रात 12 बजे के बाद… प्रदेश की जनता को लगेगा बड़ा झटका! अब सांची दूध होगा महंगा

भोपाल महंगाई की मार झेल रही एमपी को जनता को एक और बड़ा झटका लगा है. यहां मदर डेयरी, अमूल दूध के बाद अब मध्य प्रदेश सहकारी दुग्ध महासंघ (सांची) ने भी अपने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है. जानकारी के मुताबिक, सांची दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है. यह नई कीमतें आज रात 12 बजे से लागू होंगी.मदर डेयरी, अमूल के बाद अब सांची दूध भी महंगा हो गया है। सांची दूध के रेट में 2 रुपए लीटर का इजाफा किया गया है। इस हिसाब से फूल क्रीम दूध अब 67 रुपए लीटर मिलेगा। बढ़ी हुई ये कीमतें बुधवार यानी 7 मई लागू की जाएंगी। जानकारी के मुताबिक, यह कीमत बढ़ोतरी सांची की सभी प्रमुख दूध वैरायटियों पर लागू होगी, जैसे- टोंड, डबल टोंड, स्टैंडर्ड और फूल क्रीम दूध। नई दरें उपभोक्ताओं को दूध के पैकेटों पर दिखाई देंगी। यहां बता दें, मदर डेयरी का दूध 30 अप्रैल से महंगा हुआ था, जबकि अमूल मिल्क की कीमत 1 मई को बढ़ाई गई थीं। सांधी दूध के रेट अब ये होंगे सांची दूध के दाम में 2 रुपए की बढ़ोतरी हुई है, अब 1 लीटर फुल क्रीम गोल्ड दूध 67 रुपए में मिलेगा। ये नई कीमतें 7 मई से लागू होंगी। फुल क्रीम दूध (गोल्ड) 500 ML के लिए 34 रुपए का हो गया है, जो पहले 33 रुपए था। स्टैण्डर्ड दूध (शक्ति) 500 ML के लिए 31 रुपए का हो गया है, जो पहले 30 रुपए था। टोण्ड दूध (ताजा) 500 ML के लिए 28 रुपए का हो गया है, जो पहले 27 रुपए था। डबल टोण्ड दूध (स्मार्ट) 500 ML के लिए 26 रुपए का हो गया है, जो पहले 25 रुपए था। चाय दूध अब 60 रुपए में 1 लीटर मिलेगा, जो पहले 58 रुपए था। ये जानकारी भोपाल सहकारी दुग्ध संघ ने जारी की है। रेट बढ़ने के कारण संस्था के अधिकारियों के मुताबिक, कच्चे दूध की खरीद कीमतें बढ़ने, पशु आहार के दामों में वृद्धि और परिवहन खर्च बढ़ने के चलते यह फैसला लेना पड़ा है। यह भी बताया गया कि किसानों को उचित मूल्य देने और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी हो गया था। पांच दिन पहले अमूल दूध के रेट बढ़े इससे पहले अमूल दूध की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की गई थी, जो 1 मई, 2025 से लागू की गई। यह बढ़ी हुई कीमतें अमूल के सभी दूध उत्पादों पर लागू की गईं। दाम बढ़ने की यह बताई वजह अमूल की ओर से इस बढ़ोतरी का कारण कच्चे माल की बढ़ती लागत (Amul Milk Price Hike) को बताया गया था। कंपनी ने बताया कि इस मूल्य वृद्धि के बाद, अमूल दूध के उपभोक्ताओं को अब 2 रुपये अधिक चुकाने होंगे। यह कीमतें देशभर के बाजारों में लागू की गईं और 1 मई से सभी अमूल मिल्क उत्पादों की नई कीमतें प्रभावी कर दी गईं। बढ़ती कीमतें आम लोगों पर आर्थिक दबाव डाल रही हैं, जो पहले से ही महंगाई के बोझ तले दबे हुए हैं। मदर डेयरी ने सबसे पहले बढ़ाए दूध के रेट दूध के रेट बढ़ाने की शुरुआत मदर डेयरी ने की थी। सबसे पहले मदर डेयरी ने 30 अप्रैल से दूध के रेट बढ़ाए थे। इन्होंने भी दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। मदर डेयरी ने भी दूध के रेट बढ़ाने के पीछे कच्चे माल की बढ़ती लागत ही बताई थी। इसके बाद अमूल ने भी यही कारण गिनाते हुए रेट बढ़ाए थे। हालांकि,अमूल के लिए यह वृद्धि विशेष रूप से दिल्ली-एनसीआर और अन्य राज्यों में दूध की आपूर्ति करने वाले प्रमुख ब्रांडों से चुनौती साबित हो सकती है। भोपाल में पैक्ड दूध में सांची की सबसे ज्यादा खपत भोपाल में पैक्ड दूध में सांची की सबसे ज्यादा खपत होती है। रोज साढ़े 3 लाख लीटर से अधिक दूध की खपत है। अमूल की खपत 70 हजार लीटर है। इसके बाद सौरभ, श्रीधी, मदर डेयरी के दूध भी पैकेट में बिकते हैं। सौरभ और श्रीधी की बात करें, तो इनकी करीब 1 लाख लीटर दूध की खपत शहर और भोपाल के ग्रामीण इलाकों में है। मदर डेयरी ब्रांड के दूध की ज्यादातर खपत शहर में ही होती है। पैक्ड से ज्यादा खुला दूध बिकता भोपाल में पैक्ड दूध की तुलना में खुले दूध की बिक्री ज्यादा होती है। खुले दूध की खपत 8 से 9 लाख लीटर तक प्रतिदिन है। खुला दूध भी महंगा हुआ है। कई डेयरियों पर प्रति लीटर 2 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। पिछले साल जुलाई में बढ़े थे रेट सांची ने पिछले साल जुलाई में रेट बढ़ाए थे। करीब 10 महीने के बाद फिर से दूध के रेट में बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, सांची डीटीएम 160 एमएल टोंड मिल्क एवं परिवार 200 मिमी पैक दूध के रेट में बढ़ोतरी नहीं की गई है। अमूल ने 6 दिन पहले बढ़ाए थे रेट 6 दिन पहले यानी, 1 मई को अमूल ने दूध के भाव बढ़ाए थे। 1 लीटर दूध पर 2 रुपए, जबकि आधा लीटर पर एक रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर-जबलपुर समेत प्रदेश के सभी जिलों में नए रेट लागू हो गए हैं। प्रदेश में सांची के बाद अमूल दूध की सबसे ज्यादा खपत होती है। रोजाना साढ़े 3 लाख लीटर से अधिक अमूल दूध की खपत होती है। सबसे ज्यादा इंदौर में करीब सवा लाख लीटर दूध बिकता है। वहीं, भोपाल, जबलपुर-ग्वालियर में 50 से 80 हजार लीटर के बीच दूध की खपत है।   recent visitors 35

