अंतरराष्ट्रीय समेत 37 उड़ानों में विलंब रहा और 28 उड़ानों को रद किया

नई दिल्ली युद्ध विराम के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आइजीआइ) एयरपोर्ट पर रविवार को उड़ानों के संचालन में बीते दिनों के मुकाबले थोड़ा कम व्यवधान देखा गया। रविवार को कुल अंतरराष्ट्रीय समेत 37 उड़ानों में विलंब रहा और 28 उड़ानों का रद किया गया। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की बात करें तो 16 उड़ानों के प्रस्थान में देरी हुई और सात उड़ानों के आगमन में विलंब हुआ। हालांकि रविवार को कोई उड़ान रद नहीं हुई। वहीं घरेलू उड़ानों की बात करें तो 14 उड़ानें यहां से देरी से उड़ी और 27 उड़ानें रद हुईं। आगमन में कोई विलंब नहीं हुआ, लेकिन एक उड़ान रद हुई। आईजीआई एयरपोर्ट से दस शहरों की उड़ानों को रद किया आपरेशन सिंदूर के शुरू होने के बाद से आईजीआई एयरपोर्ट से दस शहरों की उड़ानों को रद किया गया है। इसके अलावा उड़ोनों में रोज विलंब भी हो रहा था। शनिवार को युद्धविराम की घोषणा के बाद रविवार को आईजीआई एयरपोर्ट पर विलंब की संख्या में कमी देखी गई।   यह युद्धविराम के बाद एयरस्पेस में आंशिक स्थिरता का संकेत हो सकती है। फिलहाल एयरपोर्ट पर संचालन सामान्य है, लेकिन यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करें और सुरक्षा जांच के लिए अतिरिक्त समय लेकर आएं। डायल ने बताया- एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य वहीं दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने बताया कि सुरक्षा जांच और एयरस्पेस की बदलती परिस्थितियों के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हुईं, लेकिन स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य है। recent visitors 117

विराट कोहली ने हाल ही में खेल के सबसे लंबे प्रारूप को छोड़ने की मंशा जाहिर की थी, नवजोत सिंह सिद्धू ने इस पर उठाया सवाल

नई दिल्ली पूर्व भारतीय बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू ने 20 जून से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के इरादे पर सवाल उठाया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के करीबी सूत्रों के अनुसार, 36 वर्षीय इस दिग्गज खिलाड़ी ने हाल ही में खेल के सबसे लंबे प्रारूप को छोड़ने की मंशा जाहिर की थी। बोर्ड के सूत्रों का कहना है कि कोहली से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए आग्रह किया गया है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का नया सर्कल इंग्लैंड दौरे से शुरू हो रहा है। सिद्धू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया। एक वीडियो में उन्होंने कहा, "विराट कोहली के संन्यास लेने के फैसले ने पूरे क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। उनका इरादा सही है, उनका उद्देश्य नेक है। लेकिन समय और अवसर उचित नहीं है, क्योंकि भारत का गौरव और प्रतिष्ठा दांव पर है। हम एक ऐसे दौरे पर जा रहे हैं जो अन्य टेस्ट खेलने वाले देशों के लिए भी सबसे कठिन टेस्ट है। सिद्धू ने कोहली को भारत का "इंग्लैंड में चमकता हुआ योद्धा" करार दिया है। कहा, कोहली की अनुपस्थिति में भारतीय टीम के पास ज्यादा अनुभव नहीं रहेगा, क्योंकि रोहित शर्मा पहले ही टेस्ट क्रिकेट से दूर हो चुके हैं। सिद्धू ने कहा, "मैं क्यों कहता हूं कि कोहली इंग्लैंड में हमारे लिए सबसे ताकतवर खिलाड़ी हो सकते हैं? क्योंकि उनके पास अनुभव है, खासकर रोहित शर्मा के जाने के बाद। आप इंग्लैंड में अनुभवहीन टीम नहीं भेज सकते।" 2011 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले कोहली ने 123 टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें उन्होंने 46.85 की औसत से 9230 रन बनाए हैं। उन्होंने 68 टेस्ट मैचों में भारत का नेतृत्व भी किया, जिससे वे इस फॉर्मेट में देश के सबसे सफल कप्तान बन गए। उनकी तीव्रता, फिटनेस और नेतृत्व ने भारत को घरेलू और विदेशी दोनों ही जगहों पर एक प्रभावशाली टेस्ट टीम में बदल दिया। recent visitors 71

मंत्री विश्वास सारंग ने प्रभात चौराहे पर ड्रेनेज सिस्टम का निरीक्षण कर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

