एससी और एसटी कोटे में भी वर्गीकरण होना चाहिए क्योंकि यह एकरूपता वाला समाज नहीं -SC

नई दिल्ली अनुसूचित जाति और जनजाति के आरक्षण में उप-वर्गीकरण पर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को ऐतिहासिक फैसला दिया। शीर्ष अदालत की 7 जजों की बेंच ने साफ कहा कि एससी और एसटी कोटे में भी वर्गीकरण होना चाहिए क्योंकि यह एकरूपता वाला समाज नहीं है। इसमें शामिल जातियों की भी अलग-अलग समस्याएं और उन्हें जिस भेदभाव का सामना करना पड़ता है। उसकी प्रकृति में भी अंतर है। यही नहीं बेंच में शामिल 7 में से 4 जजों ने एससी और एसटी कोटे में भी क्रीमी लेयर की वकालत की। उन्होंने कहा कि आरक्षण एक पीढ़ी के लिए ही होना चाहिए। एक बार यदि किसी को आरक्षण का लाभ लेकर नौकरी मिल जाती है तो वह जनरल कैटिगरी के स्तर पर आ जाता है। ऐसे में आरक्षण का लाभ पाने वाले लोगों की दूसरी पीढ़ी को क्रीमी लेयर के दायरे में लाना चाहिए। बेंच में शामिल एकमात्र दलित जज जस्टिस बीआर गवई ने कहा आरक्षण का सही उद्देश्य है कि देश में समानता को समझा जाए। असमानता वाले समूह में आखिर कैसे सबको एकसमान माना जाता है। इस दलील के आधार पर बेंच ने कहा कि एससी और एसटी में भी क्रीमी लेयर को लागू करना चाहिए। जस्टिस गवई ने कहा, 'सरकार को क्रीमी लेयर की पहचान करने के लिए कोई नीति बनानी चाहिए और लाभ पा चुके लोगों को उससे बाहर करना चाहिए। समानता को पाने का यही एकमात्र तरीका है।' एक दलित IAS के बेटे की तुलना उसी समाज के गरीब से नहीं हो सकती जस्टिस बीआर गवई ने अपने लंबे फैसले में कई महत्वपूर्ण टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि किसी दलित आईएएस, आईपीएस अथवा अन्य किसी अधिकारी के बच्चे की तुलना गरीब परिवार की संतान से नहीं की जा सकती, जो ग्राम पंचायत या फिर जिला परिषद के स्कूल में पढ़ता हो। उन्होंने कहा कि एससी और एसटी कोटे में भी वर्गीकरण का विरोध करना ऐसे ही है, जैसे ट्रेन के जनरल कोट में संघर्ष होता है। उन्होंने कहा कि जनरल कोच में ऐसा होता है कि जो पहले बाहर रहता है, वह भीतर आने के लिए संघर्ष करता है। इसके बाद वह जब भीतर आ जाता है तो फिर हरसंभव प्रयास करता है कि बाहर वाला न आने पाए। recent visitors 133

