ओवैसी ने एक्स पर वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें वे पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए नजर आए

नई दिल्ली एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर रक्षा बलों द्वारा किए गए लक्षित हमलों का स्वागत किया और कहा कि पड़ोसी देश में आतंकी ढांचे को पूरी तरह से तबाह कर दिया जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें वे पाकिस्तान मुर्दाबाद और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए नजर आए। इससे पहले, ओवैसी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''पाकिस्तान के 'डीप स्टेट' को ऐसा कड़ा सबक सिखाया जाना चाहिए कि फिर कभी पहलगाम जैसी घटना न होने पाए। पाकिस्तान के आतंकी ढांचे को पूरी तरह से नष्ट कर दिया जाना चाहिए। जय हिंद!'' पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में, भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा मुरीदके शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को 26 नागरिकों के नरसंहार की घटना के दो सप्ताह बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत ये मिसाइल हमले किए गए। उन्होंने पहलगाम हमले के बाद मंगलवार को कहा था कि भारत को इस हमले का माकूल जवाब देना चाहिए। ओवैसी ने पहलगाम की घटना के संबंध में संवाददाताओं से कहा था कि यह एक आतंकी हमला था, एक कायराना हमला। हम इसकी जितनी निंदा करें, उतनी कम है। हमने देखा है कि कैसे पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने 26 लोगों की हत्या की। उन्होंने कहा कि बच्चों और महिलाओं को अलग करके तथा पुरुषों से उनके धर्म के बारे में पूछकर जिस तरह उनकी हत्या की गई, वह भयानक और अमानवीय था। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता ने कहा, ''जो लोग कलमा नहीं पढ़ सके, उन्हें गोली मार दी गई। यह बर्बरता है।'' ओवैसी ने कहा कि कश्मीर के स्थानीय निवासी इस हमले का खामियाजा भुगत रहे हैं क्योंकि पर्यटन क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा, ''यहां से बड़ी संख्या में पर्यटक चले गए हैं। हम चाहते हैं कि हमारी सरकार इस पर माकूल जवाब दे। हमने सर्वदलीय बैठक में भी यही कहा।'' recent visitors 131

सड़क हादसे में युवक की मौत, मां हुई बेहोश, लोगों ने नेशनल हाइवे को किया जाम

कवर्धा छत्तीसगढ़ के कवर्धा में बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। लंच टाइम के बाद वापस काम पर लौट रहे युवक राहुल पाली (21 वर्षीय) को बस ने रौंद दिया। राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। अबतक युवक का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने रायपुर जबलपुर नेशनल हाइवे 30 में चक्काजाम कर शराब दुकान को हटाए जाने की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, राहुल पाली अपने घर में अकेला कमाने वाला था, वह बस स्टैंड में स्थित बैटरी दुकान में काम करता था। बुधवार को वह खाना खाने के लिए अपने घर आया था, काम पर वापस लौटने के दौरान बस ने उसे रौंद दिया। दर्दनाक हादसे में राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद से स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है। घर का बुझा चिराज, मां हुई बेहोश इस सड़क हादसे में एक घर का चिराज बुझ गया। राहुल पाली की कमाई से उसका घर में राशन-पानी आता था। आज घर से दुकान जाने के दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। घटना में अपने बेटे की मौत की जानकारी मिलते ही राहुल की मां बेहोश हो गई। उसके घर में मातम पसर गया है। नेशनल हाइवे पर प्रदर्शन, मुआवजे की मांग विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि घटनास्थल के पास शराब दुकान दुर्घटना का मुख्य कारण है। आए दिन हादसे की स्थिति बनी रहती है। लोगों की मांग है कि शराब दुकान को बंद कराया जाए ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आ सके। किसी के परिवार में फिर मातम न पसरे। इसके साथ ही मुआवजे की भी मांग की जा रही है। recent visitors 50

