Sunday, July 5, 2026 4:13 am

हिडिम्बा मंदिर पहुंचीं सारा अली खान, फिल्म की शूटिंग के लिए लिया आशीर्वाद

मुंबई, अभिनेत्री सारा अली खान अक्सर मंदिरों में दर्शन पूजन करने पहुंचती हैं। कभी केदारनाथ तो कभी उज्जैन के महाकालेश्वर में ईश्वर भक्ति में लीन दिखती हैं। जहां भी जाती हैं फैंस को अपडेट करना नहीं भूलतीं। एक बार फिर उन्होंने ऐसा ही कुछ किया है। इस बार वो हिमाचल प्रदेश स्थित मां हिडिम्बा के दरबार में पहुंचीं। दरअसल, अभिनेत्री हिमाचल प्रदेश फिल्म की शूटिंग के लिए पहुंची हैं। उनके साथ आयुष्मान खुराना भी हैं। यहीं से सारा ने तस्वीरों की श्रृंखला इंस्टाग्राम पर शेयर की। इंस्टाग्राम के स्टोरी सेक्शन पर शेयर कर लिखा ‘हिडिम्बा मंदिर’। सारा अली खान वर्तमान में आयुष्मान खुराना के साथ अपनी अगली फिल्म की शूटिंग कर रही हैं, जिसमें उनके साथ आयुष्मान खुराना अहम भूमिका में हैं। फिल्म के निर्देशक अमर कौशिक हैं। पहली तस्वीर में सारा निर्देशक और अभिनेता के साथ एक अलाव के पास बैठी नजर आ रही हैं। तस्वीर में अभिनेत्री काले और सफेद रंग की हुडी के साथ गहरे रंग की जींस और इयर मफ्स में नजर आ रही हैं। कौशिक और आयुष्मान ने भी काले रंग के कपड़े पहन रखे हैं। सारा अली खान ने 24 मीटर ऊंचे हिडिम्बा देवी मंदिर से अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह गर्भ गृह के पास बैठी हुई हैं। सारा ने लाल चुनरी भी ओढ़ रखी है। मंदिर को स्थानीय लोग धुंगरी मंदिर के रूप में जानते हैं। मंदिर हिमालय की तलहटी में धुंगिरी वन विहार नामक देवदार के जंगल से घिरा हुआ है। मंदिर एक विशाल चट्टान पर बना है, जिसकी गांव वाले पूजा करते हैं। सारा और आयुष्मान किसी फिल्म में पहली बार साथ काम करते नजर आएंगे। आयुष्मान खुराना पिछले साल 2023 की कॉमेडी ड्रामा फिल्म ड्रीम गर्ल 2 में नजर आए थे, जो कि 2019 की फिल्म ड्रीम गर्ल का सीक्वल थी। फिल्म में आयुष्मान खुराना के साथ अनन्या पांडे, परेश रावल, अन्नू कपूर, राजपाल यादव, विजय राज, असरानी, अभिषेक बनर्जी, मनजोत सिंह और सीमा पाहवा भी दिखे थे। वहीं, सारा अली खान ‘ऐ वतन मेरे वतन’ में नजर आई थीं। 1942 में भारत के स्वतंत्रता संग्राम पर बनी फिल्म एक बहादुर युवा लड़की की कहानी थी। ये स्वतंत्रता सेनानी ऊषा मेहता की जिंदगी पर बनी कहानी थी। मेहता ने उस दौर में एकता का संदेश फैलाने के लिए रेडियो स्टेशन शुरू किया था। recent visitors 108

डॉक्टर को जन्मदिन पर आया हार्ट अटैक, केक कट करने से पहले मिली मौत

इंदौर इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज से एमडी की पढ़ाई कर रहे एक डॉक्टर की अपने जन्मदिन के दिन ही अटैक आने से मौत हो गई, अपनी मौत से पहले डॉक्टर ने अपने घर पर पार्टी आयोजित की थी, लेकिन उससे पहले ही अटैक आने से डॉक्टर की मौत हो गई। इंदौर के महात्मा गांधी मोमोरियल मेडिकल कॉलेज से एम डी सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहे डॉक्टर जितेंद्र कैथल की जन्मदिन के दिन हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। डॉक्टर कैथल एम जी एम कॉलेज में जनरल मेडिसिन विभाग में पदस्थ थे और साथ में पढ़ाई भी कर रहे थे। डॉक्टर के साथियों ने बताया कि कल जन्मदिन के मौके पर डॉक्टर कैथल ने घर पर पार्टी आयोजित की थी, वह सबको फोन लगाकर बुला रहा था, लेकिन शाम साढ़े छह बजे उसे अटैक आया, जहां कैथल की पत्नी उसे अस्पताल लेकर पहुंची जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की मौत के बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया है। recent visitors 98

