MY SECRET NEWS

सीधी

  मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाड़ली बहना उत्सव तथा हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 25 हजार स्थानों में 10 अगस्त को बहनों के सम्मान का उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दिन लाड़ली बहना योजना के हितग्राही बहनों को 1250 रुपए तथा रक्षाबंधन पर्व के लिए 250 रुपए की अतिरिक्त राशि जारी की जाएगी। इस कार्यक्रम का जिला, विकासखण्ड, ग्राम पंचायत तथा सभी नगरीय निकायों के वार्डों में सजीव प्रसारण सुनिश्चित करें। इन स्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, पंचायत प्रतिनिधि, सरपंच, पार्षद आदि शामिल होंगे। सामारोह में अधिक से अधिक बहनों की भागीदारी सुनिश्चित करें। पूरे प्रदेश में रक्षाबंधन पर्व तक बहनों के सम्मान के कार्यक्रम लगातार आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं।

      मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में 11 अगस्त से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। अभियान के लिए प्रशासनिक अधिकारी तिरंगे की व्यवस्था करेंगे। इसमें जनप्रतिनिधि भी पूरा सहयोग करें। राष्ट्रध्वज हम सबके लिए सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक है। प्रत्येक शहर, कस्बे तथा गांव में तिरंगा रैली, तिरंगा यात्रा तथा अन्य आयोजन करके हर घर तिरंगा अभियान के लिए सकारात्मक वातावरण बनाएं। हर नागरिक को अपने घर में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें। स्वसहायता समूहों तथा पोस्ट आफिस में पर्याप्त मात्रा में तिरंगे उपलब्ध हैं। अभियान के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तथा शहीदों के परिजनों को सम्मानित करें। स्थानीय कलाकारों के माध्यम से तिरंगे की शान और देशभक्ति के गीतों के कार्यक्रम आयोजित कराएं। ध्वज संहिता का पालन करते हुए हर घर में तिरंगा फहराया जाए।
 
      मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के लिए विभिन्न संचार माध्यमों में पर्याप्त सामग्री उपलब्ध कराएं। सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करें। सभी शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक संगठनों, खेल संगठनों, सामाजिक संगठनों तथा अन्य संगठनों को भी इस अभियान में शामिल करें। यह अभियान राष्ट्र के गौरव का अभियान है। हमने अनगिनत शहीदों के बलिदान और कठिन संघर्ष के बाद आजादी प्राप्त की है। नई पीढ़ी को भी शहीदों के बलिदान से अवगत कराने का माध्यम हर घर तिरंगा अभियान को बनाएं।

      वीडियो कान्फ्रेंसिंग ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण का अभियान जारी रखें। यह वर्ष रानी दुर्गावती के 500वां जन्मवर्ष तथा रानी अहिल्याबाई का 300वां जन्मवर्ष है। इन्हें भी लाड़ली बहना उत्सव तथा हर घर तिरंगा अभियान में याद करें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ तथा अतिवृष्टि से सुरक्षा के उपाय, जर्जर भवनों को नोटिस देकर गिराने के निर्देश दिए। पूरे प्रदेश में आगामी 26 अगस्त को पूरे उत्साह के साथ जन्माष्टमी का पर्व मनाएं। सभी कृष्ण मंदिरों तथा अन्य मंदिरों के परिसरों में विशेष साफ-सफाई कराकर आकर्षक सजावट कराएं। जिस तरह मथुरा में जन्माष्टमी मनाई जाती है उसी तरह पूरे प्रदेश में जन्माष्टमी मनाएं। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मंत्रीगण, विधायक तथा सांसद एवं मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।

  कलेक्ट्रेट एनआईसी केन्द्र से विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर राजेश शाही, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा एवं अन्य अधिकारी शामिल हुए।

Loading spinner
यूजफुल टूल्स
QR Code Generator

QR Code Generator

Age Calculator

Age Calculator

Word & Character Counter

Characters: 0

Words: 0

Paragraphs: 0