Wednesday, July 8, 2026 11:32 am

15 पदों के लिए 45 अभ्यर्थी होंगे शामिल, छत्तीसगढ़-परिवहन उप निरीक्षक पद के लिए साक्षात्कार 17 को

रायपुर. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित परिवहन विभाग में परिवहन उप निरीक्षक की पदों पर भर्ती परीक्षा के लिए साक्षात्कार 17 दिसंबर को होगा। लिखित परीक्षा के प्राप्तांकों के आधार पर वर्गवार और उपवर्गवार 45 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। साक्षात्कार दो पालियों में होगी, जिसमें प्रथम पाली सुबह 10 बजे और द्वितीय पाली दोपहर दो बजे से आयोजित होगी। साक्षात्कार से एक दिन पहले 16 दिसंबर को अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन दो पालियों में किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे प्रथम पाली और दोपहर डेढ़ बजे द्वितीय पाली आयोग कार्यालय में रिपोर्ट करना होगा। सत्यापन प्रक्रिया में अनुपस्थित रहने वाले या अर्हता पूरी न करने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा नियंत्रक लोक सेवा आयोग से मिली जानकारी के अनुसार परिवहन उप निरीक्षक के कुल 15 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम तीन अक्टूबर को घोषित किया गया। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि दस्तावेज सत्यापन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में  शैक्षणिक प्रमाण पत्र, स्थायी जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निःशक्तजन प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), पहचान पत्र और अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र मूल प्रति और स्वप्रमाणित छायाप्रति के साथ प्रस्तुत करना होगा। सभी प्रमाण पत्रों का जारी तिथि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तक सुनिश्चित होना चाहिए। अंतिम तिथि के बाद जारी प्रमाण पत्र मान्य नहीं होंगे। दस्तावेजों की कमी की स्थिति में अभ्यर्थी की उम्मीदवारी समाप्त कर दी जाएगी। recent visitors 52

गोवा ने लगाई जीत की हैट्रिक, हैदराबाद एफसी के खिलाफ बटोरे पूरे तीन अंक

हैदराबाद इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2024-25 में हैदराबाद एफसी का अपने घरेलू मैदान जीएमसी बालायोगी एथलेटिक स्टेडियम में हारने का सिलसिला जारी है। मेजबान टीम को अपने घर पर खेले चौथे मैच में भी हार मिली, जब एफसी गोवा ने बुधवार रात आईएसएल 2024-25 में जीत की हैट्रिक पूरी करते हुए मुकाबला 2-0 से अपने नाम किया।  एफसी गोवा की जीत में राइट विंगर उदांता सिंह ने 33वें और स्पेनिश अटैकिंग मिडफील्डर इकर गुआरोटक्सेना ने 44वें मिनट में गोल किए। स्पेनिश अटैकिंग मिडफील्डर इकर गुआरोटक्सेना को दूसरा गोल करने और मिडफील्ड में दमदार खेल दिखाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। एफसी गोवा 10 मैचों में पांच जीत, तीन ड्रा और दो हार से 18 अंक लेकर तालिका में छठे से तीसरे स्थान पर आ गई है। वहीं, अपनी टीम की लगातार तीसरी हार से हैदराबाद एफसी के हेड कोच थांगबोई सिंग्टो जरूर निराश होंगे। हैदराबाद एफसी 10 मैचों में दो जीत, एक ड्रा और सात हार से सात अंक लेकर तालिका में 11वें स्थान पर बनी हुई है। यह आईएसएल में दोनों टीमों के बीच 11वां मुकाबला था और आज एफसी गोवा ने छठी बार जीत हासिल की है जबकि हैदराबाद ने तीन मैच जीते हैं। दो मैच ड्रा रहे हैं। मैच का पहला गोल 33वें मिनट में आया, जब राइट विंगर उदांता सिंह ने एफसी गोवा को शुरुआती बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया। 44वें मिनट में स्पेनिश अटैकिंग मिडफील्डर इकर गुआरोटक्सेना ने गोल करके एफसी गोवा की बढ़त को दोगुना करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। पहले हाफ में दबदबा एफसी गोवा का रहा क्योंकि राइट विंगर उदांता सिंह और स्पेनिश अटैकिंग मिडफील्डर इकर गुआरोटक्सेना के गोल की बदौलत बढ़त बनाई और उसे बरकरार रखा। लिहाजा, एफसी गोवा 2-0 की बढ़त के साथ हाफ टाइम ब्रेक पर गई। गेंद पर ज्यादा नियंत्रण एफसी गोवा का 62 फीसदी रहा। गोवा ने छह प्रयास किए और दो शॉट टारगेट पर रखे, जिन पर गोल आए। वहीं, गेंद पर 38 फीसदी कब्जा रखने वाली हैदराबाद एफसी की ओर से आठ प्रयास किए गए, जिनमें से तीन शॉट टारगेट पर भी रहे लेकिन गोल नहीं आया।   recent visitors 54

