Tuesday, July 7, 2026 3:52 am

पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव की वार्ड आरक्षण/महिला लॉटो की कार्यवाही 17 एवं 19 दिसम्बर को

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पंचायत निर्वाचन आरक्षण, जिला सदस्य जनपद अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य, पंचायत सदस्य, नगरीय निकाय और नगर पंचायत आम निर्वाचन 2024 के तहत वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया 17 और 19 दिसंबर 2024 को आयोजित की जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर डी. राहुल वेंकट की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सी. एस. पैकरा, संबंधित सेक्टर अधिकारी, पीठासीन अधिकारी और निर्वाचन संचालन के आरओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ नगरपालिका (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिला) नियम 1994 के प्रावधानों के तहत जिले के नगरीय निकायों और नगर पंचायतों के वार्डों का आरक्षण 17 और 19 दिसंबर को किया जाएगा। 17 दिसंबर को नगरपालिका मनेंद्रगढ़, नगर पंचायत खोंगापानी, झगराखाण्ड और नई लेदरी के वार्डों का आरक्षण सुबह 11 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया जाएगा। इसी प्रकार नगर निगम चिरमिरी और नगर पंचायत जनकपुर के वार्डों का आरक्षण 19 दिसंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित समय में होगा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आरक्षण की इस प्रक्रिया के दौरान आम नागरिक भी उपस्थित हो सकते हैं। प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आरक्षण प्रक्रिया के लिए महिला लॉटो के प्रवर्गवार स्थानों का आवंटन किया जाएगा, जिसे जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में पूरा किया जाएगा। इस बैठक में नाम वापसी से जुड़ी प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने बताया कि नाम वापसी की प्रक्रिया केवल आरओ द्वारा ही की जाएगी और इसके लिए नाम वापसी का मूल पावती पत्र आवश्यक होगा। इसके अतिरिक्त, नाम वापसी की प्रक्रिया को रिकॉर्ड में रखने के लिए उसका वीडियो और फोटो भी बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सी. एस. पैकरा, अपर कलेक्टर अनिल सिदार, एसडीएम मनेंद्रगढ़, एसडीएम खड़गवां, तहसीलदार मनेंद्रगढ़, तहसीलदार चिरमिरी, नगर निगम आयुक्त, जनपद सीईओ एमसीबी, जनपद सीईओ खड़गवां और सभी नगर पंचायतों के सीएमओ सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। recent visitors 45

‘किसानों को योजनाओं से लाभान्वित करें, ताकि आय बढ़ सके’, राजस्थान-राज्यपाल ने राजसमंद में जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक

जयपुर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने रविवार को राजसमंद जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर केंद्र प्रायोजित योजनाओ की समीक्षा की। उनके साथ विधायक दीप्ति माहेश्वरी और जिला प्रमुख रतनी देवी जाट मौजूद रहे। राज्यपाल की बैठक में राजसमंद जिला कलक्टर श्री बालमुकुंद असावा ने सर्वप्रथम उनका शाब्दिक स्वागत कर जिले का सामान्य परिचय प्रस्तुत किया। जल जीवन मिशन की समीक्षा करत हुए राज्यपाल ने अब तक हु प्रगति को देखा। जिला कलक्टर ने बतीय कि जिले में 65 हजार 942 परिवारों को इस योजना में लाभान्वित किया जा चुका है जो लक्ष्य का 64.75 प्रतिशत है। इस पर राज्यपाल ने शेष कार्य भी समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने हुए शत प्रतिशत लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत वृहद पेयजल योजनाओं का प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि 1092 करोड़ रुपए की लागत से चम्बल-देवगढ़-भीम परियोजना का कार्य जारी है जिससे ब्लॉक भीम-देवगढ़ के 197 गांवों के 33169 घरों में नल से जल पहुंचेगा। ऐसे ही 133 करोड़ रुपए की लागत से 44 गांवों के लिए बाघेरी का नाका-चिकलवास योजना पर बताया कि 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके पश्चात राज्यपाल ने केन्द्रीय सड़क निधि योजना के तहत जारी निर्माण कार्यों जैसे 64.34 करोड़ रुपए की लागत से केलवाड़ा-ओलादार चौराहा (राजसमंद) से भड़सोड़ा चौराहा (चित्तौड़गढ़) सड़क का चौड़ाईकारण एवं सुदृढीकरण, 15 करोड़ की लागट से मावल-नाथद्वारा सड़क संबंधी कार्य सहित अन्य कार्यों की समीक्षा कर शेष कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की पर्याप्त पहुँच सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में जिले के विभिन्न इलाकों में जारी निर्माण कार्यों की समीक्षा की। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित योजनाओं पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की समीक्षा की। जिला कलक्टर ने बताया कि अब तक 1 लाख 71 हजार 240 आयुष्मान कार्ड वितरित हो चुके हैं। किसानों के हित में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर राज्यपाल ने सहकारिता विभाग की पैक्स कम्यूटर योजना, पैक्स एस कॉमन सर्विस सेंटर योजना, महँगा कृषि यंत्र कम किराए पर उपलब्ध कराने हेतु कस्टम हायरिंग सेंटर योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की समीक्षा की। सहकारिता के उप रजिस्ट्रार ने बताया कि जिले में 1 लाख 97 हजार 880 किसानों को अब तक 422.64 करोड़ रुपए की सहायता दी जा चुकी है। इसके साथ ही राज्यपाल ने अन्न भंडारण योजना, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र आदि को लेकर भी विस्तार से जानकारी ली। जिला कलक्टर ने राज्यपाल को महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर को लेकर बताया कि गत एक वर्ष में अब तक कुल 209 प्रकरण प्राप्त हुए हैं एवं 207 प्रकरणों का निस्तारण किया गया है, जिले में यह सेंटर आर के हॉस्पिटल में संचालित है। राज्यपाल ने रुडिप द्वारा नाथद्वारा में 106 करोड़ रुपए की लागत से जारी एकीकृत जल प्रदाय परियोजना कार्य, कृषि विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, स्वायत्त शासन विभाग की पीए स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एवं ग्रामीण, राजीविका के कार्यों आदि की विस्तार से समीक्षा करते हुए समस्त योजनाओं से अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। recent visitors 37