आशु की गिरफ्तारी पर कांग्रेस की चुप्पी, जानें किस मामले में लिया एक्शन

 लुधियाना  प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने पंजाब के लुधियाना में वरिष्ठ कांग्रेस नेता भारत भूषण से मनी टेंडर मामले में नौ घंटे पूछताछ की। स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर उनको गिरफ्तार कर लिया गया। कांग्रेस नेता के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है कांग्रेस नेता की गिरफ्तारी को लेकर ईडी अधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि "मनी लांड्रिंग टेंडर घोटाले के तहत भारत भूषण आशु को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए, इसके कारण उनकी गिरफ्तारी हुई है। भारत भूषण आशु को मेडिकल करवाने के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया है।" पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भारत भूषण आशु को प्रवर्तन निदेशालय से समक्ष पेश होने के लिए दो दिन पहले ही नोटिस जारी किया गया था। गुरुवार को वो सुबह 10.30 बजे ईडी दफ्तर में पेश हुए। यहां पर उनसे नौ घंटे पूछताछ चली। ईडी अधिकारियों ने उनसे मनी टेंडर घोटाले से जुड़े सवाल किए। देर शाम उनको गिरफ्तार कर लिया गया और मेडिकल कराने के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल लाया गया। बता दें कि भारत भूषण आशु पूर्व में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्रालय के प्रभारी थे। इस दौरान इन पर करीब दो हजार करोड़ रुपए के टेंडरों में घोटाले का आरोप लगा था। प्रदेश की मंडियों में लेबर और ट्रांसपोर्टेशन के टेंडरों में बड़ी मात्रा में अनियमितता पाई गई थी। उस दौरान जांच में ईडी को करीब डेढ़ करोड़ रुपये की संपत्ति के दस्तावेज और करीब 30 लाख रुपये नकदी मिले थे। ट्रांसपोर्टेशन और सप्लाई के नाम पर फर्जीवाड़े का आरोप जब इस मामले की जांच शुरू हुई तो यह पाया गया कि ट्रांसपोर्टेशन और सप्लाई के नाम पर कई फर्जी गाड़ियों का इस्तेमाल किया गया था. इस मामले में विजिलेंस ने कोर्ट में चलान पेश किया था, जिसके बाद ईडी ने इस मामले की जांच शुरू की. जांच में यह पाया गया कि अनाज मंडियों में नकली नंबर पलेट लगाकर माल की ढुलाई की गई थी. आरोपियों ने जो नंबर प्लेट दिखाए थे, वे स्कूटर, मोटरसाइकिल व थ्री व्हीलर के थे, जिससे माल की ढुलाई नहीं की जा सकती है. करीब 2 महीने पहले इस मामले में पंजाब के कुछ ट्रांसपोर्ट मालिकों पर भारत भूषण आशु को फायदा पहुंचाने का आरोप लगा था, जिसके बाद कुछ गिरफ्तारियां भी हुई थी. recent visitors 181

ग्वालियर में महिला के हत्‍यारे का शॉर्ट एनकाउंटर, कुख्‍यात बदमाश लूट का भी है आरोपित

ग्वालियर  ग्‍वालियर। शहर के कुख्‍यात बदमाश आकाश जादौन को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार सुबह करीब चार बजे पुलिस और आकाश का आमना-सामना हुआ। इसके बाद बदमाश ने भागने का भी प्रयास किया। मुठभेड़ के दौरान गोलियां चली। एक गोली आकाश को लगी जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद उसे पुलिस अस्‍पताल लेकर आई। शहर में सत्यम ट्रेवल्स के संचालक संतोष गुप्ता की पत्नी अनीता गुप्ता की लूट के लिए हत्या और दीनदयाल नगर में शिक्षिका सरिता परिहार की सोने की चेन लूटने वाली गैंग के सरग़ना आकाश जादौन को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ा है।    पुलिस घटना के बाद से ही घेराबंदी में लगी थी। पु‍लिस ने सुबह उसे शिवपुरी लिंक रोड पर शीतला माता मंदिर के पास रेलवे ब्रिज के नीचे घेर लिया। वह बाइक से जा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिस को देखकर फ़ायरिंग शुरू कर दी। एक के बाद एक पिस्टल से दो गोलियां चलाईं। जवाब में पुलिस ने भी छह राउंड फायर किए। दो गोली आकाश के पैर में लगीं। गोली लगने से आकाश घायल हो गया। उसे जयारोग्‍य अस्पताल के ट्राॅमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है। दूसरे लुटेरे सोहम भदोरिया को भी पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है। उधर तीसरे आरोपित मयंक की भी घेराबंदी में पुलिस लगी है। इस गैंग ने शहर में हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर खलबली मचा दी थी। जिस बदमाश आकाश जादोन को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ा, उसी ने अनीता को गोली मारी थी, जबकि मयंक भदोरिया दोनों वारदातों में गाड़ी चला रहा था। इस मामले में आकाश पर 30 हजार और अन्य दोनों अपराधियों पर दस दस हज़ार रुपये का इनाम घोषित था। कुख्यात लुटेरा है आकाश आकाश जादौन के बारे में बताया गया है कि वह कुख्यात लुटेरा है। उस पर 22 अपराध पहले से दर्ज हैं। दो अपराध और दर्ज हो गए हैं। सोहम और मयंक के भी आपराधिक रिकॉर्ड हैं। इस टीम ने की कार्रवाई इस अभियान को खुद आईजी अरविंद सक्सेना, एसपी धर्मवीर सिंह लीड कर रहे थे। क्राइम ब्रांच के एएसपी सियाज़ केएम, क्राइम ब्रांच प्रभारी अजय पवार, एसआई राजीव सोलंकी, एसआई शिशिर तिवारी और उनकी टीम ने घेराबंदी कर शॉर्ट एनकाउंटर में बदमाश को पकड़ा। उल्‍लेखनीय है कि ग्‍वालियर शहर में सत्यम ट्रेवल्स के संचालक संतोष गुप्ता की पत्नी अनीता गुप्ता की लूट के लिए हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के एक घंटे बाद ही शिक्षक सरिता परिहार की चेन लूटकर बदमाश फरार हो गए थे। पुलिस को इस मामले में लुटेरों की गैंग का सरगना आकाश जादौन की भी तलाश थी। आकाश ग्वालियर-चंबल अंचल के पूर्व दृस्यु के बेटे का साथी रहा है। उसके साथ भी लूट की वारदातें कर चुका है। दोनों का गांव नजदीक बताया गया है। इस मामले में पुलिस को आकाश जादौन के अलावा सोहम उर्फ शिवम भदौरिया का नाम पता चला था। पुलिस के अनुसार आकाश को सबसे खतरनाक लुटेरा बताया जाता है। वह पहले भी लूट के लिए एक सिपाही पर गोली चला चुका है। उस पर सबसे ज्‍यादा अपराध लूट के ही हैं। आकाश की गैंग को सबलगढ़ नरेश के नाम से जाना जाता है। उसे इंस्टाग्राम पर रील बनाने का भी शौक है। वायरल एक रील में वह नोट गिन रहा है। जबकिएक रील जेल के गाने के ऊपर है।     recent visitors 113

