Friday, July 10, 2026 9:22 am

शैक्षणिक उन्नयन करने प्रदेश सरकार कृत संकल्पित, राजस्थान-जोधपुर के स्कूल में संसदीय कार्य मंत्री ने किया कक्षा-कक्ष का लोकार्पण

जयपुर। संसदीय कार्य,विधि एवं विधिक कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल ने जोधपुर जिले की ग्राम पंचायत गंगाणा की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मध्य पूर्व पुलिस चौकी में गुरुवार को 19.86 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित कक्षा–कक्ष का विधिवत् रूप से फीता काटकर लोकार्पण किया। संसदीय कार्य मंत्री श्री पटेल ने कहा माननीय मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शैक्षणिक उन्नयन एवं विद्यालयों में अवसंरचना विकास के कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कक्षा-कक्ष, लैब, पुस्तकालय एवं शौचालय निर्माण के लिए इस बजट में 350 करोड़ रुपए और  प्रदेश के 750 विद्यालयों के भवनों की मरम्मत के लिए 100 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क टैबलेट्स— श्री पटेल ने कहा बजट में राज्य में सभी वर्गों के राजकीय एवं अनुदानित छात्रावासों तथा आवासीय विद्यालयों में आवासित छात्र-छात्राओं को देय मैस भत्ता 2 हजार 500 रुपए से बढ़ाकर 3 हजार रुपए  प्रतिमाह किया गया है। उन्होंने कहा राजकीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च अध्ययन के लिए प्रोत्साहन देने के लिए 8 वीं,10 वीं एवं 12 वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में राज्य तथा जिला स्तरीय मेरिट में आने वाले  विद्यार्थियों को तीन वर्ष की इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ टैबलेट्स  निःशुल्क दिए जा रहे है। कक्षा-कक्ष निर्माण के लिए 11 लाख रुपए की घोषणा— श्री पटेल ने कहा विद्यालय भारत के भविष्य निर्माण के केंद्र है। उन्होंने कहा शिक्षक राष्ट्र निर्माण में सबसे महत्ती भूमिका निभाते है। संसदीय कार्य मंत्री ने विद्यालय में कक्षा-कक्ष निर्माण के लिए 11 लाख रुपए की घोषणा की। उन्होंने कहा क्षेत्र के विद्यालयों के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रखी जाएगी। क्षेत्र के सड़क तंत्र का हो रहा सुदृढ़ीकरण— श्री पटेल ने कहा लूणी क्षेत्र में 3 अरब रुपए से भी अधिक राशि के सड़क निर्माण के कार्य स्वीकृत हो चुके है। सभी कार्यों को तय समयावधि में पूर्ण करवा कर क्षेत्र के सड़क तंत्र का सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा क्षेत्र में निवासरत पाक विस्थापित बंधुओं की कॉलोनियों का सर्वे कर आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएगी। recent visitors 73

इंदौर में दो मरीजों को मिला नया जीवन, मध्यप्रदेश में पहली बार हुआ इंटर हॉस्पिटल किडनी स्वैप ट्रांसप्लांट

इंदौर कई बार परिवार में डोनर नहीं मिलने के कारण सही समय पर किडनी ट्रांसप्लांट नहीं हो पाती है, जिसका खामियाजा मरीज को भुगतना पड़ता है। लेकिन शहर में इंटर अस्पताल किडनी स्वैप ट्रांसप्लांट से दो मरीजों को नया जीवन मिल पाया है। इसमें दो महिलाओं ने किडनी देकर एक-दूजे का सुहाग बचाया है। ऐसी सफलता दो अलग-अलग अस्पतालों के डॉक्टरों की पहल से मिली। नेफ्रोलाजिस्ट डॉ. संदीप सक्सेना और डॉ. नेहा अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में 31 वर्षीय मरीज का ब्लड ग्रुप उनकी पत्नी से मैच नहीं हो रहा था। मरीज का ब्लड ग्रुप ए पॉजिटिव है, जबकि उनकी पत्नी का बी पॉजिटिव है। वहीं एक अन्य अस्पताल में 47 वर्षीय मरीज लंबे समय से बीमारी है, उनकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी थीं। मां की उम्र अधिक होने से डोरनर नहीं बनाया डोनर के रूप में पहले उनकी मां सामने आई परंतु उनकी उम्र अधिक होने के कारण उन्हें डोनर नहीं बनाया जा सकता था। इसके बाद उनकी पत्नी का ब्लड ग्रुप मैच नहीं हो रहा था। ऐसे में दोनों महिलाओं ने एक-दूसरे के पति को किडनी दी। डॉक्टरों का दावा है कि इंटर अस्पताल किडनी स्वैप ट्रांसप्लांट प्रदेश में पहली बार हुआ है। सोटो से ली अनुमति डॉ. अग्रवाल ने बताया कि ट्रांसप्लांट के लिए सोटो (स्टेट आर्गन एंड टिशु ट्रांसप्लांट आर्गनाइजेशन) से मंजूरी लेनी होती है। हमने रिपोर्ट और दस्तावेज सोटो के हेड डॉ. संजय दीक्षित के सामने प्रस्तुत किए। जांच करने के बाद हमें ट्रांसप्लांट की मंजूरी दी। शर्त थी कि दोनों अस्पतालों में एक साथ एक ही समय पर दोनों ट्रांसप्लांट शुरू करने होंगे, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी या विवाद न हो। हमने कोऑर्डिनेशन करते हुए एक ही समय पर सफलतापूर्वक यह ट्रांसप्लांट किया गया। recent visitors 133

