Monday, July 6, 2026 10:25 pm

इमरान मसूद ने कहा- हमें तो पीओके की उम्मीद थी, लेकिन, सीजफायर का ऐलान हो गया

लखनऊ कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने गुरुवार को राजस्थान के बीकानेर में पीएम मोदी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा कि जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया है। इमरान मसूद ने कहा कि हमें तो पीओके की उम्मीद थी। लेकिन, सीजफायर का ऐलान हो गया। मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस सांसद ने कहा कि बीकानेर में पीएम मोदी ने जो कहा है, वह बिल्कुल सही कहा है, उनके पास इनपुट होगा। इसीलिए, जनता के सामने उन्होंने कहा, लेकिन, उन्हें यह भी बताना चाहिए कि हमने इन आतंकियों को मार गिराया। हमें उम्मीद थी कि हम पीओके पर नियंत्रण कर लेंगे। हमारी सेना तो पीओके में घुस गई थी। पीओके पर बटन दबाना था, लेकिन सीजफायर का बटन दबा दिया। अगर सीजफायर नहीं होता तो आज पीओके भारत का होता। उन्होंने सीजफायर पर कहा कि क्या हम ट्रंप के गुलाम हैं, नहीं हैं तो फिर सीजफायर क्यों? सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के विदेश जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि देश के भीतर हमारे जो भी मतभेद हो सकते हैं, वह हमारा आंतरिक मामला है। लेकिन, जब हम विदेश जाएंगे, तो हम एकता के साथ जाएंगे, हम देश के लिए बोलेंगे, हम केवल भारत के हितों का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके अलावा कुछ नहीं। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल पर कांग्रेस नेता आनंद शर्मा के बयान पर इमरान मसूद ने कहा कि देश के लिए हम एक हैं, हम बाहर जाएंगे तो अलग-अलग नहीं बोलेंगे। सभी एक स्वर में ही बोलेंगे। छत्तीसगढ़ नक्सली मुठभेड़ पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "कोई भी राष्ट्र विरोधी ताकत, चाहे वह कोई भी हो, उससे सख्ती से निपटा जाना चाहिए और उसे पूरी तरह से कुचल दिया जाना चाहिए।" बता दें कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवादियों के खिलाफ सरकार युद्ध स्तर पर अभियान चला रही है। केंद्र सरकार मार्च 2026 तक देश-प्रदेश से नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प को अंजाम देने में जुटी है। इस अभियान में लगातार सफलताएं भी मिल रही हैं। recent visitors 44

कांग्रेस बेबुनियाद बयान दे रही है- चाहे वह जयराम रमेश हों, खड़गे हों या राहुल गांधी, ये सब खोखली बातें हैं: गिरिराज सिंह

पटना केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पीएम मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में जहां एक तरफ हम आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ हम उग्रवाद को खत्म करने के मिशन पर काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने देश से उग्रवाद को खत्म करने का संकल्प लिया है। गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर उग्रवाद को खत्म करने का संकल्प लिया है। गिरिराज सिंह ने छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक उदाहरण देते हुए कहा कि यहां पर कांग्रेस ने कभी भी अपनी सरकार के दौरान उग्रवाद पर चोट नहीं पहुंचाई, कार्रवाई करने के लिए सपोर्ट तक नहीं किया। लेकिन आपने देखा होगा कि जब से यहां पर डबल इंजन की सरकार बनी है, उग्रवाद की लगातार कमर तोड़ी जा रही है। जिस तरह से राज्य सरकार कार्रवाई कर रही है, आने वाले समय में देश से उग्रवाद का सफाया हो जाएगा। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के विदेशी दौरे पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह प्रतिनिधिमंडल 33 देशों का दौरा करेगा। जेडीयू से सांसद संजय झा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल टोक्यो पहुंचा है। यह प्रतिनिधिमंडल दुनिया के सामने भारत का दृष्टिकोण रखेगा। कांग्रेस बेबुनियाद और निरर्थक बयान दे रही है- चाहे वह जयराम रमेश हों, मल्लिकार्जुन खड़गे हों या राहुल गांधी, ये सब खोखली बातें हैं। क्या पीआर बढ़ाने के लिए प्रतिनिधिमंडल विदेश जाएगा? इन लोगों को शर्म आनी चाहिए। देश की बात दुनिया को बताना राष्ट्रीयता की बात है। जो देश के विरोध में बयान देगा, उसे देश विरोध में लिया जाएगा। बता दें कि सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के कुछ सांसदों को शामिल किया गया है, जिसमें शशि थरूर भी शामिल हैं। वहीं कांग्रेस का कहना है कि केंद्र ने उन नामों को अस्वीकार कर मनमानी चलाई है, जो पार्टी ने सरकार को सुझाए थे। खासकर शशि थरूर को प्रतिनिधिमंडल में लेने को लेकर कांग्रेस खेमे में नाराजगी है। वहीं, थरूर का कहना है कि वह प्रतिनिधिमंडल का सदस्य बनकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। देश सेवा उनके लिए गर्व की बात है। recent visitors 59

