50 हजार रुपये लूटकर नकाबपोश फरार, राजस्थान-अलवर में किसान पर जानलेवा हमला

अलवर. अलवर के कठूमर थाना अंतर्गत स्थानीय गांव बायडा में बीती रात आठ नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। जानकारी के अनुसार कठूमर थाना क्षेत्र के तिगरिया गांव निवासी देवीसिंह चौधरी लक्ष्मणगढ़ से ट्रैक्टर की किस्त के लिए बैंक से 50 हजार रुपये की राशि निकालकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में गुलहेड़ी के पास करीब सात-आठ बदमाशों ने उसे रास्ते में रोककर उस पर लाठी-फरसे से हमला कर दिया और 50 हजार की नकदी और सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। इस जानलेवा हमले में देवीसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे उपचार के लिए वही पास ही सरकारी अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी हालत देखते हुए उसे अलवर के लिए रैफर कर दिया गया। घटना के दौरान देवीसिंह का मोबाइल भी बदमाशों ने चकनाचूर कर दिया, जिससे वह पुलिस या अन्य किसी को भी फोन नहीं कर सका। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस आरोपी बदमाशों की तलाश कर रही है ताकि उनसे देवीसिंह से लूटी गई रकम जल्द ही बरामद की जा सके। देवीसिंह ने बताया यह वारदात बायडा में हुई लेकिन उनमें एक बदमाश गुलहेड़ी का कंवर गुर्जर भी था, जिसे उसने पहचान लिया था। दरअसल हाथापाई के दौरान देवी सिंह का हाथ कंवर सिंह के मुंह का तौलिया आ गया, जिसे उसने खिंच लिया तो उसे तौलिया लपेटे कंवर सिंह दिखाई दे गया। देवी सिंह ने पुलिस को भी इसकी जानकारी दे दी है और पुलिस पहले कंवर सिंह को ही तलाश कर रही है। recent visitors 109

CJM कोर्ट ने 14 दिनों के लिए अमन साहू की बढ़ाई यायिक हिरासत

रायपुर राजधानी रायपुर में CJM कोर्ट ने जेल में बंद झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर और तेलीबांधा शूटआउट के मास्टरमाइंड अमन साव की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ा दी है. यानि अमन साहू अब 11 नवंबर तक रायपुर जेल में ही बंद रहेगा। कारोबारी पर शूटआउट मामले में तेलीबांधा थाना पुलिस ने अमन साहू को कोर्ट में पेश न करके रिमांड बढ़ाने का आवेदन लगाया था, जिसपर CJM कोर्ट ने रिमांड बढ़ाने का फैसला सुनाया है। बता दें कि झारखण्ड का कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू फिलहाल रायपुर पुलिस की रिमांड पर है। अमन पर रंगदारी वसूलने और राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में पीआरए ग्रुप के ऑफिस के बाहर कारोबारी पर फायरिंग कराने का आरोप है। इसके लिए उसने गुर्गे भी भेजे थे। इसके अलावा अन्य मामलों में भी रायपुर पुलिस अमन से पूछताछ कर रही है। recent visitors 90

डिस्कॉम की नींद हराम, राजस्थान-केकड़ी में चलती लाइन से डीपी और बिजली के तार चोरी

केकड़ी. केकड़ी जिले के भिनाय उपखंड में पिछले एक महीने से डीपी चोर बिजली विभाग के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। विगत एक माह में करीब आधा दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मर चोरी हो गए हैं। चोरी की ये वारदातें अब तक उपखंड के छह गांवों में सामने आ चुकी है। इस कारगुजारी से ग्राम कीटाप, छछून्दरा, जेतपुरा, पड़ागा, सरगांव व अर्जुनपुरा अंधेरे का शिकार हुए हैं। डीपी चुराने वाले चोर बिजली का झटका लगने व जान के जोखिम के बावजूद चलती लाइन को काटकर ट्रांसफार्मर उतार लेते हैं और उसे खोलकर उसमें भरा तेल व अन्य महंगे सामान व धातुएं निकालकर खाली फ्रेम व खोखों को वही पटक जाते हैं। आमतौर पर बिजली सप्लाई के ये ट्रांसफार्मर ग्रामीण इलाकों में आबादी क्षेत्रों से बाहर की तरफ गांव के मुहानों या रास्तों के एक तरफ लगे होते हैं, जिससे इन्हें खोलते समय किसी को पता नहीं चलता, फिर लाइट बंद होने पर खोजबीन में चोरों की कारगुजारी सामने आती है। पिछले एक माह में अज्ञात चोर न केवल ग्राम नागोला के पास 6 किलोमीटर लंबा विद्युत तार काटकर ले गए, बल्कि ग्राम कीटाप, छछून्दरा, जेतपुरा, पड़ागा, सरगांव, अर्जुनपुरा सहित कई गांवों से सिंगल फेस व थ्री फेस के ट्रांसफार्मर भी चोरी करके ले गए। आए दिन हो रही इस चोरी से डिस्कॉम खासा परेशान है क्योंकि ऐसे गांवों में विद्युत आपूर्ति फिर से सुचारु करने के लिए नई डीपी उपलब्ध होना बहुत मुश्किल हो रहा है। recent visitors 130

