सीईटी परीक्षा में प्रवेश से पहले जनेऊ उतारवाने पर बवाल, निलंबित हुए प्रिंसिपल और स्टाफ

बीदर कर्नाटक के बीदर से बड़ी खबर आ रही है। यहां साईं स्फूर्ति पीयू कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. चंद्र शेखर बिरादर और स्टाफ सतीश पवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। छात्र सुचिव्रत कुलकर्णी ने दावा किया था कि 17 अप्रैल को बीदर के साईं स्फूर्ति पीयू कॉलेज में कर्नाटक सीईटी परीक्षा केंद्र पर उनसे जनेऊ उतरवाया गया था। दरअसल,  17 अप्रैल को कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी परीक्षा) के दौरान परीक्षा केंद्र पर एक छात्र से जबरन जनेऊ (पवित्र धागा) हटाने की मांग की गई। छात्र बीदर के साईं स्फूर्ति पीयू कॉलेज में परीक्षा देने गया था, लेकिन वहां मौजूद स्टाफ ने कहा कि अगर वह जनेऊ नहीं हटाता, तो उसे परीक्षा देने नहीं दिया जाएगा। छात्र ने धार्मिक प्रतीक बताते हुए जनेऊ हटाने से इनकार किया, जिसके बाद उसे परीक्षा देने से रोक दिया गया और वह वापस घर लौट आया। छात्र सुचिव्रत कुलकर्णी की मां नीता कुलकर्णी ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा, 'मेरे बेटे ने कहा कि वह जनेऊ नहीं हटा सकता, क्योंकि यह धार्मिक मान्यता से जुड़ा हुआ है। फिर भी उसे परीक्षा से बाहर कर दिया गया। ये बहुत गलत हुआ है।' उन्होंने सरकार से मांग की है कि या तो उनके बेटे के लिए दोबारा परीक्षा कराई जाए, या फिर उसे किसी अच्छे कॉलेज में दाखिला दिलाया जाए, जिसकी फीस सरकार या संबंधित कॉलेज द्वारा दी जाए। आदिचुंचनगिरी पीयू कॉलेज में भी हुआ था विवाद इससे पहले आदिचुंचनगिरी पीयू कॉलेज में भी ऐसा ही विवाद हुआ था। पुलिस ने शनिवार को बताया कि सीईटी परीक्षा केंद्र आदिचुंचनगिरी पीयू कॉलेज के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इन अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने छात्रों से परीक्षा हॉल में प्रवेश करने से पहले अपने 'जनिवार' (ब्राह्मणों द्वारा पहना जाने वाला पवित्र धागा) उतारने के लिए कहा। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर तैनात दो होमगार्डों को इस संबंध में निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने छात्रों से पवित्र धागा उतारने के लिए कहा था। पुलिस ने दर्ज किया मामला कर्नाटक ब्राह्मण सभा के नटराज भागवत की ओर से शुक्रवार को शिकायत दर्ज किए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 299 (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कार्य, जिसका उद्देश्य किसी वर्ग के धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान करके उसकी धार्मिक भावनाओं को आहत करना), 351 (1) (आपराधिक धमकी), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 3(5) (सामान्य इरादा) शामिल हैं। समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन के संज्ञान में घटना लाने के बावजूद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई और छात्रों से परीक्षा हॉल में प्रवेश करने से पहले 'जनेऊ' उतारने के लिए कहने से छात्रों के साथ-साथ समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है। दो होमगार्ड को निलंबित किया गया जिला प्रभारी मंत्री मधु बंगरप्पा के निर्देश के बाद शिवमोगा के डिप्टी कमिश्नर गुरुदत्त हेगड़े ने दो होमगार्ड को निलंबित कर दिया और सीईटी आयोजित करने वाले कर्नाटक परीक्षा प्राधिकरण को एक रिपोर्ट सौंपी गई है। कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए छात्रों का चयन करने के लिए आयोजित किया जाता है। क्या है मामला? पुलिस ने बताया कि बुधवार को आदिचुंचनगिरी पीयू कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा कर्मचारियों ने तीन छात्रों से कथित तौर पर 'जनेऊ' उतारने के लिए कहा। छात्रों में से एक ने पवित्र धागा उतारने से इनकार कर दिया, फिर भी उसे परीक्षा देने की अनुमति दे दी गई, जबकि दो अन्य ने परीक्षा हॉल में प्रवेश करने से पहले इसे उतार दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'प्रारंभिक जांच के अनुसार जब हमने कॉलेज अधिकारियों से पूछताछ की, तो उन्होंने कहा कि उनकी ओर से केवल परीक्षा के लिए भवन दिया गया है और प्रवेश परीक्षा आयोजित करने या सुविधा प्रदान करने में उनकी कोई भूमिका नहीं है, जबकि परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों ने दावा किया कि उन्होंने किसी भी छात्र से अपनी शर्ट या जनेऊ उतारने के लिए नहीं कहा। नियम के अनुसार, उन्होंने केवल छात्रों से काशी धारा (कलाई के चारों ओर पहना जाने वाला पवित्र धागा) उतारने के लिए कहा था।' recent visitors 19