राइजिंग राजस्थान का सौर ऊर्जा से संचालित होगा उद्घाटन दिवस, राजस्थान-मुख्यमंत्री 10 दिनों तक लेंगे नव संकल्प

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आगामी 9-11 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले राइजिंग राजस्थान समिट के माध्यम से राज्य में औद्योगिक परिदृश्य को एक नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की आर्थिक उन्नति के संकल्प को पूरा करने के लिए जी जान से जुटी हुई हैं। हम राइजिंग राजस्थान के सफल आयोजन के लिए आगामी 10 दिनों तक प्रत्येक दिन एक नया संकल्प लेंगे। शर्मा ने कहा कि इन संकल्पों के माध्यम से अगले 5 वर्षों में प्रदेश को 350 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाया जाएगा। विकसित राजस्थान-2047 के संकल्प सिद्धि में राइजिंग राजस्थान का आयोजन मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने समिट के सफल आयोजन में सभी महत्वपूर्ण वर्गों को भागीदार बनने का आह्वान किया। श्री शर्मा ने आज पहला संकल्प लेते हुए कहा कि राइजिंग राजस्थान समिट का उद्घाटन दिवस पूरी तरह से सौर ऊर्जा से संचालित होगा। उन्होंने कहा कि यह समिट सूरज की ताकत से प्रदेश के विकास में नया सवेरा लाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि प्रदेश में निर्बाध बिजली की आपूर्ति के लिए अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा दिया जाए। राज्य सरकार की अनुकूल निवेश नीतियों से राजस्थान अक्षय ऊर्जा में निवेशकों की पसंद बना हुआ है तथा आज राजस्थान भारत में अक्षय ऊर्जा उत्पादन में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश को 2027 तक ऊर्जा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं। recent visitors 64