5वीं और 8वीं कक्षा में होगी केन्द्रीकृत परीक्षा, छत्तीसगढ़-शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार की कवायद

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए सत्र 2024-25 में कक्षा 5वीं और 8वीं की केन्द्रीकृत परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री साय ने यह कदम विद्यार्थियों की शिक्षा स्तर को सुधारने और शैक्षणिक वातावरण को और प्रभावी बनाने के लिए उठाया है। यह परीक्षा राज्य के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में संचालित होगी। हालांकि सीबीएससी और आईसीएससी पाठ्यक्रम वाले विद्यालय इस व्यवस्था से बाहर रहेंगे। इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्रालय, स्कूल शिक्षा विभाग महानदी भवन नवा रायपुर से समस्त जिला कलेक्टर और जिला शिक्षाधिकारियों को निर्देश जारी कर दी गई है। स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने कहा कि परीक्षाएं जिला स्तर पर निशुल्क आयोजित की जाएगी और जिला शिक्षा अधिकारी गोपनीयता बनाए रखते हुए गुणवत्तापूर्ण परीक्षा संपन्न कराएंगे। परीक्षा मार्च माह में आयोजित होगी और इसकी समय-सारणी लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्र  विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को पूर्ण गोपनीयता के साथ तैयार किए जाएंगे और प्रश्न पत्र वितरण के बाद, उन्हें संबंधित केंद्र के निकटवर्ती थाने में सुरक्षित रखा जाएगा। शिक्षकों को प्रश्न पत्र के नमूने पहले से उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि छात्रों को सही दिशा में तैयारी करा सकें। सचिव परदेशी ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन केन्द्रीय मूल्यांकन केंद्रों में किया जाएगा। मूल्यांकन कार्य उन्हीं शिक्षकों से कराया जाएगा, जो कक्षा 5वीं और 8वीं पढ़ाते हैं। कक्षा चौथी और सातवीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अन्य विद्यालयों में कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों को किसी विषय में अनुत्तीर्ण घोषित किया जाएगा, उन्हें दो महीने के भीतर पूरक परीक्षा का अवसर दिया जाएगा। हालांकि, विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश (छठवीं और नवमीं) दे दिया जाएगा। विद्यार्थियों की तैयारी सत्र प्रारंभ से ही सुनिश्चित किया जाएगा। केन्द्रीकृत परीक्षा की तैयारी के लिए संकुल समन्वयकों और प्रधान पाठकों की बैठक आयोजित की जाएगी। recent visitors 104

ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज के दूसरे मैच के लिए अपनी प्लेइंग-11 की घोषणा की,हेजलवुड की जगह स्कॉट बोलैंड को मौका

