राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की विशेषज्ञता का लाभ संपूर्ण प्रदेश को समान रूप से मिले : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करना हमारा संकल्प है। इसके लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की डेयरी क्षेत्र में विशेषज्ञता का लाभ संपूर्ण प्रदेश को समान रूप से मिले यह सुनिश्चित करना आवश्यक है। सहकारी संघों के साथ निजी डेयरी संचालकों को भी आवश्यक कंसल्टेंसी उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए अन्य राज्यों की बेहतर नस्ल की गाय-भैंसों को प्रदेश में लाने और उन्हें किसानों को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने की आवश्यकता है। यह सुनिश्चित करना भी आवश्यक है कि प्रदेश में उत्पादित दूध के वैल्यू एडिशन के बाद ही डेयरी उत्पाद प्रदेश के बाहर जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड और म.प्र. राज्य सहकारी दुग्ध संघ के मध्य संपादित अनुबंध के बाद की गई कार्रवाई की समत्व भवन में समीक्षा कर रहे थे। बैठक में पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के प्रमुख श्री मिनेश शाह, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री एस. रघुपति, महाप्रबंधक श्री संजय गोबानी सहित अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में बड़ी गौशालाएं विकसित की जा रही हैं। इनके विकास और बेहतर प्रबंधन से भी दूध उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि निजी विश्वविद्यालय भी डेयरी टेक्नोलॉजी और एनिमल हसबेंडरी संबंधी कोर्स संचालित करें। विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थाओं के तकनीकी विशेषज्ञों को गौशालाओं से जोड़कर उनके मार्गदर्शन और निर्देशन से गौशालाओं के प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। बैठक में बताया गया कि अनुबंध के परिपालन में प्रदेश के दुग्ध संघों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों का प्रभार राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड द्वारा नामित मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सौंपा जा चुका है। निर्देशानुसार प्रदेश की दुग्ध सहकारी समितियों के कव्हरेज क्षेत्र के विस्तार, दुग्ध संकलन, दुग्ध प्रसंस्करण और दुग्ध उत्पादों के लिए अद्यतन तकनीक पर आधारित अधोसंरचना विकसित करने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के समन्वय से कार्य जारी है। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड अगले पांच साल में प्रदेश के कम से कम 50 प्रतिशत गांवों में प्राथमिक डेयरी सहकारी समितियों की स्थापना के लक्ष्य के साथ कार्य कर रहा है। इससे बड़ी संख्या में किसानों को लाभ मिलेगा। किसानों को दूध का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से दुग्ध संघों द्वारा दूध खरीदने की दर में वृद्धि की गई है। दुग्ध संकलन, गुणवत्ता नियंत्रण, भंडारण व्यवस्था आदि की विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जा रही है। सम्पूर्ण डेयरी वैल्यू चेन के डिजिटलाईजेशन के अंतर्गत ऑटोमेटिक मिल्क कलेक्शन सिस्टम का क्रियान्वयन प्रस्तावित है।  मध्यप्रदेश डेयरी विकास योजना के अंतर्गत डेयरी सहकारी कव्हरेज के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के साथ ही दूध और दूध के उत्पादों के विपणन में सुधार के लिए कोल्ड चैन इन्फ्रास्ट्रक्चर, मिल्क पार्लर स्थापना, ब्राण्ड प्रमोशन, मार्केट स्टडी प्रस्तावित है। दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए पशुओं के पोषण और स्वास्थ्य के संबंध में विशेषज्ञतापूर्ण गतिविधियां संचालित की जाएंगी। साथ ही राज्य शासन की किसान कल्याण योजनाओं की डेयरी सहकारी संस्थाओं के समन्वय से क्रियान्वयन के लिए भी पहल होगी।   recent visitors 60

ECINET एप से मतदाताओं और चुनाव अधिकारियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेगा समाधान

