 लोगों पर मुकदमा दर्ज

कौशांबी ज़िले में दुर्गा मंदिर में भंडारा खाने गई नाबालिग लड़की से 4 लोगों ने गैंगरेप किया। आरोपियों के चंगुल से छूटी किशोरी घर पहुंची और माता-पिता को आपबीती बताई तो उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। पीड़ित पिता ने थाने में तहरीर दी। तहरीर मिलने पर पुलिस गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के एक गाँव की है। जहां पर बृहस्पतिवार रात लगभग 8 बजे दुर्गा मंदिर में भंडार खा कर घर वापस जा रही थी। रास्ते मे गांव के ही चार युवक पहले से घात लगाए बैठे थे, किशोरी को आते देख युवकों ने उसको पकड़ लिया और सुनसान इलाके में ले जाकर गैंगरेप जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। चीखने-चिल्लाने पर युवकों ने जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। युवकों के चंगुल से छूटी किशोरी किसी तरह घर पहुंची। किशोरी की हालत देख कर माँ-बाप के होश उड़ गए। किशोरी ने रो रो कर आपबीती बताई। इस पर पीड़ित पिता किशोरी को लेकर आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचा। जहां पर आरोप है कि उसके साथ मार-पीट की गई। इसके बाद किशोरी को साथ लेकर पिता पश्चिम शरीरा थाने पहुंचा और लिखित शिकायत किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।   recent visitors 79

प्रदेश के 53 ई.एफ.ए. स्कूलों में कम्प्यूटर प्रयोग शालाएं, पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का पाठ्यक्रम

भोपाल मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रदेश के 53 एजुकेशन फॉर ऑल (ई.एफ.ए.) स्कूलों में कम्प्यूटर प्रयोग शालाएं आधुनिकतम एवं इंटरनेट फेसिलिटि सहित स्थापित की गई हैं। विद्यार्थियों को इन प्रयोगशालाओं के माध्यम से कम्प्यूटर से जुड़ी तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। कम्प्यूटर प्रयोग शालाओं में न्यूनतम 40 से लेकर 100 कम्प्यूटर तक लगाये गये हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में डिजिटल प्रौद्योगिकी के जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर, ऑनलाइन शिक्षण मंच और उपकरणों की उपलब्धता की सिफारिश की गई है। इन प्रयोगशालाओं का उपयोग विद्यार्थी स्कूल के समय के दौरान इस तकनीक को सीखने का प्रयास कर रहे हैं। इन प्रयोगशालाओं का लाभ जन-सामान्य को भी सशुल्क सुविधा के साथ उपलब्ध कराया जा रहा है। कम्प्यूटर प्रयोगशालाओं के माध्यम से विभिन्न ऑनलाइन परीक्षाएं एवं प्रशिक्षणों का आयोजन भी किया जा रहा है। इन प्रयोगशालाओं में शिक्षकों को डिजिटल तरीके से पावर पाइंट प्रेजेन्टेशन देने का प्रशिक्षण भी दिलाया गया है। अध्ययन सामग्री छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अध्ययन सामग्री, जिसमें विगत वर्षों के प्रश्न-पत्र और अन्य जानकारी ओपन बोर्ड की वेबसाइट https://www.mpsos.nic.in/ पर अपलोड की गई है। ओपन स्कूल की कक्षा 10वीं में 11 और कक्षा 12वीं के पाठ्यक्रम में 18 विषय शामिल हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड और माइक्रोसॉफ्ट ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की शिक्षा के संबंध में एमओयू किया है। माइक्रोसॉफ्ट प्रशिक्षण मॉडयूल्य उपलब्ध कराते हुए ई.एफ.ए. स्कूलों में प्रशिक्षण की व्यवस्था कर रहा है। प्रदेश के 53 चयनित शासकीय ईएफए स्कूलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का पाठ्यक्रम प्रारंभ किया गया है। यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकी सिखाने में सहायक हो रहा है। यह पाठ्यक्रम एक विषय के रूप में 8वीं से 12वीं तक की कक्षाओं में प्रारंभ किया गया है। इसकी कुल अवधि 240 घंटे है। पिछले वर्ष कक्षा 8वीं में 619, कक्षा 9वीं में 1303 और कक्षा 10वीं में 995 विद्यार्थियों ने इस विषय में अध्ययन प्राप्त किया है।   recent visitors 80

सीएम हेल्पलाइन पोर्टल में प्राप्त शिकायतों के निराकरण में ऊर्जा विभाग नबंर-1

भोपाल लोक सेवा प्रबंधन विभाग द्वारा सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति के आधार पर जारी ग्रेडिंग में ऊर्जा विभाग लगातार प्रथम स्थान पर बना हुआ है। ऊर्जा विभाग 52 विभागों की जारी ग्रेडिंग में जून 2023 से अगस्त 2024 तक लगातार प्रथम स्थान पर है। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने विभागीय अधिकारियों द्वारा शिकायतों के निराकरण में तत्परता से की गई कार्यवाही पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि आशा ही नहीं पूरा विश्वास है कि अधिकारी आगे भी बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का इसी तरह से त्वरित निराकरण करते रहेंगे। सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर ऊर्जा विभाग से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिये एल-1 अधिकारी के रूप में कनिष्ठ अभियंता/सहायक अभियंता, एल-2 अधिकारी के रूप में कार्यपालन अभियंता, एल-3 अधिकारी के रूप में अधीक्षण अभियंता एवं एल-4 अधिकारी के रूप में मुख्य अभियंता सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज हैं। प्रत्येक स्तर पर शिकायत के निराकरण के लिये 7 दिन का समय निर्धारित किया गया है। शिकायतों के निराकरण के बाद सीएम हेल्पलाइन कॉल-सेंटर द्वारा शिकायतकर्ता से दूरभाष पर निराकरण के संबंध में संतोषजनक जवाब प्राप्त करने के बाद ही शिकायतों को बंद किया जाता है। गौरतलब है कि राज्य शासन द्वारा नागरिकों को दी जा रही विभिन्न सेवाओं के संबंध में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की पुख्ता व्यवस्था के लिये लोक सेवा प्रबंधन विभाग द्वारा सीएम हेल्पलाइन पोर्टल का निर्माण वर्ष 2014 में किया गया है। इस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को विभाग के संबंधित अधिकारियों को अग्रेषित किया जाता है।   recent visitors 75

