नगर निगम की कार्रवाई, आटो सर्विस सैंटर सील, अवैध निर्माण के चलते कई इमारतों पर चला पीला पंजा

लुधियाना अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने दुर्गा पुरी इलाके में बन रही एक आवासीय इमारत के अवैध हिस्से को तहस नहस कर दिया। इसके अलावा अधिकारियों ने हैबोवाल के एक आवासीय क्षेत्र में एक ऑटो सर्विस सेंटर को भी सील कर दिया, जिसके खिलाफ निवासियों ने शिकायत की थी। दूसरी ओर नगर निगम जोन ए की बिल्डिंग ब्रांच ने कच्ची गली (दाल बाजार) में सड़क के हिस्से पर किए गए कब्जे को हटा दिया। बिल्डिंग इंस्पेक्टर पालप्रीत सिंह ने बताया कि दुर्गा पुरी इलाके में इमारत का मालिक नगर निगम से बिल्डिंग प्लान की मंजूरी लिए बिना ही इमारत का निर्माण कर रहा था, जिसके अवैध हिस्से को ढहा दिया गया है और मालिक को इमारत के बाकी हिस्से के लिए नगर निगम को कंपाउंडिंग फीस जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, हैबोवाल इलाके में निवासियों की शिकायत पर एक ऑटो सर्विस सेंटर को सील कर दिया गया है। कच्ची गली में कब्जे के खिलाफ की गई कार्रवाई के बारे में बोलते हुए ए.टी.पी. (जोन ए) एम.एस. बेदी ने बताया कि एक बिल्डिंग मालिक ने पिछले समय में सड़क के हिस्से पर कब्जा कर लिया था और अब अदालत के आदेश पर यह कब्जा ढहा दिया गया है। recent visitors 89

हरियाणा विधानसभा चुनाव में मतदान कल, पोलिंग पार्टियों हुईं रवाना, 996 पोलिंग बूथ पर होगी वोटिंग

सिरसा हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सिरसा जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है प्रशासन की तरफ से सिरसा जिला की पांचों विधानसभा ऐलनाबाद ,कालांवाली ,रानियां ,डबवाली व सिरसा के लिए पोलिंग पार्टियों रवाना कर दी गई है। पोलिंग को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं जिसके तहत 2500 पुलिस कर्मचारियों के साथ अर्धसैनिक बल सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे । वही बॉर्डर एरिया को लेकर 16 नाके लगाए गए हैं जहां जिला में आने जाने वाली गाड़ियों की चेकिंग की जाएगी। पोलिंग को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से 996 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं जिसमें 10 लाख 60115 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे वहीं पहली बार वोट पोल करने वालों की संख्या 25138 है। सुरक्षा को लेकर पुलिस की तरफ से 40 पेट्रोलिंग पार्टियां लगाई गई है जो 24 घंटे पूरे जिले की निगरानी करेगी। ऐलनाबाद के एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि पोलिंग को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है और पोलिंग एजेंट को ईवीएम मशीन देकर रवाना किया जा रहा है।  उन्होंने कहा कि हर बूथ की वेब कास्टिंग की जाएगी और सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे वहीं उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा पोलिंग करवाने के लिए आम लोगों को जागरूक भी  किया जा रहा है ।   recent visitors 100

दंतेवाड़ा-नारायणपुर सीमा पर मुठभेड़ में 36 नक्सली ढेर, सर्च अभियान जारी

दंतेवाड़ा अबूझमाड़ क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बल को इस वर्ष अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है। नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर थुलथुली गांव के पास जंगल व पहाड़ी में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने अब तक 36 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ अभी जारी है। मुठभेड़ स्थल से अब तक 36 नक्सलियों के शव सहित एके-47 राइफल, एसएलआर जैसी आटोमेटिक बंदूकें व भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए हैं। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मुठभेड़ में बड़े कैडर के इनामी नक्सली भी मारे गए हैं। मुठभेड़ में नक्‍सलियों के शव बरामद जानकारी के अनुसार यह मुठभेड़ तब हुई जब नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्‍सलियों की उपस्थिति की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सर्चिंग अभियान शुरू किया। संयुक्त पुलिस पार्टी ने सर्चिंग अभियान के दौरान शुक्रवार सुबह नक्‍सलियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान मारे गए नक्सलियों के शव मौके पर बरामद किए गए हैं। साथ ही पुलिस ने AK-47, SLR और कई अन्य हथियार भी बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान सभी पुलिस जवान सुरक्षित हैं। फिलहाल इलाके में सर्च अभियान को जारी है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस की तरफ से कोई नुकसान नहीं हुआ। मुठभेड़ की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त बल भी मौके पर भेजा गया है ताकि नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई को जारी रखा जा सके। recent visitors 67