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं कर रहे फील्ड विजिट

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य में आम जनता की शिकायतों एवं मांगों के त्वरित समाधान के लिए ‘सुशासन तिहार’ का आयोजन पूरे उत्साह के साथ जारी है। तीसरे चरण में प्रदेशभर के गांवों और कस्बों में शासन-प्रशासन पूरी तत्परता और तन्मयता के साथ आमजन की बाते सुन रहा है और उनका का समाधान कर रहा है। मुख्यमंत्री स्वयं इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं। वे हेलीकाप्टर से गांवों के आकस्मिक दौरे कर रहे हैं। शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत का मूल्यांकन कर रहे हैं। जनता से सीधा संवाद कर रहे हैं और समाधान शिविरों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुनकर उसका मौके पर निराकरण करवा रहे हैं। यह जनता-जनार्दन के प्रति छत्तीसगढ़ सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। राज्य में अब तक 40 लाख 95 हजार आवेदन सुशासन तिहार के तहत अब तक 40 लाख 95 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से अधिकांश का निराकरण कर लिया गया है। इसमें धमतरी जिला ने लगभग 2 लाख 28 हजार आवेदनों में से 99.38 प्रतिशत का निराकरण कर राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश के 14 जिले क्रमशः धमतरी, महासमुंद, सक्ति, बालोद, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मुंगेली, रायपुर, सरगुजा, दक्षिण बस्तर दंतेवाडा, दुर्ग, जांजगीर-चाम्पा, नारायणपुर, बीजापुर ने 90 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निराकरण कर लिया है, जबकि गरियाबंद, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, बिलासपुर, राजनांदगाँव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बलौदा बाज़ार-भाटापारा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कबीरधाम, बेमेतरा, जशपुर, कोरिया, उत्तर बस्तर कांकेर, सूरजपुर जिले ने 80 से 90 प्रतिशत आवेदनों का समाधान किया है। बस्तर जिले में 78.48 प्रतिशत, कोण्डागांव में 70.97 प्रतिशत, बलरामपुर-रामानुजगंज जिलें में 60.59 प्रतिशत, मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर ने 59.09. प्रतिशत, कोरबा जिले ने 41.61 प्रतिशत तथा सुकमा जिले ने 30 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जो इस बात का प्रमाण है कि राज्यभर में त्वरित एवं प्रभावी समाधान की दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं। रायपुर को मिले सर्वाधिक आवेदन रायपुर जिले को 3 लाख 764 आवेदन प्राप्त हुए, जो राज्य में सर्वाधिक है। इसके बाद दूसरे क्रम पर बलौदाबाजार-भाटापारा जिला है। धमतरी, बिलासपुर और बस्तर क्रमशः तीसरे, चौथे और पांचवे स्थान पर हैं। निराकरण के मामले में धमतरी पहले, महासमुंद दूसरे और सक्ति जिला तीसरे स्थान पर हैं। बालोद और रायगढ़ चौथे और पांचवें क्रम पर हैं। सुशासन तिहार के दौरान सर्वाधिक 10 लाख से अधिक आवेदन प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित प्राप्त हुए, जिनमें से 94.70 प्रतिशत का निराकरण हो चुका है। उज्ज्वला योजना से जुड़े 1.47 लाख और राशन कार्ड हेतु 1.12 लाख आवेदनों में से अधिकांश का समाधान कर दिया गया है। शहरी क्षेत्रों में सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था और स्वच्छता से संबंधित मांगें भी प्रमुख रहीं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 25 लाख 77 हजार 747 आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व विभाग को 3 लाख 74 हजार 429, खाद्य विभाग को 2 लाख 18 हजार 113, महिला एवं बाल विकास विभाग को 1 लाख 57 हजार और नगरीय प्रशासन विभाग को 1 लाख 42 हजार 475 आवेदन प्राप्त हुए। निराकरण में महिला एवं बाल विकास विभाग प्रथम, श्रम विभाग दूसरे, तथा उद्योग, पशुपालन और खाद्य विभाग क्रमशः तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की यह पहल छत्तीसगढ़ राज्य को, जनभागीदारी पर आधारित सुशासन की दिशा में आगे बढ़ा रही है। गांवों में शिविरों में पहुँचकर आम लोगों से संवाद करना, शिकायतों की तत्काल सुनवाई करना और शासकीय तंत्र को अधिक उत्तरदायी बनाना, यही सुशासन तिहार की मूल भावना है। ‘सुशासन तिहार’ छत्तीसगढ़ शासन की एक अभिनव पहल है, जिसने प्रशासन को जनता के और निकट लाकर विश्वास, समाधान और सेवा की एक मजबूत परंपरा को जन्म दिया है। यह अभियान मुख्यमंत्री की सोच को साकार करता है, जहाँ सरकार सिर्फ कार्यालयों में नहीं, बल्कि गांव-गांव जाकर आमजन की आवाज सुनती है और हर समस्या का समाधान करती है। recent visitors 42

