मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति का अपना विशेष महत्व है, मनुष्य जीवन सत्कर्म के लिए प्राप्त हुआ

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति का अपना विशेष महत्व है। मनुष्य जीवन सत्कर्म के लिए प्राप्त हुआ है। कथा श्रवण के माध्यम से हमें जीवन दर्शन की राह मिलती है, जो हमें सदमार्ग की ओर चलने के लिए सदैव प्रेरित करती है। गौमाता की सेवा भगवान की सेवा के समान है। संत कमल किशोर नागर महाराज गौसेवा के एक बड़े संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे है। संत श्री के प्रयासों से मालवा, निमाड़, जनजाति अंचल सहित प्रदेश भर में गौमाताओं के पालन का दायित्व निस्वार्थ भाव से किया जा रहा है, जो प्रशंसनीय और वंदनीय है। भगवत गीता से हमें कर्म के प्रति आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है, इसलिए आवश्यक है कि प्रत्येक व्यक्ति ऐसे सदकर्म करें, जिससे उनकी भावी पीढ़ी पुण्य के मार्ग पर चले और मनुष्य जीवन को सार्थक बनाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को इंदौर जिले के सांवेर स्थित चित्तौडा में श्रीमद्भागवत गौशाला में आयोजित भागवत कथा में उपस्थित श्रृद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रीमद्भागवत गौशाला चित्तौडा की भूमि को गौशाला के नाम करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गीता जयंती के आयोजन से पूरे प्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण के कर्म के संदेश को पहुंचाने का कार्य किया गया है। संत श्री कमल किशोर जी नागर के द्वारा निस्वार्थ भाव से गौशाला संचालन के लिए जो पुनीत कार्य की अलख जगाई गई है, वह वंदनीय है। संत श्री ने गौशाला संचालन के साथ कई आदर्श निर्मित किए हैं, जो समाज को एक नई दिशा देने का कार्य कर रहे है। उन्होंने प्रदेश के जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट के प्रयासों की भी सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में नदी जोड़ो अभियान विकास को एक नई दिशा देने का काम करेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 25 दिसम्बर को केन-बेतवा नदी जोड़ो अभियान  के माध्यम से विकास को एक नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा प्रदेश में दो नदी जोड़ो अभियान से लगभग 25 जिलों के बडे़ क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढे़गा, जिससे मालवा और बुंदेलखंड क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलेगी। नदी जोड़ो अभियान से प्रदेश का बड़ा क्षेत्र लाभान्वित होगा।   मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गोवंश पालन को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए हैं। घर-घर गोपाल और गांव-गांव वृंदावन बने, इसके लिए प्रदेश के 313 ब्लॉक के एक-एक गांव में जहां 500 से अधिक गोवंश होगा, उनको वृंदावन गांव बनाकर आदर्श रूप में विकसित करेंगे। वहीं 10 से अधिक गौमाता पालने वाले पशुपालकों को अनुदान देकर प्रोत्साहित करेंगे ताकि घर-घर गोपाल बने। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दूध खरीदी पर बोनस भी दिया जाएगा। हमारा लक्ष्य कि जिससे घर-घर दूध उत्पादन बढ़े और प्रदेश दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गोपालन के प्रति लोगों में रुचि बढे़, इसके लिए विशेष प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने संत कमल किशोर जी नागर द्वारा गोवंश संरक्षण एवं गौशाला के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने व्यास पीठ का पूजन कर संत श्री नागर का शाल भेंट कर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का साफा बांधकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री रमेश मेंदोला, श्री चिंदू वर्मा सहित श्रीमद्भागवत गौ-शाला चित्तौडा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में धर्मावलंबी उपस्थित थे। recent visitors 58