रायगढ़ में नालंदा परिसर के निर्माण के लिए मंत्री चौधरी की उपस्थिति में NTPC और निगम के बीच हुआ MOU

रायगढ़ राजधानी रायपुर में वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी की उपस्थिति में रायगढ़ में नालंदा परिसर के निर्माण के लिए रायगढ़ नगर निगम और एनटीपीसी के बीच 42.56 करोड़ के मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किया गया। वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि यह नालंदा परिसर हमारी नयी पीढ़ी के विकास और रायगढ़ को एजुकेशन हब बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि रायगढ़ को विकास की नई ऊंचाई पर ले जाना हम सबका सपना है। जिसमें आने वाली पीढ़ी का सक्रिय योगदान होगा और नालंदा परिसर इसके लिए मजबूत बुनियाद तैयार करने का कार्य करेगा। एनटीपीसी के सहयोग से नालंदा परिसर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए टेंडर की स्वीकृति दी जा चुकी है। मंत्री ओ.पी.चौधरी ने ज्ञान आधारित समाज के निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि आने वाला समय ज्ञान पर आधारित होगा। 1991 में भारत 266 बिलियन डॉलर से आज 2024 में 3 हजार 700 बिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनी है। आगे इसका आकार और तेजी से बढ़ेगा। अर्थव्यवस्था के मजबूत होने से देश में सभी को इसका लाभ मिलता है, लेकिन जो समय के साथ ज्ञान अर्जन कर खुद को तैयार करते हैं, उन्हें इसका ज्यादा फायदा मिलता है। प्रदेशभर में बनेंगे 22 नालंदा परिसर रायपुर में जब नालन्दा परिसर बना उसके बाद वहां पूरे शहर के छात्र वहां पढऩे आते हैं। जिसमें से कई आईएएस और स्टेट पीएससी में मेंस और इंटरव्यू तक पहुंचे होते हैं। दूसरी अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए भी छात्र आते हैं। जिससे लाइब्रेरी में शिक्षा के लिए अच्छा इको सिस्टम तैयार होता है। यह ज्ञान आधारित समाज के निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में 22 नालंदा परिसर निर्माण को स्वीकृति दी गई है। कार्यक्रम को पूनम सोलंकी व सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य शेख सलीम नियारिया, रमेश भगत, पार्षद पंकज कंकरवाल, सीनू राव, महेश कंकरवाल, नारायण पटेल, रूपचंद पटेल, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, गुरपाल भल्ला, सुरेश गोयल, मुकेश जैन, विकास केडिया, सुरेश गोयल, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, निगम कमिश्नर सुनील कुमार चंद्रवंशी, ईडी एनटीपीसी अनिल कुमार, एचआर हेड जाकिर खान एवं गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधिगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। recent visitors 59

विवादित बयानों से नाराज थे खादिम, राजस्थान-अजमेर में अंजुमन सचिव के समर्थन में उतरा मुस्लिम एकता मंच

अजमेर. अजमेर स्थित मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह में खादिमों की संस्था अंजुमन सैयद जादगान के सचिव सैयद सरवर चिश्ती द्वारा पिछले दिनों दिए गए बयानों को लेकर उन्हें दरगाह में खादिमों की दूसरी संस्था के विरोध का सामना करना पड़ा था। वहीं दरगाह के कुछ खादिम सरवर चिश्ती के द्वारा दिए गए विवादित बयान को लेकर अपने गुस्से का इजहार कर रहे थे। इसके बाद अजमेर में मुस्लिम एकता मंच के पदाधिकारियों ने सरवर चिश्ती के द्वारा दिए गए बयानों का समर्थन करते हुए कहा कि जो मुस्लिम समाज के मुद्दों को उठाएगा, मुस्लिम समाज उनके साथ खड़ा है। अजमेर मुस्लिम एकता मंच के बैनर तले मुस्लिम समाज के सभी वर्गों की बैठक शहर के मैजेस्टिक होटल में आयोजित की गई, जिसमें सभी ने एकजुट होकर कहा कि समाज के मुद्दे उठाने वाले और आवाज बुलंद करके निष्पक्ष बात रखने वाले समाज के प्रतिनिधियों के साथ मुस्लिम समाज खड़ा है। सभी ने इस बात पर गहरी नाराजगी व्यक्त की कुछ लोग समाज के मुद्दों को लेकर राजनीति कर रहे हैं ऐसे लोग समाज को एकजुट होने से रोकने का काम कर रहे हैं। बैठक में अंजुमन सचिव सरवर चिश्ती को लेकर की जा रही बयानबाजी पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि सरवर चिश्ती मुस्लिम समाज और मोहम्मद साहब को लेकर की जा रही अनर्गल टिप्पणियों और सूफी संत ख्वाजा साहब की दरगाह को लेकर की की जा रही अनर्गल बातों को लेकर मुखरता से समाज का पक्ष रख रहे हैं, अजमेर जिले का समस्त मुस्लिम समाज इन मुद्दों को लेकर सरवर चिश्ती के साथ खड़ा है। recent visitors 68