छत्तीसगढ़ में सचिन पायलट का प्रस्तावित दौरा और संविधान बचाओ रैली रद्द

बिलासपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की बहुप्रचारित राज्य स्तरीय ‘संविधान बचाओ रैली’ को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह रैली गुरुवार को बिलासपुर में आयोजित होने वाली थी, जिसमें प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट की भी शिरकत प्रस्तावित थी। पार्टी सूत्रों ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद मौजुदा हालातों के मद्देनज़र कांग्रेस ने यह कदम उठाया है। इस रैली की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री उमेश पटेल को सौंपी गई थी, जो बिलासपुर से इसकी शुरुआत करने वाले थे। इसके बाद इसे सभी जिलों में आयोजित करने की योजना थी। प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जातीय जनगणना को लेकर अचानक बदला गया रुख एक ‘राजनीतिक यू-टर्न’ है। पार्टी का आरोप है कि जो भाजपा नेता पहले जातीय जनगणना को देश तोड़ने की साजिश कहते थे, वही अब इसे ‘मास्टरस्ट्रोक’ बता रहे हैं। कांग्रेस ने इसे अपनी वैचारिक जीत मानते हुए ‘विजय सभा’ के रूप में संविधान बचाओ रैली आयोजित करने का फैसला लिया था। पार्टी के अनुसार, यह निर्णय कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर लिया गया था, जिसे अब अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। नई तारीख की घोषणा हालात सामान्य होने पर की जाएगी। recent visitors 46

बिजली कार्मिकों के भविष्य निधि खाते की शेष राशि पर ब्याज दर तय

भोपाल मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा कार्मिकों के भविष्य निधि खाते की शेष राशि पर वार्षिक ब्याज दर तय कर दी गयी हैं। मध्यप्रदेश विद्युत मंडल कर्मचारी भविष्य निधि न्यास की 91वीं बैठक में लिए गए निर्णय के बाद जारी आदेश के अनुसार मध्यप्रदेश विद्युत मंडल कर्मचारी भविष्य निधि न्यास के वित्तीय वर्ष 2024-25 में सेवारत/दिवंगत अथवा सेवानिवृत होने वाले कार्मिकों के भविष्य निधि खाते की शेष राशि पर 9.50 प्रतिशत (साढ़े नौ प्रतिशत) वार्षिक दर से ब्याज का भुगतान किया जाएगा। इसी तरह से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रावधिक रूप से 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर से भुगतान किया जाएगा।   recent visitors 38

पाक ने फिर गलती की तो भारत का अगला वार हो 10 गुना ज्यादा मजबूत: रिटायर्ड जनरल केजेएस ढिल्लों

नई दिल्ली पहलगाम हमले में 26 निर्दोष लोगों को बर्बरता से मौत के घाट उतारने वाले आतंकियों को भारत ने घर में घुस कर जवाब दे दिया है। मंगलवार देर रात भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च कर आतंकियों की नींदें उड़ा दी। भारत ने पाकिस्तान और PoK में आतंकियों के कई ठिकानों को नेस्तनाबूत कर दिया है और दर्जनों आतंकियों को जहन्नुम पहुंचा दिया है। वहीं पाकिस्तान अब भी आतंकियों को शह देने की बात कबूलने की बजाय एक बार फिर धमकियों पर उतर आया है। इस बीच सैन्य रणनीति के विशेषज्ञ लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों (सेवानिवृत्त) ने कहा है कि पाकिस्तान आगे अगर कोई भी गलती करता है तो भारत का अगला वार 10 गुना ज्यादा मजबूत होगा चाहिए। बता दें कि केजेएस ढिल्लों श्रीनगर स्थित 15 कोर के पूर्व कमांडर रह चुके हैं। उन्होंने फरवरी 2019 में पुलवामा हमले में शामिल आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन का नेतृत्व किया था। ढिल्लों को कश्मीर में आतंकवाद से निपटने का सालों का अनुभव भी है। एएनआई के साथ एक इंटरव्यू में सवालों का जवाब देते हुए रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा, “आतंकियों के खिलाफ किसी भी एक्शन को, सोच समझ कर, पूरी तैयारी और सटीकता के साथ अंजाम दिया जाएगा। भारत सरकार और भारतीय सेना ऐसे ही काम करती है। और अगर पाकिस्तान भारत पर कोई भी जवाबी कार्रवाई करता है तो अगला वार 10 गुना ज्यादा मजबूत होना चाहिए। पाक के मत्रिंयों का IQ… जनरल ढ़िल्लों यह भी कहते हैं कि पूरी दुनिया में कहीं भी कोई आतंकी हमला होता है तो उसके तार पाकिस्तान से जुड़े होते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि पाकिस्तान जैसे गैरजिम्मेदार देश के पास किसी भी हाल ही परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए। केजेएस ढिल्लों ने कहा, “पाकिस्तान के एक मंत्री शेख रशीद ने यह बयान दिया था कि उनके पास ढाई सौ ग्राम के न्यूक्लियर बम है। पाव भर के परमाणु बम। उसने यह भी कहा था कि हम न्यूक्लियर बम को ऐसी जगह गिराएंगे जहां सिर्फ हिंदू मरेंगे और मुसलमान नहीं। अगर यह उनकी बुद्धि का स्तर है तो फिर उनसे बात ना करना ही उचित होगा।” ऑपरेशन सिंदूर से पाक में हलचल जनरल ढ़िल्लों ने आने वाले दिनों में भारतीय नागरिकों से पूरी तरह सतर्क रहने की अपील भी की है। उन्होंने कहा, “मैं सभी लोगों को यह सलाह देना चाहूंगा अगर आपको कोई भी संदिग्ध शख्स या संदिग्ध वस्तु दिखाई दे, तो जल्द से जल्द सरकार को इसकी सूचना दें।” बता दें कि पहलगाम हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस हमले के बाद भारत ने पाक में छिपे आतंकियों पर करारा प्रहार कर दिया है। इसके बाद अब पाकिस्तान ने भी जवाब देने की धमकी दी है। recent visitors 39