हूती विद्रोहियों पर हमले के दौरान खुद Air Force के कमांड सेंटर में थे Netanyahu

तेल अवीव इजरायल ने बेन गुरियन एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों की ओर से किए गए मिसाइल अटैक का बदला ले लिया है. इजरायली एयरफोर्स ने सोमवार शाम को यमन के हूतियों के कब्जे वाले बंदरगाह शहर हुदैदाह पर धड़ाधड़ हवाई हमले किए हैं. इससे पहले ईरान समर्थित विद्रोही गुट हूती ने इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया था, जिसमें कई लोग घायल हुए थे. 20 फाइटर जेट और 50 बम इजरायली सेना के मुताबिक करीब 20 फाइटर जेस्ट ने यमन के कोस्टल इलाके में हूती पोर्ट को निशाना बनाया है, जिसमें हुदैदाह बंदरगाह और एक कंक्रीट फैक्ट्री भी शामिल थी. इजरायली सेना ने करीब दो हजार किलोमीटर की दूरी तय करके जेट विमानों से हूती ठिकानों पर 50 से ज्यादा बम गिराए हैं. सेना ने जेट विमानों के उड़ान भरने की तैयारी करते हुए वीडियो भी जारी की हैं. इस ऑपरेशन में इजरायली एयरफोर्स के ईंधन भरने वाले विमानों और जासूसी विमानों ने भी हिस्सा लिया था. इज़रायली सिक्योरिटी फोर्स का दावा है कि हुदैदाह बंदरगाह का इस्तेमाल हूतियों की ओर से ईरानी हथियारों, सैन्य जरूरतों के सामान और अन्य आतंकी गतिविधियों के लिए किया जाता था. इसी वजह से इजरायल ने बम गिराकर पूरे बंदरगाह को तबाह कर दिया है, ताकि ईरान से हथियारों की सप्लाई बाधित की जा सके. जनवरी के बाद पहला हमला आईडीएफ ने कहा कि बाजिल कंक्रीट फैक्ट्री हूती विद्रोहियों के लिए एक अहम आर्थिक संसाधन के रूप में काम करती है और इसका इस्तेमाल सुरंगों और सैन्य बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए किया जाता है. साथ ही ये हमले हूतियों के शासन और उनकी अर्थव्यवस्था पर एक तगड़ी चोट हैं. सेना ने एक बयान में कहा, 'यह हमला हूतियों की ओर से इजरायल के खिलाफ बार-बार किए गए हमलों के जवाब में था, जिसमें सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों को इजरायली इलाके और उसके नागरिकों की ओर लॉन्च किया गया था.' जंग की शुरुआत के बाद से यमन में यह छठा इज़रायली हमला था और जनवरी के बाद से पहला अटैक था. कई महीने पहले अमेरिका ने भी ईरान समर्थित विद्रोहियों के खिलाफ एक बड़ा हवाई हमला किया था. इसके बाद आईडीएफ ने हूतियों के मिसाइल और ड्रोन हमले का जवाब देना बंद कर दिया था. हमले के जरिए इजरायल ने हूतियों के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया है और बंदरगाह पर खड़े जहाजों के होने वाले नुकसान को सीमित किया है. कमांड सेंटर में मौजूद रहे नेतन्याहू आईडीएफ का कहना है कि इजरायल के सामने आने वाले हर खतरे के खिलाफ किसी भी दूरी पर सेना अपनी कार्रवाई जारी रखेगी. यमन में जिस वक्त हूतियों पर हमले किए गए, उस दौरान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू वायुसेना कमांड सेंटर में मौजूद थे और पूरी कार्रवाई को देख रहे थे. इजरायली रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी फोटो में बताया गया कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ रक्षा मंत्री और आईडीएफ चीफ भी तेल अवीव स्थित अंडरग्राउंड हेडक्वार्टर में मौजूद रहकर इस पूरे ऑपरेशन को मॉनिटर कर रहे थे.   recent visitors 39

पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 2 लाख 73 हजार 752 नए आवासों का आवंटन राज्य को मिला, इंतजार अब खत्म

जयपुर राजस्थान में 6 वर्षों से पक्के घर का इंतजार कर रहे लाखों परिवारों के लिए खुशखबरी है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 2 लाख 73 हजार 752 नए आवासों का आवंटन राज्य को मिल गया है। वर्ष 2018 के आवास प्लस सर्वेक्षण में शामिल इन सभी परिवारों को अब जल्द ही पक्के घरों की सौगात मिलेगी। केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के बाद मिली स्वीकृति मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की थी, जिसमें पीएम आवास योजना समेत कई ग्रामीण योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके बाद केंद्र ने यह आवास स्वीकृति दी है, जिससे सर्वेक्षण में दर्ज कोई भी परिवार अब इंतजार की सूची में नहीं रहेगा। 20 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पहले ही पूरा राजस्थान को पहले पीएमएवाई-ग्रामीण के तहत 22.23 लाख आवासों का लक्ष्य मिला था, जिनमें से करीब 20 लाख मकानों का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब नए आवंटन के साथ राज्य सरकार ने सभी ज़िला कलेक्टरों को पात्र लाभार्थियों को तुरंत स्वीकृति पत्र और पहली किश्त जारी करने के निर्देश भी दे दिए हैं। घर के साथ शौचालय और मनरेगा का लाभ भी सरकार हर पात्र परिवार को मकान निर्माण के लिए ₹1.20 लाख की सहायता राशि दे रही है, जो सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है। इसके अतिरिक्त शौचालय निर्माण के लिए ₹12,000 और मनरेगा के तहत 90 दिन का रोजगार भी प्रदान किया जा रहा है। गरीबी मुक्त गांवों की ओर कदम, 5000 गांवों का चयन राज्य सरकार की ओर से गरीबी मुक्त गांव योजना के तहत पहले चरण में 5000 गांवों को चिन्हित किया गया है। इसके लिए ₹300 करोड़ का विशेष बजट प्रावधान किया गया है। इन गांवों के बीपीएल परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वरोजगार, कौशल प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता जैसी योजनाएं शुरू की जाएंगी। recent visitors 43

मुख्यमंत्री ने बरगद की छांव में खाट पर बैठ जाना ग्रामीणों का हाल-चाल, विद्युत सब स्टेशन, हायर सेकंडरी स्कूल भवन और प्राचीन मंदिर के सौंदर्यीकरण की घोषणा