देशभर में कुल 27 विमानों में बम होने की धमकी मिली, कम नहीं हो रहे मामले, यात्रियों पर असर

पंजाब हाल के दिनों में, भारत में विभिन्न एयरलाइन कंपनियों के विमानों को बम से उड़ाने की धमकियाँ मिल रही हैं। शुरुआत में यह धमकियाँ कुछ ही विमानों तक सीमित थीं, लेकिन अब उनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हाल ही में, 25 अक्टूबर को कुल 27 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। सुरक्षा एजेंसियाँ इस स्थिति को लेकर सतर्क हैं और सभी धमकियों की गहन जांच की जा रही है। हालांकी सभी धमकियाँ फर्जी पाई गई हैं, फिर भी इन्हें गंभीरता से लिया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए कई अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। 27 विमानों में बम की धमकी 25 अक्टूबर को देशभर में कुल 27 विमानों में बम होने की धमकी मिली। इस स्थिति के चलते कई विमानों की लैंडिंग कराई गई और कुछ की उड़ान में देरी हुई। जिन विमानों को धमकी मिली उनमें स्पाइसजेट, इंडिगो, एयर इंडिया और विस्तारा जैसी कंपनियों के विमान शामिल थे। यात्रियों पर असर इन धमकियों के कारण यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा है। कई यात्रियों की उड़ानें रद्द हुईं या देरी से हुईं, जिससे उनकी यात्रा योजनाएं प्रभावित हुईं। सुरक्षा एजेंसियाँ इन धमकियों की गंभीरता से जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में ये धमकियाँ फर्जी साबित हो रही हैं, लेकिन फिर भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। हालांकि ये धमकियाँ फर्जी हैं, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे एयरलाइंस से लगातार संपर्क में रहें और यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करें। पहले भी आईं थीं धमकियाँ इससे पहले, 22 अक्टूबर को 30 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जबकि 24 अक्टूबर को यह संख्या बढ़कर 85 विमानों तक पहुँच गई थी। इन विमानों में प्रमुख एयरलाइनों जैसे एयर इंडिया, विस्तारा, इंडिगो, और अकासा के विमान शामिल थे। इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि धमकियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे यात्रियों और एयरलाइंस दोनों में चिंता बढ़ी है। सुरक्षा एजेंसियाँ इस गंभीर स्थिति को देखते हुए अपने सभी सुरक्षा उपायों को कड़ा कर रही हैं। यात्रियों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें। इस प्रकार, यह धमकियाँ सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं। recent visitors 60

संडावता में मंत्री श्री टेटवाल ने लॉन्च किया यूनिवर्सल सोशल एंगेजमेंट प्रोग्राम

भोपाल शुक्रवार को राजगढ़ जिले के संडावता ग्राम में ‘यूनिवर्सल सोशल एंगेजमेंट प्रोग्राम’ का शुभारंभ किया गया, जिसमें कौशल विकास एवं रोजगार विभाग ने ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार और समग्र विकास की नई संभावनाओं को साकार करने का बीड़ा उठाया है। इस प्रोग्राम में पंचायत के सभी 18 वर्ष से ऊपर के युवाओं को, जिनकी आय 12,500 रुपये प्रति माह से कम है, उनकी प्रोफाइलिंग कर रोजगार से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल, मछुआ कल्याण मंत्री श्री नारायण सिंह पवार, और तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास सचिव श्री राजेन्द्रन रघुराज ने इस कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया। मंत्री श्री टेटवाल ने बताया कि इस योजना के तहत युवाओं को उनके कौशल और रुचि के अनुसार विभिन्न प्रकार के रोजगार प्रशिक्षण दिए जाएंगे, जिससे वे स्थानीय और बाहरी बाजारों में बेहतर रोजगार के लिए प्रतिस्पर्धा कर सकें। इस प्रयास से युवाओं को नए उद्योगों में भागीदारी के अवसर मिलेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। मछुआ कल्याण मंत्री श्री नारायण सिंह पवार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘संपूर्ण विकास’ के विजन को साकार करने के लिए इस योजना को एक सशक्त कदम बताया और मंत्री श्री टेटवाल की भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को न सिर्फ रोजगार प्रदान करेगी, बल्कि क्षेत्र के विकास में भी सहायक होगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।   recent visitors 164

