भोपाल
बैरागढ़ थाना इलाके में शनिवार रात ईसाई कब्रिस्तान के पास स्कूटर से जा रही महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाश सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। घटना के वक्त महिला अपनी देवरानी के साथ डाक्टर के पास उपचार कराने जा रही थी। चेन की कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से अज्ञात लुटेरों की तलाश कर रही है।
यह है घटनाक्रम
बैरागढ़ थाना पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय खुशी पत्नी प्रकाश ललवानी साधु वासवानी कॉलेज के पास बैरागढ़ में रहती हैं। शनिवार रात वह स्कूटर से सीटीओ क्षेत्र में में रहने वाली अपनी देवरानी के घर पहुंचीं। वहां से वह देवरानी को साथ लेकर लालघाटी स्थित एक डॉक्टर की क्लीनिक पर जा रही थीं।
रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों ईसाई कब्रिस्तान के सामने से गुजर रही थीं, तभी पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों में से एक ने खुशी के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन खींच ली। इसके बाद दोनों तेजी से बाइक दौड़ाते हुए वहां से रफूचक्कर हो गए। महिलाओं ने स्कूटर से कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया, लेकिन उन्हें पकड़ने में नाकाम रहीं।
खुशी ने घटना की जानकारी फोन पर अपने पति को दी। उसके बाद पति के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस घटनास्थल एवं अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

“माय सीक्रेट न्यूज़” यह एक ऑनलाइन वेबसाइट है, जो आपको देश – दुनिया और आपके आसपास की हर छोटी-बड़ी खबरों को आप तक पहुंचाती है। इस वेबसाइट का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र जी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता में BJC (बेचलर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) और MJC (मास्टर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री 2011 में हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर मप्र से हासिल की है। उन्होंने भोपाल के स्वदेश, राज एक्सप्रेस, राष्ट्रीय हिंदी मेल, सांध्य प्रकाश, नवदुनिया और हरिभूमि जैसे बड़े समाचार पत्र समूहों में काम किया है। और पढ़ें