उनका विद्यार्थी जीवन आईटीआई से जुड़ा रहा है और यही उनकी पहचान का आधार भी रहा: मंत्री टेटवाल

भोपाल कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल ने उज्जैन स्थित शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) में सीमेंस कंपनी के सीएसआर फंड से निर्मित अत्याधुनिक प्रयोगशाला का शुभारंभ किया। मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि उनका विद्यार्थी जीवन आईटीआई से जुड़ा रहा है और यही उनकी पहचान का आधार भी रहा है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान में आकर गौरव का अनुभव हो रहा है। सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि आईटीआई न केवल शिक्षा का माध्यम है, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत रास्ता भी है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में तकनीकी संस्थान, प्रशिक्षण में गुणवत्ता को केंद्र में रखा गया है मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि तकनीकी शिक्षा को उन्नत बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण केंद्रों में अत्याधुनिक संसाधनों से युक्त प्रयोगशालाएं तैयार की जा रही हैं जिससे विद्यार्थी व्यवहारिक ज्ञान के साथ स्वरोजगार और प्लेसमेंट के लिए तैयार हो सकें। उज्जैन में तैयार यह लैब उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भोपाल में ग्लोबल स्किल पार्क, उन्नत तकनीकों में प्रशिक्षण से जुड़ते युवा मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि भोपाल में विकसित ग्लोबल स्किल पार्क जैसे संस्थान युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, इंडस्ट्री 4.0, मेक्ट्रोनिक्स, एआर/वीआर और ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में दक्ष बना रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को 100 प्रतिशत प्लेसमेंट के अवसर मिल रहे हैं, साथ ही स्वरोजगार की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं। हर क्षेत्र में बेटियां आगे, पहचान और प्रतिनिधित्व दोनों में दिख रही सफलता मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। विभिन्न स्तरों पर उन्हें बेहतर प्रतिनिधित्व मिल रहा है और वे न केवल प्रदेश बल्कि देशभर में अपनी उपलब्धियों हासिल कर रही है। आईटीआई संस्थानों में भी बेटियों की भागीदारी उल्लेखनीय है, जिससे तकनीकी शिक्षा का दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ा है। इस अवसर पर विधायक अनिल जैन, जॉइंट डायरेक्टर सुनील कुमार ललावत, आईएमसी चेयरमैन राजेश गर्ग सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक और प्रशिक्षु उपस्थित रहे।   recent visitors 41

मध्यप्रदेश की डिजाइन से 220 और 132 के.व्ही. के टॉवर छत्तीसगढ़ में होंगे तैयार

भोपाल ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बाताया है कि छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी का तकनीकी ज्ञान अब मध्यप्रदेश के विद्युत विस्तार में योगदान देगा। छत्तीसगढ़ 400 केवी के टॉवर की डिजाइन मध्यप्रदेश को देगा और मध्यप्रदेश के 220 केवी और 132 केवी के टॉवर की डिजाइन लेगा। इस तकनीक व कौशल के आदान-प्रदान से दोनों प्रदेश की पॉवर कंपनी का लाभ होगा। इस नई तकनीक से ट्रांसमिशन कंपनी के विशाल टावरों के स्थापना में कम भूमि की जरूरत पड़ेगी। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के अध्यक्ष श्री सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि प्रौद्योगिकियों के परस्पर विनियम से सभी पक्षों की दक्षता बढ़ती है। इसका लाभ दोनों राज्यों को मिलना सुखद है। प्रौद्योगिकीय उन्नयन से ही भावी चुनौतियों का सामना किया जा सकेगा। एमडी श्री राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि दोनों कंपनी के आपसी सहयोग व तकनीक साझेदारी का लाभ दोनों राज्यों को मिलेगा। इससे अत्याधुनिक पारेषण प्रणाली, तकनीक और प्रशिक्षण का आदान-प्रदान हो सकेगा। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी और मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के बीच जबलपुर के शक्ति भवन में अनुबंध हुआ। इसमें छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक (योजना, वाणिज्यिक एवं विनियामक मामले) श्री के. एस. मनोठिया और मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक श्री समीर नगोटिया (वाणिज्यिक एवं विनियामक मामले) ने हस्ताक्षर किये। इस अवसर पर एमपीपीटीसीएल के प्रबंध निदेशक इंजी. सुनील तिवारी विशेष रूप से उपस्थित थे। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी को 400 केवी अति उच्च दाब टॉवर खड़ा करने में विशेष दक्षता हासिल है। इसकी डिजाइन को छत्तीसगढ़ ने केंद्रीय विद्युत अनुसंधान संस्थान (सीपीआरआई) बैंगलोर को भेजा था, जहां वेटिंग, चेकिंग और स्क्रूटनी के पश्चात् टॉवर स्ट्रक्चर की डिजाइन को बेहतर माना गया। मध्यप्रदेश में 220 केवी और 132 केवी के अतिउच्च दाब टॉवर की नेरो बेस डिजाइन बेहतर मानी जाती है, जिसमें कम जमीन का उपयोग करते हुए सकरे फाउंडेशन में विशाल टॉवर खड़े किये जाते हैं। खासकर शहर में जमीन की उपलब्धता कम होने पर इस डिजाइन की अधिक आवश्यकता थी। इस डिजाइन में जहां सामान्य टॉवर के लिए जो जगह फाउंडेशन में लगती थी, उससे अब लगभग आधी लगेगी। इससे टॉवर खड़ा करने में लगने वाली किसानों की कम जमीन प्रभावित होगी।   recent visitors 37