दिव्यांगों के कल्याण के लिए सरकार तत्पर है, इनकी सेवा मेरा सौभाग्य : खाद्य मंत्री श्री राजपूत

भोपाल दिव्यांगों के कल्याण के लिए सरकार तत्पर है, दिव्यांगों की सेवा करना मेरा परम सौभाग्य है, इनकी सेवा भगवान की पूजा के समान है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने यह बात सागर जिले के जैसीनगर में आयोजित ब्लॉक स्तरीय दिव्यांग शिविर में कही। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि दिव्यांगों की सेवा करने से जो आत्म-शांति मिलती है, वह मेरे लिए प्रार्थना के समान है। मध्यप्रदेश में दिव्यांग सेवा शिविर आयोजित कर उनको आवश्यकता अनुसार उपकरण, प्रमाण-पत्र वितरित किये जा रहे हैं। जल्द लगेगा नेत्र-शिविर खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि जैसीनगर में आंखों के उपचार के लिये बड़ा नेत्र शिविर लगाया जाएगा, जिसमें मोतियाबिंद सहित अन्य ऑपरेशन किए जाएंगे और मेरी तरफ से नि:शुल्क चश्मा भी वितरित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र में आंखों की बीमारी से संबंधित व्यक्ति अपना पंजीयन करा लें, जिससे उनका परीक्षण किया जा सके। उन्होंने कहा कि दिव्यांग शिविर में आपकी आवश्यकता अनुसार पंजीयन किया जा रहा है। पंजीकृत लोगों को जो भी आवश्यकता होगी उसके अनुसार आवश्यक उपकरण आपको एक माह बाद इसी जगह पर प्रदान किए जाएंगे। आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। इस अवसर पर जन प्रतिनिधि, डॉक्टर एवं दिव्यांगजन मौजूद थे।   recent visitors 61

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा- अभी 11 सीट पर चर्चा जारी है, हम सबको खुश नहीं कर सकते

इंदापुर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार ने शुक्रवार को कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति के बीच राज्य की 288 विधानसभा सीटों में से 11 सीट पर अभी बातचीत हो रही है। राज्य विधानसभा की 288 सीट पर एक चरण में 20 नवंबर को मतदान कराया जाएगा जबकि 23 नवंबर को परिणाम जारी किए जाएंगे। पवार ने कहा कि उनकी पार्टी को मिली सीट में से 10 प्रतिशत सीट अल्पसंख्यक उम्मीदवारों के लिए रखी जाएंगी। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कुछ उम्मीदवार के नामों की घोषणा कर दी है। अभी 11 सीट पर चर्चा जारी है। हम सबको खुश नहीं कर सकते।'' महाराष्ट्र की बारामती सीट पर अजित पवार का मुकाबला अपने भतीजे और राकांपा (शरदचंद्र पवार) के नेता युगेंद्र पवार से है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, राकांपा और भाजपा सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के घटक दल हैं। अजित पवार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व के साथ चर्चा करने के लिए बृहस्पतिवार को दिल्ली में मौजूद थे। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अब तक 99 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जबकि राकांपा ने 45 निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए दो सूचियां जारी की हैं। वहीं, शिवसेना ने अब तक 45 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है। recent visitors 84

केंद्रीय भूतल मंत्री ने लखनादौन-रायपुर 4-लेन मार्ग से जबलपुर को जोड़ने दी सहमति

भोपाल लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह के आग्रह पर केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी ने लखनादौन-रायपुर 4-लेन मार्ग से जबलपुर को जोड़ने की सहमति प्रदान कर दी है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से जबलपुर सहित संपूर्ण महाकौशल क्षेत्र को विकास की एक नई दिशा मिलेगी। प्रस्तावित योजना के अनुसार लखनादौन-रायपुर 4-लेन मार्ग में मंडला के समीप जबलपुर को एक कनेक्टिविटी पाइंट से जोड़ा जाएगा। इससे जबलपुर और रायपुर के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा, जिससे व्यापार, पर्यटन, और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। यह कनेक्टिविटी जबलपुर के निवासियों और व्यापारियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी, इससे यात्रा का समय कम होगा और व्यवसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस परियोजना से महाकौशल क्षेत्र में पर्यटन को भी एक नई दिशा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों की ओर पर्यटकों का आकर्षण बढ़ेगा। पर्यटन के बढ़ने से स्थानीय व्यवसाय और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे, जिससे क्षेत्र की समग्र अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी। लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने इस सौगात के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री श्री गडकरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना महाकौशल क्षेत्र के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगी और इससे क्षेत्रवासियों का सपना साकार होगा।   recent visitors 101