भोपाल सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने रविवार को भोपाल शहर में नाले-नालियों की वृहद रुप से साफ-सफाई अभियान अंतर्गत नरेला विधानसभा के प्रभात चौराहे पर ड्रेनेज सिस्टम का निरीक्षण कर नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री श्री सारंग ने बताया कि मानसून में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो इसके लिए वृहद रूप से सफाई अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत भोपाल शहर के सभी नाले-नालियों की सफाई सुनिश्चित होगी। साथ ही नालों में लोग कचरा न डालें इसके लिए जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान भोपाल नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। मानसून के पहले भोपाल के सभी नाले-नालियां होंगे साफ मंत्री श्री सारंग ने बताया कि इस बार मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मानसून भोपाल में एक सप्ताह पहले प्रवेश करेगा। इसे देखते हुए भोपाल शहर के सभी नाले नालियों की सफाई वृहद के लिये अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष मानसून पूर्व नगर निगम सफाई अभियान चलता है। मंत्री श्री सारंग ने निर्देश दिये कि इस कार्य की शुरुआत पहले से ही कर दी जाए। इससे समय पर सफाई कार्य पूर्ण हो सकेगा और भविष्य में जलभराव की स्थिति निर्मित नहीं होगी। मंत्री श्री सारंग ने जनजागरण और कचरा प्रबंधन पर दिया जोर मंत्री श्री सारंग ने कहा कि मशीनों के माध्यम से समुचित रूप से नालों की सफाई सुनिश्चित की जाएगी और इसके साथ यह भी ध्यान रखा जाएगा कि जिन क्षेत्रों में नाले आसपास स्थित हैं, वहाँ के निवासियों को हिदायत दी जाए कि वे नालों में कचरा न डालें। इस दिशा में जन जागरण अभियान भी चलाया जाएगा इससे नागरिकों को नालों की स्वच्छता बनाए रखने की महत्ता समझाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि पॉलीथीन जैसे अपशिष्ट पदार्थ नालों में जल प्रवाह को अवरुद्ध करते हैं। इससे जलभराव और ओवरफ्लो की स्थिति उत्पन्न होती है। इसके लिए नालों के समीप कचरा निस्तारण के लिए डंप स्टेशन भी बनाए जाएंगे, जिससे कि कचरा सीधे नालों में न जाए।   recent visitors 40

सीमा पर तैनात जवानों के परिजनों से मिले मंत्री टेटवाल, जवानों के माता – पिता को नमन कर आभार माना

भोपाल कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल ने सारंगपुर विधानसभा के ग्राम खासपुरा पहुंचकर राजस्थान के जैसलमेर में तैनात सेना के दो वीर जवानों श्री धर्मेन्द्र सिंह सोलंकी और श्री विजेन्द्र सिंह सोलंकी के परिजन से मुलाकात की। मंत्री श्री टेटवाल ने जवानों के परिजन का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया और उन्हें नमन करते हुए उनके बेटों की वीरता और समर्पण से देश सेवा के लिए आभार व्यक्त किया। मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि उनके सम्मान का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने माता-पिता से कहा कि आपके दो बेटे सीमा पर देश की सेवा कर रहे हैं और तीसरा बेटा मैं हूं, जो प्रदेश में सेवा करते हुए हर सैनिक परिवार के लिए हमेशा उपस्थित हूँ। उन्होंने कहा कि हमारी भारतीय सेना ने बार-बार यह सिद्ध किया है कि भारत शांति में विश्वास करता है, लेकिन किसी भी आक्रामकता का उत्तर देने में सक्षम है। हमारे जवानों ने अपने अदम्य साहस और पराक्रम से यह साबित किया है कि वे न केवल सीमा की रक्षा करते हैं, बल्कि देश की अस्मिता और सम्मान की भी रक्षा करते हैं। मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि सैनिकों के परिजन के प्रति हमारा कर्तव्य केवल सम्मान करने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि कृतज्ञता और सेवा का भी है। उन्होंने सारंगपुर क्षेत्र की वीरभूमि को नमन करते हुए कहा कि यहां की माटी ने ऐसे सपूत दिए हैं, जिन पर न केवल प्रदेश को, बल्कि पूरे देश को गर्व है। मंत्री श्री टेटवाल ने यह भी कहा कि सैनिकों का सम्मान केवल समारोहों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके परिवारों को यह विश्वास दिलाना भी ज़रूरी है कि सरकार और समाज हर परिस्थिति में उनके साथ है।   recent visitors 48

आर्मी को जवाबी कार्रवाई की छूट, सीजफायर के उल्लंघन के बाद सेना प्रमुख ने की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा

नई दिल्ली पाकिस्तान की ओर से सीजफायर के कुछ ही घंटों बाद इसका उल्लंघन किया गया। इसे लेकर भारतीय सेना ने स्थिति की समीक्षा की। भारतीय सेना ने बताया कि शनिवार की रात को संघर्ष विराम और वायु क्षेत्र उल्लंघन की घटनाओं के बाद भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पश्चिमी सीमाओं पर तैनात सेना कमांडरों के साथ सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। थलसेना प्रमुख ने 10 मई को हुई डीजीएमओ वार्ता के तहत बनी सहमति के उल्लंघन होने की स्थिति में 'काइनेटिक डोमेन' यानी जवाबी कार्रवाई के लिए सेना के कमांडरों को पूरी छूट दे दी है। सेना की ओर से जारी बयान के अनुसार, पश्चिमी सीमा पर किसी भी तरह के उल्लंघन पर सेना तुरंत और प्रभावी जवाब देगी। इससे पहले विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा था कि पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया है, जिसका सेना जवाब दे रही है। इसके साथ ही सेना को जवाबी कार्रवाई करने की खुली छूट दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ओर से यह कार्रवाई 'अत्यंत निंदनीय है और इसकी पूरी जिम्मेदारी पाकिस्तान पर है।' उल्लेखनीय है कि तीन दिनों तक चले संघर्ष के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम हुआ था। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया था कि शनिवार शाम पांच बजे से सीजफायर लागू हो गया, लेकिन महज चार घंटे के अंदर ही पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया और सीमा पार से गोलीबारी शुरू की। साथ ही कई शहरों को ड्रोन के जरिए निशाना बनाया। इससे पहले भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ जारी लड़ाई को लेकर बड़ा फैसला लिया था। सरकार ने सख्त संदेश देते हुए कहा था कि भविष्य में कोई भी आतंकी घटना भारत के खिलाफ युद्ध की कार्रवाई मानी जाएगी। केंद्र सरकार के शीर्ष सूत्रों ने कहा था कि भारत ने निर्णय लिया है कि भविष्य में किसी भी आतंकी कार्रवाई को भारत के खिलाफ युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा और उसी के अंदाज में जवाब भी दिया जाएगा। recent visitors 109

अत्याधुनिक और आत्मनिर्भर गौ-अभयारण्य है बसामन मामा गौवंश वन्य विहार : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि रीवा का बसामन मामा गौवंश वन्य विहार अत्याधुनिक गौ-अभयारण्य है। शीघ्र ही यहां 5 टन क्षमता का गैस उत्पादन संयंत्र आईओसीएल द्वारा स्थापित किया जायेगा। साथ ही पशु आहार निर्माण इकाई भी शुरू की जायेगी। बसामन मामा गौवंश वन्य विहार के विश्राम गृह में रात्रि विश्राम के उपरांत प्रशासनिक भवन में उप मुख्यमंत्री ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार एवं हिनौती गौधाम में अधोसंरचना निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि दुधारू गौवंश की 25-25 यूनिट के चार समूह बनाकर दुग्ध उत्पादन प्रारंभ करें तथा चिन्हित चरनाई भूमि की फेंसिंग कराकर चारा उत्पादन करें। उन्होंने सामुदायिक भोजशाला के निर्माण में गोबर की र्इंट का उपयोग करने के भी निर्देश दिये। उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन मंदिर में भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति स्थापित करने तथा मंच के सामने समतलीकरण कार्य को शीघ्र करने के निर्देश निर्माण विभाग को दिये। उन्होंने मृत पशु निष्पादन संयंत्र की स्थापना शीघ्र करायें तथा गौवंश वन्य विहार में बाउंड्रीबाल का निर्माण प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि गौवंश वन्य विहार में धन की कमी नहीं है इसमें सभी आवश्यक उपकरण व व्यवस्थायें सुनिश्चित करायें। उन्होंने प्रोड्क्शन मैनेजर व मार्केटिंग मैनेजर की नियुक्ति किये जाने की भी बात कही। उप मुख्यमंत्री ने हिनौती गौधाम में पशु शेड व प्रशासनिक भवन का निर्माण 15 जून तक करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना के अनुसार हिनौती गौधाम में पशु शेड, सड़कों का निर्माण करायें ताकि सड़कों के किनारे वर्षाकाल में वृक्षारोपण कराया जा सके। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में 34 लाख रूपये की लागत से बनाये जाने वाले चेकडैम का भूमिपूजन किया। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में पशु चिकित्सक की उपस्थिति व सभी आवश्यक उपचार उपकरण की सुनिश्चितता के निर्देश दिये। उन्होंने प्रशासनिक भवन के समीप एक सुलभ कॉम्पलेक्स तथा एक अन्य सार्वजनिक सुलभ कॉम्पलेक्स निर्माण कराने के निर्देश निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिये। जिला गौसंवर्धन बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष श्री राजेश पाण्डेय ने बहुमूल्य सुझाव दिये जिन पर उप मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्यवाही करने के लिए संबंधितों को निर्देशित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, सीईओ जिला पंचायत श्री मेहताब सिंह गुर्जर, जनपद अध्यक्ष श्री गंगेव विकास तिवारी, अभयराम जी महराज सहित विभागीय अधिकारी एवं स्थानीजन उपस्थित रहे।   recent visitors 47