राजस्थान में बाढ़ जैसे हालात, गांव शहर पानी का कहर, दो जिलों में स्कूलों की छुट्टी

जयपुर  राजस्थान में आज लगातार दूसरे दिन भी कई जिलों में तेज बारिश हुई, जिसकी वजह से निचले इलाकों में तीन से चार फीट तक पानी जम गया। बीकानेर जैसे रेगिस्तानी इलाके के भी सड़कों पर दो से तीन फीट पानी जमा हो चुका है। हालांकि तेज गति से बारिश केवल एक से दो घंटे तक हुई लेकिन प्रदेश के ज्यादातर जिले जलमग्न हो गए। बीकानेर और जयपुर में भारी वर्षा के कारण आज स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। राजस्थान के अजमेर और आसपास के इलाकों में आज तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में सवाई माधोपुर और चूरू में 100 एमएम से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। अब तक इस मानसून में 221.4 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि, सबसे ज्यादा बारिश कोटा में 408.01 MM दर्ज की गई। राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश के आसार जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक राज्य में इस सप्ताह मानसून का असर प्रभावी रहने वाला है। ऐसे में कोटा,जयपुर,उदयपुर और अजमेर संभाग में तेज बारिश होने के आसार हैं। वही बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी इस सप्ताह मानसून सक्रिय रहेगा। इस महीने जुलाई की तुलना में बारिश ज्यादा होगी। जयपुर में चार लोगों की मौत राजस्थान में बारिश के चलते गुरुवार को राजधानी जयपुर में बड़ा हादसा हुआ था। जहां सड़क से करीब 22 फीट नीचे बने दो मंजिला बेसमेंट में पानी जाने से तीन लोगों की मौत हुई थी। वही राजधानी जयपुर में ही एक लड़का खुले नाले में बह गया था। हर जिले में अलर्ट मोड पर प्रशासन दिल्ली और जयपुर में बेसमेंट में हुए मौत के बाद अब सरकार और प्रशासन भी लगातार अलर्ट मोड पर है। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तो आपदा प्रबंधन को लेकर बैठक ले ही चुके हैं। वही जिला स्तर पर भी अब राजस्थान में बेसमेंट सीज करने की कार्रवाई हो रही है। recent visitors 108

प्रदेश में आज 11 जिलों में बारिश का रेड अलर्, भोपाल में तेज बारिश, कलियासोत डैम के खुले 3 गेट

