यमुना एक्सप्रेसवे पर कार पर कैंटर ओवरटेक करते समय पलटा, हादसे में कृपालु महाराज की तीन बेटियों में से एक की मौत, दो घायल

प्रतापगढ़ प्रतापगढ़ में कुंडा के भक्ति धाम मनगढ़ के संस्थापक और मथुरा के प्रेम मंदिर वाले जगदगुरु कृपालु महाराज की तीनों बेटियों के साथ बड़ा हादसा हुआ है। दिल्ली जाते समय यमुना एक्सप्रेसवे पर उनकी कार पर कैंटर ओवरटेक करते समय पलट गया। इससे कार में सवार जगदगुरु की सबसे बड़ी बेटी विशाखा त्रिपाठी की मौत हो गई। दोनों अन्य बेटियां कृष्णा और श्यामा घायल हैं। इसके चार अन्य लोग भी घायल हैं। सभी को दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल ले जाया गया है। हादसे की जानकारी कुंडा के मनगढ़ आश्रम पहुंचने पर शोक की लहर दौड़ गई। मनगढ़ में तीन दिन का शोक घोषित कर दिया गया है। विशाखा का पार्थिव शरीर आज शाम 4 बजे वृंदावन के प्रेममंदिर लाया जाएगा। इसके बाद अनुयायियों के दर्शनार्थ रखा जाएगा। सोमवार को यमुना तट पर अंतिम संस्कार होगा। कृपालु महाराज का निधन भी हादसे में हुआ था। कुंडा के भक्ति धाम मनगढ़ के संस्थापक जगदगुरु कृपालु महाराज की तीनों बेटियां भक्ति धाम कृपालु परिषद की अध्यक्ष 72 वर्षीय डॉ. विशाखा त्रिपाठी, 68 वर्षीय डॉ. कृष्णा त्रिपाठी और 66 वर्षीय डॉ. श्यामा त्रिपाठी शनिवार रात दो गाड़ियों से दिल्ली जा रही थीं। आगे वाली गाड़ी में विशाखा के साथ वृंदावन के व्यवस्थापक संजय और महिला सेवादार थी। व्यवस्थापक संजय ही गाड़ी चला रहे थे। पीछे वाली गाड़ी में कृष्णा और श्यामा थीं। गाड़ी को सेवादार दीपक चला रहे थे। आगरा से आगे यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में रात करीब 3:00 बजे पीछे से आए एक कैंटर ने दोनों गाड़ियों को ओवरटेक किया और अचानक अनियंत्रित होकर पहली गाड़ी पर पलट गया। इसी बीच पीछे से आ रही दूसरी गाड़ी उसी में घुस गई। कृपालु महाराज की बेटियों संग हादसा आसपास के लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को दोनों गाड़ियों से बाहर निकाला और दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल ले गई। वहां विशाखा त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी होते ही मनगढ़ के भक्ति धाम में शोक की दौड़ गई। मनगढ़ में 3 दिन का शोक घोषित किया गया है। डॉ. विशाखा का अंतिम संस्कार वृन्दावन में किया जाएगा। करीब 15 साल पहले कृपालु महाराज की भी एक हादसे में ही मौत हुई थी। 13 नवंबर 2013 को 91 वर्ष की उम्र में कृपालु जी महाराज ने अंतिम सांस ली थी। प्रतापगढ़ के आश्रम में फिसलने के कारण उनके सिर चोट आई थी, जिसके बाद वे कोमा में चले गए थे। इसके बाद उन्हें गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका निधन हो गया। देश में कई जगद्गुरु हुए लेकिन जगद्गुरुत्तम की उपाधि केवल कृपालु जी महाराज को ही मिली है। जगद्गुरु कृपालु जी महाराज पहले ऐसे गुरु हैं, जिनका कोई शिष्य नहीं है लेकिन लाखों अनुयायी हैं। कृपालु जी महाराज का जन्म 06 अक्टूबर 1922 को प्रतापगढ़ के मनगढ़ में हुआ था। कृपाजी जी महाराज ने हाई स्कूल से 7वीं तक की परीक्षा उत्तीर्ण की और इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए मध्य प्रदेश चले गए। 14 वर्ष की आयु में इन्होंने तृप्त ज्ञान को प्राप्त कर लिया। इसके बाद इनका विवाह हो गया और गृहस्थ जीवन बिताने लगे। कृपालु जी महाराज की पांच संतान हैं, जिसमें दो बेटे घनश्याम और बालकृष्ण त्रिपाठी और तीन बेटियां विशाखा, श्यामा और कृष्णा हैं। हादसे में अब विशाखा की मौत हो गई। दो अन्य बेटियां घायल हैं। recent visitors 42