मछली पकडने वाले सिंचाई पानी के प्रवाह में पैदा कर रहे रुकावट , कार्यवाही हेतु ज्ञापन

रायपुर गंगरेल बांध से सिंचाई हेतु छोड़े गये पानी के अबाध प्रवाह में अवैध रूप से मछली पकडने वाले रुकावट डाल सिंचाई समस्या पैदा कर रहे हैं। इनके  खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने रायपुर जिला जल उपभोक्ता संस्था संघ के अध्यक्ष रहे भूपेन्द्र शर्मा ने महानदी जलाशय परियोजना के मुख्य अभियंता कुबेर सिंह गुरुवर को व्हाट्स ऐप के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया है। ज्ञापन में बताया गया है कि गंगरेल के नहरों, वितरक शाखाओं व माइनरों में प्रवाहित हो रहे पानी के साथ आने वाले मछलियों को पकडने कतिपय विध्नसंतोषी तत्व इन माइनरों व वितरक शाखाओं के गेट को गिरा खासकर रात्रि में जाल डाल अवैध रूप से मछली पकड़ते हैं। इनके द्वारा गेट गिरा दिये जाने से पानी का प्रवाह थम जाता है जिसके चलते निरंतर सिंचाई में बाधा उत्पन्न हो जाती है और नये सिरे से खेतों में पानी पहुंचाने में समय लगता है। ज्ञापन में इन विध्नसंतोषी तत्वों द्वारा माइनरों व वितरक शाखाओं के गेट की डुप्लीकेट चाबी बनवा यह कार्य करने की आंशका व्यक्त करते हुये ऐसे तत्वों के खिलाफ ठोस कदम उठाने का आग्रह किया गया है। ज्ञापन में सर्वप्रथम इन तत्वों को चेतावनी देने ग्राम कोटवारों के माध्यम से तुरंत प्राथमिकता के आधार पर मुनादी कराने और बाज न आने पर इनके द्वारा लगाये गये जाल को जप्त कर सिंचाई अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्यवाही करने के साथ – साथ इनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों के तहत भी पुलिसिया कार्यवाही सुनिश्चित कराने आवश्यक पहल का आग्रह किया गया है। इसकी जानकारी महानदी सिंचाई मंडल के अधीक्षण अभियंता एस के सहारे, जल प्रबंध संभाग क्रमांक के कार्यपालन अभियंता ललित रावटे व बगोली सिंचाई उपसंभाग के अनुविभागीय अधिकारी प्रमोद पाल को देते हुये अपने कमांड वाले प्रशासनिक क्षेत्र के ग्रामों में फौरी कदम उठाने का आग्रह किया गया है। इधर श्री शर्मा ने जानकारी दी है कि सिंचाई पंचायतों के अस्तित्व समाप्त होने तक इन माइनरों व वितरक शाखाओं को मछली पकडने इस शर्त के साथ नीलाम किया जाता था कि वे पानी के प्रवाह को सुनिश्चित बनाये रखेंगे पर नीलामी की कार्यवाही बंद होने के बाद से यह समस्या वर्ष दर वर्ष बढ़ती जा रही है।   recent visitors 66