अब सोलर पॉवर से जगमगाएंगे जनजातीय विभाग के छात्रावास और आश्रम शालाएं

भोपाल जनजातीय कार्य विभाग के अधीन सभी छात्रावास, आश्रम शालाएं, कन्या शिक्षा परिसर, क्रीड़ा परिसर सहित अन्य विशिष्ट श्रेणी की संस्थायें अब सोलर पॉवर से जगमगाएंगी। इन सभी संस्थाओं में विद्युत की निर्बाध आपूर्ति एवं मासिक बिजली बिल में कमी लाने के लिये यहां सोलर पॉवर सिस्टम लगाये जायेंगे। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा अधीनस्थ 2,378 संस्थाओं में सोलर पॉवर सिस्टम की स्थापना करने के लिये 156 करोड़ 88 लाख रूपये से अधिक का व्यय प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिये भेजा जा रहा है। सोलर पॉवर सिस्टम लगने से इन सभी संस्थाओं में ई-कक्षाएं (स्मार्ट क्लासेस, स्मार्ट लैब) लगाने तथा नई तकनीकों से विद्यार्थियों को स्कूली परीक्षा सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की स्मार्ट तैयारी से जोड़ने में भी सुविधा होगी। विभागीय कार्ययोजना को अनुमोदन मिलते ही इन सभी संस्थाओं में सोलर पॉवर सिस्टम लगाने की कार्यवाही शुरू की जायेगी। छात्रावासों एवं आश्रमों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिये लगेंगे सीसीटीवी कैमरे छात्रावासों, आश्रम शालाओं एवं अन्य विशिष्ट श्रेणी की संस्थाओं में रहकर अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुरक्षा पर राज्य सरकार द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनजातीय कार्य विभाग ने इन सभी विभागीय संस्थाओं में आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा की रेग्यूलर मॉनिटरिंग के लिये सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लेकर ठोस प्रस्ताव तैयार किया है। विभाग के अधीन ऐसी कुल 2,810 संस्थायें हैं। इनमें से 1,305 संस्थाओं में पहले से ही सीसीटीवी कैमरे स्थापित हैं। शेष सभी विभागीय संस्थाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिये विभाग ने करीब 10 करोड़ 54 लाख रूपये का अनुमानित व्यय प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इससे छात्रावासों/आश्रम शालाओं एवं अन्य विशिष्ट संस्थाओं में छात्रावासी विद्यार्थियों के अध्ययन-अध्यापन एवं अन्य गतिविधियों की भी नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जा सकेगी। recent visitors 89

जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. शाह ने श्री राजकुमार हिरानी को दिया राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान

भोपाल जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुर्नवास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने 13 अक्टूबर को सुप्रसिद्ध पटकथा लेखक और निर्माता-निर्देशक श्री राजकुमार हिरानी को 'राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान' (वर्ष 2023) से अलंकृत किया। प्रथम राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान वर्ष 1997 में फिल्म निर्देशक श्री हृषिकेश मुखर्जी को दिया गया था। 27वां किशोर सम्मान पटकथा लेखक श्री राजकुमार हिरानी को दिया गया है। समारोह में स्व. किशोर कुमार के यादगार गीतों की प्रस्तुति मुम्बई से आये मशहूर गायक श्री नीरज श्रीधर एवं उनकी टीम द्वारा दी गई।    कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि स्व. किशोर कुमार एक होनहार व कुशल गायक थे। उनके गीतों से फिल्म संगीत को एक नई दिशा, एक नया आयाम मिला। वे हमेशा कहते थे कि दूध जलेबी खायेंगे, खण्डवा में बस जायेंगे। पटकथा लेखक श्री राजकुमार हिरानी ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान के लिए मध्यप्रदेश सरकार को साधुवाद दिया। बचपन से ही स्व. किशोर कुमार उनके पसंदीदा गायक रहे है, आज उनके नाम का राष्ट्रीय सम्मान पाकर वे खुद को बेहद गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। संस्कृति संचालक श्री एन.पी. नामदेव ने श्री हिरानी के लिए प्रशस्ति-पत्र का वाचन किया और बताया कि श्री हिरानी को प्रमुख रूप से मुन्ना भाई एमबीबीएस (2003), लगे रहो मुन्ना भाई (2006) और थ्री इडियट्स (2009) जैसी मनोरंजक फिल्मों के लिए जाना जाता है। खंडवा के पुलिस परेड ग्राउण्ड में हुए राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान कार्यक्रम में खण्डवा की विधायिका श्रीमती कंचन तनवे, महापौर श्रीमती अमृता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी वानखेड़े सहित बड़ी संख्या में जन-प्रतिनिधि व अधिकारी एवं संगीतप्रेमी उपस्थित थे। recent visitors 78