रायपुर : मुख्यमंत्री अचानक पहुंचे बेमेतरा के सहसपुर, लिया ग्रामीणों से सीधा फीडबैक मैं आप लोगों की दुख-तकलीफ जानने आया हूँ- मुख्यमंत्री साय गांव में सहसा गूंजी हेलीकॉप्टर की आवाज तो अचंभित ग्रामीण निकले घरों से अपने मुखिया से मिलने उमड़ी भीड़ मुख्यमंत्री ने बरगद की छांव में खाट पर बैठ जाना ग्रामीणों का हाल-चाल, विद्युत सब स्टेशन, हायर सेकंडरी स्कूल भवन और प्राचीन मंदिर के सौंदर्यीकरण की घोषणा रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुशासन तिहार के तीसरे चरण के दूसरे दिन हेलीकॉप्टर से अचानक बेमेतरा जिले के सहसपुर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का सीधा फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि मैं आप लोगों के बीच आपकी दुख-तकलीफ जानने आया हूँ। ग्राम- सहसपुर में मुख्यमंत्री के आने की कोई पूर्वयोजना नहीं थी। ऐसे में जब गांव में सहसा हेलीकॉप्टर की आवाज गूंजी तो अचंभित ग्रामीण अपने घरों से निकले। अपने मुखिया से मिलने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों ने खुशी में कहा- राम-राम जी गा मुख्यमंत्री जी ! और सदाबहार फूल की माला और चंदन-आरती के साथ उनका स्वागत किया।   बरगद की छांव में लगी मुख्यमंत्री की चौपाल मुख्यमंत्री साय ने ग्राम- सहसपुर में ग्रामीणों से पुराने बरगद की छांव में खाट पर बैठ संवाद किया। उन्होंने लोगों से शासन की योजनाओं प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, नल जल योजना, धान खरीदी, स्कूल में बच्चों की शिक्षा सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार को अभी डेढ़ साल हुए हैं इस अवधि में हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई गारंटी को पूरा किया है। सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में हमने 18 लाख आवास को स्वीकृति दी।किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी भी की जा रही है।   मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार का ये तीसरा चरण है। शुरुआती चरणों में लोगों से उनकी समस्याओं के सम्बंधित आवेदन लिए गए। इन आवेदनों का अधिकारियों द्वारा लगातार निराकरण किया जा रहा है। अब मैं स्वयं आप सभी के बीच सरकार के अधिकारियों के साथ पहुंचा हूँ ताकि आप सीधे मुझ तक अपनी बात पहुंचा सकें। पूनम साहू ने कहा- महतारी वंदन से मिली बड़ी मदद मुख्यमंत्री साय के चौपाल में महतारी वंदन से मिल रही सहायता पर श्रीमती पूनम साहू ने अपनी बात रखी।  पूनम ने कहा कि महतारी वंदन योजना से मिली राशि से परिवार और बच्चों की जरूरतों को पूरी करने में बड़ी मदद मिलती है। हर माह महतारी वंदन योजना की राशि नियमित रूप से मिलती है। सहसपुर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री ने की घोषणाएं मुख्यमंत्री ने सहसपुर में ग्रामीणों से बरगद के नीचे खाट पर बैठकर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर गांव के हायर सेकेंडरी स्कूल के लिए नए भवन को स्वीकृति दी। साथ ही उन्होंने 13 वीं-14 वीं शताब्दी में फणी नागवंशी राजाओं द्वारा निर्मित शिव मंदिर व हनुमान मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेंगे। महाशिवरात्रि के मेले में मैं खुद आऊंगा। मुख्यमंत्री साय ने सहसपुर में 33 केव्ही विद्युत सब स्टेशन की भी घोषणा की।   इस अवसर पर विधायक ईश्वर साहू, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानन्द उपस्थित थे। recent visitors 37

