बुलेट ट्रेन परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है, स्‍वदेशी बुलेट ट्रेन के लिए रहे तैयार- वैष्णव

नई दिल्ली रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि बुलेट ट्रेन की परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और इसे स्वदेशी तकनीकी में ढाला जा रहा है तथा जैसे ही यह काम पूरा हो जाएगा, पूरे देश में वंदे भारत ट्रेन की तर्ज पर बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। वैष्णव ने  लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न के जवाब में कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और इसका बजट भी बढ़ा दिया गया है। इसे अत्याधुनिक तरीके से तैयार किया जा रहा है और कई जगह इसके लिए भूमि अधिग्रहण का काम भी किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के लिए बुलेट ट्रेन चलाने संबंधित सवाल पर उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन का डिजाइन आत्मनिर्भर भारत में बनने लगा है और सरकार का सारा फोकस इस समय बुलेट ट्रेन की तकनीक हासिल करने पर है। जैसे ही तकनीक पर पूरी तरह से पकड़ हो जाएगी, पूरे देश में वंदे भारत ट्रेन की तरह बुलेट ट्रेन की पहुंच बढ़ा दी जायेगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र वाले हिस्से में काम धीमा हो गया था, लेकिन 2022 में भाजपा-शिवसेना-राकांपा की महायुति सरकार के सत्ता में आने के बाद इसमें तेजी आई और राज्य सरकार से सभी प्रासंगिक अनुमतियां मिल गई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अब काम बहुत तेजी से चल रहा है।’’ मंत्री ने कहा कि समुद्र के नीचे भारत की पहली रेल सुरंग का निर्माण चल रहा है, जो 21 किलोमीटर लंबी होगी। उन्होंने कहा कि शुरुआत में भारत को बुलेट ट्रेन की तकनीक विदेशों से मिली थी, लेकिन अब देश में भी कई तकनीकें विकसित हो चुकी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक से बुलेट ट्रेन विकसित करने और 'आत्मनिर्भर' बनने पर काम कर रहे हैं।’’ रेलवे और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन के लिए विभिन्न स्टेशनों के निर्माण में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और हम 2026 में एक सेक्शन में पहली बुलेट ट्रेन चलाने के लिए तैयार हैं.  केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अहमदाबाद-मुंबई रूट पर बुलेट ट्रेन का काम बहुत अच्छे से चल रहा है. इसके लिए 290 किलोमीटर से अधिक का काम पहले ही किया जा चुका है. इसके लिए आठ नदियों पर पुल बनाए गए हैं. 12 स्टेशनों पर काम चल रहा है. कई स्टेशन ऐसे हैं, जिसका काम पूरा होने वाला है. इसके साथ ही दो डिपो पर काम चल रहा है. केंद्रीय मंत्री ने आईएएनएस को बताया कि 2026 में बुलेट ट्रेन के पहले खंड के परिचालन के लिए काम बहुत तेज गति से चल रहा है. उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन एक बेहद जटिल परियोजना है. इस पर काम 2017 में शुरू हुआ और डिजाइन को पूरा करने में लगभग ढाई साल लग गए. बहुत जटिल है डिजाइन केंद्रीय मंत्री ने बताया, “इसका डिज़ाइन बहुत जटिल है क्योंकि जिस गति से ट्रेन को चलाना होता है, उसमें कंपन बहुत तेज़ होता है.” अश्विनी वैष्णव ने विस्तार से बताया, “उन कंपनों को कैसे मैनेज करें? अगर हमें ऊपर से करंट लेना है तो वह करंट कैसे लें? उसकी गति, एरोडायनामिक्स आदि जैसी हर चीज को बहुत सावधानी से देखना होगा और उसके तुरंत बाद काम शुरू हो जाएगा.” क्यों हुई देरी? केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बीच में कोविड महामारी के कारण थोड़ा झटका लगा. इसके साथ ही अश्विनी वैष्णव ने कहा, “महाराष्ट्र में, उद्धव ठाकरे की सरकार ने अनुमति देने से इनकार कर दिया था, जिससे परियोजना में देरी हुई. लेकिन, काम अब बहुत अच्छी प्रगति पर है.” केंद्रीय मंत्री ने कहा, “बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में 21 किमी लंबी सुरंग है, जिसमें 7 किमी समुद्र के नीचे का हिस्सा भी शामिल है। सुरंग का सबसे गहरा टनल 56 मीटर नीचे है। इन टनल के अंदर बुलेट ट्रेनें 300-320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी.” जापान की शिंकानसेन तकनीक (जिसे बुलेट ट्रेन भी कहा जाता है) का उपयोग करके मुंबई और अहमदाबाद के बीच हाई-स्पीड रेल का निर्माण करना और लोगों के लिए तेज गति वाली परिवहन प्रणाली विकसित करना इसका उद्देश्य है. recent visitors 161

राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान 1 अगस्त को मंत्रालय स्थित पटेल पार्क में होगा

भोपाल मंत्रालय स्थित वल्लभ भाई पटेल पार्क में राष्ट्र -गीत "वन्देमातरम" एवं राष्ट्र -गान "जन गण मन" का गायन 1 अगस्त को प्रात: 11 बजे किया जाएगा। इसमें मंत्रालय सहित सतपुड़ा एवं विंध्याचल भवन के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। वर्षा होने की स्थिति में उक्त गायन मंत्रालय क्रमांक-1 के पांचवी मंजिल स्थित कक्ष क्रंमाक 506 में होगा। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक माह के प्रथम कार्य दिवस पर राष्ट्र गीत एवं राष्ट्र गान का आयोजन मंत्रालय में किया जाता है।   recent visitors 153

विद्युत चोरी के मामले में दो साल क‍ठोर कारावास सहित 61 हजार रूपये अर्थदंड की सजा

भोपाल मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के शिवपुरी संभाग-एक के वितरण केन्‍द्र बड़ौदी अंतर्गत ग्राम रातौर निवासी राजेश रावत पुत्र सुरेश रावत को 5 वर्ष पुराने मामले में अनधिकृत रूप से बिजली लाइन से सीधे तार जोड़कर बिजली का उपयोग करने पर जिला कोर्ट के विशेष न्‍यायाधीश (विद्युत अधिनियम) ने दो साल के कठोर कारावास तथा 61 हजार रूपये के अर्थदण्ड की सजा सुनाई। गौरतलब है कि कंपनी के उप महाप्रबंधक पराग धावर्डे द्वारा निरीक्षण दल सहित 11 जनवरी 2019 को ग्राम रातौर निवासी आरोपी राजेश रावत पुत्र सुरेश रावत को बिजली कनेक्‍शन के बिना सीधे लाइन से तार जोड़कर बिजली चोरी कर उपयोग करते पाए जाने पर विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था। कंपनी द्वारा प्रकरण को जिला न्यायालय विशेष न्यायाधीश विद्युत अधिनियम के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने इस निर्णय के परिप्रेक्ष्य में सभी आम लोगों से आग्रह किया है कि वे वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें। अनधिकृत या अवैध रूप से बिजली चोरी दण्डनीय अपराध है तथा इसमें जुर्माना और कारावास का प्रावधान है।   recent visitors 147

CM मोहन यादव 1.29 करोड़ लाड़ली बहनों को आज रक्षाबंधन पर देंगे ये बड़ा गिफ्ट, आज मिलेंगे 250 रुपये