‘इंडिया स्पोर्ट्स अवार्ड’ से फिक्की करेगा खो खो फेडरेशन को सम्मानित

नई दिल्ली. भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) खो खो फेडरेशन ऑफ इंडिया को खेलों में उनके सराहनीय योगदान के लिए ‘इंडिया स्पोर्ट्स अवार्ड 2024’ से सम्मानित करेगा। फिक्की ने खो खो फेडरेशन ऑफ इंडिया को ‘बेस्ट नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन 2024’ चुना है। यह पुरस्कार 14वें ‘ग्लोबल स्पोर्ट्स सम्मिट’ के दौरान 30 नवम्बर को खो खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल को फिक्की फेडरेशन हाउस में प्रदान किया जायेगा। फिक्की द्वारा खो खो फेडरेशन ऑफ इंडिया को भेजे गए पत्र में कहा, “खेलों में आपके उत्कृष्ट योगदान और बेमिसाल समर्पण ने न केवल उत्कृष्ठता में बेंच मार्क स्थापित किया है बल्कि असंख्य खिलाडियों को जीवन में ऊंचाइयां छूने के लिए प्रेरित किया है यह पुरस्कार खो खो फेडरेशन के अथक परिश्रम ,जूनून, उत्साह तथा देश के खेल मानचित्र में गहरी छाप छोड़ने के लिए प्रदान किया जायेगा।” खो खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने फिक्की को इस पुरस्कार के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यह पुरस्कार प्राचीन भारतीय खेल के विकास और प्रोत्साहन के लिए खो खो फेडरेशन द्वारा किये गए सराहनीय कार्यों को पहचान है। उन्होंने कहा यह पुरस्कार से खो खो फेडरेशन को आगामी विश्वकप को बेहतरीन तरीके से आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। इससे भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए बेंच मार्क तय होंगे और खो खो के ओलिंपिक और एशियाई खेलों में शामिल होने का मार्ग प्रसस्त होगा। सुधांशु मित्तल ने इस पुरस्कार को ग्रामीण स्तर तक खो खो खेलने वाले उन करोड़ों खिलाडियों को समर्पित किया जोकि युगों युगों से बिना किसी आर्थिक लाभ या सरकारी प्रोत्साहन के इस खेल को अभी तक लोगों के दिलों में जिन्दा रख सके हैं। recent visitors 53

निर्माणाधीन पुल पर कार चढ़कर रामगंगा में गिरी, दो सगे भाई सहित तीन की मौत, जाने पूरा मामला

