उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण कार्यों और नियुक्तियों की प्रगति की समीक्षा की

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि आईपीएचएस मानकों के अनुरूप कैबिनेट द्वारा स्वीकृत पदों पर भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि नवीन स्वीकृत पदों के साथ रिक्त पदों की पूर्ति के लिए आवश्यक प्रावधान सुनिश्चित किए जाएं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी और सुलभ बनाया जा सके। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मंत्रालय में स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण कार्यों और चिकित्सकीय व सहायक चिकित्सकीय पदों पर नियुक्तियों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने नवीन जिला चिकित्सालयों में पदों की पूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माणाधीन कार्यों की सतत निगरानी और समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। आयुक्त स्वास्थ्य श्री तरुण राठी, एमडी एमपीबीडीसी डॉ. पंकज जैन, सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी, पीआईयू और एमपीबीडीसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।   recent visitors 57

19 फरवरी को कराची से शुरू होगा आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज, 9 मार्च को खेला जायेगा फाईनल मैच

नई दिल्ली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फिक्स्चर और ग्रुप की घोषणा आईसीसी ने कर दी है। यह टूर्नामेंट 19 फरवरी को कराची में शुरू होगा और फाइनल 9 मार्च को होगा। आठ टीमों के इस टूर्नामेंट में 15 मैच होंगे और यह प्रतियोगिता पाकिस्तान और दुबई में खेली जाएगी। पाकिस्तान में, रावलपिंडी, लाहौर और कराची में तीन जगहों पर मैच खेले जाएंगे। पाकिस्तान में प्रत्येक जगह पर तीन ग्रुप गेम होंगे, जिसमें लाहौर दूसरे सेमीफाइनल की मेजबानी भी करेगा। जबकि भारत से जुड़े तीन ग्रुप मैचों के साथ-साथ पहला सेमीफाइनल दुबई में खेला जाएगा। 9 मार्च को लाहौर में फाइनल होगा। लेकिन अगर भारत फाइनल के लिए क्वालीफाई करता है, उस स्थिति में यह दुबई में खेला जाएगा। दोनों सेमीफाइनल और फाइनल में रिजर्व डे होंगे। पाकिस्तान 19 फरवरी को कराची में ग्रुप ए टूर्नामेंट ओपनर में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। भारत और पाकिस्तान के मैच के साथ दुबई लेग अगले दिन से शुरू होगा। ग्रुप बी की शुरुआत 21 फरवरी को होगी, जब अफगानिस्तान कराची में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान में उतरेगा। शनिवार (22 फरवरी) को लाहौर में प्रतिद्वंद्वी इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया आमने-सामने होंगे, और अगले दिन (23 फरवरी) बहुप्रतीक्षित पाकिस्तान-भारत मैच होगा। यह मैच दुबई में खेला जाएगा। बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी में प्रतिस्पर्धा करने वाली आठ टीमें आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 के अंकों की तालिका में शीर्ष आठ स्थानों पर रही टीमें हैं। टूर्नामेंट के ग्रुप ए में मौजूदा चैंपियंस ट्रॉफी धारक और मेजबान पाकिस्तान, भारत, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश शामिल हैं, जबकि ग्रुप बी में क्रिकेट विश्व कप 2023 के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। चैंपियंस ट्रॉफी का कार्यक्रम: 19 फरवरी: पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड, कराची, पाकिस्तान 20 फरवरी: बांग्लादेश बनाम भारत, दुबई 21 फरवरी: अफगानिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका, कराची, पाकिस्तान 22 फरवरी: ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड, लाहौर, पाकिस्तान 23 फरवरी: पाकिस्तान बनाम भारत, दुबई 24 फरवरी: बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड, रावलपिंडी, पाकिस्तान 25 फरवरी: ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका, रावलपिंडी, पाकिस्तान 26 फरवरी: अफगानिस्तान बनाम इंग्लैंड, लाहौर, पाकिस्तान 27 फरवरी: पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश, रावलपिंडी, पाकिस्तान 28 फरवरी: अफगानिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया, लाहौर, पाकिस्तान 1 मार्च: दक्षिण अफ्रीका बनाम इंग्लैंड, कराची, पाकिस्तान 2 मार्च: न्यूजीलैंड बनाम भारत, दुबई 4 मार्च: सेमीफाइनल 1, दुबई 5 मार्च: सेमीफाइनल 2, लाहौर, पाकिस्तान 9 मार्च: फाइनल, लाहौर (जब तक भारत क्वालीफाई नहीं करता, तब तक यह दुबई में खेला जाएगा) 10 मार्च: रिजर्व डे recent visitors 42

