इंटरेक्टिव सेशन 8 अगस्त को, मुख्यमंत्री बेंगलुरू में उद्योगपतियों से करेंगे चर्चा

भोपाल   मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अगला पढ़ाव बेंगलुरू में होने जा रहा है। जहाँ उद्योगपतियों के साथ 8 अगस्त को इंटरेक्टिव सेशन होगा। मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों को बढ़ाने के लिए किये जा रहे विशेष प्रयासों के तहत यह सत्र फरवरी, 2025 में होने वाले “इन्वेस्ट मध्यप्रदेश-ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025” से पहले ‘रोड़ टू जीआईएस’ श्रृंखला का हिस्सा है। GIS-25 में आईटी सेक्टर में उद्योगपतियों को निवेश के लिये आमंत्रित करने के लिये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7-8 अगस्त को बेंगलुरू में इंटरेक्टिव सेशन में उद्योगपतियों से चर्चा करेंगे। बेंगलुरू विप्रो, इंफोसिस, टीसीएस, आईबीएम जैसी कई बड़ी आईटी कंपनियों का हब है। सत्र में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), सूचना प्रौद्योगिकी सक्षम सेवाएँ (आईटीईएस), इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिज़ाइन और विनिर्माण (ईएसडीएम), कपड़ा और परिधान, एयरोस्पेस और रक्षा, ऑटोमोबाइल और ओईएम, फार्मास्यूटिकल्स, हेल्थकेयर और मेडिकल डिवाइस संबंधी उद्योगों के प्रदेश में निवेश पर विस्तृत चर्चा की जायेगी। वर्तमान आवश्यकतानुरूप प्रदेश में आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री में निवेश होने से म.प्र. के विकास में नए आयाम स्थापित होंगे। इसके अतिरिक्त सत्र में विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख उद्योगपति, निवेशक और हितधारक शामिल होंगे। 7 अगस्त की शाम को नेटवर्किंग डिनर में उद्योगपतियों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ जुड़ने और संभावित सहयोग पर चर्चा करने का विशेष अवसर प्राप्त होगा। सत्र में औद्योगिक नीति और निवेश प्रोत्साहन विभाग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग/ एमपीएसईडीसी द्वारा मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों पर प्रस्तुतीकरण दिया जायेगा। प्रमुख उद्योगपतियों द्वारा मध्यप्रदेश में अपने अनुभव साझा करने और राज्य के औद्योगिक परिदृश्य और भविष्य की विकास संभावनाओं के बारे में जानकारी दी जायेगी। 8 अगस्त को इंटरेक्टिव सत्र में फिल्म "एडवांटेज मध्य प्रदेश" दिखाई जाएगी, जो उद्योगपतियों को राज्य में अपने उद्योग स्थापित करने के लिये निवेश की सुविधाओं की जानकारी देगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश में निवेश, नवाचार और सतत् विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार के दृष्टिकोण और नवाचारों की जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ वन-टू-वन बैठक, साथ ही वैश्विक क्षमता केंद्रों, आईटी और परिधान क्षेत्रों के साथ राउंड टेबल चर्चा भी होगी। मुंबई और कोयंबटूर में सफल सत्रों के बाद, कर्नाटक के प्रमुख औद्योगिक केंद्र भारत की सिलिकॉन वैली बेंगलुरू में आयोजित किया जा रहा है। सत्र का उद्देश्य मध्यप्रदेश के प्रचुर संसाधनों, कुशल कार्यबल और अनुकूल औद्योगिक वातावरण से देश के प्रमुख औद्योगिक संस्थानों को अवगत कराकर प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित कर मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी निवेश स्थल बनाना है। म.प्र. में आईटी सेक्टर को बढ़ावा देने के लिये प्रदेश सरकार नवाचार कर रही है।   recent visitors 85

हमास के टॉप कमांडर इस्माइल हानियेह के लिए पाक से तुर्की तक इस्लामिक देशों में मनाया जा रहा शोक