बरेली रविवार सुबह फरीदपुर के अल्लपुर गांव में गूगल मैप कार सवारों के लिए काल बनकर आया। निर्माणाधीन पुल पर कार चढ़कर रामगंगा में गिर गई, जिससे दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गाजियाबाद की तरफ से आ रहे तीन कार सवार गूगल मैप के जरिए यहां से निकल रहे थे। गूगल मैप ने निर्माधीन पुल से होकर रास्ता बताया, जिसको पार करने के लिए वह आगे बढ़े। इस दौरान काफी कोहरा होने की वजह से वह आगे देख नहीं पाए और रामगंगा में गिर गए। सुबह-सुबह निकले ग्रामीणों ने रामगंगा में खून बहते देखा, तो वह चौंक गए। उन्होंने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार के अंदर तीन लोगों को देखा, जिसमें दो की मौत हो चुकी थी। एक गंभीर हालत में मिले व्यक्ति ने मरने से पहले बताया कि गूगल मैप ने बताया था कि इस रास्ते से आगे जा सकते हैं। तीनों फर्रूखाबाद के रहने वाले थे। पुलिस और प्रशासन हादसे के बाद जांच में जुट गया है। प्रशासन की लापरवाही भी मौत का कारण दातागंज (बदायूं) से फरीदपुर (बरेली) को जोड़ने वाले पुल का आधा हिस्सा पिछले साल भारी बारिश में गिर चुका था। उसके बाद सेतु निगम की ओर से यहां दो फीट ऊंची कच्ची दीवार बनाई गई थी, जिससे लोग आगे न जाएं। वह भी धीरे-धीरे दरककर हट गई थी। इस बीच पुल पर यातायात के लिए कोई पुख्ता सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं। ये है पूरा मामला रविवार सुबह फर्रुखाबाद निवासी दो भाई कौशल और विवेक अपने दोस्त के साथ गाजियाबाद की तरफ से निकले थे। इस बीच रास्ता पता न होने पर उन्होंने गूगल मैप का सहारा लिया। उसके बाद तीन कार लेकर पुल पर चढ़ गए। पुल आगे पूरा नहीं बना था। वह कोहरे के कारण यह देख नहीं पाए और कार सहित रामगंगा में गिर गए। तीनों की मौत मौके पर ही हो गई। सुबह गांव के लोगों ने पानी में बहता देखा खून अल्लपुर गांव के लोग सुबह काम के लिए निकले तो रामगंगा में खून बहते देखा। उन्होंने आगे जाकर देखा तो एक कार में तीन लोग खून से लथपथ पड़े हुए थे। दो की मौत हो चुकी थी, लेकिन तीसरा गंभीर घायल था। उसने मरने से पहले जानकारी दी कि उनको गूगल मैप ने इस रास्ते की जानकारी दी। ग्रामीणों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी। निर्माणाधीन पुलिस की नहीं थी जानकारी राहुल सिंह, इंस्पेक्टर फरीदपुर ने कहा कि तीनों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि पुल निर्माणाधीन स्थिति में है। ऐसे में वह बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र से कार पुल पर चढ़ गई, जिसके बाद फरीदपुर क्षेत्र में गिरी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। recent visitors 50

इंदौर-दाहोद रेल लाइन ने पकड़ी रफ्तार, गुणावद से धार के बीच अर्थवर्क का काम चल रहा,आधे हिस्से में बिछाया गया ट्रैक

इंदौर इंदौर-दाहोद रेल लाइन प्रोजेक्ट ने रफ्तार पकड़ ली है। टिही से गुणावद तक अर्थवर्क पूरा हो चुका है। वहीं गुणावद से धार के बीच अर्थवर्क का काम चल रहा है। रतलाम मंडल द्वारा प्रोजेक्ट के इस हिस्से को मार्च-2025 तक पूरा किया जाना था, लेकिन इस सेक्शन में बन रहे आरओबी निर्माण में हो रही देरी से मई-2025 तक यह सेक्शन ट्रेन संचालन के लिहाज से तैयार हो पाएगा। उल्लेखनीय है कि साल 2008 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट का काम साल 2013 में शुरू हुआ था। वर्तमान में 205 किमी लंबे इस प्रोजेक्ट में अलग-अलग हिस्सों में काम चल रहा है। इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन प्रोजेक्ट (205 किमी) को इंदौर-टिही (29 किमी), टिही-गुणावद (28 किमी), गुणावद-नौगाव (14 किमी), धार-अमझेरा (20 किमी), अमझेरा-सरदारपुर (20 किमी), सरदारपुर-झाबुआ (60 किमी) अलग-अगल सेक्शन में बांटकर काम किया जा रहा है। इंदौर-टिही और दाहोद-कतवारा सेक्शन का काम पूरा हो चुका है। फिलहाल रेलवे टिही-गुणावद-नौगांव (धार) सेक्शन पर तेजी से काम कर रहा है। इस सेक्शन में नौ आरओबी बनने हैं। वर्तमान में टिही के पास टनल का काम तकरीबन पूरा होने को है। टिही से गुणावद तक अर्थवर्क पूरा हो चुका है। करीब 60 फीसदी हिस्से में पटरी भी बिछाई जा चुकी है। मार्च 2025 तक ट्रेन चलाने का लक्ष्य गुणावद रेलवे स्टेशन, यार्ड आदि का काम भी शुरू हो चुका है। वहीं गुणावद से नौगांव के बीच अर्थवर्क का काम तकरीबन पूरा हो चुका है। रतलाम मंडल ने पूर्व में इंदौर-नौगांव के बीच मार्च-2025 तक ट्रेन संचालन का लक्ष्य रखा था, लेकिन तकनीकी दिक्कतों के चलते यह काम मई-2025 तक पूरा होगा। इधर दाहोद के पास कतवारा से झाबुआ के बीच भी पटरी बिछाने का काम हो रहा है। पूरी परियोजना को 2026 तक पूरा करना है इस परियोजना का एक बड़ा हिस्सा आदिवासी अंचल को रेल सेवाओं से जोड़ेगा। इस लिहाज से यह परियोजना रेलवे के साथ गुजरात और मप्र राज्य के लिए भी काफी अहम है। इसलिए इसे अलग-अलग हिस्सों में बांटकर काम किया जा रहा है। परियोजना में सागौर, गुणावद, नौगांव, झाबुआ, पिटोल में नए रेलवे स्टेशन भवन, प्लेटफार्म आदि का निर्माण शुरू कर दिया है। पूरी परियोजना को 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। recent visitors 43