पंचायत सचिव संतोष कुमार सोनी को रिस्वत लेते हुए लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा

उमरिया भुगतान की एवज में कमीशन मांगने वाले पंचायत सचिव को लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथों दबोच लिया है। जनपद पंचायत मानपुर के माला गांव के पंचायत सचिव संतोष कुमार सोनी ने रिश्वत की मांग की थी। संतोष अम्रत सरोवर का काम जेसीबी मशीन से करवाने के बाद उसके भुगतान के एवज में साढ़े सात प्रतिशत की दर से कमीशन मांग रहा था। कार्रवाई के दौरान संदीप सिंह भदोरिया निरीक्षक उनकी टीम के सदस्य मौजूद थे। यह है मामला अमृत सरोवर के निर्माण के दौरान अपनी जेसीबी मशीन से काम करने वाले अंकुर तिवारी ने इस मामले में लोकायुक्त से शिकायत की थी। लोकायुक्त निरीक्षक संदीप सिंह भदोरिया ने बताया कि अंकुर तिवारी ने जो काम पंचायत में किया था, उसका उसे दो लाख रूपये पंचायत से प्राप्त करना था। लोकायुक्त से की शिकायत सचिव अंकुर तिवारी से साढ़े सात प्रतिशत की दर से कमीशन की मांग कर रहा था। अंकुर तिवारी ने पांच हजार रूपये पहले ही दे दिए थे, शेष राशि दस हजार रूपये और दी जानी थी। पंचायत सचिव से परेशान अंकुर तिवारी ने इस मामले की शिकायत लोकायुक्त से कर दी। पर्याप्त प्रमाण मिलने पर लोकायुक्त ने ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की और अंकुर तिवारी को दस हजार रूपये के साथ आरोपित के पास भेजा। जैसे ही आरोपित ने रूपये लिए लोकायुक्त ने उसे दबोच लिया और उस पर कार्रवाई कर दी। इस मामले में अब अगली कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी। हालांकि अभी तक कोई कार्रवाई की नहीं गई है। recent visitors 179

विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्ध-घुमंतु विद्यार्थियों को मुख्य धारा से जोड़ने में देश में तीसरे स्थान पर मध्यप्रदेश

