विधायकों के आवासों पर आगजनी के मामले में दो और लोगों की गिरफ्तारी के साथ अब तक कुल 34 लोगों को गिरफ्तार किया

इंफाल इंफाल घाटी में विधायकों के आवासों पर 16 नवंबर को हुई तोड़फोड़ तथा आगजनी की घटना में शामिल होने के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मामले में दो और लोगों की गिरफ्तारी के साथ अब तक कुल 34 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने कहा कि वह इंफाल घाटी के विभिन्न इलाकों में 16 नवंबर को हुई आगजनी की घटनाओं के संबंध में प्राप्त सूचनाओं की जांच कर रही है तथा अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि विधायकों के आवासों पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं की जांच जारी है। मणिपुर में उस दौरान हिंसा बढ़ गई जब सुरक्षाबलों और संदिग्ध कुकी-जो उग्रवादियों के बीच 11 नवंबर को हुई मुठभेड़ में 10 उग्रवादी मारे गए थे। इसके बाद से मेइती समुदाय के तीन बच्चे एवं तीन महिलाएं लापता हो गई थीं। 16 और 17 नवंबर को इन सभी के शव बरामद किए गए जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने इंफाल घाटी में हिंसक प्रदर्शन किया। भीड़ ने इंफाल घाटी के विभिन्न जिलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन विधायकों तथा कांग्रेस के एक विधायक के आवास को आग लगा दी थी जिसके बाद यहां अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया। पिछले साल मई से इंफाल घाटी के मेइती और पहाड़ियों पर रहने वाले कुकी-जो समुदाय के बीच जारी जातीय हिंसा में अब तक कम से कम 258 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।   recent visitors 97

कोदो की रोटी खाने से एक ही परिवार के 13 लोग बीमार, इसकी फसल खाने से हुई थी 10 हाथियों की मौत

कटनी उमरिया में कोदो की फसल खाने से 10 हाथियों की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा कि कटनी के रीठीके पांडी गांव में कोदो की रोटी खाने से एक ही परिवार के 13 लोग बीमार हो गए हैं।।रीठी थाना क्षेत्र के पोंडी गांव की घटना। आनन फानन में पड़ोसियों ने बीमार लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्‍सक ने बताया कि उपचार किया जा रहा है। पीड़ितों को जिला अस्पताल में कराया भर्ती कोदो की रोटी खाने से रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत पौड़ी गांव में चौधरी परिवार के 13 लोग बीमार हो गए। जिनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ितों में तीन की हालत गंभीर है। जिनका आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। घर में कोदो की बनाई रोटी का सेवन किया था पौड़ी गांव निवासी चौधरी परिवार के लोगों ने सुबह 10 बजे के लगभग घर में कोदो की बनाई रोटी का सेवन किया था जिसमें घर के बुजुर्ग, युवा और महिला एवं बच्चे शामिल थे। परिवार के सिर्फ दो लोगों ने रोटी नहीं खाई। कुछ ही देर बाद पेट में दर्द और उल्टी दस्त खाना खाने के कुछ ही देर बाद लोगों के पेट में दर्द और उल्टी दस्त की शिकायत होने लगी। आसपास रहने वालों की मदद से स्‍वजन ने परिवार के लोगों ने एंबुलेंस 108 को सूचना दी। एक-एक कर लोगों के बीमार होने से पीड़ितों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 6 बच्चे और 7 परिवार के बड़े शामिल बीमार लोगों में 6 बच्चे और 7 परिवार के बड़े शामिल है। बच्चों में सत्यम चौधरी, मीनाक्षी चौधरी, विमलेश, संध्या, खुशी, काव्या चौधरी हैं, जबकि बड़ों में राजकुमारी चौधरी, मिथला बाई,आरती चौधरी, अभिलाषा, विनोद, प्रमोद, ललित चौधरी शामिल हैं। ललित, राजकुमारी व एक अन्य की हालत खराब है। recent visitors 44

मध्यप्रदेश में खाद्य प्र-संस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए बेहतर माहौल : मंत्री श्री कुशवाह

