गृहमंत्री बदलापुर का राजा, एक साल में कांग्रेसियों पर 6 हजार मामले दर्ज

कांग्रेस के मीडिया प्रभारी पटवारी ने सरकार और गृहमंत्री की मंशा पर उठाए सवाल

देश में नंबर वन पर क्राइम में मध्य प्रदेश 

माय सीक्रेट न्यूज़ डॉट कॉम

भोपाल। बीते दिनों प्रदेश कांग्रेस पार्टी के मीडिया प्रभारी जीतू पटवारी की इंदौर में नगर निगम कर्मचारी से नोकझोंक हुई। चार दिन बाद उन पर एफआईआर दर्ज होने पर कांग्रेस बीजेपी पर हमलावर हो गई। 18 सितंबर को जीतू पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और भाजपा सरकार तथा गृहमंत्री पर कई सवाल दागे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा बदलापुर के राजा हैं। जो सिर्फ बदले की भावना से कार्य कर रहे हैं। मप्र में भाजपा राजनीति के साथ-साथ जिस तरह से क्राइम में इंवॉल्ब हो रही है। यह लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि NCRB के आंकड़ों के बाद पीएम मोदी ने सबसे निकम्मा गृहमंत्री मप्र का बताया है। NCRB के आंकड़ों के मुताबिक मप्र अपराध में देश की राजधानी बन गया है। प्रदेश को जिस नजरिए से कांग्रेस के साथ-साथ आम आदमी और मीडिया देखती है, उससे ऐसा लगता है कि प्रदेश का गृहमंत्री बदलापुर का राजा है। जिनसे ना तो ढोल बजता और ना ही बाजा। वह सिर्फ कांग्रेसियों से कैसे बदला लेना है, इस पर काम करता है। 

जो आवाज उठाए उस पर कार्यवाही

पटवारी ने कहा कि मुरारी लाल गुप्ता इनके प्रतिद्वंदी हैं, उन पर कार्यवाही की। इनके खिलाफ चुनाव लड़ने वाले राजेन्द्र भारती तथा कांग्रेस विधायक घनश्याम पर भी कार्यवाही की। क्या प्रदेश के गृहमंत्री का काम मप्र में क्राइम को बढ़ावा देना है। विरोधियों पर fir करवाकर उनकी आवाज को दबाना है? गृह मंत्री के इशारे पर पिछले 1 वर्ष में 6000 से ज्यादा कांग्रेसियों पर मामले दर्ज हुए। 2500 युवा कांग्रेस पर भी केस लाद दिए गए। जब इतनी संख्या में कांग्रेस पर मामले दर्ज हुए तो आम आदमी कितना जुर्म सह रहा होगा, आप समझ सकते हैं।  

50 विधायकों पर fir

भाजपा सरकार ने पुलिस पर दबाव बनाकर कांग्रेस के 50 से अधिक विधायकों पर भी मामले दर्ज करवाए हैं। हाल ही में मेरे ऊपर भी एक मामला दर्ज करवा दिया है। जबकि जिस कर्मचारी उत्तम यादव से मेरी नोकझोंक हुई, भाजपा ने जबरन उस कर्मचारी को पुलिस थाने भेजा, उसके बाद भी उसने fir नहीं लिखने का लिखित में आवेदन दिया कि हमारे साथ कोई विवाद नहीं हुआ। 24 घंटे बाद sp ने शिकायत नहीं आने और नगर निगम कमिश्नर ने भी fir नहीं करवाने की बात कही। दो दिन बाद सीएम शिवराज का इंदौर दौरा हुआ और अगले दो दिन बाद मुझ पर फिर दर्ज हो गई। पटवारी ने fir निरस्त करवाने आईजी को पत्र लिखा है। पटवारी ने मांग की कि उत्तम यादव की कॉल डिटेल चेक होना चाहिए। कांग्रेस नेता जेल जाने से नहीं डरता है, संविधान पर विश्वास करता है। भाजपा को ऐसी बदले की राजनीति नहीं करना चाहिए। 

कांग्रेस नेता टारगेट पर

उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री व विधायक बाला बच्चन से भी बदतमीजी की गई। पूरे प्रदेश भर में कांग्रेस नेताओं को टारगेट किया जा रहा है। पटवारी ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश का गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा सबसे निकम्मा गृहमंत्री है। यह बदले की राजनीति और नफरत फैलाने वाले लोग हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अब अगर विधायकों पर मामले दर्ज हुए तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।

इस्तीफा दें गृहमंत्री

पटवारी ने कहा कि प्रदेश में जनप्रतिनिधियों से लेकर आम आदमी, दलित, आदिवासी व महिलाएं कोई सुरक्षित नहीं है। पटवारी ने प्रशासन को अलर्ट किया कि आपने संविधान का उलंघन और पद का दुरुपयोग किया तो वह अपने पाप गिनते जाएं। आप भी इस अन्याय के भागी बनेंगे और इन पापों की सजा भुगतना पड़ेगी। ऐसे गृहमंत्री को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।

लेटेस्ट खबरें