भोपाल  मध्य प्रदेश में लाडली बहनों को हर महीने में 1250 रुपए मिलते हैं। वहीं, राखी से पहले मोहन सरकार ने लाडली बहनों को बड़ी सौगात दे दी है। कैबिनेट की मीटिंग में सीएम मोहन यादव ने इसकी घोषणा कर दी है। सावन के महीने में लाडली बहनों को मध्य प्रदेश में 250 रुपए अतिरिक्त मिलेंगे। इस महीने प्रदेश की एक करोड़ से अधिक लाडली बहनों को सरकार 1500 रुपए देगी।     सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया साइड X पर लिखा " श्रावण माह में लाडली बहनों को "शगुन" मेरी लाडली बहनों के खाते में श्रावण माह में आज 1 अगस्त को रक्षाबंधन के ₹250 का "शगुन" डालने जा रहा हूं, ताकि प्रदेश की प्रत्येक लाडली बहन का रक्षाबंधन का त्यौहार खुशियों से सजे." लाड़ली बहनों को कल मिलेंगे 250 रूपये आपको बता दें लाड़ली बहनों को पहले से ही 1250 रूपये की राशि हर माह दी जा रही है. इस माह रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए 250 रूपये अतिरिक्त दिए जाने का ऐलान सीएम मोहन ने किया है. सीएम मोहन के अनुसार कल यानि कि 1 अगस्त को लाड़ली बहनों के खातों में 250 रूपये की राशि भेज दी जाएगी. सीएम मोहन यादव का कहना है कि लाडली बहनों को ये अतिरिक्त राशि रक्षाबंधन पर्व पर साड़ी खरीदने के लिए दी जा रही है.  इसके साथ ही जो हर माह राशि दी जाती है उसे भी तय समय अनुसार डाला जाएगा. पहला उपहार : 250 रुपए रक्षाबंधन का शगुन आपको बता दे कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पहले उपहार के तौर पर 250 रुपए मध्य प्रदेश की 1.29 करोड़ लाडली बहनों को रक्षाबंधन के शगुन के रूप में देने का फैसला किया है यह राशि मध्य प्रदेश की 1.29 करोड़ लाडली बहनों के सीधे बैंक खाते में डाली जाएगी और इसके लिए लाडली बहनों को ज्यादा दिन तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा क्योंकि यह राशि मध्य प्रदेश की लाडली बहनों के खाते में 1 अगस्त 2024 को ही ट्रांसफर कर दी जाएगी. दूसरा उपहार : लाडली बहना योजना की किस्त 1250 रुपए दूसरे उपहार के बारे में बात करें तो मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव मध्य प्रदेश की 1.29 करोड़ लाडली बहनों को लाडली बहना योजना के अंतर्गत मिलने वाली 1250 रुपए की किस्त को भी ट्रांसफर करेंगे यह राशि संभवत 10 अगस्त को लाडली बहनों के सीधे बैंक खाते में पहुंच जाएगी जो कि रक्षाबंधन से पहले दूसरे उपहार के रूप में देखी जा रही है. तीसरा उपहार : 450 रुपए में गैस सिलेंडर आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कैबिनेट बैठक में बड़ा फैसला लिया है और बीजेपी के घोषणा पत्र के अनुसार 450 रुपए में लाडली बहनों को गैस सिलेंडर देने का फैसला कर लिया है यह लाडली बहनों के लिए रक्षाबंधन से पहले तीसरे उपहार के रूप में देखा जा रहा है. रक्षाबंधन से पहले बहनों की बल्ले-बल्ले कैबिनेट बैठक की जानकारी देते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि लाडली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को अब 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर मिलेगा, अभी गैस सिलेंडर 848 रुपए का है. जिसमें से 450 लाडली बहना को देना होगा. बाकी 398 रुपये सरकार देगी. इसके लिए 160 करोड़ का प्रावधान किया गया है. इसके अलावा पीएम बीमा योजना के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का बीमा सरकार कराएगी, जिसकी प्रीमियम सरकार भरेगी. 2 लाख का बीमा जो मिलेगा. उसमें 1 लाख एक्सीडेंटल की स्थिति में मिलेगा. इससे 57 हजार से ज्यादा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लाभ मिलेगा.   सभी जनप्रतिनिधि बंधवाएंगे राखी मुख्यमंत्री यादव ने जनप्रतिनिधियों से रक्षाबंधन के पर्व पर सावन माह में अपने-अपने क्षेत्र की बहनों से राखी बंधवाने का आव्हान भी किया। मध्य प्रदेश में करीब 1.29 करोड़ से अधिक लाडली बहनों की संख्या है। लाडली बहनों को राज्य की सरकार 450 रुपए में गैस सिलेंडर भी देती है। recent visitors 117