अखिलेश यादव ने आगरा में खेला पीडीए कार्ड, भाजपा की बढ़ेगी मुश्किलें

आगरा सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आगरा में सामाजिक न्याय की नई क्रांति का नारा दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की वैचारिक लड़ाई का आगरा नया केंद्र बनकर उभरेगा। वह शनिवार को साफ कर गए कि 2027 का चुनाव आगरा बनाम पीडीए होगा। सपा मुखिया ने पीडीए कार्ड को नई धार दी और सपाइयों में जोश भरा। कहा कि वह आगरा में संकल्प लें और इसे सामाजिक न्याय का प्रतीक मानें। पीडीए से 2024 में मिली सफलता को सपा 2027 चुनाव में फिर भुनाना को आतुर है। इसलिए शनिवार को उनके निशाने पर एक तरफ योगी सरकार में पीडीए के लोगों पर हुए अत्याचार, तो दूसरी तरफ बाबा साहब के संविधान को पीडीए के लिए ढाल बताया। आगरा में नौ विधानसभा सीटें और 15 लाख से अधिक दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक मतदाता हैं। सिर्फ बाह की सीट छोड़कर बाकी आठ सीटों पर कभी भी सपा का खाता नहीं खुला। 30 साल से सपा तीसरे नंबर की पार्टी रही। लेकिन 2022 के चुनाव में सपा, कांग्रेस और रालोद ने गठबंधन करके चुनाव लड़ा। इससे वोट प्रतिशत में इजाफा हुआ और नौ विधानसभा सीटों में से छह पर गठबंधन दूसरे नंबर पर रहा। राणा सांगा पर मचे घमासान के बाद सपा सुमन को दलित नेता के रूप में प्रोजेक्ट कर रही है और बाबा साहब के नाम पर दलितों को साधने में लगी है। वहीं, अल्पसंख्यक और गैर यादव मतदाताओं में भी अपनी पैठ बनाने में जुटी है। सपा सांसद के आवास पर हुए हमले को दलित नेता के घर पर हमले के रूप में प्रचारित कर रही है। महापुरुषों पर टिप्पणी नहीं करने की नसीहत सपा मुखिया ने पार्टी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि महापुरुषों पर कोई टिप्पणी न करें। इसके साथ ही कहा कि इतिहास को इतिहास ही रहने दिया जाए। क्योंकि इतिहास में कई ऐसी बातें हैं, जो न हमें पसंद आएंगी और न उन्हें। सपा प्रमुख के आने पर आगरा, मथुरा, हाथरस, इटावा, मेरठ तक से कार्यकर्ता व पार्टी पदाधिकारी आगरा आए थे। recent visitors 32