भोपाल मध्यप्रदेश के विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्ध-घुमन्तु समुदाय के 50 विद्यार्थियों का केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत संचालित फ्री कोचिंग और स्कॉलरशिप। स्कीम “बडी-फॉर-स्टडी’’ के लिये राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। इसमें प्रदेश को यह सफलता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में विमुक्त, घुमन्तु और अर्ध-घुमन्तु कल्याण विभाग की मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर और अधिकारियों के अथक प्रयासों से मिली है। मंत्री श्रीमती गौर ने इसके लिए केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्ध-घुमन्तु समुदाय के सशक्तिकरण के लिए राष्ट्रीय बोर्ड एवं विकास बोर्ड की सीड परियोजना में आवास, आजीविका, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विभाग में पहली बार समुदाय के विद्यार्थियों की कोचिंग “बडी-फॉर-स्टडी’’ के माध्यम से संचालित की जा रही है। विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजीत केसरी के मार्गदर्शन में 11 नवंबर को राज्य स्तरीय वर्कशॉप का आयोजन किया गया, इसमें जिलों में तैनात सहायक संचालकों को बडी-फॉर-स्टडी के प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को योजना की विस्तृत जानकारी के साथ ही बताया गया कि विमुक्त, घुमन्तु और अर्ध-घुमन्तु समुदाय के विद्यार्थियों को किस तरह आवेदन कराया जाएगा। जिलों में तैनात अधिकारियों ने विद्यार्थियों को इस राष्ट्रीय स्तर की निःशुल्क कोचिंग योजना के लिये “बडी-फॉर-स्टडी’’ पोर्टल पर आवेदन कराया गया। पहली ही बार में मध्यप्रदेश के 50 विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर की इस कोचिंग एवं स्कॉलरशिप के लिए चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में खरगौन के 12, सतना के 09, इंदौर के 06, गुना के 05, ग्वालियर के 05, अशोकनगर के 02, सागर के 02 और बड़वानी, भोपाल, बुरहानपुर, देवास, जबलपुर, कटनी, खंडवा, पन्ना और उमरिया के 01-01 विद्यार्थी सम्मिलित हैं। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय द्वारा गठित राष्ट्रीय बोर्ड विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्ध-घुमन्तु समुदाय कल्याण एवं विकास बोर्ड द्वारा संचालित राष्ट्रीय स्तर की इस निःशुल्क कोचिंग व स्कॉरलशिप के लिए 50 बच्चों के चयन से मध्यप्रदेश देश में तीसरे स्थान पर रहा है। इससे राज्य के विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्ध-घुमन्तु समुदायों को एक नई दिशा मिलेगी।   recent visitors 70

स्व- सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं बने आत्म निर्भर- मंत्री श्री चौहान

भोपाल अनुसूचित जाति कल्याण एवं उमरिया जिले के प्रभारी मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार जनजातीय समाज को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन कर विकास के नए आयाम से जोड़ने का काम किया। देश के विकास को गति प्रदान की। आइए हम सब स्व. वाजपेयी की जन शताब्दी के अवसर पर सुशासन का संकल्प लें। किसान, गरीब, महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए नए संकल्प के साथ जुड़े। मंत्री श्री चौहान मंगलवार को उमरिया जिले की पाली नगर पालिका में जन कल्याण शिविर को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मानपुर विधायक सुश्री मीना सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुजा पटेल, कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन, सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष पाली श्रीमती शंकुतला प्रधान सहित जनप्रतिनिधि , शासकीय अधिकारी, पार्षद, नागरिक उपस्थित थे। मंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्व. वाजपेयी ने भारत का ही नहीं विश्व का मार्गदर्शन किया तथा भारत की छवि को दुनिया के नक्शे में उभारने का काम किया। उनके द्वारा किये गए कार्यों एवं नीतियाँ के कारण आज देश तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से आत्म निर्भर बने। जिले में 35 हजार स्व सहायता समूह गठित है जिनसे जुड़कर महिलाएं कृषि, पशु पालन, सब्जी उत्पादन, मनिहारी, पेंटिंग्स बनाने, सिलाई, किराना दुकान जैसी गतिविधियां संचालित कर रही है। मंत्री श्री चौहान ने जन कल्याण शिविर में राजस्व, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, आयुष्मान कार्ड योजना के सैकड़ो हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। उन्होंने नगरपालिका क्षेत्र के 2 करोड़ 61 लाख रुपये से अधिक के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी किया। मंत्री श्री चौहान ने पाली स्थित मां बिरासनी के दर्शन किए और प्रदेश की समृद्धि तथा प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। मंत्री श्री चौहान के मुख्य आतिथ्य मे 25 दिसंबर को प्रातः 10.30 बजे सुशासन दिवस कार्यक्रम सामुदायिक भवन उमरिया मे आयोजित जाएगा।   recent visitors 61