कश्यप बोले- अरपा भैंसाझार परियोजना से 25000 हेक्टयर (खरीफ) क्षेत्रफल सिंचित होने की हैं योजना

रायपुर अरपा भैंसाझार परियोजना से कुल 25000 हेक्टयर (खरीफ) क्षेत्रफल सिंचित होने की योजना है। तखतपुर विकासखण्ड के कुल 22 ग्रामों एवं बिल्हा विकासखण्ड के 31 ग्रामों में कुल 53 ग्रामों में सिंचाई नहीं हो पा रही है। इसके साथ ही ग्राम सैदा में अवरोधित क्षेत्र में नहर निर्माण हेतु संबंधित कृषक एवं अन्य कृषकों के भू-अर्जन हेतु मुआवजा विवादों का निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है। यह बातें विधानसभा में विधायक अटल श्रीवास्तव के द्वारा तारांकित प्रश्नकाल में पूछे गए सवाल के जवाब में वन मंत्री केदार कश्यन ने दिए। उन्होंने बताया कि अरपा भैंसाझार परियोजना से कुल 25000 हेक्टयर (खरीफ) क्षेत्रफल सिंचित होने की योजना है। परियोजना से बिलासपुर जिले के कोटा विकासखण्ड के 01 ग्राम, तखतपुर विकासखण्ड के 70 ग्राम एवं बिल्हा विकासखण्ड के 31 ग्रामों कुल लाभान्वित ग्राम की संख्या 102 हैं। अरपा भैंसाझार परियोजना दिनांक 13.09.2013 को अनुबंध कर प्रांरभ की गई है एवं वर्तमान में परियोजना निमार्णाधीन है। परियोजना की लागत राशि रू.1141.90 करोड़ है। अरपा भैंसाझार परियोजना में 25/11/2024 तक परियोजना के निर्माण कार्य हेतु रू. 317.59 करोड़, वनभूमि हेतु रू. 104.10 करोड़, भू-अर्जन मुआवजा हेतु रू. 577.00 करोड़ भू-अर्जन अधिकारी को जमा किया गया है, मुख्य नहर के रेल्वे क्रासिंग के निर्माण हेतु रेल्वे विभाग को रु. 2.76 करोड़ पर्यावरण संबंधी कार्यों में रू. 26.04 करोड़, वि./यां कार्य हेतु रू. 0.09 करोड़, पर्यावरण अध्ययन एवं विविध व्यय में रू. 19.18 करोड़, कुल राशि रू. 1046.76 करोड़ व्यय किया जा चुका है। अनुबंधानुसार कार्य एजेन्सी को 25000 हेक्टेयर रकबा में खरीफ सिंचाई करना था, जिसके परिपालन में ठेकेदार द्वारा वर्ष 2023-24 में कोटा एवं तखतपुर विकासखण्ड के कुल 49 ग्रामों में कुल 12970 हेक्टयर में सिंचाई की गई है। वर्ष 2024-25 में कोटा एवं तखतपुर विकासखण्ड के कुल 48 ग्रामों में कुल 12000 हेक्टेयर में खरीफ की सिंचाई की गई है। योजना में प्रस्तावित तखतपुर विकासखण्ड के कुल 22 ग्रामों एवं बिल्हा विकासखण्ड के 31 ग्रामों में कुल 53 ग्रामों में सिंचाई नहीं हो पा रही है। मंत्री कश्यप ने सदन को बताया कि परियोजना से शेष ग्रामों में सिंचाई हेतु ग्राम सैदा में अवरोधित क्षेत्र में नहर निर्माण हेतु संबंधित कृषक एवं अन्य कृषकों के भू-अर्जन हेतु मुआवजा विवादों का निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है एवं शेष नहर निर्माण कार्यों को पूर्ण करने हेतु संबंधित ठेकेदार को नवमी समयावृद्धि प्रदाय कर कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया है। recent visitors 36