पुणे में लिव इन पार्टनर के किसी और के साथ अफेयर का था शक, इसलिए मारा

पुणे  एक एसी मेंटेनेंस फर्म में सुपरवाइजर के तौर पर काम करने वाले 32 वर्षीय शख्स को वाकड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शख्स पर अपनी लिव-इन पार्टनर (27) की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। घटना हैरान कर देने वाली है। हत्या के बाद आरोपी लिव इन पार्टनर की लाश को ठिकाने लगाने के लिए 130 किमी दूर गया। उसके बाद अपने तीन साल के बेटे को मंदिर के शहर अलंदी में छोड़ आया। बाद में बच्चे के लापता होने की खुद ही शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी गढ़ी लेकिन पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि 24 नवंबर की रात को वाकड़ में सर्विस रोड पर अपने साथी की हत्या करने के बाद, व्यक्ति ने शव को अपने चार पहिया वाहन में लगभग 130 किलोमीटर दूर सतारा जिले के खंडाला तहसील के खंबाटकी घाट तक ले जाकर फेंक दिया। बाद में, वह मारुंजी में अपने फ्लैट पर वापस आया और सोते हुए लड़के को लगभग 30 किलोमीटर दूर अलंदी ले गया और उसे वहीं छोड़ दिया। किसी और के साथ अफेयर का था शक वरिष्ठ निरीक्षक निवृति कोल्हटकर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या करने की बात स्वीकार की है। उसने ऐसा इसलिए किया क्योंकि उसे शक था कि उसकी पार्टनर का किसी और व्यक्ति के साथ संबंध है। 6 सालों से लिव इन में रह रही थी महिला बीड जिले के परली की रहने वाली थी। वह शादी के छह महीने बाद ही अपने पति से अलग हो गई थी और पिछले पांच-छह सालों से फर्म के सुपरवाइजर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी। सुपरवाइजर भी शादीशुदा है और उसकी पत्नी और बच्चे मावल तहसील के बौर में रहते हैं। वह हिंजेवाड़ी में एक चाय की दुकान भी चलाता है। उसने मारुंजी में एक फ्लैट किराए पर लिया था, जहां उसकी लिव-इन पार्टनर अपने बेटे के साथ रह रही थी। ऐसे मिला लड़का कोल्हटकर ने बताया कि 25 नवंबर की शाम को व्यक्ति ने हिंजेवाड़ी पुलिस से अपने बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराने के लिए संपर्क किया, जिसे उसने खुद अलंदी में छोड़ दिया था। वरिष्ठ निरीक्षक ने कहा कि जब वह व्यक्ति पुलिस स्टेशन में था, तब हिंजेवाड़ी पुलिस को पता चला कि उसका लड़का आलंदी में पाया गया है और वह वहां की पुलिस की हिरासत में है। लिव इन पार्टनर के गायब होने की छिपाई बात हिंजेवाड़ी पुलिस ने उसे अपने वाकड समकक्षों से संपर्क करने के लिए कहा क्योंकि उसने उन्हें बताया कि लड़का भुमकर चौक इलाके से लापता हो गया है। उसने महिला के बारे में कुछ भी नहीं बताया। जब पुलिस को पता चला कि लड़के की मां लापता है, तो उन्होंने उसे हिरासत में नहीं लिया और उससे कहा कि वह पहले उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराए। उन्होंने लड़के के नाना-नानी को सूचित किया, जो बाद में आलंदी के लिए रवाना हो गए। ट्रक ड्राइवर ने देखी महिला की लाश 26 नवंबर की सुबह, वह व्यक्ति वाकड पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपने साथी से संबंधित गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इधर 26 नवंबर को, एक ट्रक चालक का ट्रक खंबाटकी घाट सेक्शन में पास खराब हो गया। वह वहां रुका था, तभी उसने झाड़ियों में एक महिला का शव देखा। शख्स ने खंडाला पुलिस को सूचित किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पाया कि महिला के शरीर पर चोटें थीं। ऐसे पुलिस ने पकड़ा कोल्हटकर ने कहा कि उन्हें आश्चर्य है कि जब वह अपने बेटे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने के लिए हिंजेवाड़ी पुलिस के पास गया तो उसने अपने साथी के बारे में क्यों नहीं बताया। कोल्हटकर ने कहा कि जब हमने उसके सेलफोन रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि 24 नवंबर से 26 नवंबर के बीच उसका गैजेट नियमित अंतराल पर बंद था। बुधवार को मामला तब बदल गया जब सतारा पुलिस ने पिंपरी चिंचवाड़ पुलिस को खंबाटकी घाट सेक्शन में महिला के शव के बारे में सूचित किया। हमने पाया कि लापता महिला और शव पर मंगलसूत्र एक ही था। फिर हम उस व्यक्ति को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले आए। उसने 24 नवंबर की देर रात भूमकर चौक के पास सर्विस रोड पर हथौड़े से अपने लिव-इन पार्टनर की हत्या करने की बात स्वीकार की। फिर उसने शव को खंबाटकी घाट सेक्शन में फेंक दिया। उन्होंने बताया कि व्यक्ति को हत्या, साक्ष्य नष्ट करने तथा बीएनएस के एक अपराधी को बचाने के लिए झूठी सूचना देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। recent visitors 59

सेंसेक्स 1190 अंकों की गिरावट के साथ 79,043 वहीं निफ्टी भी 360 अंक टूटा, गिरावट के साथ बंद

नई दिल्ली शेयर बाजार गुरुवार को धड़ाम हो गया। सेंसेक्स 1190 अंकों की गिरावट के साथ 79,043 वहीं निफ्टी भी 360 अंक टूटा, ये 23,914 लेवल पर बंद हुआ। इस गिरावट का सबसे बड़ा कारण अमेरिका को माना जा रहा है। अमेरिका के कुछ 'कदमों' का सीधा असर शेयर मार्केट पर दिखाई दिया है। इसमें नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए जाने वाला टैरिफ भी शामिल है। राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने के बाद ट्रंप ने कनाडा और मेक्सिको समेत चीन पर भारी टैरिफ लगाने की बात कही है। वहीं दूसरी ओर अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम है। इस कारण भी शेयर मार्केट में गिरावट आई है। बीएसई में सूचीबद्ध सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 1.52 लाख करोड़ रुपए घटकर 442.96 लाख करोड़ रुपए रह गया। इस बीच डर का पैमाना (इंडिया वीआईएक्स) 4% बढ़कर 15.22 पर पहुंच गया। आईटी शेयरों में जबरदस्त गिरावट आईटी शेयरों में 4% तक की गिरावट आई है। एलटीटीएस, इंफोसिस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक के कारण निफ्टी आईटी इंडेक्स में 2.3% की गिरावट आई। इंफोसिस के शेयरों में 3 फीसदी की गिरावट आई। वहीं टीसीएस के शेयर 2.2 फीसदी तक गिर गए। टेक महिंद्रा और एचसीएल के शेयरों में भी 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई। कल बाजार में रही थी तेजी इससे पहले कल यानी 27 नवंबर को सेंसेक्स 230 अंक चढ़कर 80,234 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 80 अंकों की तेजी रही, ये 24,274 पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 में तेजी और 14 में गिरावट देखने को मिली थी। ऑटो, IT और एनर्जी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी थी। अडानी एंटरप्राइजेज निफ्टी का टॉप गेनर था। recent visitors 60