मेपकास्ट करेगा इजरायल के साथ जल तकनीकी पर कार्यशाला

भोपाल मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मेपकॉस्ट) ने जल प्रबंधन के क्षेत्र में इजरायल की उन्नत तकनीकों को समझने और उन्हें अपनाने के उद्देश्य से इजरायली एंबेसी की "वाटर अटैची" सुश्री नोआ को आमंत्रित किया। बैठक में प्रदेश के जल क्षेत्र से जुड़े विभिन्न शासकीय विभागों और विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। बैठक में मेपकॉस्ट के जल संसाधन प्रमुख डॉ. कपिल खरे ने परिषद द्वारा रिमोट सेंसिंग और जीआईएस तकनीकों के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में पूर्ण किए गए प्रोजेक्ट्स की जानकारी साझा की। जल संरक्षण, संवर्धन और प्रबंधन में इजरायल की अत्याधुनिक तकनीकों के उपयोग पर चर्चा हुई। नर्मदा समग्र और मेपकॉस्ट की संयुक्त पहल से आयोजित बैठक में वाटर सेक्टर पर काम करने वाले लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान, आईसर भोपाल, केंद्रीय जल आयोग भूजल प्राधिकरण सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ मौजूद रहे। सुश्री नोआ ने प्रदेश में इजरायली विशेषज्ञों की मदद से जल प्रबंधन की नई तकनीकों को लागू करने और भोपाल में एक विस्तृत कंसल्टेशन कार्यक्रम आयोजित करने की सहमति दी। इस अवसर पर परिाद की गतिविधियों पर संक्षिप्त प्रस्तुतीकरण श्री तस्नीम हबीब ने किया। कार्यक्रम का समापन परिषद के वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक डॉ. रविशंकर भारद्वाज द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इजराइल अपने उन्नत तकनीकी विकास और वैज्ञानिक उपलब्धियों के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। जल प्रबंधन के क्षेत्र में इजराइल ने अद्वितीय तकनीकें विकसित की हैं, जिनका उपयोग आज दुनिया भर के देश कर रहे हैं।   recent visitors 49

जल संचय जन भागीदारी से जन आंदोलन में बदलना चाहिए: सी आर पाटील

खजुराहो केन बेतवा लिंक परियोजना को लेकर आज केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल के द्वारा खजुराहो पहुंचकर खजुराहो के पाहिल वाटिका में जनसंचय, जन भागीदारी , जन आंदोलन के तहत मध्य प्रदेश विकास परिषद गुजरात के तत्वाधान में भूमि पूजन किया गया इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जल संचय, जन भागीदारी से जन आंदोलन मैं बदलना होगा तभी हम अपने धरती माता के प्रति कर्तव्यों का उचित निर्वहन कर पाएंगे । भूमि पूजन के पश्चात पत्रकारों से चर्चा करते हुए जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने कहा कि मध्य प्रदेश में केंन बेतवा लिंक परियोजना का सपना पूर्व प्रधानमंत्री पंडित अटल बिहारी वाजपेई जी के द्वारा देखा गया था जिसको देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पूर्ण करने जा रहे हैं, इस सपने को साकार होने के साथ ही  हर घर और खेत तक पानी पहुंचे ऐसी हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की मंशा है , 44000 करोड़ की इस योजना का कार्य प्रारंभ हो चुका है जिसमें से कुछ कार्य अभी हो चुके हैं जिसमें दम इत्यादि का भी निर्माण हो रहा है तथा 3 वर्ष के अंतराल में इस कार्य को पूर्ण किया जाना है । इस अवसर पर उन्होंने खजुराहो सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा जी की प्रशंसा करते हुए कहा कि निश्चित रूप से इस योजना को धरातल पर लाने के लिए तथा बजट को पास करवाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही जिसके चलते यह योजना साकार हो सकी और 25 दिसंबर को हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी खजुराहो में आकर इसकी आधारशिला रखेंगे , आज इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अरविंद पटेरिया तथा नगर परिषद खजुराहो के अध्यक्ष अरुण कुमार पप्पू अवस्थी के अलावा जनसंचय जन भागीदारी जन आंदोलन मध्य प्रदेश विकास परिषद गुजरात के यतेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे ।   recent visitors 66