सोनी लिव की सीरीज ज़िंदगीनामा का ट्रेलर रिलीज़

मुंबई, प्राजक्ता कोली, श्रेयस तलपड़े, सुमीत व्यास और श्वेता बसु प्रसाद अभिनीत सीरीज जिंदगीनामा का ट्रेलर रिलीज़ हो गया है। सोनी लिव की आगामी सीरीज़, ज़िंदगीनामा, 6 अनूठी कहानियों के माध्यम से कई चुनौतियों के साथ एक जीवन की यात्रा को दर्शाती है. इन छह कहानियों के शीर्षक है भंवर, स्वागतम, वन+वन, केज्ड, पपेट शो और पर्पल दुनिया।इस सीरीज में श्वेता बसु प्रसाद, प्रिया बापट, प्राजक्ता कोली, यशस्विनी दयामा, लिलेट दुबे, श्रेयस तलपड़े, अंजलि पाटिल, सुमीत व्यास, इवांका दास, मोहम्मद समद, शिवानी रघुवंशी, सयानदीप सेनगुप्ता, तन्मय धनानिया शामिल हैं। श्रुति सेठ. आदित्य सरपोतदार, सुकृति त्यागी, मिताक्षरा कुमार, डैनी मामिक, राखी सांडिल्य और सहान द्वारा निर्देशित, ज़िंदगीनामा जीवन की व्यक्तिगत यात्राओं को पेश करती है। जिंदगीनामा के प्रस्तुतकर्ता अप्लॉज एंटरटेनमेंट है और यह एंटीमैटर प्रोडक्शन, एमपॉवर द्वारा संकल्पित है।यह सीरीज 10 अक्टूबर से सोनी लिव पर दिखायी जाएगी।   recent visitors 64

रेप आरोपों में फंसा फाइटर पायलट, एयरबेस की सुरक्षा में चूक का भी दोषी को वायुसेना ने भेजा नोटिस

नई दिल्ली भारतीय वायुसेना (IAF) ने अंबाला एयरबेस पर तैनात एक लड़ाकू विमान के पायलट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पायलट रेप के आरोपों का सामना कर रहा है और उसे सुरक्षा प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामले में कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी द्वारा दोषी ठहराया गया है। वायुसेना के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह नोटिस गुरुवार को जारी किया गया, जिसमें विंग कमांडर को यह बताने के लिए कहा गया है कि क्यों न उनकी सेवाओं को समाप्त कर दिया जाए। वायुसेना ने कहा कि नैतिक कदाचार से जुड़े मामलों में वायुसेना की जीरो-टॉलरेंस नीति है। क्या है मामला? रिपोर्ट दी थी कि 40 वर्षीय विंग कमांडर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन पर एक पूर्व सिविलियन इंटर्न द्वारा दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है और अंबाला एयरबेस पर सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन का दोषी ठहराया गया है। विंग कमांडर अंबाला के वायुसेना स्टेशन में स्थित जगुआर फाइटर स्क्वाड्रन में तैनात हैं। उन्हें जून 2007 में IAF में कमीशन दिया गया था। दुष्कर्म का आरोप 25 वर्षीय इंटर्न ने लगाया है, जो पालम स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ एयरोस्पेस सेफ्टी में कार्यरत थी। इस संस्थान का संचालन भारतीय वायुसेना के अधीन होता है। विंग कमांडर के खिलाफ भारतीय वायुसेना द्वारा दो अलग-अलग जांचें की गई हैं। पहली जांच कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के तहत अंबाला एयर फोर्स स्टेशन के एयर ऑफिसर कमांडिंग (AOC) द्वारा सुरक्षा उल्लंघन के मामले में की गई, जबकि दूसरी जांच वेस्टर्न एयर कमांड के प्रमुख द्वारा दुष्कर्म के आरोपों की जांच के लिए की गई। सुरक्षा उल्लंघन के गंभीर आरोप अंबाला एयरबेस पर सुरक्षा उल्लंघन के मामले में विंग कमांडर ने वायुसेना स्टेशन के तकनीकी क्षेत्र में बिना अनुमति के प्रवेश की अनुमति दी, प्रतिबंधित क्षेत्रों में स्मार्टफोन का इस्तेमाल किया और विमानों की तस्वीरें प्रसारित कीं। यह एयरबेस देश के सबसे प्रमुख फाइटर बेसों में से एक है, जहां राफेल और जगुआर लड़ाकू विमान तैनात हैं। दिल्ली हाईकोर्ट की कार्यवाही विंग कमांडर ने दिल्ली हाईकोर्ट में 28 अगस्त को याचिका दायर कर वायुसेना द्वारा उनके खिलाफ की जा रही दो जांचों पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि वायुसेना की दोनों जांचें उन्हीं मुद्दों पर आधारित हैं, जो पुलिस द्वारा पहले ही जांच के अधीन हैं। हालांकि, वायुसेना की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने अदालत में कहा कि दुष्कर्म के आरोपों पर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, क्योंकि यह मामला पुलिस द्वारा जांच के अधीन है। अदालत ने अपने आदेश में कहा, “अगली सुनवाई तक, वायुसेना के अधिकारी अनुशासनात्मक या प्रशासनिक कार्रवाई जारी रख सकते हैं, लेकिन बिना कोर्ट की अनुमति के कोई अंतिम आदेश पारित नहीं किया जाएगा।” महिला इंटर्न द्वारा 1 दिसंबर, 2023 को कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, दिल्ली पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 और 506 के तहत प्राथमिकी दर्ज की और विंग कमांडर के खिलाफ बलात्कार और आपराधिक धमकी के आरोपों की जांच शुरू की। मार्च 2024 में भारतीय वायुसेना को भेजी गई 22 पन्नों की शिकायत में इंटर्न ने विंग कमांडर पर आरोप लगाया कि वह उसे परीक्षण करने के बहाने कॉनॉट प्लेस के एक होटल में ले गए और उसके साथ बलात्कार किया। सितंबर 2022 में अंबाला एयरबेस पर एक कॉन्फ्रेंस के दौरान उनकी मुलाकात हुई थी। यह मामला अब 5 नवंबर को फिर से सुना जाएगा। यह घटनाक्रम श्रीनगर में भारतीय वायुसेना के एक बेस पर एक अन्य विंग कमांडर पर उसी एयरबेस पर एक 26 वर्षीय फ्लाइंग ऑफिसर द्वारा बलात्कार का आरोप लगाए जाने के कुछ सप्ताह बाद हुआ है। फ्लाइंग ऑफिसर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि विंग कमांडर ने नए साल की पूर्व संध्या पर उसके साथ बलात्कार किया, और आरोप लगाया कि भारतीय वायुसेना द्वारा की गई आंतरिक जांच में कई खामियों के कारण उसे और अधिक उत्पीड़न और मानसिक यातना दी गई। जम्मू-कश्मीर पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। recent visitors 78