भोपाल मध्यप्रदेश में लगातार बारिश होने से शुक्रवार सुबह 7 डैम के गेट खोल दिए गए हैं। भोपाल में कोलार डैम के 4, कलियासोत के 3, भदभदा के 5, नर्मदापुरम में तवा डैम के 5, अशोकनगर में राजघाट के 8, जबलपुर में बरगी के 7 और छिंदवाड़ा में माचागोरा डैम के 4 गेट खोले। प्रदेश के 6 जिलों भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट है। मौसम विभाग ने 30 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। भोपाल और रायसेन के कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन गई है। तेज बारिश के चलते सीहोर कलेक्टर ने सभी स्कूल और आंगनवाड़ियों की छुट्टी घोषित कर दी है। मध्यप्रदेश में सीजन की 55% यानी एवरेज 19.7 इंच बारिश हो चुकी है। जून और जुलाई में कोटे से ज्यादा पानी गिरा। अगस्त के पहले ही दिन प्रदेश के 23 जिलों में बारिश हुई। मानसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से सिस्टम स्ट्रॉन्ग है। यह सिस्टम 5 अगस्त तक पूरे प्रदेश को तरबतर करेगा। इसलिए ऐसा मौसम आईएमडी, भोपाल की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि गुरुवार को मानसून ट्रफ एमपी के ऊपर रही। वेस्ट बंगाल में एक्टिव साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम एमपी की ओर आने लगा। एक और साइक्लोनिक सर्कुलेशन नॉर्थ-ईस्ट राजस्थान के ऊपर है। दो अन्य सिस्टम भी एक्टिव हैं। इस वजह से प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहा। 2 अगस्त से सिस्टम की स्ट्रॉन्ग एक्टिविटी देखने को मिलेगी। इसलिए बारिश का दौर चलेगा। कहीं भारी से भारी और कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जून-जुलाई में कोटे से ज्यादा पानी गिरा इस बार प्रदेश में मानसून 21 जून को एक्टिव हुआ। इसे 40 दिन से ज्यादा हो गए। जून – जुलाई में मानसून की आधी से ज्यादा बारिश हो चुकी है। अब तक की बारिश का कोटा भी पूरा हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, अब तक औसत 18.1 इंच बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 19.7 इंच पानी गिर गया। इस तरह 1.6 इंच बारिश ज्यादा हुई है। यह 9% अधिक है। बारिश में सिवनी अव्वल, 10.80 इंच पानी ज्यादा गिरा प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश सिवनी जिले में 32 इंच हो गई। यह कोटे की बारिश की 10.80 इंच ज्यादा है। मंडला, नर्मदापुरम, भोपाल, रायसेन और छिंदवाड़ा ऐसे जिले हैं, जहां बारिश का आंकड़ा 25 इंच या इससे ज्यादा है। रीवा सबसे पिछड़ा जिला है। यहां 8 इंच बारिश ही हुई है। अब तक प्रदेश में ओवरऑल 9% बारिश ज्यादा हो चुकी है। इसमें पूर्वी हिस्से में 2% और पश्चिमी हिस्से में 15% ज्यादा पानी गिरा है। मंडला में नर्मदा खतरे के निशान के करीब उधर, मंडला में नर्मदा नदी खतरे के निशान के करीब बह रही है। रामनगर और छोटा पुल डूब गया है। नदी का जलस्तर 437.30 मीटर पर पहुंच गया, जबकि खतरे का निशान 437.80 मीटर है। वहीं जिले की बुढ़नेर नदी में आई बाढ़ में एक महिला फंस गई थी। एसडीईआरएफ ने उसका रेस्क्यू किया। एमपी में स्ट्रॉन्ग सिस्टम, अगले 4 दिन चलेगा बारिश दौर अगस्त के पहले ही दिन से मध्य प्रदेश में स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है, जो अगले 4 दिन तक बना रहेगा। मध्यप्रदेश में सीजन की 51% यानी 18.9 इंच बारिश हो चुकी  है। जुलाई में कोटे से ज्यादा पानी पड़ चुका है। अगस्त में भी ऐसे ही आसार बन रहे हैं। केदारनाथ में फंसे एमपी के 51 लोग एयरलिफ्ट मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि चारधाम की यात्रा के दौरान केदारनाथ में फंसे मध्यप्रदेश के 61 यात्रियों में से 51 को गुरुवार को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया  है। शेष 10 यात्री केदारनाथ में ही सुरक्षित स्थान पर हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, शिवपुरी के बदरवास क्षेत्र के कुल 61 लोग एक बस और चार पहिया वाहन लेकर केदारनाथ दर्शन के लिए गए थे, जो भूस्खलन के कारण वहां फंस गए। राज्य सरकार ने उत्तराखंड सरकार से संपर्क कर उन्हें एयरलिफ्ट कराया। राज्य सरकार उत्तराखंड सरकार के सतत संपर्क में  है। रायसेन में सबसे ज्यादा 2.4 इंच वर्षा एक दिन पहले रायसेन में सबसे ज्यादा 2.4 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। सीधी में 1.9 इंच, भोपाल में 1.6 इंच, नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में 1.4 इंच, सतना में 1.7 इंच, टीकमगढ़ में 1 इंच बारिश हुई। धार, उमरिया, मलाजखंड, रतलाम, शिवपुरी, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, रीवा, सागर, सिवनी, गुना, ग्वालियर, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की (MP Weather Update) गई। बारिश कराने वाले सिस्टम एक्टिव मौसम विभाग अनुसार अभी मानसून ट्रफ प्रदेश से थोड़ी ऊपर है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन अरब सागर की ओर है। एक अन्य साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी एक्टिव है। अब इनकी स्ट्रॉन्ग एक्टिविटी से झमाझम बारिश हो रही है। इसलिए अगले 4 दिन के लिए प्रदेश में कहीं भारी तो कहीं हल्की बारिश का अनुमान  है। ये भी पढ़ें: पूजा खेडकर की अग्रिम जमानत खारिज: कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से कहा- फर्जीवाड़ा करने वाले बाकी कैंडिडेट्स की भी जांच की जाए अब तक प्रदेश में सबसे ज्यादा सिवनी में बारिश प्रदेश में 21 जून को मानसून ने दस्तक दी थी। इसे 40 दिन बीत चुके हैं। प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश सिवनी में 31.74 इंच हुई। रीवा में आंकड़ा 8 इंच तक भी नहीं पहुंचा है। अब जो सिस्टम एक्टिव हो रहा है, उसका असर पूर्वी हिस्से- जबलपुर, सागर, शहडोल और रीवा संभाग में ज्यादा देखने को मिलेगा। इसलिए जहां कम बारिश हुई है वहां आंकड़ा बढ़ेगा। अब तक प्रदेश में ओवरऑल 7% बारिश ज्यादा हो चुकी है। इसमें पूर्वी हिस्से में 1% और पश्चिमी हिस्से में 14% ज्यादा पानी गिरा है। recent visitors 119