 नई दिल्ली चुनाव आयोग ऑफ इंडिया (ECI) अब देशभर के करोड़ों मतदाताओं, चुनाव अधिकारियों और राजनीतिक दलों के लिए एक बड़ा डिजिटल बदलाव करने जा रहा है। आयोग जल्द ही ECINET नाम से एक सिंगल-प्लेटफॉर्म एप लॉन्च करेगा, जो चुनाव संबंधी सभी सेवाओं को एक जगह पर उपलब्ध कराएगा। यह एप चुनाव आयोग की मौजूदा 40 से अधिक मोबाइल और वेब एप्लिकेशनों को एकीकृत कर देगा। ECINET एप को खासतौर पर बेहतर यूज़र इंटरफेस (UI) और सरल यूजर एक्सपीरियंस (UX) के साथ तैयार किया जा रहा है, जिससे मतदाता और अधिकारी बिना किसी झंझट के चुनाव से जुड़ी हर जानकारी तक पहुंच सकें। अब बार-बार अलग-अलग एप्स डाउनलोड करने और पासवर्ड याद रखने की जरूरत नहीं होगी। अब मोबाइल या डेस्कटॉप पर मिलेगी पूरी जानकारी इस आधुनिक प्लेटफॉर्म की कल्पना मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ग्यानेश कुमार ने मार्च 2025 में हुई मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEOs) की बैठक में की थी, जिसमें चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी भी मौजूद थे। ECINET के जरिए उपयोगकर्ता अब अपने मोबाइल या डेस्कटॉप से ही जरूरी चुनावी जानकारी तक पहुंच पाएंगे। खास बात यह है कि इस ऐप पर अपलोड की जाने वाली सभी जानकारियां केवल अधिकृत चुनाव अधिकारी ही दर्ज करेंगे, जिससे डेटा की सटीकता बनी रहेगी। हालांकि, किसी भी विवाद की स्थिति में स्टैच्युटरी फॉर्म्स में भरी गई जानकारी ही अंतिम मानी जाएगी। ये एप्स होंगे ECINET में शामिल इस नई पहल के तहत चुनाव आयोग Voter Helpline App, Voter Turnout App, cVIGIL, Suvidha 2.0, ESMS, Saksham और KYC App जैसे पॉपुलर एप्स को भी ECINET में मर्ज कर देगा। गौरतलब है कि इन एप्स को अब तक 5.5 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है। 100 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं को होगा फायदा ECINET से न केवल 100 करोड़ से अधिक मतदाताओं को सुविधा होगी, बल्कि देशभर के 10.5 लाख बूथ लेवल अफसर, 15 लाख राजनीतिक एजेंट्स, 45 लाख से ज्यादा पोलिंग अधिकारी, 15,597 असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर, 4,123 इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अफसर और 767 जिला चुनाव अधिकारी (DEO) भी इससे जुड़ेंगे। ECINET का डेवलपमेंट अब एडवांस स्टेज में पहुंच चुका है और इसकी कार्यक्षमता, उपयोग में सरलता और साइबर सुरक्षा को लेकर कड़े ट्रायल्स किए जा रहे हैं। इसे 36 राज्यों/UTs के सीईओ, 767 डीईओ और 4,123 ईआरओ की सलाह-मशविरे के बाद विकसित किया जा रहा है। इतना ही नहीं, आयोग ने इसके लिए 9,000 पेजों वाले 76 से ज्यादा दस्तावेजों, नियमों और गाइडलाइंस की समीक्षा की है। पूरी तरह से कानूनी दायरे में होगा ECINET ECINET ऐप के जरिए दी जाने वाली सभी सेवाएं और डेटा चुनाव आयोग द्वारा तय जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और 1951, निर्वाचन नियम 1960, और चुनाव प्रक्रिया नियम 1961 के अंतर्गत ही संचालित होंगे।   recent visitors 48

23वीं कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैम्पियनशिप का समापन

भोपाल. 23वीं कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन दिनांक 22 अप्रैल से 05 मई 2025 तक भोपाल में किया गया। भोपाल में आयोजित इस शूटिंग चैम्पियनशिप में खेल अकादमी के शूटिंग खिलाड़ी चेतन सप्कल ने स्वर्ण और साहिल चौधरी ने कांस्य पदक अर्जित कर कुल 02 पदक अर्जित किये। 5 मई 2025 को प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेल अकादमी के शूटिंग खिलाडी ने अपने खेल का शानदार प्रदर्शन कर पहले चरण में 279 और द्वितीय चरण में 270 अंक सहित कुल 549 अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी प्रतियोगिता में खेल अकादमी के शूटिंग खिलाडी ने भी 25मी. सेन्टर फायर पिस्टल सीनियर मेन वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीता। खेल मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने दोनों पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है। recent visitors 46