एडिलेड भारत के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज के पिंक बॉल टेस्ट में चोटिल जोश हेजलवुड की जगह स्कॉट बोलैंड को ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है। ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को सीरीज के दूसरे मैच के लिए अपनी प्लेइंग-11 की घोषणा कर दी। यह मैच एडिलेड में शुक्रवार से खेला जाएगा। यह मेजबान टीम के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि हेजलवुड ने पर्थ टेस्ट में पांच विकेट लिए थे और अन्य गेंदबाजों के मुकाबले उनका प्रदर्शन बेहतर था। उन्होंने पहली पारी में चार और दूसरी पारी में एक विकेट लिया था। लगभग 18 महीने में ऑस्ट्रेलिया के लिए बोलैंड का यह पहला मैच होगा। उन्होंने पिछला टेस्ट मैच पिछले साल एशेज सीरीज के दौरान खेला था। बोलैंड का शामिल होना प्लेइंग इलेवन में एकमात्र बदलाव है। इस बीच, ऑलराउंडर मिचेल मार्श टीम में बने रहेंगे। हालांकि वह पीठ की अकड़न के कारण भारत की दूसरी पारी के दौरान पूरी ताकत से गेंदबाजी नहीं कर पाए थे। भारत ने शुक्रवार से एडिलेड में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए अभी तक अपनी टीम की घोषणा नहीं की है। नियमित कप्तान रोहित शर्मा की वापसी के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि मध्यक्रम के बल्लेबाजों में से किसे बेंच पर बाहर बैठना पड़ेगा। ऑस्ट्रेलिया को सीरीज के पहले मैच में पर्थ में 295 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा, जो 2008 के मोहाली टेस्ट में 320 रनों की हार के बाद टेस्ट में भारत के खिलाफ रनों के लिहाज से उनकी दूसरी सबसे बड़ी हार है। भारतीय टीम बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 1-0 से आगे चल रही है। दूसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11 : उस्मान ख्वाजा, नाथन मैकस्वीनी, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन और स्कॉट बोलैंड।   recent visitors 68

आठ महीने पहले हुई थी पोस्टिंग, राजस्थान-बीकानेर में सेना के जवान ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

बीकानेर. महाजन के आर्मी नॉर्थ कैंप में सेना के एक जवान ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना देर रात की है। मृतक सैनिक की पहचान महाराष्ट्र निवासी संतोष पंवार के रूप में हुई है। सैनिक का शव महाजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही सैन्य अधिकारी और अन्य जवान अस्पताल पहुंचे। संतोष पंवार की पोस्टिंग करीब 8 महीने पहले हुई थी। वे महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के नॉर्थ कैंप में तैनात थे। बुधवार शाम को वे कैंप से अपने कमरे में चले गए। इस दौरान कई देर तक कमरा बंद रहा। संतोष के साथियों को शक हुआ तो कमरे के बाहर से आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। कई देर तक दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन जब गेट नहीं खोला वे उसे तोड़कर अंदर गए। जहां कमरे में वे फंदे से लटके हुए मिले। सुसाइड की जानकारी मिलने के बाद महाजन पुलिस भी मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक सुसाइड के कारणों का अभी तक कोई खुलासा नहीं हो पाया है। recent visitors 73