कोरिया में मेगा स्काई वॉचिंग कार्यक्रम का सफल आयोजन

रायपुर शनिवार 10 मई की संध्या को कोरिया जिले के बैकुण्ठपुर स्थित शासकीय आदर्श रामानुज हायर सेकेंडरी स्कूल के मिनी स्टेडियम में एक अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जहाँ विज्ञान और खगोलशास्त्र के प्रति जिज्ञासा की चमक बच्चों की आँखों में स्पष्ट दिखाई दी। जिले के 500 से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ आयोजित मेगा स्काई वॉचिंग कार्यक्रम विज्ञान शिक्षा को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि इसमें विद्यार्थियों ने केवल वैज्ञानिक तथ्यों को सुना ही नहीं, बल्कि उन्हें प्रत्यक्ष रूप से अनुभव भी किया। टेलीस्कोप की सहायता से चंद्रमा, मंगल और बृहस्पति ग्रह का प्रत्यक्ष अवलोकन करना विद्यार्थियों के लिए किसी रोमांचक यात्रा से कम नहीं था। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ब्रह्मांडीय घटनाओं का प्रदर्शन भी बेहद आकर्षक और शिक्षाप्रद रहा। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन कोरिया, जूनियर रेड क्रॉस सोसाइटी तथा ब्रेकथ्रू साइंस सोसायटी कोरिया के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करना, तार्किक सोच को प्रोत्साहित करना तथा खगोल विज्ञान जैसे विषयों में रुचि उत्पन्न करना था। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी रहीं, जिनके साथ जिला पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुर्रे और जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना रजवाड़े भी मौजूद रहे। इन अधिकारियों ने बच्चों की उत्सुकता और सहभागिता की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी में वैज्ञानिक चेतना और सोच को मजबूती मिलती है। कार्यक्रम में शामिल वैज्ञानिक प्रतिनिधियों श्री पतित पावन कुइला, श्री विजय कुमार, सुश्री पूजा शर्मा और श्री कमल डडसेना ने ब्रह्मांड से जुड़े रोचक तथ्यों को सरल भाषा में विद्यार्थियों के समक्ष रखा। टेलीस्कोप विशेषज्ञ जीवन साहू और नीरज कुमार ने तकनीकी व्याख्यान के साथ-साथ उपकरणों की व्यवहारिक जानकारी भी दी। जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेंद्र गुप्ता की उपस्थिति से शिक्षा जगत की सहभागिता और अधिक सशक्त हुई। कार्यक्रम में जिले के शासकीय और अशासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों के साथ संस्था प्रमुख, शिक्षकगण और अभिभावकों की भी भागीदारी रही। शाम 5 बजे शुरू हुए इस आयोजन में सभी आयु वर्ग के लोगों ने खगोल विज्ञान की इस अनोखी यात्रा का आनंद लिया। इस विशेष पहल ने विद्यार्थियों को न केवल आकाशगंगा और सौरमंडल से जोड़ा, बल्कि उनके भीतर विज्ञान के प्रति एक नई ऊर्जा और जिज्ञासा का संचार भी किया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों की सोच में वैज्ञानिक दृष्टिकोण लाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ। कार्यक्रम का मूलमंत्र मानवता के लिए विज्ञान, समाज के लिए विज्ञान, सोच में विज्ञान को न केवल समझा गया, बल्कि उसे जिया भी गया। जिला प्रशासन द्वारा सभी शैक्षणिक संस्थाओं से अधिकतम विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील भी रंग लाई, जिससे विज्ञान एक जटिल विषय नहीं, बल्कि अनुभव करने योग्य जीवंत विषय बनकर सामने आया। इस आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि विद्यार्थियों को सही मंच और अवसर मिले, तो वे विज्ञान की दुनिया में भी आकाश की ऊँचाइयों तक पहुँच सकते हैं। recent visitors 53