टेक्सटाइल सेक्टर को नई उड़ान देने विकसित हो रहा रेडीमेड गारमेंट्स होजियरी पार्क

भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा निवेश और उद्योग अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए किए जा रहे ठोस प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इन्हीं प्रयासों का प्रतिफल है कि राजधानी भोपाल में रेडीमेड गारमेंट्स होजियरी पार्क की स्थापना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह पार्क न केवल राज्य के टेक्सटाइल सेक्टर को नई गति देगा, बल्कि मध्यप्रदेश को एक उभरते हुए औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने में भी सहायक सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में जो उद्योग अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है, उससे निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। रेडीमेड गारमेंट्स होजियरी पार्क इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो मध्यप्रदेश को टेक्सटाइल और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करेगा। सतगढ़ी गांव, तहसील कोलार, भोपाल में यह औद्योगिक पार्क मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल की देखरेख में विकसित किया जा रहा है। कुल 69.60 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैले इस पार्क को मल्टी प्रोडक्ट पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट्स और फूड प्रोसेसिंग जैसे विविध औद्योगिक क्षेत्रों को शामिल किया गया है। लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी की दृष्टि से यह पार्क बेहतर स्थान पर बन रहा है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-46 से 12 किलोमीटर, राजा भोज एयरपोर्ट से 25 किलोमीटर तथा रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से मात्र 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। भोपाल शहर से मात्र 13 किलोमीटर की दूरी होने के कारण श्रमिकों, उद्यमियों और औद्योगिक गतिविधियों के लिए आवागमन की सुविधा आसानी से उपलब्ध हो जाती है। पार्क में आधारभूत संरचना का विकास भी सुनियोजित ढंग से किया गया है। जल आपूर्ति की व्यवस्था केरवा डैम से की गई है। बिजली आपूर्ति के लिए निकटस्थ 33 केवी/11 केवी सब-स्टेशन की सुविधा उपलब्ध करायी गई है। कोलार रोड से पार्क को जोड़ने के लिए 2.2 किलोमीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण भी पूर्ण किया जा चुका है, जिससे परिवहन व्यवस्था और सुदृढ़ हो गई है। इस औद्योगिक परियोजना पर कुल 1997.97 लाख रुपये की लागत संभावित है। पार्क के निर्माण से भोपाल सहित आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और बड़ी संख्या में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। recent visitors 42