दिल्ली बीजेपी कार्यालय में बीजेपी की वन नेशन-वन इलेक्शन पर अहम बैठक आज

नई दिल्ली ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ यानी एक देश-एक चुनाव को लेकर बीजेपी आज अहम बैठक करने जा रही है। ये बैठक दिल्ली बीजेपी कार्यालय में रविवार दोपहर 3:30 बजे होगी। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल करेंगे। इस अहम मीटिंग में दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी मौजूद रहेंगे। ठक में राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल दिल्ली के विधायकों से ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ पर चर्चा करेंगे। सुनील बंसल उस हाईपावर कमेटी का हिस्सा हैं, जो ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ पर पब्लिक ओपिनियन के लिए बनाई गई है। सूत्रों की मानें तो इससे पहले भी कई राज्यों में ऐसी बैठकों में उन्होंने हिस्सा लिया है और दिल्ली में उनकी मौजूदगी उसी श्रृंखला का हिस्सा है। पार्टी सूत्रों की मानें तो यह बैठक बहुत अहम है, और ये उन मीटिंग्स का हिस्सा है जो देशभर में ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ को लेकर हर राज्य में की जा रही हैं। ‘एक देश एक चुनाव’ का विचार पूरे देश में एक साथ चुनाव कराने से है। इसका मतलब यह है कि पूरे भारत में लोकसभा और सभी राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ होंगे। यानी मतदान एक ही समय के आसपास होगा.वर्तमान में, राज्य विधानसभाओं और लोकसभा के चुनाव अलग-अलग होते हैं। 17 दिसबंर 2024 को सदन में पेश हुआ था विधेयक बता दें कि संसद के मौजूदा शीतकालीन सत्र एक-देश एक चुनाव से संबंधित विधेयक को 17 दिसंबर को पेश किया गया था। सदन में मत विभाजन के बाद 129वें संविधान संशोधन विधेयक 2024 को फिर से स्थापित किया गया था। विधेयक को पेश किए जाने के पक्ष में 263 वोट, जबकि विरोध में 198 वोट पड़े थे. इस संसोधन पर विपक्षी दलों ने विरोध जताया था और इसे जेपीसी में भेजने की मांग की थी। पीएम मोदी ने भी इस बिल को जेपीसी में भेजने पर सहमति जताई थी। सदन में चर्चा के बाद इस विधेयक पर जेपीसी का गठन किया गया है। बिल पर JPC गठित, समिति में अनुराग-प्रियंका समेत 39 सांसद, राज्यसभा से 12 MP  वन नेशन-वन इलेक्शन को लेकर एक राय बनाने जेपीसी का गठन किया गया है। संसद की संयुक्त समिति में 12 राज्यसभा सासंद सहित सहित 39 सासंदो को शामिल किया गया है। संयुक्त समिति में बीजेपी से 16 और कांग्रेस के 5 सांसद शामिल है। समिति में राज्यसभा सांसद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घनश्याम तिवाड़ी, भुनेश्वर कलिता, के लक्ष्मण, कविता पाटीदार, जनता दल (यूनाइटेड) के संजय झा, कांग्रेस से रणदीप सिंह सुरजेवाला, और मुकुल वासनिक, तृणमूल कांग्रेस के साकेत गोखले, द्रविड़ मुनेत्र कषगम के पी विल्सन, आप के संजय सिंह, बीजू जनता दल से मानस रंजन मंगराज और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी से वी विजय साई रेड्डी हैं। समिति में लोकसभा से 27 सदस्य वन नेशन-वन नेशन इलेक्शन बिल पर बनी संयुक्त समिति कांग्रेस से प्रियंका गांधी वाड्रा , मनीष तिवारी और सुखदेव भगत को शामिल किया है. समाजवादी पार्टी से धर्मेंद्र यादव और छोटेलाल, तृणमूल कांग्रेस से कल्याण बनर्जी, द्रमुक से टी एम सेल्वागणपति, तेलुगु देशम पार्टी से हरीश बालयोगी, शिवसेना (उबाठा) से अनिल देसाई, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) से सुप्रिया सुले, शिवसेना से श्रीकांत शिंदे, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से शांभवी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के के शामिल हैं। राधाकृष्णन, राष्ट्रीय लोक दल के चंदन चौहान और जन सेना पार्टी के बालाशौरी वल्लभनेनी को इस समिति का हिस्सा होंगे. वहीं भारतीय जनता पार्टी से पीपी चौधरी, सीएम रमेश, बांसुरी स्वराज, पुरुषोत्तम रुपाला, अनुराग ठाकुर, विष्णु दयाल शर्मा, भर्तृहरि महताब, संबित पात्रा, अनिल बलूनी, विष्णु दत्त शर्मा, बैयजंत पांडा और संजय जायसवाल शामिल हैं। recent visitors 23

बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद में चिंटू चौकसे गिरफ्तार

इंदौर  मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। मामले में नगर निगम नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आठ लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। आट में से छह आरोपी फरार है। दरअसल बीजेपी कार्यकर्ता कपिल पाठक की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद चिंटू चौकसे के समर्थकों ने थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की। चिंटू चौकसे को गिरफ्तार कर एमवाय हॉस्पिटल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। बताया जाता है कि मारपीट के मामले में छह लोग अभी भी फरार है। पुलिस के मुताबिक लोहे की रोड से मारपीट की थी। पानी का टैंकर हटाने को लेकर नेताओं में विवाद हुआ था। recent visitors 21

28 स्कूलों में स्मार्ट क्लास-रूम का उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया शुभारंभ

रायपुर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज मुंगेली के लोरमी विकासखंड के 28 शासकीय स्कूलों में स्मार्ट क्लास-रूम का शुभारंभ किया। उन्होंने लोरमी विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैगाकापा में आयोजित कार्यक्रम में सभी स्मार्ट क्लास-रूम का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने स्मार्ट क्लास-रूम में अध्ययन-अध्यापन की सुविधाओं को देखा और इसके लिए स्थापित किए गए तकनीकी उपकरणों की सराहना की। एचडीएफसी बैंक और एआरओ फाउंडेशन के सहयोग से स्कूलों में ये स्मार्ट क्लास-रूम बनाए गए हैं। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्मार्ट क्लास-रूम का शुभारंभ करते हुए कहा कि स्मार्ट क्लास-रूम से बच्चों की पढ़ाई में रुचि और सीखने की क्षमता बढ़ेगी। इसके जरिए वे अपने विषयों को और अधिक अच्छे से समझ सकेंगे। वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों को भी अध्ययन-अध्यापन की नई और प्रभावी तकनीकों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने स्कूल के बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि यह स्मार्ट क्लास-रूम आप लोगों के लिए बना है। सभी विद्यार्थी इसका सदुपयोग करते हुए विषयों पर अपनी पकड़ मजबूत करें। उन्होंने स्मार्ट क्लास-रूम के शुभारंभ पर बधाई और शुभकामना दीं।              उप मुख्यमंत्री साव ने बैगाकापा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करने के लिए स्कूलों में डिजिटल तकनीकों का उपयोग बढ़ाया जा रहा है। एचडीएफसी बैंक और एआरओ फाउंडेशन के सहयोग से स्मार्ट क्लास-रूम की यह पहल विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी होगी। उन्होंने दोनों संस्थाओं को इसके लिए धन्यवाद दिया। लोरमी नगर पालिका के अध्यक्ष  सुजीत वर्मा, मुंगेली जिला पंचायत की सदस्य अनिता साहू और लोरमी जनपद पंचायत की अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद थे। recent visitors 30