Chakravyuh वाले भाषण के बाद ED कर रही रेड की तैयारी, राहुल गांधी का बड़ा दावा

नई दिल्ली लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को बड़ा दावा करते हुए कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) संसद में उनके 'चक्रव्यूह' भाषण के बाद उन पर छापेमारी करने की योजना बना रहा है. कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि ईडी के 'अंदरूनी लोगों' ने इस बारे में जानकारी दी है. एक्स पर एक पोस्ट में, राहुल गांधी ने कहा, "जाहिर है, 2 इन 1 को मेरा चक्रव्यूह भाषण पसंद नहीं आया. ईडी के 'अंदरूनी लोगों' ने मुझे बताया कि छापेमारी की योजना बनाई जा रही है. बांह फैलाकर ईडी का इंतजार कर रहा हूं, चाय और बिस्कुट मेरी तरफ से." दरअसल 29 जुलाई को लोकसभा में केंद्रीय बजट 2024 पर बोलते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला किया था. उन्होंने कहा कि देश के किसान, मजदूर और युवा डरे हुए हैं. उन्होंने कमल के प्रतीक को प्रमुखता से प्रदर्शित करने के लिए पीएम मोदी की आलोचना की और दावा किया कि 21वीं सदी में एक नया 'चक्रव्यूह' बनाया गया है. राहुल ने 'चक्रव्यूह' को लेकर संसद में दिया था भाषण राहुल गांधी ने कहा, 'जो 'चक्रव्यूह' बनाया है. इससे करोड़ों लोगों को नुकसान हुआ है. हम इस चक्रव्यूह को तोड़ेंगे. इसे तोड़ने का सबसे बड़ा तरीका जाति जनगणना है. जिससे आप सब डरते हैं. I.N.D.I.A इस सदन में गारंटीकृत कानूनी एमएसपी पारित करेगा. इसी सदन में जाति जनगणना हम पास करके आपको दिखाएंगे.' राहुल गांधी ने महाभारत युद्ध की चक्रव्यूह संरचना का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें डर, हिंसा होती है और अभिमन्यु को फंसाकर छह लोगों ने मारा. उन्होंने चक्रव्यूह को पद्मव्यूह बताते हुए कहा कि ये एक उल्टे कमल की तरह होता है. राहुल ने कहा, 'एक नया चक्रव्यूह तैयार हुआ है, वो भी लोटस की शेप में है, जिसको आजकल पीएम मोदी छाती पर लगाकर घूमते हैं. अभिमन्यु को 6 लोगों ने मारा था, जिनके नाम द्रोण, कर्ण, कृपाचार्य, कृतवर्मा, अश्वस्थामा और शकुनी थे. आज भी चक्रव्यूह के बीच में 6 लोग हैं. चक्रव्यूह के बिल्कुल सेंटर में, 6 लोग कंट्रोल करते हैं, जैसे उस टाइम 6 लोग कंट्रोल करते थे, वैसे आज भी 6 लोग कंट्रोल कर रहे हैं. स्पीकर ने राहुल गांधी को टोका राहुल गांधी के इस बयान पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उन्हें टोकते हुए याद दिलाते हैं कि जो शख्स इस सदन का सदस्य नहीं है, उसका नाम न लिया जाए. इस पर राहुल गांधी ने कहा कि अगर वो चाहते हैं कि वो अजित डोभाल, अडानी और अंबानी का नाम न लें तो वो नहीं लेंगे. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश की जनता को मोदी सरकार ने चक्रव्यूह में फंसा दिया है, इसमें किसान और युवा सबसे ज्यादा पीड़ित हैं.उन्होंने कहा, 'अन्नदाता, जिनको आप इस चक्रव्यूह से निकलने नहीं देते हो, उन्हें आपने कुछ नहीं दिया. उन्होंने एक चीज मांगी थी…एमएसपी. आपने उनको बॉर्डर पर बंद कर दिया. आजतक रोड बंद है, कोई उनसे बात करने को तैयार नहीं, वो यहां मुझसे मिलने आए तो आप उनको अंदर नहीं आने दे रहे. अनुराग ठाकुर ने किया था पलटवार अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के चक्रव्यूह वाले बयान पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने चक्रव्यूह का विषय उठाकर अच्छा किया, क्योंकि इस देश ने कांग्रेस पार्टी के कई चक्रव्यूह देखे हैं. उन्होंने कांग्रेस पर 7 चक्रव्यूह गिनते हुए हमला किया और कहा कि पहला चक्रव्यूह तो कांग्रेस ही थी, जिसने देश को बांटा. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लोकसभा में भाजपा नेता अनुराग ठाकुर के भाषण की सराहना की, जहां अनुराग ठाकुर ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी के पहले के भाषण का जवाब देते हुए इसे "तथ्यों और हास्य का एक बेहतरीन मिश्रण" बताया.   recent visitors 122