नई फिल्म टूरिज्म पॉलिसी और अधिक आकर्षक : प्रमुख सचिव शुक्ला

भोपाल. वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (WAVES) 2025 में मध्यप्रदेश अपनी रचनात्मकता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं के साथ वैश्विक मंच पर एक नई पहचान बनाई। इस अवसर पर प्रसिद्ध अभिनेता आमिर खान मध्यप्रदेश द्वारा तैयार किए गए "अतुलनीय मध्यप्रदेश" पेवेलियन पहुंचे। मध्यप्रदेश के अपर मुख्य सचिव आईटी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी श्री संजय दुबे और प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड श्री शिव शेखर शुक्ला ने वेव्स में उनका स्वागत किया। आमिर खान ने कहा कि मध्यप्रदेश के लोग सिनेमा फ्रेंडली हैं, जिससे कलाकारों के साथ–साथ फिल्म निर्माण में जुटी पूरी टीम को काम करने में सहजता और सरलता का अनुभव होता है। इसके अलावा मध्यप्रदेश में वेरायटी ऑफ लोकेशन्स हैं, खूबसूरती है, जिसकी वजह से फिल्म निर्माण के अलग–अलग दृश्यों को शूट करने में आसानी होती है। यह न केवल फिल्म के निर्माण की अवधि को कम करता है बल्कि बजट में भी कमी आती है। मध्यप्रदेश फिल्म पर्यटन नीति-2025 की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के ग्रामीण परिवेश में बन रही फिल्में सिनेमा जगत में कमाल कर रही हैं। उन्होंने आगामी भविष्य में फिल्में प्रदेश में शूट करने की इच्छा जाहिर की। वे मध्यप्रदेश की नई एवीजीसी-एक्सआर पॉलिसी-2025 की विशेषताओं को जाना और सहभागिता करने के लिये उत्सुक नजर आए। प्रदेश में शूट हुई फिल्म लापता लेडीज को भारत की तरफ से आधिकारिक रूप से ऑस्कर पुरस्कार के भेजा गया था। नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र (NMACC) में “डिजिटल सपनों और सिनेमाई दृष्टिकोण के साथ: मध्यप्रदेश—अगला रचनात्मक केंद्र” विषय पर पैनल डिस्कशन हुआ। प्रमुख सचिव श्री शिव शेखर शुक्ला, प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और निर्देशिका सुश्री एकता कपूर, फिक्की एवीजीसी फोरम व एमसीसीआईए एनिमेशन एंड गेमिंग कमेटी के चेयरमैन श्री आशीष एस. कुलकर्णी, अगस्त मीडिया ग्रुप के फाउंडर एवं सीईओ श्री ज्योर्तिमय सहा, क्रिएटिव लैंड स्टूडियोज़ की सीईओ सुश्री शोभा सेंट, सुप्रसिद्ध लेखक और पत्रकार श्री नमन रामचंद्रन, अभिनेता श्री अमित सियाल और श्री शरद केलकर की मौजूदगी में मध्यप्रदेश फिल्म पर्यटन नीति 2025 और मध्यप्रदेश एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी AVGC-XR नीति 2025 को लॉन्च किया गया। प्रदेश के फिल्म फैसिलिटेशन पोर्टल के सेकंड फेस को भी लॉन्च किया गया। एकता कपूर ने म.प्र. को बताया पहली पसंद प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और निर्देशिका सुश्री एकता कपूर ने कहा कि फिल्म निर्माण के लिए मुख्य रूप से वित्तीय सहायता, छूट, सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम, मनभावन लोकेशन और ईज ऑफ शूट को ध्यान में रखा जाता है। इन सभी चीजों के साथ मध्यप्रदेश में समृद्ध संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत आज भी अपने मूल रूप में है। स्पेन ने अपनी पॉलिसी के द्वारा अधिकांश अंतर्राष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं को आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भी स्पेन की तरह ही फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनेगा।  