दूसरों की मदद करने से अपितु यह हमारे व्यक्तित्व को निखारता है- श्रीमती पूनम सिंह

मनेंद्रगढ़/एमसीबी दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में क्रिसमस के उपलक्ष्य में त्याग की खुशी एवं महत्व को बताने के लिए जॉय आफ गिविंग कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 24 12.2024 को किया गया। विद्यालय परिवार के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों को बताया गया कि सदैव देने वाले की खुशी प्राप्त करने वाले की खुशी से बड़ी होती है किसी को कोई वस्तु दान स्वरूप देने से जो आनंद प्राप्त होता है वह अतुल्यनीय है इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में क्षमता के अनुसार दान देने की प्रवृत्ति को पोषित करना है इस आयोजन में छात्रों को अनुदेशित किया गया कि कपड़े, जूते खिलौने, किताबें, खाने की चीजें इत्यादि जो भी वो दान करना चाहें , विद्यालय में जमा कराएं तथा बाद में असहाय तथा सुपात्र लोगों को दान में दें, इस कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और अच्छी तरह से वस्तुओं को विद्यालय में संग्रहित कराया तत्पश्चात विद्यालय की कक्षा आठवीं और चौथी के छात्र-छात्राओं द्वारा संस्था कि निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह की उपस्थिति एवं निर्देशन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंद व्यक्तियों को वितरित किया गया, वितरण की जाने वाली सामग्रियों में वस्त्र, खिलौने, स्वेटर ,कंबल, चादर ,राशन, किताबें इत्यादि सामग्री दी गई। संस्था के प्राचार्य डॉ बसंत कुमार तिवारी ने कहा कि यह सिर्फ एक दिन का उत्सव न होकर हर दिन का हिस्सा हो। जॉय ऑफ गिविंग का आयोजन न केवल छात्रों में समाजिक जिम्मेदारी की भावना को विकसित करता है बल्कि उन्हें बेहतर नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है। संस्था की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने अपने संदेश में कहा कि छोटे-छोटे प्रयास समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं,इससे बच्चों को यह सीख मिलती है कि दूसरों की मदद करने से न केवल हमारी जिम्मेदारी पूर्ण होती है अपितु यह हमारे व्यक्तित्व को भी निखारता है, जॉय आफ गिविंग हमें परोपकार, दया और सामूहिकता का पाठ सिखाता है, इस उत्सव ने यह साबित किया कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर एक बड़ी सकारात्मक सामाजिक जिम्मेदारी की शुरुआत कर सकते हैं अभिभावकों को भी धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि उनके द्वारा की गई यह पहल एवं सहयोग न केवल बच्चों के लिए प्रेरणादायक है अपितु कम उम्र से ही उनमें परोपकार की भावना को विकसित करता है। recent visitors 131

धान लोड करते समय ट्रक से गिरकर हमाल की मौत

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला थाना क्षेत्र के धान खरीदी केंद्र में एक दुखद घटना घटी है. यहां ट्रक में धान लोड करते समय एक हमाल गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, बरमकेला थाना क्षेत्र के धान खरीदी केंद्र में आज हमाल सनातन सिदार (40 वर्ष) ट्रक में धान लोड कर रहा था. इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह ट्रक के ऊपर से नीचे गिर गया. मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत उन्हें उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में सनातन को मृत घोषित कर दिया. मृतक सनातन सिदार ग्राम देवगांव का निवासी था. घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है. recent visitors 57

नशीले पदार्थों और तंबाकू उत्पादों पर सख्ती से करें कार्यवाही-कलेक्टर

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में आगामी क्रिसमस और नए साल के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। 24 दिसंबर 2024 को कलेक्टर डी. राहुल वेंकट की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक के दौरान पुलिस विभाग की भी समीक्षा हुई, जिसमें जिले की कानून-व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह ने इस बैठक में सुरक्षा प्रबंधन से संबंधित विशेष निर्देश दिए और सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा। बैठक में 25 दिसंबर 2024 को क्रिसमस और 31 दिसंबर 2024 व 1 जनवरी 2025 के नए साल के जश्न के दौरान संभावित उल्लंघनों को रोकने के लिए चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिये गये। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर हुड़दंग, सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित व्यवहार, और बिना अनुमति के पार्टी जैसे कार्यों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से होटल और रेस्टोरेंट्स को रात 1 बजे तक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी पार्टी के आयोजन के लिए आयोजकों को उचित लाइसेंस और टिकट की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध शराब वितरण पर कठोर नजर रखी जाएगी। यदि कोई होटल या आयोजन स्थल बिना लाइसेंस के शराब परोसता पाया गया, तो संबंधित पर तत्काल कानूनी कार्रवाई होगी। इसी के साथ कलेक्टर ने नशीले पदार्थों और तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कोपटा एक्ट के तहत कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पान ठेलों तथा स्कूल, कॉलेज, अस्पताल परिसर के शासकीय कार्यालयों की सौ मीटर के दायरे संचालित दुकानों पर लगातार कार्रवाई करते हुए 200 रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिये हैं। पुलिस अधीक्षक ने बाजार क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने की योजना पर जोर दिया। चिरमिरी क्षेत्र में साप्ताहिक संयुक्त जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया गया, जिसमें एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओ, सीएसपी, और डीएसपी जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। यह टीम बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण, दुकानों के बाहर सामान रखने और बख्तमीजी करने वालों पर कार्रवाई करेगी। सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। इन बैठकों के माध्यम से जनता को जागरूक करने और प्रशासनिक स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। हाल ही में मनेंद्रगढ़ के तहसीलदार पर हुए हमले का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को सतर्क रहना होगा। इसके अलावा, जिले में हो रही गांजा और शराब तस्करी को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों की जांच को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने धारा 304, 379, 457 और 380 जैसे गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में पुलिस और प्रशासन  जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और आगामी त्योहारों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता जताई। recent visitors 74