‘जनादेश हमें स्वीकार्य’, छत्तीसगढ़-रायपुर दक्षिण से बीजेपी के विजेता सुनील सोनी को कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा ने दी बधाई

रायपुर. छत्तीसगढ़ के रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने 9वीं बार शानदार जीत हासिल की है. भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी ने कांग्रेस के आकाश शर्मा को 46,167 वोटों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की. चुनावी नतीजे घोषित होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा ने हार स्वीकारते हुए सुनील सोनी को जीत की बधाई दी है. उन्होंने कहा, “जनता का जनादेश हमें स्वीकार्य है. दक्षिण की जनता ने सुनील सोनी को चुना है. मैं उन्हें बधाई देता हूं. पार्टी के सभी सदस्यों ने मेहनत की. हार का क्या कारण है इसके पीछे एक वजह होगी. इसका आंकलन किया जाएगा. प्राथमिक तौर पर ऐसा लग रहा है कि जनता ने सरकार को चुना है, BJP पार्टी को चुना है.” आकाश शर्मा ने यह भी कहा कि भले ही वह चुनाव हार गए हों, लेकिन जनता की सेवा के प्रति उनका समर्पण जारी रहेगा. बता दें, रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र भाजपा का गढ़ माना जाता है. इस बार भी मतदाताओं ने भाजपा पर अपना भरोसा जताया. सुनील सोनी की इस बड़ी जीत ने आगामी चुनावों के लिए भाजपा के हौसले को और बुलंद कर दिया है. recent visitors 82

महाराष्ट्र में शपथ ग्रहण समारोह कल आयोजित होने की संभावना, मुख्यमंत्री पद पर सस्पेंस बरकरार: दीपक केसरकर

मुंबई महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में शानदार जीत दर्ज करने के बाद, भाजपा-नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने सरकार बनाने का दावा पेश करने की तैयारी कर ली है। शिवसेना (शिंदे गुट) के वरिष्ठ मंत्री दीपक केसरकर ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह कल यानी सोमवार को आयोजित होने की संभावना है। शपथ से पहले मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे के बीच कड़ी टक्कर है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह में केवल मुख्यमंत्री और उनके संभावित डिप्टी शपथ लेंगे। कैबिनेट में शामिल अन्य मंत्रियों के नामों पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इसके अलावा, सीएम पद को लेकर अंतिम फैसला गठबंधन के सहयोगियों के साथ चर्चा के बाद ही लिया जाएगा। फडणवीस ने कहा, "मुख्यमंत्री को लेकर कोई विवाद नहीं होगा। यह पहले दिन से तय है कि चुनाव के बाद तीनों दलों के नेता मिलकर फैसला करेंगे।" महायुति ने 288 में से 235 सीटें जीतकर भारी बहुमत हासिल किया है। भाजपा ने 132 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है। वहीं विपक्ष ने मुख्यमंत्री पद को लेकर शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें फडणवीस के नेतृत्व में काम करना पड़ सकता है। पुरानी खींचतान की कहानी मुख्यमंत्री पद को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में लंबे समय से खींचतान होती रही है। 2019 में, उद्धव ठाकरे और देवेंद्र फडणवीस के बीच सत्ता साझा करने को लेकर मतभेद के चलते भाजपा और शिवसेना का गठबंधन टूट गया था। इसके बाद कांग्रेस और एनसीपी के साथ मिलकर उद्धव ठाकरे ने महा विकास अघाड़ी सरकार बनाई। हालांकि, 2022 में एकनाथ शिंदे ने ठाकरे के खिलाफ विद्रोह कर दिया और अपने साथ कई विधायकों को लेकर भाजपा के साथ सरकार बना ली। शिंदे तब मुख्यमंत्री बने। बाद में एनसीपी के अजित पवार ने अपने चाचा शरद पवार के खिलाफ बगावत करते हुए शिंदे सरकार को समर्थन दिया। "लड़की-बहन योजना" का असर भाजपा-नेतृत्व वाली महायुति की बड़ी जीत में "लड़की-बहन योजना" जैसी कल्याणकारी योजनाओं का बड़ा योगदान माना जा रहा है। इस योजना ने महिलाओं और युवाओं के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत की है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री पद किसे मिलेगा—देवेंद्र फडणवीस या एकनाथ शिंदे। गठबंधन के भीतर एकता बनाए रखना इस नई सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। recent visitors 47