हमास हमास के टॉप कमांडर इस्माइल हानियेह को इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान में घुसकर मार डाला था। यह हत्या भी उस दौरान की गई, जब वह ईरान के नए राष्ट्रपति के शपथ समारोह से लौटा था। इजरायल ने इसके साथ ही हमास के मिलिट्री चीफ मोहम्मद डीफ को भी मार गिराया है। वहीं लेबनान में हिजबुल्लाह के नेता फुवाद शुक्र को भी मार दिया। इजरायल की इन कार्रवाइयों से इस्लामिक देशों में गुस्सा है और शोक की लहर है। पाकिस्तान, तुर्की, इंडोनेशिया, कतर, ओमान जैसे देशों में आज लोग हजारों की संख्या में सड़कों पर उतरे। इन लोगों ने इजरायल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पाकिस्तान में तो पीएम शहबाज शरीफ, राष्ट्रपति समेत तमाम नेता जुटे और एक साथ ही मारे गए हमास नेता के लिए नमाज पढ़ी। इसके अलावा हमास के कमांडर रहे इस्माइल हानियेह के लिए नमाज पढ़कर दुआ भी की गई। इस्माइल हानियेह 2007 से 2018 तक गाजा की सरकार का मुखिया रहा था। इसके अलावा ईरान से उसे संरक्षण प्राप्त था और इस्लामिक देशों से उसे सहानुभूति प्राप्त थी। ऐसे में उसके मारे जाने से तुर्की, पाकिस्तान, इंडोनेशिया समेत तमाम मुस्लिम देशों में तनाव है। यहां तक कि ज्यादातर इस्लामिक देशों ने शुक्रवार को राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया। इस दौरान सभी ने अपने राष्ट्रीय ध्वज आधे झुका लिए। इजरायल में स्थित तुर्की दूतावास का ध्वज भी हमास नेता के मारे जाने के गम में आधा झुका रहा। कतर में तो बड़ी संख्या में लोगों ने कतर की इमाम मुहम्मद इब्न अल-वहाब मस्जिद पर नमाज पढ़ी। इन लोगों ने इस्माइल हानियेह के लिए जन्नत की दुआ मांगी। वहीं इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता की इस्तिकलाल मस्जिद में भी बड़ी संख्या में लोगों का जमावड़ा लगा। वहीं ईरान में तो जगह-जगह ईरान के नए राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और हमास नेता इस्माइल हानियेह के बैनर लगे दिखे हैं। ईरान में जनाजे में जुटे हजारों लोग, हमले की दी गई धमकी ईरान में हमास नेता को दफनाया गया है और उनके जनाजे में गुरुवार को हजारों की संख्या में लोग जुटे। इस्माइल हानियेह की मौत के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई ने इजरायल से बदले का ऐलान किया गया है। यही नहीं इजरायल हाई अलर्ट पर है और किसी भी वक्त उस पर हमले की आशंका जताई जा रही है।  recent visitors 99

अतिवर्षा को देखते हुए सजगता और सतर्कता जरूरी – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अतिवर्षा को देखते हुए आवश्यक सजगता और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सभी बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्य करें और आवश्यकता होने पर तत्काल आमजनता को आगाह किया जाए ताकि कहीं भी कोई दुर्घटना न हो। अतिवर्षा व बाढ़ की चुनौतियों से निपटने के लिए समन्वय में कोई कमी नहीं रहना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रपटों और पुलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में हुई बैठक में यह निर्देश दिए।   recent visitors 91

उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण विभाग का बजट बढ़ाकर बाजार की मांग के अनुसार गतिविधियां संचालित करें: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियों से किसान और उद्योगपति दोनों लाभान्वित होंगे। इनके माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में उद्यमिता और औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा सकता है। अत: उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के परस्पर समन्वय से रोजगार के अवसरों व आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस दिशा में सार्थक प्रयास किए गए हैं। किसानों के साथ उनके परिवारों को जोड़ने के लिए स्व-सहायता समूहों का भी गठन किया जाए। प्रदेश में संभाग स्तर पर हाईटेक नर्सरियां स्थापित कर आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण विभाग का बजट बढ़ाकर बाजार की माँग के अनुसार गतिविधियां संचालित की जाएं। इस दिशा में हॉर्टिकल्चर प्रमोशन एजेंसी स्थापित कर समय-सीमा व रोडमैप निर्धारित करते हुए कार्य किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की समीक्षा का रहे थे। बैठक में मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाहा, मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव श्री राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव वित्त श्री मनीष सिंह, प्रमुख सचिव श्री सुखवीर सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। प्रदेश के संतरा, केला, पान, लहसुन आदि की राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान के लिए हों प्रयास मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश मसालों के उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। अत: प्रदेश में मसालों की पृथक मंडी विकसित की जाए। साथ ही मसालों की खेती का अन्य जिलों में भी विस्तार किया जाए। प्रदेश में बड़े पैमाने पर फल, सब्जी, मसालों आदि का उत्पादन होता है। अत: मध्यप्रदेश के संतरा, केला, पान, लहसुन आदि की राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान स्थापित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में जारी वृक्षारोपण अभियान में फलदार पौधे लगाने को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए। प्रदेश में फल, सब्जियों, औषधीय पौधों आदि के आर्गेनिक प्रोडक्शन, उनके डीहाइड्रेशन प्लांट व गामा रेडिएशन जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए। बेहतर कार्य करने वालों को शासकीय कार्यक्रमों में सम्मानित किया जाए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि किसान को उसकी मेहनत और निवेश का पूरा लाभ मिले व परिस्थितिवश किसी भी स्थिति में उन्हें नुकसान न उठाना पड़े। अत: आधुनिकतम तकनीक और शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए जिला स्तर पर कार्यशाला आयोजित की जाएं। उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वालों को शासकीय कार्यक्रमों में सम्मानित किया जाए और उनकी उपलब्धियों को कार्यक्रमों में प्रदर्शित करने के साथ उनसे संवाद स्थापित करने की भी व्यवस्था हो, जिससे अन्य किसान व उद्यमी प्रेरणा प्राप्त कर सकें। प्रदेश में लगे 18 लाख फलदार पौधे बैठक में उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में केन्द्र पोषित योजनाओं, राज्य पोषित योजनाओं, एकीकृत बागवानी विकास मिशन, राष्ट्रीय कृषि विकास येाजना, पर ड्रॉप मोर क्रॉप माइक्रो इरीगेशन योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना पर प्रदेश में जारी गतिविधियों पर प्रस्तुतिकरण दिया गया। बताया गया कि मध्यप्रदेश संतरा, टमाटर, धनिया, लहसुन तथा मसाला उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर है। किसानों की अतिरिक्त आय सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान तहत प्रदेश में विभाग द्वारा 18 लाख फलदार पौधे रोपे गए।   recent visitors 166

मप्र के मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव के अनुसार मप्र सरकार उत्‍तराखंड सरकार से लगातार संपर्क में है

भोपाल चारधाम की यात्रा के दौरान केदारनाथ में फंसे मध्य प्रदेश के 61 यात्रियों में से 51 यात्रियों को गुरुवार को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने बताया कि शेष 10 यात्री केदारनाथ में ही सुरक्षित स्थान पर है। सभी 61 लोग शिवपुरी के बदरवास क्षेत्र के हैं। एक बस तथा अन्य चार पहिया वाहन लेकर केदारनाथ दर्शन के लिए गए थे, जो भूस्खलन के कारण वहां फंस गए। जानकारी के अनुसार राज्य सरकार ने उत्तराखंड सरकार से संपर्क कर 51 यात्रियों को हेलीकाॅप्टर से रेस्क्यू कर रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया हैं। शेष यात्री केदारनाथ क्षेत्र में ही हैं और सुरक्षित हैं। चारधाम की यात्रा के दौरान केदारनाथ में फंसे मध्यप्रदेश के 61 यात्रियों में से 51 यात्रियों को आज एयरलिफ्ट कर सुरक्षित रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया है। शेष 10 यात्री केदारनाथ में ही सुरक्षित स्थान पर हैं। राज्य सरकार उत्तराखंड सरकार के सतत संपर्क में है। मध्‍य प्रदेश सरकार उत्तराखंड सरकार के सतत संपर्क में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि किसी यात्री को कोई कष्ट न हो। धार्मिक यात्रा के दौरान वर्षाजनित कठिनाइयों के कारण यह घटना हुई है। recent visitors 76

अगले तीन से चार दिनों के बीच उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में मॉनसून काफी एक्टिव रहने वाला है, होगी तेज बारिश