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा- अंतर्राज्यीय ट्रांसमिशन लाइन में टॉवरों का मॉडिफिकेशन और शिफ्टिंग कार्य पूर्ण

भोपाल ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जानकारी दी है कि वर्ष 2021 में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित श्योपुर जिले के सीप नदी क्षेत्र में अंतर्राज्यीय 132 केवी श्योपुर–सबलगढ़ टेप–खंदार (राजस्थान) डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन में टॉवरों के संशोधन एवं स्थानांतरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह कार्य विद्युत पारेषण व्यवस्था को बाढ़ जैसी आपदाओं में भी सुदृढ़ और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया। इसके तहत पुराने टॉवरों के फाउंडेशन को विशेष आधुनिक तकनीक से पुनर्निर्मित किया गया तथा कुछ टॉवरों को नदी के समीप सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर नये टॉवर लगाये हैं। इस कार्य में 79 लाख रुपये की लागत आई है। मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) द्वारा बनाए गए छह नए टॉवर विशेष डिज़ाइन के फाउंडेशन पर आधारित हैं, जो भविष्य में बाढ़ जैसी आपदाओं का प्रभाव सहन करने में सक्षम होंगे। श्री तोमर ने कहा कि यह परियोजना न केवल राज्य की विद्युत प्रणाली को सशक्त बनाएगी, बल्कि आपदा प्रबंधन और आधारभूत ढांचे की मजबूती का भी प्रमाण है। उन्होंने एमपी ट्रांसको के प्रयासों की सराहना की। ऊँचाई में वृद्धि और विशेष तकनीक का उपयोग एमपी ट्रांसको, ग्वालियर के अधीक्षण अभियंता श्री अरविंद शर्मा ने बताया कि वर्ष 2021 में बाढ़ और डैम ओवरफ्लो के कारण 132 केवी शिवपुरी–सबलगढ़ टेप–खंदार ट्रांसमिशन लाइन के छह टॉवर क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी। साथ ही अंतर्राज्यीय विद्युत का आदान-प्रदान भी प्रभावित हुआ था। एम. पी. ट्रांसको द्वारा भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचाव के लिये स्पेशल ओपन कास्ट फाउंडेशन तकनीक का उपयोग करते हुए टावरों का पुनर्निर्माण, संशोधन और स्थानांतरण किया गया है। श्री शर्मा ने यह भी बताया कि सीप नदी के जलभराव की आशंका को देखते हुए तहसील मानपुर के ग्राम कोटरा क्षेत्र में टॉवरों की ऊँचाई बढ़ाई गई है। साथ ही नदी के कटाव से सुरक्षा के लिए कुछ टॉवरों को नए स्थानों पर स्थापित किया गया है। इससे ट्रांसमिशन लाइन की स्थिरता और विद्युत आपूर्ति की निरंतरता सुनिश्चित हो सकेगी।   recent visitors 31