कलेक्टर-एसपी ने लिया आनंद, छत्तीसगढ़-मुंगेली में कोटवार के ‘ऐसी लागी लगन’ गीत पर तहसीलदार ने तबले से दी ताल

मुंगेली. जिले के कोटवारों के सम्मान में प्रशासन एवं पुलिस ने सम्मान समारोह का आयोजन किया, जिसमें कोटवारों की सजगता और सक्रिय भूमिका को लेकर कलेक्टर एवं एसपी ने न सिर्फ सराहना की, बल्कि उन्हें शॉल, श्रीफल व प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित करते हुए सम्मानित भी किया. इस दौरान कोटवारों ने गीत संगीत की प्रस्तुति भी दी. ग्राम सुरेठा के कोटवार सुंदर दास ने हारमोनियम वादन करते हुए ‘‘ऐसी लागी लगन’’ गीत गाया और सरगांव के तहसीलदार अतुल वैष्णव ने ‘‘तबले’’ पर संगत किया. संगीतमय माहौल को देखते हुए कलेक्टर राहुल देव एवं एसपी भोजराम पटेल भी खुद को रोक नहीं पाए और उनके साथ बैठकर सुमधुर गीत-संगीत का आनंद लिया. इसी तरह कोटवार संघ के अध्यक्ष संतोष मानिकपुरी ने ‘‘जय छत्तीसगढ़ गीत’’ पर मनमोहक प्रस्तुति दी. क्या था पूरा कार्यक्रम जिला एवं पुलिस प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करने वाले कोटवारों को सम्मानित करने और स्थानीय प्रशासन में उनकी भूमिका को रेखांकित करने जिला मुख्यालय स्थित सतनाम भवन में ‘‘मोर पहचान, मोर सम्मान’’ थीम पर कोटवार सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर के गांवों से आए कोटवारों ने भाग लिया. कोटवारो को लेकर क्या बोले कलेक्टर सम्मेलन में कलेक्टर राहुल देव ने कोटवारों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कोटवारों से मिलकर बहुत खुशी हो रही है। आप सभी जिला और पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधि है। गांव में अपना प्रभाव बनाने पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करें। वर्दी की गरिमा और सम्मान को बनाए रखें। आपकी दोहरी जिम्मेदारी है। आप प्रशासन की रीढ़ है। कहीं भी अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने कानून व्यवस्था महत्वपूर्ण होती है। इसके साथ ही कानून व्यवस्था को मजबूती देने के लिए आपकी भूमिका महत्वपूर्ण है। कोटवारों की महत्वपूर्ण सूचना से कोई बड़ी घटना टल सकती है, इसलिए अपने कार्यों को गंभीरता से करना है। उन्होंने आने वाले पंचायत चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने कोटवारों को प्रोत्साहित किया। गांव की सुरक्षा कवच के रूप में करें कार्य – पुलिस अधीक्षक पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि कोटवार और प्रशासन एक माला की तरह हैं। गांव की खुशी, सुख-दुख व सम्मान सभी चीजों की जानकारी कोटवारों को होती है। आप अपने गांव के बारे में सटीक एवं पूरी जानकारी रखें। अपने पद की गरिमा को बना के रखते हुए कार्य करें। गांव में कोई भी अनजान व्यक्ति आ रहा है, उसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दें। जीवन को खूबसूरती के साथ जीते हुए गांव की सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करना है। उन्होंने साइबर ठगी के प्रति जागरूक एवं सतर्क रहने की अपील की। recent visitors 120