मनु भाकर ने खेल रत्न पुरस्कार विजेताओं की सूची से नाम हटने पर दी प्रतिक्रिया, जाने क्या बोला

पेरिस पेरिस ओलंपिक की दोहरी कांस्य पदक विजेता मनु भाकर ने खेल रत्न पुरस्कार विजेताओं की सूची से उन्हें बाहर रखे जाने को लेकर उठे विवाद के बीच मंगलवार को स्वीकार किया कि इस साल के राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए नामांकन दाखिल करते समय शायद उनकी ओर से कोई चूक हुई है। खेल मंत्रालय ने नुकसान की भरपाई के लिए कदम उठाते हुए कहा था कि पुरस्कार के लिए नामांकन की सूची को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है जिसके एक दिन बाद 22 वर्षीय स्टार पिस्टल निशानेबाज ने देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिए नामांकन नहीं मिलने पर सोशल मीडिया पर अपनी स्थिति स्पष्ट की। शायद मेरी ओर से कोई चूक हुई- मनु मनु ने ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘सबसे प्रतिष्ठित खेल रत्न पुरस्कार के लिए मेरे नामांकन को लेकर चल रहे मुद्दे के संबंध में मैं यह कहना चाहूंगी कि एक खिलाड़ी के रूप में मेरी भूमिका अपने देश के लिए खेलना और प्रदर्शन करना है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि नामांकन दाखिल करते समय शायद मेरी ओर से कोई चूक हुई है जिसे ठीक किया जा रहा है।'' हरियाणा की इस निशानेबाज ने कहा कि उनका लक्ष्य देश के लिए प्रदर्शन करना है और इसमें बदलाव नहीं आएगा, फिर चाहे उन्हें पुरस्कार मिले या नहीं। कृपया इस पर अटकलें न लगाएं इससे पहले उनके निजी जसपाल राणा और पिता रामकिशन भाकर ने खेल मंत्रालय और चयन समिति पर उनकी शानदार उपलब्धियों के बावजूद उन्हें नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘पुरस्कार और मान्यता मुझे प्रेरित करते हैं, लेकिन ये मेरा लक्ष्य नहीं हैं।'' मनु ने कहा, ‘‘पुरस्कार मिले या नहीं, मैं अपने देश के लिए और अधिक पदक जीतने के लिए प्रेरित रहूंगी। सभी से अनुरोध है कि कृपया इस पर अटकलें न लगाएं।'' राणा और रामकिशन ने खेल मंत्रालय और चयन समिति पर उनकी शानदार उपलब्धियों के बावजूद उन्हें नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। हालांकि खेल मंत्रालय के अनुसार सूची को अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। खेल रत्न के लिए किन्हें चुना गया? खेल मंत्रालय ने कहा कि कुछ दिनों में जब नामों का खुलासा होगा तो उनका नाम उसमें शामिल होने की संभावना है। विश्वसनीय रूप से पता चला है कि पुरुष हॉकी कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरालंपिक स्वर्ण विजेता ऊंची कूद खिलाड़ी प्रवीण कुमार को खेल रत्न के लिए चुना गया है। इसके अलावा 30 अर्जुन पुरस्कार विजेताओं के नाम शामिल है जिसमें 17 पैरा खेलों से हैं। पुरस्कार चयन समिति के अध्यक्ष उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति वी रामसुब्रमण्यम हैं और इसमें पूर्व महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल, मुक्केबाज विजेंदर सिंह और पूर्व महान क्रिकेटर अनिल कुंबले भी शामिल हैं। मनु भाकर दो पदक जीतने वाली पहली खिलाड़ी समिति को उन लोगों के नाम पर विचार करने का अधिकार है जिन्होंने आवेदन किया हो। लेकिन यदि आवश्यक हो तो समिति उन नामों पर चर्चा करने के लिए भी अधिकृत है जो उस सूची में शामिल नहीं हैं। मनु ओलंपिक के एक ही सत्र में दो पदक जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली खिलाड़ी हैं। उन्होंने पेरिस में 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत और 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम (सरबजोत सिंह के साथ) स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीते। recent visitors 114

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवासियों को 24 घंटे साफ पानी देने का वादा किया