भोपाल उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह शनिवार को नागपुर में एग्रोविजन राष्ट्रीय कृषि मेले में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश उद्यानिकी फसलों के उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है। मध्यप्रदेश में खाद्य प्र-संस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए बेहतर माहौल है। उन्होंने कहा कि खाद्य प्र-संस्करण के क्षेत्र में काम करने वाली इकाइयों को केंद्र के साथ राज्य सरकार भी विशेष अनुदान मुहैया कराती है। मंत्री श्री कुशवाह ने कृषि मेले में केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से भेंट की और मेले के आयोजन  को कृषकों के हित में बताया। उन्होंने कहा कि एग्रोविजन मेले में स्टार्टअप्स एवं नवीन तकनीकियों, उन्नत खाद्य एवं बीज, कृषि उपकरणों के प्रदर्शन के साथ किसान भाईयों और उद्यमियों को नवीन इकाइयों की स्थापना के लिये शासन की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इससे वे योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि इस तरह के मेले देश के अन्य राज्यों में भी आयोजित किया जाना चाहिए। मंत्री श्री कुशवाह ने राष्ट्रीय कृषि मेले  में शामिल हुई विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर,  उन्हें मध्यप्रदेश आने का  आमंत्रण दिया। श्री कुशवाह ने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्यानिकी के क्षेत्र में प्रचुर संभावनाएं हैं। वर्ष 2023-24 में 4.30 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में उद्यानिकी फसलों की बोनी की गई, इसमें 96 लाख 11 हजार मीट्रिक टन से अधिक उद्यानिकी फसलों का उत्पादन हुआ है,  जो रिकॉर्ड है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश देश में संतरा, टमाटर, धनिया, लहसुन और मसाला फसलों के उत्पादन में प्रथम स्थान रखता है। राज्य सरकार खाद्य प्र-संस्करण के क्षेत्र में करने वाली इकाइयों को प्रोत्साहित कर रही है, मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत 5 वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है इस कारण भारत सरकार द्वारा प्रदेश में इस योजना की अवधि एक वर्ष और बढ़ा दी गई है अब यह योजना प्रदेश में मार्च 2025 तक प्रभावी रहेगी। योजना में खाद्य प्र-संस्करण के क्षेत्र में काम करने वाली निजी इकाइयों को 35% या अधिकतम 10 लाख रुपए तक अनुदान दिया जाता है इस अवसर पर प्रमुख सचिव उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण श्री अनुपम राजन, आयुक्त हथकरघा एवं प्रबंध संचालक संत रविदास हस्तशिल्प विकास निगम श्री मदन कुमार सहित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।   recent visitors 97

दिल्ली की हवा फिर से खराब होकर ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई और एक्यूआई 400 पार कर गया

नई दिल्ली दो दिनों तक राहत मिलने के बाद शनिवार को दिल्ली की हवा फिर से खराब होकर ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई और एक्यूआई 400 पार कर गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह सात बजे तक राष्ट्रीय राजधानी में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 422 रहा। दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न शहरों में भी एक्यूआई उच्च रहा। फरीदाबाद में 290, गुरुग्राम में 324, गाजियाबाद में 357, ग्रेटर नोएडा में 295 और नोएडा में 345 रहा। दिल्ली के नौ इलाकों में एक्यूआई का स्तर 300 से ऊपर और 400 के बीच रहा। आया नगर में यह 394, मथुरा रोड में 384, आईजीआई एयरपोर्ट में 397, दिलशाद गार्डन में 390, आईटीओ में 388, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 394, पूसा में 398 और श्री अरबिंदो मार्ग में 388 रहा। दिल्ली के 27 इलाकों में एक्यूआई का स्तर 400 से 500 के बीच रहा। अलीपुर में यह 452, आनंद विहार में 458, अशोक विहार में 457, बवाना में 458, बुराड़ी क्रॉसिंग में 422, चांदनी चौक में 440, डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 420, डीटीयू में 419, द्वारका सेक्टर 8 में 432, जहांगीरपुरी में 463, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 418, मंदिर मार्ग में 418, मुंडका में 443, नजफगढ़ में 406, नरेला में 437, नेहरू नगर में 448, नॉर्थ कैंपस में 419, एनएसआईटी द्वारका में 401, ओखला सिस्टम में 420, पटपड़गंज में 426, पंजाबी बाग में 454, आरके पुरम में 430 रहा। रोहिणी में 439, शादीपुर में 406, सिरी फोर्ट में 406, विवेक विहार में 453, वजीरपुर में 467 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के अनुसार, 0-50 के बीच एक्यूआई अच्छा माना जाता है। 51-100 के बीच संतोषजनक, 101-200 के बीच मध्यम, 201-300 के बीच में खराब, 301-400 के बीच बहुत खराब और 401-500 के बीच गंभीर माना जाता है। शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए लागू प्रदूषण विरोधी उपायों का चौथा चरण यानी जीआरएपी-4 अगले 72 घंटों तक लागू रहेगा। कोर्ट ने कहा कि वह अगले सप्ताह इस बात पर विचार करेगा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण के स्तर से निपटने के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान 4 (जीआरएपी 4) के तहत दिल्ली-एनसीआर में वर्तमान में लागू कुछ नियमों, खासकर स्कूलों से संबंधित नियमों में ढील दी जाए या नहीं।   recent visitors 59