मैनचेस्टर यूनाईटेड ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मैनचेस्टर सिटी को 2-1 से हराया

मैनचेस्टर. मैनचेस्टर यूनाइटेड ने अमाद डायलो ने 90वें मिनट में दागे गोल की मदद से जोरदार वापसी करते हुए प्रीमियर लीग फुटबॉल में रविवार को यहां मैनचेस्टर सिटी को 2-1 से हरा दिया। चार बार की गत विजेता सिटी ने इतिहाद स्टेडियम में खेले गए मैनचेस्टर डर्बी में 88वें मिनट तक 1-0 की बढ़त बनाए रखी थी लेकिन ब्रूनो फर्नांडीस ने पेनल्टी पर बराबरी का गोल करके मैच का रुख बदल दिया। इसके बाद डायलो ने विजयी गोल दागकर यूनाइटेड की जीत सुनिश्चित की। सिटी की पिछले 11 मैच में यह आठवीं हार है। इस जीत के बावजूद यूनाईटेड की टीम 22 अंक के साथ 13वें जबकि सिटी की टीम 27 अंक के साथ पांचवें स्थान पर है। दूसरे स्थान पर रहे चेल्सी ने ब्रेंटफोर्ड के खिलाफ 2-1 की जीत के बाद शीर्ष पर चल रहे लीवरपूल से अंकों के अंतर को दो तक सीमित कर दिया है। लीवरपूल के 36 अंक हैं। चेल्सी तीसरे स्थान पर मौजूद आर्सेनल से चार अंक आगे है। टोटेनहैम के खिलाफ 0-5 की हार के बाद साउथम्पटन ने मैनेजर रसेल मार्टिन को निकाल दिया। साउथम्पटन अंतिम पायदान पर है जबकि टोटेनहम 10वें स्थान पर पहुंच गया है। इस्माइला सार ने रविवार को क्रिस्टल पैलेस की ब्राइटन पर 3-1 की जीत में दो गोल किए। recent visitors 34

बालिकाओं से किया संवाद, राजस्थान-राजसमंद के जनजाति बालिका छात्रावास पहुंचे राज्यपाल

जयपुर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने रविवार को राजसमंद जिले के जनजाति बालिका छात्रावास, पलेवा मगरी का निरीक्षण किया। राज्यपाल श्री बागडे ने विभिन्न कक्षों में जाकर व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने स्मार्ट क्लास सहित विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया। बालिकाओं से संवाद करते हुए राज्यपाल ने विभिन्न विषयों पर बात की। राज्यपाल को अपने बीच पाकर छात्राएं भी उत्साहित दिखी। निरीक्षण के दौरान छात्रावास की समस्त सामान्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई। राज्यपाल ने किए श्रीनाथ जी के दर्शन जयपुर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने नाथद्वारा में प्रभु श्रीनाथ जी के सांयकालीन भोग आरती के दर्शन किए। मंदिर मण्डल अधिकारी सुधाकर शास्त्री ने समाधान पद्धति से राज्यपाल का स्वागत किया। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। recent visitors 40