राशिद और नबी ने की अफगानिस्तान में महिला शिक्षा अधिकार के बहाली की अपील

नई दिल्ली अफगानिस्तान क्रिकेट के सबसे बड़े नाम राशिद खान और मोहम्मद नबी ने तालिबान द्वारा नर्स और दाइयों के रूप में प्रशिक्षण लेने वाली महिलाओं के लिए संस्थानों को बंद करने की कथित रूप से कड़ी आलोचना की है। अगस्त 2021 में तालिबान के कब्जे के बाद से अफगानिस्तान में महिलाओं के अधिकारों के लिए ये बंदिशें एक नया झटका हैं। तालिबान ने लड़कियों और महिलाओं के लिए माध्यमिक और उच्च शिक्षा पर प्रतिबंध लगा दिया है, हालाँकि अब तक चिकित्सा क्षेत्र में छूट मौजूद थी। लड़कियों और महिलाओं के खेल में भाग लेने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिससे आईसीसी के पूर्ण सदस्य के रूप में अफगानिस्तान की स्थिति लगातार जांच के दायरे में आ गई है। राशिद ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, इस्लाम में शिक्षा का केंद्रीय स्थान है, जो पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए ज्ञान की खोज पर जोर देती है। कुरान सीखने के महत्व पर प्रकाश डालता है और दोनों लिंगों के समान आध्यात्मिक मूल्य को स्वीकार करता है। अफगानिस्तान की बहनों और माताओं के लिए हाल ही में शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थानों के बंद होने पर मैं बहुत दुख और निराशा के साथ विचार करता हूं। इस निर्णय ने न केवल उनके भविष्य को बल्कि हमारे समाज के व्यापक ताने-बाने को भी गहराई से प्रभावित किया है। सोशल मीडिया के माध्यम से वे जो दर्द और दुख व्यक्त करते हैं, वह उनके सामने आने वाले संघर्षों की मार्मिक याद दिलाता है। उन्होंने आगे कहा, अफगानिस्तान, हमारी प्यारी मातृभूमि, एक महत्वपूर्ण मोड़ पर है। देश को हर क्षेत्र में पेशेवरों की सख्त जरूरत है, खासकर चिकित्सा क्षेत्र में। महिला डॉक्टरों और नर्सों की भारी कमी विशेष रूप से चिंताजनक है, क्योंकि यह सीधे तौर पर महिलाओं की स्वास्थ्य सेवा और सम्मान को प्रभावित करती है। हमारी बहनों और माताओं के लिए यह ज़रूरी है कि उन्हें ऐसे चिकित्सा पेशेवरों द्वारा प्रदान की जाने वाली देखभाल तक पहुँच मिले जो वास्तव में उनकी जरूरतों को समझते हों। मैं ईमानदारी से इस फ़ैसले पर पुनर्विचार करने की अपील करता हूँ ताकि अफगान लड़कियाँ शिक्षा के अपने अधिकार को पुनः प्राप्त कर सकें और देश के विकास मंअ योगदान दे सकें। सभी को शिक्षा प्रदान करना न केवल एक सामाजिक ज़िम्मेदारी है बल्कि एक नैतिक दायित्व है जो हमारे विश्वास और मूल्यों में गहराई से निहित है। नबी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखते हुए राशिद का समर्थन किया, उन्होंने लिखा, लड़कियों को चिकित्सा की पढ़ाई करने से प्रतिबंधित करने का तालिबान का फैसला न केवल दिल तोड़ने वाला है, बल्कि बेहद अन्यायपूर्ण भी है। इस्लाम ने हमेशा सभी के लिए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया है, और इतिहास मुस्लिम महिलाओं के प्रेरक उदाहरणों से भरा पड़ा है, जिन्होंने ज्ञान के माध्यम से कई पीढ़ियों को महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं तालिबान से इन मूल्यों पर विचार करने का आग्रह करता हूं। लड़कियों को सीखने और अपने लोगों की सेवा करने का मौका न देना उनके सपनों और हमारे देश के भविष्य दोनों के साथ विश्वासघात है। हमारी बेटियों को पढ़ने, बढ़ने और सभी के लिए एक बेहतर अफगानिस्तान बनाने दें। यह उनका अधिकार है, और इसकी रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। वहीं, रहमानुल्लाह गुरबाज ने भी फेसबुक पर एक पोस्ट डाली, जिसमें उन्होंने महिलाओं की शिक्षा के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया।   recent visitors 62

मरीजों से स्वास्थ्य की ली जानकारी, छत्तीसगढ़-रायपुर के एम्स और मेकाहारा अस्पताल पहुंचे राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा

रायपुर. राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा राजधानी रायपुर स्थित एम्स, डीकेएस और मेकाहारा हॉस्पिटल पहुंचे। इस दौरान मंत्री वर्मा ने अस्पताल का निरीक्षण करने के साथ-साथ मरीज़ों से स्वास्थ्य की जानकारी ली। मंत्री वर्मा ने अस्पताल की व्यवस्था और इलाज के संबंध में मरीजों से जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों को समय पर मरीज़ों को बेहतर इलाज और दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री वर्मा ने बालौदाबाज़ार जिले के रहने वाले पुकार यादव, ग्राम देवरी की निर्मला वर्मा, बालौदाबाज़ार के सुमन दास साहू से मिलकर स्वास्थ्य की जानकारी ली। सिर में चोट के इलाज के लिए डीकेएस के वार्ड- सी 6 में भर्ती 20 वर्ष के पुकार सिंह ने बेहतर इलाज के कारण स्वास्थ्य में तेजी से सुधार की जानकारी दी। इसी तरह नस में ब्लाकेज के इलाज के लिए मेकाहारा हॉस्पिटल के वार्ड-19 में भर्ती 55 वर्षीय सुमन दास साहू ने स्वास्थ्य में सुधार की बात कही। इसी तरह बलौदाबाजार के ग्राम देवरी की 54 वर्षीय निर्मला वर्मा निमोनिया के इलाज के लिए एम्स हॉस्पिटल में भर्ती है। वर्मा ने उनके स्वास्थ्य के बारे में चिकित्सकों से चर्चा कर बेहतर इलाज के निर्देश दिए। recent visitors 67