आरडीएसएस के कार्य निर्धारित समय में गुणवत्ता से पूर्ण हों-नीरज मंडलोई

भोपाल अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं विद्युत कंपनियों के अध्यक्ष श्री नीरज मंडलोई ने जबलपुर प्रवास के दौरान एमपी पॉवर मैनेजमेंट कंपनी, पॉवर जनरेटिंग कंपनी, पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी व पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यों की समीक्षा की। एसीएस श्री मंडलोई ने विद्युत की मांग व आपूर्ति की स्थिति, पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा रिवेम्पड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम में क्रियान्वित किए जा रहे कार्यों, ताप विद्युत उत्पादन और अति उच्च्ददाब सब-स्टेशन व पारेषण लाइनों के लोड की जानकारी ले कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री अनय द्विवेदी, पॉवर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक श्री मनजीत सिंह व पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी, पूर्व क्षेत्र कंपनी की सीजीएम नीता राठौर, पॉवर मैनेजमेंट कंपनी के सीजीएम राजीव गुप्ता, पॉवर जनरेटिंग कंपनी के सीजीएम दीपक कश्यप सहित विद्युत कंपनियों के वरिष्ठ अभियंता उपस्थित थे। एसीएस ऊर्जा श्री मंडलोई ने बैठक में प्रदेश में विद्युत की मांग व आपूर्ति स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अगले पांच वर्षों में स्थापित होने वाले विद्युत परियोजनाओं और विद्युत उपलब्धता पर  गहन चर्चा की। आरडीएसएस कार्यों की हो सतत् मॉनीटरिंग एसीएस श्री मंडलोई ने कहा कि आरडीएसएस के अंतर्गत निर्धारित समय में स्मार्ट मीटरों व केपेसिटर बैंक की स्थापना और वितरण हानियों को कम करने का कार्य त्वरित गति से किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आरडीएसएस के कार्यों की गुणवत्ता की सतत् मॉनीटरिंग की जाए। ताप विद्युत गृह क्षमता का करें भरपूर उपयोग एसीएस श्री मंडलोई ने कहा कि पॉवर जनरेटिंग कंपनी के ताप व जल विद्युत गृह अपनी क्षमता का भरपूर उपयोग करते हुए बिजली उत्पादन करें। उन्होंने कहा कि रबी सीजन में विद्युत गृहों से सतत् व गुणवत्तापूर्ण विद्युत उत्पादन सुनिश्चित किया जाए। निर्माणाधीन उत्पादन परियोजना के लिए समय पर तैयार हों पारेषण लाइनें एसीएस श्री मंडलोई ने कहा कि पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी गुणवत्तापूर्ण वोल्टेज से निर्बाध बिजली आपूर्ति की गति को बरकरार रखे और प्रदेश में निर्माणाधीन विद्युत परियोजनाओं में उत्पादित होने वाली विद्युत पारेषण के लिए अपने कार्य प्राथमिकता से निर्धारित समय में पूर्ण करे।   recent visitors 42

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा- शहीद पुलिसकर्मियों ने देशभक्ति-जन सेवा के संदेश ध्येय वाक्य को सचमुच जिया

