एडिलेड
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोटिल होने के कारण भारत के खिलाफ छह दिसंबर से यहां शुरू होने वाले दूसरे दिन रात्रि टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को यह जानकारी दी। ऑस्ट्रेलिया पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट में 295 रन की हार के कारण पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 0-1 से पीछे चल रहा है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने यहां जारी विज्ञप्ति ने कहा,‘‘जोश हेज़लवुड बायीं ओर हल्की चोट के कारण दूसरे टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे। हेज़लवुड हालांकि श्रृंखला के बाकी मैचों की तैयारी के लिए एडिलेड में टीम के साथ बने रहेंगे।’’ तेज गेंदबाज सीन एबॉट और ब्रेंडन डोगेट को एडिलेड टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है।
विज्ञप्ति के अनुसार ,‘‘ सीन एबॉट और ब्रेंडन डोगेट को एडिलेड में भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम में शामिल किया गया है। एबॉट और डोगेट एडिलेड टेस्ट मैच के लिए ब्यू वेबस्टर के साथ टीम से जुड़ गए हैं।’’ ऑस्ट्रेलिया के पास हेज़लवुड के स्थान पर तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड को अंतिम एकादश में शामिल करने का विकल्प भी है।
हेज़लवुड का गुलाबी गेंद से होने वाले टेस्ट मैच में अच्छा रिकॉर्ड रहा है। इस 33 वर्षीय तेज गेंदबाज ने भारत के खिलाफ 2020-21 की श्रृंखला के दौरान दिन-रात्रि टेस्ट मैच में आठ रन देकर पांच विकेट लिए थे। भारतीय टीम तब 36 रन पर आउट हो गई थी।
यह पहला अवसर होगा जबकि हेज़लवुड भारत के खिलाफ घरेलू टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे। एबॉट और डोगेट को हाल में शेफ़ील्ड शील्ड मैचों में अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है। एबॉट ने अपने आखिरी शील्ड मैच में तस्मानिया के खिलाफ 16 ओवर में 71 रन देकर चार विकेट लिए थे, जबकि डोगेट ने पश्चिम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच विकेट लिए थे। उन्होंने अभी तक तीन शील्ड मैचों में 11 विकेट लिए हैं। इस तेज गेंदबाज ने हाल ही में मैकाय में भारत ए के खिलाफ मैच में 15 रन देकर छह विकेट लिए थे जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है।

“माय सीक्रेट न्यूज़” यह एक ऑनलाइन वेबसाइट है, जो आपको देश – दुनिया और आपके आसपास की हर छोटी-बड़ी खबरों को आप तक पहुंचाती है। इस वेबसाइट का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र जी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता में BJC (बेचलर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) और MJC (मास्टर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री 2011 में हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर मप्र से हासिल की है। उन्होंने भोपाल के स्वदेश, राज एक्सप्रेस, राष्ट्रीय हिंदी मेल, सांध्य प्रकाश, नवदुनिया और हरिभूमि जैसे बड़े समाचार पत्र समूहों में काम किया है। इस वेबसाइट का संचालन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हो रहा है, जहाँ से प्रदेश की राजनीति से लेकर विकास की योजनाएं तैयार होती हैं।दे श व प्रदेश जिले की ताजा अपडेट्स व राजनीतिक प्रशासनिक खबरों के लिए पढ़ते रहिए हमारी वेबसाइट (my secret news. Com )👈 ✍️ पुष्पेन्द्र , (वरिष्ठ पत्रकार) भोपाल, मप्र