सलमान खान के बर्थडे पर रिलीज होगा ‘सिकंदर’ का टीज़र

मुंबई,  साजिद नाडियाडवाला की फिल्म 'सिकंदर', जिसे ए.आर. मुरुगाडोस ने डायरेक्ट किया है और सलमान ख़ान इसमें मुख्य भूमिका में हैं, ने दर्शकों में उत्साह का माहौल बना दिया है। इस मेगा प्रोजेक्ट ने अपनी घोषणा के बाद से ही सबका ध्यान अपनी तरफ खींचा है। अब, साजिद नाडियाडवाला ने सलमान ख़ान के फैंस के लिए एक खास तोहफा दिया है। सलमान के जन्मदिन के मौके पर यानी 27 दिसंबर 2024 को फिल्म का टीज़र रिलीज़ किया जाएगा। आखिरकार, दर्शकों को मच अवेटेड 'सिकंदर' की पहली झलक देखने मिलेगी, क्योंकि प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला ने टीज़र की रिलीज़ डेट का ऐलान कर दिया है। यह 27 दिसंबर 2024 को रिलीज़ होगा और सलमान ख़ान के फैंस के लिए एक खास जन्मदिन तोहफा साबित होगा। सलमान ख़ान, जो बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक हैं, के पास एक बड़ी फैन फॉलोइंग है, जो उनके बड़े पर्दे पर वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रही है। सलमान ख़ान की मच अवेटेड फिल्म 'सिकंदर' का टीज़र उनके जन्मदिन पर रिलीज़ होने वाला है, जो उनके फैंस के लिए एक शानदार सेलिब्रेशन होगा। इस घोषणा ने उत्साह को और बढ़ा दिया है, क्योंकि अब सभी इस खास मौके पर 'सिकंदर' की झलक देखने के लिए और भी ज्यादा उत्साहित हैं। नाडियाडवाला ग्रैंडसन द्वारा प्रोड्यूस, एआर मुरुगडोस द्वारा डायरेक्टर 'सिकंदर' में सलमान खान और रश्मिका मंदाना लीड रोल्स में हैं। यह एक्शन से भरपूर मनोरंजक फिल्म एक जबरदस्त सिनेमाई अनुभव देने की गारंटी देती है, जो ईद 2025 के वीकेंड के मौके पर रिलीज के लिए तैयार है।   recent visitors 38

स्थानीय बुनकरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से अपने उत्पाद बेचने के लिए किया जा रहा है प्रशिक्षित – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को सशक्त बनाने की दिशा में 16 दिसंबर से दिल्ली स्थित भारत मंडपम में होने वाला 'फ्लेवर्स ऑफ इंडिया कार्यक्रम' एक अद्भुत पहल है। उन्होंने कहा कि हमारे देश की समृद्ध विरासत में निहित स्थानीय खानपान, शिल्पकला और वस्त्र उद्योग की पहचान को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने की यह एक अनूठी कोशिश है। इसमें भारतीय मूल अनाजों, विशेष रूप से मिलेट्स – जिन्हें ‘अन्न’ के रूप में भी जाना जाता है,  पोषण लाभों और उनकी महत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह कदम आने वाली पीढ़ियों को हमारे पारंपरिक खानपान की ओर प्रेरित करेगा और स्वास्थ्य के प्रति एक नई जागरूकता लाएगा। केन्द्रीय खाद्य प्र-संस्करण मंत्रालय द्वारा दिल्ली के भारत मंडपम में 16 दिसम्बर को "फ्लेवर्स ऑफ इंडिया-2024" का आयोजन केन्द्रीय वस्त्र मंत्रालय, नीति आयोग, सर्व रिथु सेवा फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है। भारतीय खान-पान और परंपरागत परिधानों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की दिशा में यह एक प्रयास है। राज्य सरकार कर रही है वोकल फॉर लोकल में प्रदेश के हर जिले की विशेषताओं को प्रोत्साहित मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने वोकल फॉर लोकल के तहत अपने स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। खान-पान क्षेत्र में, प्रदेश के हर जिले की विशेषताओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्थानीय व्यंजन महोत्सव आयोजित किए हैं। चंदेरी, भोपाल, और मालवा क्षेत्रों के खास व्यंजनों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए उन्हें फूड फेस्टिवल्स और अन्तर्राष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शित किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों और परंपराओं को प्रोत्साहित करने का किया आव्हान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वस्त्र उद्योग में, चंदेरी और महेश्वरी जैसे पारंपरिक वस्त्रों को बढ़ावा देने के लिए हस्तशिल्प विकास योजनाएं शुरू की गई हैं। स्थानीय बुनकरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने उत्पाद बेचने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिससे वे सीधे अपने ग्राहकों से जुड़ सकें। हमने लोकल-टू-ग्लोबल के दृष्टिकोण के साथ इंटरनेशनल टेक्सटाइल एक्सपो भी आयोजित किए हैं। फ्लेवर्स ऑफ इंडिया जैसे आयोजनों के माध्यम से, स्थानीय कारीगरों, किसानों और बुनकरों की कला और परिश्रम को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाने में मदद मिलती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी आयोजकों को इस प्रयास के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह पहल भारतीय खानपान और वस्त्र उद्योग को एक नई ऊंचाई पर ले जाने में मदद करेगी और वोकल फॉर लोकल को एक सशक्त दिशा प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी को इस पहल में शामिल होकर अपने स्थानीय उत्पादों और परंपराओं को प्रोत्साहित करने का आहवान किया।   recent visitors 34