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कोरोना काल में जब इस बीमारी से अनजान बड़े-बड़े डॉक्टर्स ने अपने क्लीनिक बंद कर दिए थे, तब उन परिस्थितियों में भी पुलिस ने अपनी जान की परवाह न करते हुए मोर्चा संभाला। कोरोना काल में ड्यूटी करते हुए 155 पुलिसकर्मी शहीद हुए। उन्होंने सच्चे मायने में "देशभक्ति-जन सेवा" के संदेश को जिया और कर्त्तव्य की बलिवेदी पर प्राण न्यौछावर कर दिये। मैं सैल्यूट करता हूँ, ऐसे जांबाज योद्धाओं को। पुलिस जितनी सजगता और कर्तव्य परायणता के साथ काम करती है, उससे, उनके प्रति सम्मान और आदर में ओर अधिक वृद्धि हो जाती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को भोपाल में अत्याधुनिक सर्व-सुविधायुक्त पुलिस चिकित्सालय 'स्वस्ति' के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैदानी पुलिसकर्मियों को अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण करने की दृष्टि से निर्मित डिजिटल एप ई-रक्षक और दिशा लर्निंग ऐप को भी लोकार्पित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लगभग साढ़े बारह करोड़ की लागत से बने इस अत्याधुनिक अस्पताल 'स्वस्ति' में सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पुलिस विभाग के वित्तीय प्रबंधन और अनुशासन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि अस्पताल को देखकर लगता है कि इसकी लागत और अधिक होनी चाहिए थी। कार्यक्रम के प्रारंभ में पुलिसकर्मियों की बेटियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का तिलक लगाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को पुलिस बैंड के साथ हर्ष फायर कर सलामी दी गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अस्पताल का निरीक्षण कर विजिटर बुक में अपने विचार अंकित किए। 40 हजार पुलिसकर्मियों को कर्मवीर योद्धा पदक मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने म.प्र. पुलिस के 40 हजार पुलिसकर्मियों को कोरोना काल में अदम्य साहस और सराहनीय कार्य के लिए कर्मवीर योद्धा पदक से सम्मानित करते हुए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सांकेतिक रूप से 5 पुलिसकर्मियों को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए। कार्यवाहक निरीक्षक श्री मुनेंद्र गौतम, उप निरीक्षक सुश्री प्रियम्वदा सिंह, श्री गुलजार सिंह मार्को, आरक्षक श्री अजय पाल सिंह और आरक्षक श्री निशांत छारी को पदक एवं प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर कुमार सक्सेना की सराहना करते हुए कहा कि विभाग का मुखिया ऐसा ही होना चाहिए है, जिस प्रकार से उन्होंने पुलिसकर्मियों के हित में स्वयं आगे होकर काम किए हैं।  डेटा से काम करेगी पुलिस, डंडे से नहीं पुलिस महानिदेशक ने "ई-रक्षक ऐप" के संबंध में बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कॉन्फ्रेंस में अपने संबोधन में कहा था कि "इस इलेक्ट्रानिक युग में पुलिस को डंडे के बजाय डेटा से काम करने की आवश्यकता है।" उनकी मंशा अनुरूप एमपी ई-रक्षक ऐप के द्वारा पुलिसकर्मियों को आदतन अपराधियों की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध हो जाएगी। पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी क्षेत्र में रहने वाले आदतन अपराधियों की जानकारी एक साथ देख सकेंगे। गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्ति के नाम को अपराधी के डेटाबेस में सर्च किया जा सकेगा। इसके साथ ही फेस रिकग्नाइजेशन मॉड्यूल के अंतर्गत आरोपी का फोटो अपलोड कर उसे संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके साथ ही व्हीकल सर्च विंडो में जाकर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन, ईंजन या चेसिस नंबर के द्वारा वाहन से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। चोरी एवं जप्ती हुए वाहन की जानकारी भी प्राप्त हो सकेगी। अन्य सुविधाओं से युक्त इस ऐप का भोपाल, इंदौर तथा अन्य जिलों में चरणबद्ध तरीके से ट्रॉयल रन प्रारंभ किया गया है। दिशा लर्निंग ऐप पुलिस महानिदेशक श्री सक्सेना ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कार्य के स्वरूप के कारण अपने व्यस्तताओं और मुख्यालय से बाहर ड्यूटी पर रहने के कारण बच्चों की शिक्षा पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। इस दृष्टि से पुलिसकर्मियों के बच्चों को अत्याधुनिक शिक्षा की दृष्टि से शैक्षणिक माहौल प्रदान करने के लिए दिशा लर्निंग ऐप सेंटर स्थापित किए गए हैं। ये सेंटर जिलों एवं बटालियन में प्रारंभ किए गए हैं। इन सेंटर्स में पुलिसकर्मियों के बच्चे शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। ऐप से विद्यार्थियों को व्यापक सूचनाएं एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो सकेगा। इसके साथ ही उन्हें कॅरियर गाइडेंस भी प्रदान किया जाएगा। यह ऐप 8वीं और उसके बाद की कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए बनाया गया है। यह ऐप विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और रोजगार से संबंधित दिशा निर्धारित करने में सहायक होगा। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, महापौर श्रीमती मालती राय, भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, अपर मुख्य सचिव गृह श्री एस.एन. मिश्रा, पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर कुमार सक्सेना, अपर पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना, अपर पुलिस महानिदेशक श्री उपेन्द्र जैन एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।   recent visitors 59