संजय पासवान ने बातचीत में कहा- जीतन राम मांझी को छोड़ दें तो बिहार में 35 साल से पिछड़ी जाति से ही मुख्यमंत्री बन रहे

पटना बिहार का राजनीतिक माहौल बदलने की जन सुराज की कोशिशों के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री रह चुके संजय पासवान प्रशांत किशोर और जन सुराज पार्टी के मुरीद बन गए हैं। संजय पासवान प्रशांत किशोर को सुनने के लिए 2 अक्टूबर को वेटनरी कॉलेज मैदान भी पहुंच गए थे, जब जन सुराज पार्टी बन रही थी और दलित समुदाय से आने वाले पूर्व राजनयिक मनोज भारती को पार्टी का पहला नेता और कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किया जा रहा था। संजय पासवान ने बातचीत में कहा कि जीतन राम मांझी को छोड़ दें तो बिहार में 35 साल से पिछड़ी जाति से ही मुख्यमंत्री बन रहे हैं। अब दलित या महादलित के सीएम बनने का समय आ गया है। बिहार में 19 परसेंट से ज्यादा आबादी दलित है। संजय पासवान ने कहा कि मनोज भारती को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने को पीके का एक साहसिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर द्वारा एक दलित को नेतृत्व थमाने से सामाजिक मंथन होगा जिसका दूरगामी असर हो सकता है और इसका नतीजा देर-सबेर दिखेगा। भाजपा ने 2025 का विधानसभा चुनाव जेडीयू अध्यक्ष और मौजूदा सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ने का ऐलान कर रखा है। संजय पासवान ने पिछले महीने भी दलित मुख्यमंत्री का मुद्दा उठाया था और कहा था कि बीच की जातियों को काफी समय और मौका मिल चुका है। उन्होंने कहा- “हर पार्टी में दलित और महादलित समुदाय के लोगों के लिए जगह खाली है क्योंकि उनमें आकांक्षा बढ़ी है। एक दलित को जन सुराज पार्टी का अध्यक्ष बनते देखना अच्छा लग रहा है और यह दिखाता है कि प्रशांत किशोर कितनी बारीकी से कदम बढ़ा रहे हैं। बाकी दलित नेता बस राजनीति कर रहे हैं। प्रशांत किशोर राजनीति को सोच रहे हैं और जी रहे हैं। जिस तरह से वो काम कर रहे हैं उसके लिए मैं उनको सलाम करता हूं। एक भरोसेमंद चेहरा दलितों को एकजुटता कर सकता है।” पासवान ने कहा कि समय आ गया है कि सारी पार्टियां बहस को पिछड़े से दलित की तरफ ले जाएं। बागडोर बदलती रहनी चाहिए। इससे राजनीति जीवंत रहती है। recent visitors 163