लघुवनोपज प्रसंस्करण केंद्र का वनमंत्री कश्यप ने किया अवलोकन

 रायपुर, प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने आज दुर्ग जिले के पाटन विकासखण्ड  अंतर्गत ग्राम जामगांव (एम) में केन्द्रीय प्रसंस्करण इकाई का अवलोकन कर अद्यतन कार्यों का जायजा लिया। वनमंत्री ने यथाशीघ्र गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने संबंधितों को निर्देशित किया। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल व जिला एवं जनपद पंचायत के प्रतिनिधि भी साथ मौजूद थे। लघु वनोपजों के प्रसंस्करण हेतु लगभग 23 करोड़ की लागत से 110 एकड़  क्षेत्र में विभिन्न प्रसंस्करण इकाई स्थापित किया जा रहा है।  वन मंत्री कश्यप ने इन इकाई में प्रसंस्करण होने वाले उत्पाद तथा गोदामों में भंडारित वनोपज, मिलेट्स फसल, प्रसंस्करण पश्चात् वितरण आदि की भी जानकारी ली। वन मंत्री कश्यप ने सम्पूर्ण इकाई परिसर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को एक पेड़ माँ के नाम पर लोगों से पौध रोपण करने की अपील की। इस अवसर पर डीएफओ  चंद्रशेखर परदेशी, एसडीएम लवकेश ध्रुव एवं अन्य विभाग के अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। recent visitors 27

लखनऊ ने राजस्थान रॉयल्स को दो रन से हरा कर पांचवीं जीत की दर्ज

लखनऊ आवेश खान की घातक गेंदबाजी की दम पर लखनऊ सुपर जाएंट्स ने राजस्थान रॉयल्स को दो रन से हरा  दिया। इसमें आवेश की दमदार बॉलिंग  ने मैच को पलट दिया। शनिवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ ने एडेन मार्करम और आयुष बडोनी की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 180 रन बनाए, लेकिन जवाब में राजस्थान निर्धारित ओवरों में पांच विकेट खोकर 178 रन ही बना सकी। मौजूदा सत्र में यह लखनऊ की पांचवीं जीत है। अब टीम 10 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, राजस्थान आठ में से छह मैच गंवाने के बाद आठवें पायदान पर खिसक गई। वैभव और यशस्वी ने दिलाई थी अच्छी शुरुआत लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत शानदार हुई थी। यशस्वी जायसवाल और 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के बीच पहले विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी हुई। एडेन मार्करम ने सूर्यवंशी को पंत के हाथों स्टंप कराया। वह 20 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपने करियर की पहली गेंद पर छक्का जड़ा। इसके बाद शार्दुल ठाकुर ने नीतीश राणा को पवेलियन की राह दिखाई। वह सिर्फ आठ रन बना सके। फिर जायसवाल को रियान पराग का साथ मिला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े। आवेश खान ने पलटा पासा आवेश खान ने जायसवाल को 18वें ओवर की पहली गेंद पर बोल्ड किया। वह 52 गेंदों में 74 रन बनाकर आउट हुए। इसी ओवर में आवेश ने रियान को भी एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 39 रन बनाकर लौटे। पारी के अंतिम ओवर में टीम को जीत के लिए नौ रनों की जरूरत थी, लेकिन आवेश खान ने शिमरन हेटमायर को आउट कर उनकी यह उम्मीद भी तोड़ दी। ध्रुव जुरेल और शुभम दुबे क्रमश: छह और तीन रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ के लिए आवेश ने तीन विकेट लिए जबकि शार्दुल और मार्करम को एक-एक सफलता मिली। मार्करम-बडोनी के बाद समद गरजे इससे पहले, इस मैच में लखनऊ की शुरुआत खराब हुई। जोफ्रा आर्चर ने मिचेल मार्श को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ चार रन बना सके। इसके बाद संदीप शर्मा ने निकोलस पूरन को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ 11 रन बना पाए। वहीं, कप्तान ऋषभ पंत एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने सिर्फ तीन रन बनाए। इसके बाद मोर्चा एडेन मार्करम और आयुष बडोनी ने संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 49 गेंदों में 76 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान मार्करम ने 45 गेंदों में 66 और बडोनी ने 34 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। वहीं, डेथ ओवर्स में अब्दुल समद का बल्ला गरजा और उन्होंने 300 के स्ट्राइक रेट से महज 10 गेंदों में 30 रन कूट दिए। पारी के आखिरी ओवर में उन्होंने कुल 27 रन बटोरे। डेविड मिलर सात रन बनाकर नाबाद रहे। recent visitors 34