RTI के जवाब के बदले 4 हजार, लोकायुक्त ने महिला कर्मी को रिश्वत लेते पकड़ा

 जबलपुर  सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांग रहे आवेदक से रिश्वत मांगना महिला कर्मी को भारी पड़ गया। आवेदक ने रिश्वत की शिकायत लोकायुक्त से की, जिसके बाद मंगलवार को लोकायुक्त ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय में पदस्थ महिला कर्मी को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते धर लिया। लोकायुक्त डीएसपी नीतू त्रिपाठी ने बताया कि 2 मई को शिकायतकर्ता राकेश विश्वकर्मा ने एसपी लोकायुक्त को लिखित शिकायत देते हुए बताया था कि सीएमएचओ कार्यालय में उसने एक आरटीआई के तहत आवेदन लगाया था, जिसमें कुछ कर्मचारियों की पदस्थापना संबंधी जानकारी मांगी थी। लोकायुक्त ने रंगेहाथ पकड़ा इस दौरान उसकी सीएमएचओ कार्यालय के आरटीआई शाखा में पदस्थ विनीता विलियम से मुलाकात हुई, जिन्होंने जानकारी देने के बदले पांच हजार रुपए रिश्वत की मांग की। बातचीत में 4 हजार रुपए में वह मान गईं। लोकायुक्त ने शिकायत की पड़ताल कराने के बाद विनीता विलियम को रंगे हाथों रिश्वत लेते पकड़ लिया। recent visitors 34

लू-तापघात प्रबंधन के लिए आरएमएससीएल का सघन निरीक्षण अभियान, दो सदस्यीय 27 टीमों का गठन

जयपुर राज्य में लू—तापघात की स्थितियों के दृष्टिगत दवाओं की निर्बाध एवं समुचित आपूर्ति तथा चिकित्सा उपकरणों की क्रियाशीलता को लेकर राजस्थान मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन की ओर से ग्रीष्मकालीन सघन निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के लिए 27 टीमों का गठन किया गया है। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने प्रदेश में लू—तापघात की स्थितियों में आमजन के स्वास्थ्य को लेकर पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों की अनुपालना में चिकित्सा मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से लू—तापघात से बचाव एवं उचपार आदि के संबंध में जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। आरएमएससीएल की प्रबंध निदेशक श्रीमती नेहा गिरि ने बताया कि राज्य में हीटवेव की सम्भावनाओं को देखते हुए ग्रीष्मकालीन सघन निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। निगम में कार्यरत विशेषाधिकारी, समस्त कार्यकारी निदेशक, लेखाधिकारी तथा जिला औषधि भण्डार गृह के प्रभारी अधिकारी को जिलों का आवंटन कर यह निरीक्षण करवाए जाएंगे। इसके लिए दो सदस्यीय 27 टीमों का गठन किया गया है। यह टीमें निरीक्षण कर जिले में औषधियों, उपकरणों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता को लेकर 30 मई, 2025 तक अपनी विस्तृत रिपोर्ट देंगी। समस्त टीमों द्वारा न्यूनतम एक भण्डार गृह, एक जिला चिकित्सालय एवं एक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया जाएगा। समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे आवंटित जिलों में न्यूनतम 2 दिवस तक गहन परीक्षण किया जाना सुनिश्चित करेंगे। निरीक्षण में सम्भाग स्तर पर कार्यरत बायोमेडिकल इंजीनियर, संबंधित प्रभारी अधिकारी एवं फार्मासिस्ट भी सहयोग प्रदान करेंगे। recent visitors 47

महिला प्रधान आरक्षक अंजू सिंह ने पॉवर लिफ्टिंग में जीता गोल्ड मेडल

राजनांदगांव जिला पुलिस में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक अंजू सिंह ने राज्य स्तरीय पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में दो गोल्ड मेडल जीतकर स्ट्रॉन्ग वुमन ऑफ छत्तीसगढ़ का खिताब हासिल किया। यह प्रतियोगिता इंडियन पॉवर लिफ्टिंग फेडरेशन द्वारा 24 से 26 अप्रैल तक खुर्सीपार भिलाई में आयोजित की गई थी। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से करीब 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया। राजनांदगांव पुलिस विभाग से सहायक सेनानी राकेश सिंह और अंजू सिंह द्वारा प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। अंजू सिंह ने सीनियर और मास्टर दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल जीते। वे पिछले 10 वर्षों से इस खेल से जुड़ी हैं। पुलिस की ड्यूटी के साथ-साथ खुद अभ्यास करती हैं और जिले के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण भी देती हैं।उनके प्रशिक्षण में तैयार खिलाड़ियों में सरिता मंडावी ने 63 किलो वर्ग में सिल्वर, रागिनी साहू ने 76 किलो वर्ग में सिल्वर, जितेश साहू ने 66 किलो वर्ग में गोल्ड, देवांश ने 93 किलो वर्ग में सिल्वर मेडल जीता। आदित्य साहू ने 74 किलो वर्ग में अच्छा प्रदर्शन किया। इन उपलब्धियों पर राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने सभी खिलाड़ियों को अपने कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर बॉडी टेक जिम के संचालक अमित अजमानी और रुचिका अजमानी भी मौजूद रहे। recent visitors 39