एएसपी की वर्दी पहनकर युवती न्यू मार्केट पहुंची तो उसका सामना टीटी नगर थाने की महिला एसआई से हो गया

भोपाल भोपाल के एमपी नगर में नकली पुलिसकर्मी पकड़े जाने के बाद अब टीटी नगर पुलिस ने एक नकली महिला एडीशनल एसपी को पकड़ा। एएसपी की वर्दी पहनकर युवती न्यू मार्केट पहुंची थी। यहां पर उसका सामना टीटी नगर थाने की महिला एसआई से हो गया। बातचीत के दौरान महिला एसआई समझ गई कि युवती नकली वर्दी पहने हुए हैं। उसे तुरंत ही थाने ले जाया गया। युवती के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। टीटी नगर पुलिस ने बताया कि रोजाना की तरह थाने के स्टाफ की महिला एसआई थाने के सामने से न्यू मार्केट के भीतर जाने वाले रास्ते पर तैनात थीं। इसी दौरान मस्जिद के पास की दुकानों के पास उन्होंने एडीशनल एसपी की वर्दी मे एक युवती को देखा। महिला एसआई उनके पास पहुंची तथा सैल्यूट कर बात करना शुरू की। इसी दौरान महिला एसआई की नजर महिला अधिकारी की वर्दी पर लगी नेम प्लेट पर पड़ी। उसमें नाम के नीचे अंकों में नंबर लिखे हुए थे। इस तरह के नंबर आरक्षक और प्रधान आरक्षक की नेम प्लेट पर होते हैं, जबकि अधिकारियों की नेम प्लेट पर केवल नाम ही होते हैं। शंका होने पर महिला एसआई ने अपने स्टाफ को इशारा किया तथा युवती से बातचीत करना शुरू कर दिया। इस दौरान महिला अधिकारी समझ गई कि वर्दीधारी युवती झूठ बोल रही है। उसे तुरंत ही थाने लाया गया जहां पर पूछताछ करने पर पता चला कि वह नकली वर्दी पहनकर घूम रही थी। पीएससी में नहीं हुआ चयन, घरवालों के तानों से थी परेशान युवती का नाम शिवानी चौहान बताया गया है, वह इंदौर की रहने वाली है। उसने पीएससी की परीक्षा दी थी। जिसमें उसका चयन नहीं हुआ था, लेकिन घर वालों के तानों से परेशान होकर उसने बोल दिया उसका चयन पुलिस सेवा के लिए हो गया। कई महीनों तक जब उसने नौकरी ज्वाइन नहीं की तो घर वालों ने फिर से पूछना शुरू कर दिया। परेशान होकर शुक्रवार को वह अपनी बुआ के लडक़े के साथ भोपाल आई थी। घर वालों को उसने बताया था कि वह पुलिस मुख्यालय में ज्वाइनिंग देने के लिए जा रही है। भोपाल पहुंचने पर उसने लालघाटी इलाके में बुआ के बेटे से बोला कि अब तुम यहीं रुके मुझे पुलिस मुख्यालय में ज्वाइनिंग के बाद मीटिंग करना होगी। यहां से वह अकेली चली गई। शाम को जब वह एडीशनल एसपी की वर्दी पहनकर घूम रही थी तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गई।   recent visitors 60