नई दिल्ली दिल्ली विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही आम आदमी पार्टी (AAP) ने फिर से बड़े वादे करना शुरू कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवासियों को 24 घंटे साफ पानी देने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए विशेष प्लांट लगाए जाएंगे, जो पानी से अमोनिया हटाएंगे, और साथ ही 2,500 ट्यूबवेल भी लगाए जाएंगे। 24 घंटे मिलेगा साफ पानी आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को यहां राजिंदर नगर इलाके में पांडव नगर डीडीए फ्लैटों में चौबीसों घंटे पानी की आपूर्ति शुरू की। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "जब हम 10 साल पहले दिल्ली में सत्ता में आए थे, तब करीब 50-60 फीसदी पानी टैंकरों से सप्लाई होता था। टैंकर माफिया हुआ करते थे। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि आज, 10 साल बाद, दिल्ली के 97 फीसदी हिस्से में पाइपलाइन से पानी आता है।"  हमने वादा किया था कि दिल्ली के हर घर में 24 घंटे साफ़ पानी पहुँचाएंगे। यह बताते हुए खुशी हो रही है कि इसकी शुरुआत हो चुकी है। राजेंद्र नगर विधानसभा में जाकर मैंने ख़ुद टोंटी से पानी पिया, पानी एकदम साफ़-सुथरा है। अब पूरी दिल्ली को नल से 24 घंटे साफ़ पानी मिलेगा। उन्होंने कहा, "आज, राजिंदर नगर में चौबीसों घंटे साफ पानी की आपूर्ति शुरू हो गई है और हम आने वाले समय में इसे पूरी दिल्ली में लागू करेंगे।" यह दिखाने के लिए कि पानी साफ है, केजरीवाल ने सीधे नल से पानी पिया। आप प्रमुख के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और स्थानीय विधायक दुर्गेश पाठक भी थे। आप ने अगले साल फरवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए राजिंदर नगर निर्वाचन क्षेत्र से पाठक को मैदान में उतारा है। केजरीवाल के अन्य वादे केजरीवाल ने 2025 में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कई और बड़े वादे किए हैं। इनमें से एक बड़ा वादा है कि अगर AAP फिर से सत्ता में आई, तो हर पात्र महिला को हर महीने 2100 रुपये दिए जाएंगे। इस योजना का लाभ 18 साल और उससे ऊपर की हर महिला को मिलेगा, इसके लिए उन्हें रजिस्ट्रेशन कराना होगा।इसके अलावा, केजरीवाल ने दलित समाज के लिए भी एक अहम घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जो भी दलित छात्र विदेश में पढ़ना चाहते हैं, दिल्ली सरकार उनका पूरा खर्च उठाएगी। इन वादों के साथ, आम आदमी पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले अपनी चुनावी तैयारियों में जुटी हुई है और दिल्लीवासियों को बेहतर सुविधाएं देने का वादा कर रही है। recent visitors 65

राज्य सरकार ने उठाया कदम, 25 दिसंबर से 1 फरवरी तक स्कूलों में छुट्टी का ऐलान

शिमला सर्दियों की छुट्टियों का इंतजार हर किसी को रहता है, खासकर तब जब ये लंबी हो। उत्तराखंड में स्कूली बच्चों के लिए इस बार एक महीने से भी ज्यादा की सर्दियों की छुट्टियां घोषित हो चुकी हैं। पहाड़ों की ठंड और बर्फबारी के बीच बच्चों को सुरक्षित और स्वस्थ रखने के लिए राज्य सरकार ने यह कदम उठाया है।   कब से शुरू होंगी छुट्टियां? उत्तराखंड के स्कूल 25 दिसंबर से बंद हो जाएंगे और फिर सीधे 1 फरवरी को दोबारा खुलेंगे। इसका मतलब है कि बच्चों को पूरे एक महीने से अधिक समय तक घर पर रहने और ठंड से बचने का मौका मिलेगा। सर्द मौसम का असर उत्तराखंड की भौगोलिक स्थिति और पहाड़ी इलाकों की कठोर सर्दी के कारण यहां सर्दियों में जमकर बर्फबारी होती है। ठंड से बच्चों को राहत देने और उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जहां पहाड़ी इलाकों में सर्दियों की छुट्टियां लंबी होती हैं, वहीं मैदानी इलाकों में गर्मियों की छुट्टियां ज्यादा समय तक चलती हैं। इस बार मैदानी इलाकों में 1 जनवरी से 15 जनवरी तक का अवकाश घोषित किया गया है। अभिभावकों और शिक्षकों की जिम्मेदारी लंबी छुट्टियों के दौरान बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए स्कूल होमवर्क और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की योजना बनाते हैं। माता-पिता की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वे घर पर बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करें और पढ़ाई का माहौल तैयार करें। वहीं, शिक्षकों का भी फर्ज है कि बच्चों की पढ़ाई सुचारु रूप से जारी रहे। बच्चों का ध्यान रखें सर्दियों की छुट्टियां न केवल आराम का मौका देती हैं बल्कि ठंड से बचाव और स्वास्थ्य का ध्यान रखने का भी समय होता है। अभिभावकों और बच्चों को चाहिए कि वे इस समय का सही उपयोग करें। recent visitors 60