तिरंगा यात्रा में शामिल अनुराग ठाकुर ने कहा- हमारे वीर जवानों ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया

पांवटा साहिब पहलगाम में हुए आतंकी हमले का भारतीय सेना ने जोरदार बदला लिया। 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पीओके के आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना ने अटैक करते हुए कड़ी कार्रवाई की। वहीं, भारतीय सेना के सम्मान में भाजपा तिरंगा यात्रा निकाल रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर पांवटा साहिब में निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में शामिल अनुराग ठाकुर ने कहा, “हमारे वीर जवानों ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। 'ऑपरेशन सिंदूर' ने यह साबित कर दिया कि भारत की सेना हर चुनौती का डटकर सामना करने में सक्षम है। यह तिरंगा यात्रा सैनिकों के साहस, बलिदान और शौर्य को सम्मान देने का एक छोटा सा प्रयास है।” तिरंगा यात्रा का उद्देश्य "ऑपरेशन सिंदूर" में भारतीय जवानों द्वारा दिखाए गए अदम्य साहस और पराक्रम को जन-जन तक पहुंचाना था। इस यात्रा के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर देश के वीर जवानों को सम्मान दिया और राष्ट्रभक्ति का संदेश फैलाया। रामलीला मैदान से शुरू हुई यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नागरिकों को देशभक्ति के रंग में रंगती गई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा विचारक अनुराग गुप्ता 'भूषण' उपस्थित रहे। अनुराग गुप्ता का हिमाचल की सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में अहम योगदान रहा है। वह पिछले दो दशकों से राष्ट्रसेवा और जन-जागरण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने वाले कई अभियानों का नेतृत्व कर चुके हैं और कई बार भाजपा की विचारधारा को जनमानस तक पहुंचाने में प्रमुख भूमिका निभा चुके हैं। वह ‘भूषण’ उपनाम से प्रसिद्ध हैं और एक चिंतक, वक्ता और प्रेरक व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति गीत और नारों की गूंज से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। वहीं, सभी के हाथ में झंडे भी थे। यह यात्रा न केवल एक सामूहिक आयोजन था, बल्कि यह उन वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का भी प्रतीक था, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की। इस यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पांवटा साहिब से विधायक सुखराम चौधरी, जिला भाजपा अध्यक्ष सहित कई मंडल अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। recent visitors 54

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल व सुविधा जनक बनाने के लिए 18 नई पहल शुरू की गई