नई पॉलिसी और अधिक आकर्षक- प्रमुख सचिव श्री शुक्ला प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड श्री शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि फिल्म निर्माताओं के लिए मनभावन शूटिंग स्थलों के साथ, शूटिंग फ्रेंडली स्थानीय नागरिक, फिल्म सहयोगी ईको सिस्टम, समृद्ध स्थानीय संस्कृति के साथ मध्यप्रदेश विशेष रूप से ईज ऑफ शूटिंग डेस्टिनेशन बन गया है। फिल्म टूरिज्म पॉलिसी की विशेषताओं को बताते हुए प्रमुख सचिव श्री शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में फिल्म और वेब सीरीज की श्रृंखला को शूट करने पर इन्क्रीमेंटल इनसेंटिव्स का प्रावधान है। पहली बार शूट करने पर अधिकतम 1.5 करोड़ रुपये, दूसरी बार शूट करने पर 1.75 करोड़ रुपये और इसी तरफ तीसरी बार शूट करने पर 2 करोड़ रुपये तक की सहायता दी जाती है। इसके साथ ही स्थानीय भाषा में फिल्म बनाने और स्थानीय कलाकारों को काम देने पर अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान की जाती है। अपनी विशेष सहायता राशि, सिंगल विंडो फिल्म शूटिंग अनुमति, स्थानीय टैलेंट के साथ मध्यप्रदेश अब शूटिंग के हब मुंबई को रन फॉर मनी देने के लिए तैयार है। “अमृतस्य मध्यप्रदेश” ने बिखेरी अतुलनीय मध्यप्रदेश की अनुपम छटा वेव्स की सांस्कृतिक संध्या में "अमृतस्य मध्यप्रदेश" समवेत नृत्य नाटिका ने अपनी अद्भुत और ओजपूर्ण प्रस्तुति से "अतुलनीय मध्यप्रदेश" की अनुपम छटा बिखेरी। इस नृत्य नाटिका के माध्यम से मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर, समृद्ध पर्यटन, इतिहास, कला और परंपराओं को दर्शाया गया। प्रसिद्ध कोरियोग्राफर मैत्री पहाड़ी के निर्देशन में इस नृत्य नाटिका में कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी, मणिपुरी, मोहिनी अट्टम, कुचिपुड़ी के साथ ही मध्यप्रदेश के बधाई, बरेदी, मटकी, गोंड, जैसे लोक नृत्य की अद्भुत प्रस्तुति दी। इसके अलावा नृत्य नाटिका में श्री मुमताज खान के निर्देशन में मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल जैसे महेश्वरी, चंदेरी, बाग के वैभव को दर्शाता एक विशेष वॉक हुआ।    अतुलनीय मध्यप्रदेश पेवेलियन बना आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र वेव्स में एमपी टूरिज्म का "अतुलनीय मध्यप्रदेश" पेवेलियन, प्रदेश के पर्यटन स्थलों और संस्कृति के अनूठे और रोचक प्रस्तुतीकरण के कारण आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र रहा। प्रदेश के वन्य संपदा और ऐतिहासिक धरोहरों की रोमांचक यात्रा कराने के लिए पेवेलियन में आधुनिक तकनीक से बनी एनामॉर्फिक स्क्रीन लगाई गई, जहां पर्यटन स्थलों, वन्य क्षेत्रों और वन्य जीवों को थ्रीडी तकनीक से प्रदर्शित किया गया। मध्यप्रदेश टूरिज्म पॉलिसी और मध्यप्रदेश की फिल्म पॉलिसी से अवगत कराने के लिए टच स्क्रीन लगाई गई। सभी आंगतुकों को ब्रोसर, मध्यप्रदेश का पर्यटन मैप, साहित्य और सोवेनियर भी प्रदान किए गए। ऑकुलस के माध्यम से भी प्रदेश के पर्यटन स्थलों की वर्चुअल सैर भी कराई गई। यहां देश–विदेश से आने वाले आर्टिस्ट, इनोवेटर्स, इंवेस्टर्स और पॉलिसी मेकर्स को मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, प्रदेश की परंपराओं, संस्कृति, वन संपदा और वन्य जीवन के बारे में अवगत कराया गया। recent visitors 56