कोर्ट ने कहा कि एनडीपीएस केसेज में गांजा, चरस तक जमानत दे सकती है, लेकिन हेरोइन केस में नहीं

नई दिल्ली  सुप्रीम कोर्ट ने हेरोइन रखने की आरोपी महिला को जमानत देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि वह एनडीपीएस केसेज में गांजा और चरस तक तो जमानत दे सकती है। लेकिन हेरोइन के मामले में वह ऐसा बिल्कुल भी नहीं करेगी। कोर्ट के इसके पीछे की वजह भी स्पष्ट की और कहा कि यह ऐसा नशा है जो सब खत्म कर देता है। युवा पीढ़ी पूरी तरह से बर्बाद हो जाती है। जस्टिस सीटी रविकुमार और संजय करोल की बेंच ने सुनवाई करते हुए कहा कि जब भी गांजा या चरस से जुड़े मामले होते हैं तो हम जमानत के पक्षधर होते हैं। लेकिन हेरोइन के मामले में हम ऐसा ऐसा नहीं कर सकते हैं। हमें इसको लेकर सख्त रवैया अपनाना ही होगा। मामला 61 साल की महिला से जुड़ा है, जिसके ऊपर 500 ग्राम हेरोइन रखने का आरोप है। महिला उसी कार में यात्रा कर रही थी, जिसमें प्रतिबंधित पदार्थ पाया गया था। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने इस मामले में आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद यह मामला शीर्ष अदालत तक पहुंचा था। यहां पर महिला आरोपी की तरफ से पेश वकील ने उसकी उम्र का हवाला देते हुए जमानत मांगी थी। इसके साथ ही उन्होंने दलील दी कि महिला के पास से कुछ भी नहीं मिला था। इसके बाद जस्टिस रविकुमार ने वकील को याद दिलाया कि महिला के ऊपर 500 ग्राम हेरोइन लेकर चलने का आरोप है। जस्टिस करोल ने आगे कहा कि हेरोइन सबकुछ तबाह कर देती है। उन्होंने कहा कि यह युवा पीढ़ी को पूरी तरह से खत्म कर देती है। हम इस मामले में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं कर सकते हैं। महिला की तरफ से एडवोकेट श्रेय कपूर सुप्रीम कोर्ट में दलील रख रहे थे।   recent visitors 182