तीन आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान-सिरोही में 95 लीटर हथकढ़ शराब जब्त

सिरोही. जिले में कच्ची शराब एवं मादर्थ पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबूरोड रीको थानाधिकारी सीताराम की अगुवाई में पुलिस टीमों ने सियावा, मालियावास व सुलियाफली के जंगलों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर हथकढ़ शराब बनाने की भट्टियों सहित करीब 3000 लीटर शराब (वाश) नष्ट की। इस कार्रवाई में पुलिस ने 20 लीटर हथकढ़ शराब बरामद कर जामतसिंह पुत्र अनूपसिंह तथा हीरा पुत्र मोती गरासिया को गिरफ्तार कर बिना अनुज्ञापत्र के 10 लीटर तथा 1 अन्य मामले में 10 लीटर हथकढ़ शराब जब्त की है। दूसरी कार्रवाई रोहिड़ा पुलिस द्वारा की गई जिसमें थानाधिकारी जितेन्द्रसिंह की अगुवाई में टीम द्वारा रोहिडा जोड में एक रहवासी के मकान से 75 लीटर हथकढ़ शराब को जब्त कर देवीलाल पुत्र लालाजी गमेती भील को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान थाना हल्का के अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 20 हजार लीटर वॉश नष्ट की गई। इस कार्रवाई में पुलिस थाना रोहिड़ा के सहायक उपनिरीक्षक छैलसिंह, कांस्टेबल श्रवण कुमार, शंकरलाल, विनोद कुमार एवं सरूपाराम सम्मिलित रहे। दीपावली एवं अन्य त्योहारों के मद्देनजर पुलिस द्वारा शुरू किया गया यह अभियान लगातार जारी रहेगा। recent visitors 81

करीना कपूर के घर बनी लजीज बिरयानी, ‘बेबो’ ने दिखाई झलक

  मुंबई, इंडस्ट्री को ‘जब वी मेट’ समेत कई सफल फिल्में देने वाली खूबसूरत अभिनेत्री करीना कपूर सोशल मीडिया की भी क्वीन हैं। अभिनेत्री सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। इस बीच बेबो ने प्रशंसकों के साथ अपनी ताजा तस्वीर साझा की है, जिसमें उन्होंने बताया कि आज उनके घर लजीज बिरयानी बनी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के स्टोरी सेक्शन पर करीना कपूर ने एक तस्वीर शेयर की, जिसमें बिरयानी की थाली नजर आ रही है। तस्वीर के साथ उन्होंने अपनी बड़ी बहन और अभिनेत्री करिश्मा कपूर को टैग किया है। उन्होंने इसे मजेदार कैप्शन भी दिया है। करीना ने स्टोरी के साथ कैप्शन में लिखा ‘आज बिरयानी बना है’। करीना के इस पोस्ट को उनके प्रशंसक काफी पसंद कर रहे हैं। करीना कपूर प्रशंसकों का अक्सर मनोरंजन करती नजर आती हैं। इससे पहले अभिनेत्री ने गुरुवार को अपनी एक शानदार तस्वीर शेयर की, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। शेयर की गई तस्वीर में करीना सेल्फी लेते हुए पाउट बनाती नजर आ रही हैं। वह काली पैंट के साथ एक आरामदायक चेकर्ड टी-शर्ट में नजर आ रही हैं। बेबो ने इसमें बेहद ही कम मेकअप किया हुआ है। वहीं, बालों को अच्छे से बांधा हुआ है। ‘जब वी मेट’ की अभिनेत्री को हाल ही में ‘एनडीटीवी वर्ल्ड समिट’ में देखा गया था जहां उन्होंने बताया था कि उन्हें भारतीय परिधान में सूट काफी पसंद है, जो उनके लिए काफी आरामदायक भी रहता है। काम के मोर्चे पर करीना अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सिंघम अगेन’ के साथ दर्शकों को फिर से बड़े पर्दे पर प्रभावित करने के लिए तैयार हैं। सिंघम अगेन रोहित शेट्टी की सिंघम फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। रामायण से प्रेरित पुलिस ड्रामा में अजय देवगन, करीना कपूर के साथ रणवीर सिंह, टाइगर श्रॉफ, अक्षय कुमार, अर्जुन कपूर, दीपिका पादुकोण, जैकी श्रॉफ तथा अन्य कलाकार भी नजर आएंगे। आगामी 1 नवंबर को रिलीज होने वाली ‘सिंघम अगेन’ का ट्रेलर 7 अक्टूबर को मुंबई में एक भव्य इवेंट में रिलीज किया गया था। ट्रेलर की शुरुआत अजय देवगन के किरदार बाजीराव सिंघम और करीना के किरदार अवनी से होती है, जो अपने बेटे को देवी सीता को बचाने के लिए भगवान राम की साहसी खोज की कहानी सुनाती हैं। recent visitors 71