भारत ने सफेद गेंद प्रारूप में अपना दबदबा कायम, ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष स्थान बरकरार

नई दिल्ली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को वार्षिक पुरुष रैंकिंग जारी कर दी। इसमें भारत ने सफेद गेंद प्रारूप में अपना दबदबा कायम रखा है जबकि ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। हालांकि, भारतीय टीम को टेस्ट रैंकिंग में एक स्थान का नुकसान हुआ है। अब टीम चौथे स्थान पर खिसक गई है। भारत को मिला चैंपियंस ट्रॉफी में जीत का फायदा नवीनतम रैंकिंग में मई 2024 के बाद से खेले गए सभी मैचों की दर 100 प्रतिशत और उससे पहले के दो वर्षों की 50 प्रतिशत है। वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल में पहुंचने वाले भारत को वनडे रैंकिंग में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने का फायदा मिला है। इससे उसके रेटिंग अंक 122 से बढ़कर 124 हो गए हैं। वहीं, चैंपियंस ट्रॉफी की उपविजेता न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़कर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है जबकि कंगारू तीसरे पायदान पर पहुंच गए। श्रीलंका ने पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका को पीछे छोड़ा श्रीलंका ने हाल के महीनों में घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन किया है। इसमें भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज की जीत भी शामिल है। इससे श्रीलंका पांच रेटिंग अंकों का फायदा लेकर चौथे स्थान पर पहुंच गई है। उसने पाकिस्तान (एक अंक के लाभ के साथ पांचवें) और दक्षिण अफ्रीका (चार अंक के नुकसान के साथ छठे) को पीछे छोड़ दिया। अफगानिस्तान चार अंकों के सुधार के बाद सातवें स्थान पर पहुंच गया जबकि पूर्व विश्व चैंपियन इंग्लैंड चार अंक खोने के बाद आठवें स्थान पर आ गया। वेस्टइंडीज पांच अंक हासिल करके नौवें स्थान पर पहुंच गया। बांग्लादेश चार अंकों की गिरावट के साथ 10वें स्थान पर खिसक गया है। 271 रेटिंग अंकों के साथ भारत टी20 रैंकिंग में शीर्ष पर टी20 में मौजूदा विश्व चैंपियन भारत शीर्ष पर है, हालांकि दूसरे स्थान पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया पर उसकी बढ़त 10 से घटकर नौ अंक हो गई है। पहली बार वार्षिक अपडेट में वैश्विक टी20 रैंकिंग में 100 टीमों को शामिल किया गया है। सूची में वे सभी टीमें शामिल हैं जिन्होंने पिछले तीन वर्षों में कम से कम आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इंग्लैंड तीसरे नंबर पर है, जबकि न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका क्रमशः चौथे, पांचवें और छठे नंबर पर हैं। इनके बाद श्रीलंका, पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, आयरलैंड और जिम्बाब्वे का नंबर आता है। ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट में बादशाहत बरकरार मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट टीम रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है, हालांकि वार्षिक अपडेट के बाद उसकी बढ़त 15 से घटकर 13 अंक रह गई है। ऑस्ट्रेलिया के 126 रेटिंग अंक हैं। बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली इंग्लैंड की टीम दक्षिण अफ्रीका और भारत दोनों को पछाड़ते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गई। उसके रेटिंग अंक 113 हो गए हैं। दक्षिण अफ्रीका (111) और भारत (105) एक एक स्थान फिसलकर क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर पहुंच गए। उनके बाद न्यूजीलैंड, श्रीलंका, पाकिस्तान, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे हैं। टेस्ट तालिका में अभी केवल 10 टीम शामिल हैं। आयरलैंड को रैंकिंग हासिल करने के लिए अगले 12 महीनों में एक और टेस्ट खेलना होगा, जबकि अफगानिस्तान को सूची में शामिल होने के लिए तीन और मैच खेलने होंगे।   recent visitors 43

मुख्यमंत्री डॉ. यादव 6 मई को हाई एवं हायर सेकण्डरी स्कूल के परीक्षा परिणाम करेंगे घोषित

भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 मई 2025 को शाम 5 बजे मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी एवं विद्यालय पूर्व शिक्षा में डिप्लोमा (डी.पी.एस.ई.) मुख्य परीक्षा 2025 के परीक्षा परिणाम मुख्यमंत्री निवास (समत्व भवन) में घोषित करेंगे। मण्डल द्वारा विभिन्न पोर्टल के माध्यम से परीक्षा परिणाम ज्ञात करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। निम्न वेबसाईट पर परिणाम परीक्षा उपलब्ध रहेंगे। 1. https://mpbse.mponline.gov.in 2. https://www.digilocker.gov.in/web/dashboard/issuers 3. www.jagranjosh.com 4. https://education.indianexpress.com 5. https://www.fastresult.in 6. https://www.hindustantimes.com/education www.livehindustan.com 7. https://www.aajtak.in/education/board-exam-results https://www.indiatoday.in/education-today/results 8. https://results.amarujala.com 9. toi.in/mpbseresult_class12 toi.in/mpbseresult_class10 10. https://www.tv9hindi.com/education 11. https://www.ndtv.in 12. https://arivihan.com/search-mp-board-result MOBILE APPS पर परिणाम प्राप्त करने के लिए छात्र Digilocker के माध्यम से परीक्षा परिणाम देख सकेंगे। साथ ही Google Play Store पर MPBSE MOBILE App अथवा MP Mobile App Download करें एवं Know Your Result का चयन करने के बाद अपना अनुक्रमांक (Roll Number) तथा आवेदन क्रमांक (Application Number) प्रविष्ट (submit) कर परीक्षा परिणाम ज्ञात कर सकते है। recent visitors 45