भोपाल भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल व सुविधा जनक बनाने के लिए 18 नई पहल शुरू की गई है। आयोग द्वारा मतदान केन्द्र पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1200 तक सीमित कर दी गई है। ऊंची इमारतों/कॉलोनियों में अतिरिक्त मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मतदाता सूची अद्यतनीकरण के लिए, मृत्यु पंजीकरण का डेटा सीधे आरजीआई डेटाबेस से प्राप्त किया जाएगा। सत्यापन के बाद इसे अद्यतन किया जाएगा। मतदाता सूचना पर्चियों को मतदाताओं के लिए अधिक अनुकूल बनाया जाएगा। मतदाता की क्रम संख्या और भाग संख्या अब अधिक प्रमुखता से प्रदर्शित की जाएगी। सीईओ/डीईओ/ईआरओ स्तर पर अखिल भारतीय सर्वदलीय बैठकें आयोजित की गईं। 4 हजार 719 बैठकें आयोजित की गईं। इसमें (सीईओ-40/डीईओएस-800/ईआरओएस-3879) और 28,000 से अधिक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों आप/भाजपा/बसपा/माकपा/एनपीपी के प्रमुखों के साथ चुनाव आयोग ने बैठकें की। आईआईआईडीईएम (बिहार, तमिलनाडु और पुडुचेरी) में राजनीतिक दलों के बूथ स्तर के एजेंटों के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम किया गया। सभी हितधारकों को एक ही स्थान पर सभी सेवाएं प्रदान करने के लिए नए एकीकृत डैशबोर्ड – ECINET की शुरूआत की गई। डुप्लिकेट ईपीआईसी नंबर के मुद्दे का समाधान किया गया। अद्वितीय ईपीआईसी नंबर के लिए नई व्यवस्था लागू की गई। मतदाता सूची तैयार करने और चुनाव कराने की पूरी प्रक्रिया में 28 हितधारकों की पहचान की गई, जिनमें जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950, 1951, मतदाता पंजीकरण नियम 1960, चुनाव संचालन नियम, 1961 और समय-समय पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के आधार पर मतदाता, चुनाव अधिकारी, राजनीतिक दल, उम्मीदवार और अन्य शामिल हैं। इनमें से प्रत्येक हितधारक के लिए आयोग के अधिनियमों, नियमों और निर्देशों के आधार पर प्रशिक्षण प्रस्तुतियाँ तैयार की जा रही हैं। बीएलओ से मानक फोटो पहचान पत्र प्राप्त किया जाएगा। आईआईआईडीईएम, नई दिल्ली में क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 3000 से अधिक बूथ स्तरीय पर्यवेक्षकों को पहले ही IIIDEM में प्रशिक्षित किया जा चुका है। अगले कुछ वर्षों में 1 लाख से अधिक बीएलओ पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। आईआईआईडीईएम में सभी 36 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के सीईओ कार्यालयों के एसएमएनओएस और एमएनओ के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। आईआईआईडीईएम में बिहार के पुलिस अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया। बायोमेट्रिक उपस्थिति का कार्यान्वयन किया गया। ई-ऑफिस का संचालन और क्रियान्वयन के लिये सीईओ के साथ नियमित बैठक की जा रही है। recent visitors 51

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने टोक्यो में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की

टोक्यो जेडीयू से सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने टोक्यो के एडोगावा में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके अपनी जापान यात्रा शुरू की। इसके बाद सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को टोक्यो में जापान के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की और ऑपरेशन सिंदूर के वैश्विक आउटरीच अभियान के तहत आतंकवाद के खिलाफ भारत के अडिग रुख की पुष्टि की। इस प्रतिनिधिमंडल में जेडीयू से सांसद झा, भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी और बृजलाल, तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी, सीपीआई (एम) के राज्यसभा सदस्य जॉन बैरिटास और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को टोक्यो पहुंचा। इनके पहुंचने के बाद से ही 'ऑपरेशन सिंदूर' पर भारत की व्यापक कूटनीतिक पहल की शुरुआत भी हो गई। जेडीयू सांसद ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "टोक्यो के एडोगावा में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके अपनी यात्रा की शुरुआत की। जुलाई 2024 में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस प्रतिमा का अनावरण किया था। यह शांति और भारत-जापान मित्रता का प्रतीक है। जापान में बापू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करना उनके अहिंसा और सद्भाव के शाश्वत सिद्धांतों के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।" यह प्रतिनिधिमंडल ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने में पाकिस्तान की भूमिका को उजागर करेगा। टोक्यो पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल का जापान में भारतीय राजदूत सिबी जॉर्ज ने स्वागत किया। इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल को राजदूत सिबी जॉर्ज द्वारा भी जानकारी दी गई, जिन्होंने जापानी नेतृत्व और नागरिक समाज के साथ जुड़ाव के लिए रणनीतिक रोडमैप की रूपरेखा प्रस्तुत की। 'एक्स' पर एक पोस्ट में अपराजिता सारंगी ने लिखा, "यहां भारतीय दूतावास जापान में भारतीय राजदूत की ओर से प्रतिनिधिमंडल को ब्रीफिंग के साथ शुरुआत की गई। इसके अलावा, हम टोक्यो में एडोगावा गए और महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की।" भारतीय प्रतिनिधिमंडल की यह यात्रा आतंकवाद के प्रति भारत की शून्य सहनशीलता नीति के लिए समर्थन जुटाने पर केंद्रित है। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे। टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने जिस प्रकार का रुख दिखाया है, उसे यहां पर सभी कार्यक्रमों में उजागर किया जाएगा।" ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को एक्सपोज करने के उद्देश्य से भारत सरकार की ओर से 59 सांसदों, पूर्व मंत्रियों, राजनयिकों और वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं समेत 7 उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल 21 मई से 5 जून के बीच 33 देशों की यात्रा करेंगे। recent visitors 44