सिन्धु दर्शन यात्रा पर 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, राजस्थान-सरकार का सिंधी समाज को तोहफा

अजमेर. राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के आग्रह पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सिन्धी समाज को बड़ा तोहफा दिया है। राज्य सरकार ने सिन्धी समाज की सबसे बड़ी और पवित्र मानी जाने वाली लेह-लद्दाख सिन्धु दर्शन यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को 15 हजार रूपए प्रति व्यक्ति आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। सिन्धु दर्शन यात्रा में चार दिन तक लेह-लद्दाख में धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन होते हैं तथा यह यात्रा 18 जून से शुरू होकर 30 जून को समाप्त होती है। सिन्धी समाज के तीर्थयात्री हर साल 23 से 26 जून तक लेह-लद्दाख में सिन्धु दर्शन यात्रा पर जाते हैं। यह यात्रा 18 जून से जम्मू एवं कुरूक्षेत्र से प्रारंभ होती है तथा 30 जून को इसका अधिकारिक समापन होता है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को ज्ञापन देकर आग्रह किया था कि सिन्धु दर्शन तीर्थ यात्रा पर जाने वाले तीर्थ यात्रियों को भी अन्य तीर्थ यात्राओं की तरह आर्थिक सहायता दी जाए। इस पर निर्णय करते हुए राज्य सरकार ने तीर्थ यात्रियों के लिए 15 हजार रूपए प्रति यात्री की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। गौरतलब है कि वर्ष 1997 में भारत रत्न एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी ने सिन्धु दर्शन यात्रा की शुरूआत की थी। प्रतिवर्ष यह यात्रा 23 से 26 जून तक लेह-लद्दाख में आयोजित की जाती है। इसमें बड़ी संख्या में सिंधी धर्मावलम्बी भाग लेते हैं। वेद, शास्त्र एवं धार्मिक मान्यताओं में सिन्धु नदी का बड़ा महत्व है। लगभग सभी ग्रन्थों में सिन्धु नदी का उल्लेख मिलता है। इसके साथ ही भारतीय राष्ट्रगान में भी सिन्धु नदी का उल्लेख है। सिन्धी समाज में भी ईष्ट देव श्री झूलेलाल जी के अवतार का जल से संबंध है। ऎसे में यह यात्रा सिन्धी धर्मावलम्बियों के लिए बड़ी पवित्र मानी जाती है। प्रतिवर्ष देश के लगभग 25 राज्यों से सिन्धी धर्मावलम्बी इस पवित्र यात्रा पर जाते हैं। यह यात्रा जम्मू एवं कुरूक्षेत्र से प्रारम्भ होती है एवं लगभग 12 दिन चलती है। यात्रा में लेह-लद्दाख में विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन होते हैं। recent visitors 160

प्यार का पंचनामा फेम सोनाली सहगल ने दिया बेटी को जन्म, बनीं मां

मुंबई प्यार का पंचनामा में नजर आईं एक्ट्रेस सोनाली सहगल मां बन गई हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, सोनाली ने बेबी गर्ल को जन्म दिया है। हालांकि, अभी तक सोनाली और उनके पति आशीष सजनानी की ओर से अभी कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सोनाली ने बुधवार शाम को सांताक्रूज के सूर्या अस्पताल में बेटी को जन्म दिया। उनकी डिलीवरी नॉर्मल थी। मां और बेटी दोनों ही ठीक हैं। 2023 में सोनाली और आशीष की हुई थी शादी सोनाली सहगल ने जून 2023 में आशीष सजनानी से शादी की थी। इस साल अगस्त में एक्ट्रेस ने अपनी प्रेग्नेंसी अनाउंस की थी। इन फिल्मों में सोनाली आ चुकी हैं नजर सोनाली ने 2006 में मिस इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया और टॉप 12 में शामिल हुई थीं। उनके फिल्मी करियर की शुरुआत साल 2011 में प्यार का पंचनामा से हुई थी। इस फिल्म में कार्तिक आर्यन भी नजर आए थे। इस फिल्म का निर्देशन लव रंजन ने किया था। इसके बाद सोनाली को प्यार का पंचनामा 2 और वेडिंग पुलाव जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। गूगल पर लगातार ट्रेंड कर रही हैं सोनाली सहगल प्यार का पंचनामा में नजर आईं एक्ट्रेस सोनाली सहगल को गूगल पर खूब सर्च किया जा रहा है। पिछले 30 दिनों के गूगल ट्रेंड्स को देखें तो साफ है कि सोनाली को सर्च करने का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। recent visitors 31