नई दिल्ली देशभर में मॉनसून सक्रिय है और झमाझम बारिश हो रही है। दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक भारी बारिश होने वाली है, जबकि  अब मौसम विभाग ने बताया है कि कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसकी वजह से पश्चिमी बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में दो अगस्त, मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश में दो और तीन अगस्त, पश्चिमी मध्य प्रदेश में तीन और चार अगस्त, गुजरात, कोंकण, गोवा में तीन अगस्त, पूर्वी राजस्थान में चार अगस्त को बहुत भारी बारिश होने वाली है। अगले तीन से चार दिनों के बीच उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में मॉनसून काफी एक्टिव रहने वाला है, जिसकी वजह से तेज बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान पश्चिमी और मध्य भारत के राज्यों में तेज बारिश, आंधी तूफान व बिजली कड़कने की गतिविधियां जारी रहने वाली हैं। छत्तीसगढ़ में दो अगस्त, पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य प्रदेश में दो अगस्त, तीन अगस्त, पश्चिमी मध्य प्रदेश में तीन और चार अगस्त, गुजरात, कोंकण और गोवा में तीन अगस्त को बहुत भारी बारिश होगी। इसके अलावा, पश्चिमी मध्य प्रदेश में दो से पांच अगस्त, छत्तीसगढ़ में तीन अगस्त, कोंकण, गोवा में दो से चार अगस्त, मध्य महाराष्ट्र में दो से छह अगस्त, गुजरात, पूर्वी मध्य प्रदेश में दो से चार अगस्त के बीच भारी बरसात का अलर्ट है। इसके अलावा, विदर्भ में दो और तीन अगस्त, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में सात और आठ अगस्त, मराठवाड़ा में तीन और चार अगस्त, कोंकण व गोवा में पांच से सात अगस्त को तेज बारिश की संभावना है। उत्तर पश्चिम भारत की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में पूरे हफ्ते बारिश जारी रहने वाली है। पूर्वी राजस्थान में चार अगस्त को बहुत ज्यादा भारी बरसात होगी। इसके अलावा, पूर्वी राजस्थान में ही दो और तीन अगस्त, उत्तराखंड में तीन और आठ अगस्त, पूर्वी उत्तर प्रदेश में दो अगस्त, पश्चिमी राजस्थान में दो और पांच अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश में दो से आठ अगस्त, पंजाब में चार से आठ अगस्त, हरियाणा, चंडीगढ़ में छह से आठ अगस्त, राजस्थान में दो से छह अगस्त के बीच तेज बरसात का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दक्षिण भारत के मौसम की बात करें तो तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप, केरल, माहे, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना, रायलसीमा में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहगी। इस दौरान, साउथ इंटीरियर कर्नाटक में दो अगस्त, तटीय कर्नाटक में दो से चार अगस्त को बहुत भारी बारिश होने जा रही है। वहीं, केरल और माहे में दो से चार अगस्त, तटीय कर्नाटक में पांच से सात अगस्त, नॉर्थ इंटीरियर कर्नाटक में दो और तीन अगस्त, साउथ इंटीरियर कर्नाटक में तीन और चार अगस्त को तेज बरसात होगी।   recent visitors 156

गाजियाबाद में हुई दर्दनाक घटना, जिम के अंदर ट्रेड मिल पर दौड़ लगाते समय बीमा एजेंट की मौत

गाजियाबाद गाजियाबाद के वेव सिटी थानाक्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक जिम के अंदर ट्रेड मिल पर दौड़ लगाते समय बीमा एजेंट की मौत हो गई। घटना के बाद जिम में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस का कहना है कि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। हार्ट अटैक आने से मौत होने का अंदेशा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वेव सिटी थानाक्षेत्र के गांव महरौली स्थित पीआर एनक्लेव में रहने वाले 42 वर्षीय जलेंद्र सिंह अपनी पत्नी और बेटी के साथ रहते थे। वह निजी बीमा कंपनी में एजेंट थे। जलेंद्र सिंह रोजाना की तरह शुक्रवार तड़के भी महरौली अंडरपास के सामने स्थित एमके फिटनेस जिम में कसरत करने गए थे। ट्रेड मिल पर दौड़ते वक्त वह एकाएक जमीन पर गिर गए। घटना से जिम में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बयाना गांव निवासी जिम मालिक कपिल तथा महरौली निवासी अमित उन्हें नजदीक के मणिपाल अस्पताल में ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर पहुंची वेव सिटी पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक से मौत होने का अंदेशा जताया है। एसीपी वेव सिटी पूनम मिश्रा का कहना है कि घटना जिम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसीपी वेव सिटी के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में जलेंद्र ट्रेड मिल पर दौड़ते दिख रहे हैं। एकाएक वह अपना एक हाथ अपने सीने पर लगाते हैं। इसके बाद उनकी स्पीड कम हो जाती है। थोड़ी देर बाद वह दौड़ना बंद कर ट्रेड मिल पर खड़े हो जाते हैं। कुछ सेकेंड रुकने के बाद वह एकाएक नीचे गिर जाते हैं। जलेन्द्र को गिरता देख बगल में कसरत कर रहे युवक ने उनकी छाती पर पंपिंग कर उन्हें बचाने का प्रयास किया और फिर वहां जिम मालिक भी पहुंच गया। दोनों ने काफी प्रयास किया, लेकिन वह होश में नहीं आए।   recent visitors 121