दिल्ली मेट्रो इंदौर से उज्जैन – पीथमपुर तक मेट्रो रेल कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करेगी

इंदौर दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) इंदौर से उज्जैन और धार जिले के पीथमपुर तक दो मेट्रो रेल कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करेगी. बुधवार को अधिकारी ने बताया कि कुल 84 किलोमीटर की अनुमानित दूरी वाले इंदौर-उज्जैन और इंदौर-पीथमपुर दो कॉरिडोर में मेट्रो रेल सेवा के लिए तकनीकी सलाह डीएमआरसी देगी. आधिकारिक बयान में कहा गया है कि उज्जैन, इंदौर, पीथमपुर लाइन के पहले चरण के रूप में श्री महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन-नानाखेड़ा बस स्टैंड से लवकुश चौराहा, इंदौर को जोड़ने के लिए डीपीआर तैयार करने का काम डीएमआरसी करेगी. इस संबंध में मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने एक पत्र जारी किया है. इंदौर-उज्जैन और इंदौर-पीथमपुर के बीच मेट्रो रेल की सौगात इससे पहले राज्य सरकार ने घोषणा की थी कि सिंहस्थ से पहले मध्य प्रदेश के इंदौर और उज्जैन शहरों के बीच मेट्रो रेल लाइन बिछाई जाएगी. उज्जैन में 12 साल में एक बार आयोजित होने वाला विशाल हिंदू समागम सिंहस्थ 2028 में आयोजित किया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार, भोपाल में मेट्रो रेल के पहले चरण का प्रायोगिक परीक्षण पिछले साल अक्टूबर में पूरा हो गया था. अब दूसरे और तीसरे चरण का क्रियान्वयन जल्द शुरू होने वाला है. इसके अलावा, इंदौर में करीब 31 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन बिछाने का काम चल रहा है. recent visitors 131

भारत में इस्लामिक स्टेट छोटे पर घातक हमले की तैयारी में : UN

नई दिल्ली संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि आतंकवादी समूह 'इस्लामिक स्टेट इन इराक एंड द लेवंत-खोरासान' (ISIL-K) भारत में बड़े पैमाने पर हमले न कर पाने के बावजूद इस देश में स्थित अपने आकाओं के माध्यम से ऐसे लड़ाकों की भर्ती करना चाहता है जो अकेले ही हमलों को अंजाम दे सकें। आईएसआईएल, अल-कायदा और उससे जुड़े व्यक्तियों और संस्थाओं के बारे में विश्लेषणात्मक सहायता और प्रतिबंध निगरानी टीम की 34वीं रिपोर्ट  यहां जारी की गई। इसमें कहा गया है कि सदस्य देशों ने चिंता जताई है कि अफगानिस्तान से पैदा होने वाला आतंकवाद क्षेत्र में असुरक्षा का कारण बनेगा। रिपोर्ट में कहा गया है, 'भारत में बड़े पैमाने पर हमले न कर पाने के बावजूद आईएसआईएल-के देश में अपने आकाओं के जरिए ऐसे लोगों की भर्ती करना चाहता है जो अकेले हमलों को अंजाम दे सके और उसने उर्दू में हिंदू-मुस्लिम द्वेष को बढ़ाने वाली तथा भारत के संबंध में अपनी रणनीति को रेखांकित करने वाली एक पुस्तिका जारी की है।' इसमें कहा गया है कि आईएसआईएल-के इस क्षेत्र में सबसे गंभीर खतरा बना हुआ है, जो अफगानिस्तान से परे आतंक फैला रहा है, जबकि 'अल-कायदा रणनीतिक संयम बरतता है' और तालिबान के साथ अपने संबंधों को प्राथमिकता देता है। रिपोर्ट के अनुसार, तहरीक-ए-तालिबान (टीटीपी), तालिबान और भारतीय उपमहाद्वीप में अल-कायदा (एक्यूआईएस) के बीच समर्थन और सहयोग बढ़ा है। वे अफगानिस्तान में लड़ाकों और प्रशिक्षण शिविर साझा कर रहे हैं और तहरीक-ए-जिहाद पाकिस्तान (टीजेपी) के बैनर तले अधिक घातक हमले कर रहे हैं। इसमें कहा गया है, 'अत: टीटीपी अन्य आतंकवादी समूहों के लिए एक पनाह देने वाले संगठन में तब्दील हो सकता है। मध्यम अवधि में, टीटीपी और एक्यूआईएस का संभावित विलय पाकिस्तान और अंततः भारत, म्यांमा और बांग्लादेश के खिलाफ खतरा बढ़ा सकता है।' कुछ सदस्य देशों ने अनुमान जताया है कि आईएसआईएल-के के लड़ाकों की संख्या 4,000 से बढ़कर 6,000 हो गई है।   recent visitors 131

इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 4 दिवसीय बैठक आज 1अगस्त से, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले के भी शामिल होने की चर्चा

इंदौर आज 1 अगस्त से 4 अगस्त के बीच इंदौर में संघ की एक बड़ी बैठक का आयोजन होने जा रहा है। यह बैठक इंदौर में एमआर-10 स्थित एक प्राइवेट रिसोर्ट के परिसर में आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क विभाग की आंतरिक बैठक आज एक से चार अगस्त तक इंदौर में होगी। इसमें संघ और जनता के बीच की कड़ी- संपर्क विभाग के विभिन्न क्षेत्र और प्रांत के 180 पदाधिकारी और कार्यकर्ता अलग-अलग मुद्दों पर विचार मंथन करेंगे। बैठक में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और सह कार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल मौजूद रहेंगे। संघ के 11 क्षेत्र और सभी प्रांत के संपर्क और सहसंपर्क प्रमुख के साथ ही राष्ट्रीय सहसंपर्क प्रमुख सुनील देशपांडे और रमेश पप्पाजी भी आएंगे। इंदौर में आयोजित होने वाली इस बैठक में संघ के अलग-अलग प्रांत और क्षेत्र के संपर्क और सहसंपर्क प्रमुख अपने सालभर के कामकाज की जानकारी देने के साथ ही जनता के बीच से संघ को लेकर जो फीडबैक मिल रहा है, उसकी जानकारी भी नेतृत्व के सामने रखेंगे। बताया जा रहा है कि इस बैठक में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रय होसबोले और राष्ट्रीय संपर्क प्रमुख रामलाल भी शामिल होंगे। वहीं बैठक में संघ के 11 क्षेत्र और सभी प्रांत के संपर्क और सहसंपर्क प्रमुख के साथ ही राष्ट्रीय सहसंपर्क प्रमुख सुनील देशपांडे और रमेश पप्पाजी भी मौजूद रहेंगे। इस बैठके साथ ही इंदौर में संघ के बौद्धिक विभाग की प्रांतीय बैठक भी 3 और 4 अगस्त को इंदौर में आयोजित की जा रही है। इस बैठक में प्रांतीय टीम के करीब 200 पदाधिकारी शामिल होंगे। इसमें संघ के अखिल भारतीय बौद्धिक प्रमुख सुनील भाई मेहता मौजूद रहेंगे। हर वर्ष देश के किसी एक बड़े शहर में होने वाली यह बैठक इंदौर में लंबे समय बाद हो रही है। इसमें चार दिनों में 24 से अधिक सत्र होंगे, जिनमें संघ के अलग-अलग प्रांत और क्षेत्र के संपर्क और सहसंपर्क प्रमुख अपने वर्षभर के कामकाज का विवरण देंगे। एक दिन वर्षभर के कार्यकाल की समीक्षा होगी और इसके बाद अगले दिन आने वाले वर्ष की कार्ययोजना बनाई जाएगी।   recent visitors 117