इंदौर
रंगपंचमी के अवसर पर निकली पारंपरिक गेर में इस बार कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। क्राइम ब्रांच की विशेष टीम ने सादी वर्दी में तैनात रहकर 40 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया, जिनमें दिल्ली और हरियाणा से आई चेन कटिंग गैंग की 14 महिलाएं भी शामिल थीं।
चेन कटिंग गैंग का पर्दाफाश
गेर के दौरान सक्रिय अपराधियों पर नजर रखने के लिए क्राइम ब्रांच की विशेष टीम तैनात थी। इस दौरान एक चेन लुटेरे सोनू (32) पिता तेजसिंह पंवार, निवासी मेघपुर (फरीदाबाद, हरियाणा) को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसके पास से चेन काटने का औजार और महू से आए व्यापारी मोहनलाल रूनवाल (65) की साढ़े चार तोला वजनी सोने की चेन बरामद की है। जांच में पता चला कि आरोपी 17 मार्च को हरियाणा से उज्जैन पहुंचा था और फिर वहां से बुधवार सुबह इंदौर आकर गेर में शामिल हुआ। पुलिस अब गैंग के अन्य फरार सदस्यों की तलाश कर रही है।
छेड़छाड़ और हुड़दंग करने वाले भी पकड़े गए
गेर में महिलाओं से छेड़छाड़, भद्दे कमेंट करने, गलत हरकत करने और जूते-चप्पल उछालने वाले 8 बदमाशों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनकी पहचान अभिषेक जाटव (21) उज्जैनी, दीपांशु चौहान (23) खंडवा नाका, प्रकाश प्रजापत (44) गणेश नगर, उमंग डाकचे (19) खजराना खेड़ी, नरेंद्र कुशवाह (46) श्रीकृष्ण पैराडाइज, मनीष तंमाड़े (32) भागीरथपुरा, ऋषि रावल (38) नंदलालपुरा और प्रशांत नाथ (26) जवाहर मार्ग के रूप में हुई।
महिला-पुरुषों से बदसलूकी करने वाले 5 और गिरफ्तार
इसके अलावा गेर में परिवार के साथ आए लोगों से बदसलूकी करने के आरोप में दीपक (21) हरिनगर (हरियाणा), पवन (22) दिल्ली, अमरजीत (18) फरीदाबाद, सोनू (32) वेगपुर (फरीदाबाद) और ओमवीर को भी गिरफ्तार कर थाने भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस बार सुरक्षा को लेकर खास सतर्कता बरती गई थी, जिसके चलते कई बदमाशों को समय रहते पकड़ा जा सका। पुलिस अब इन गिरोहों के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

“माय सीक्रेट न्यूज़” यह एक ऑनलाइन वेबसाइट है, जो आपको देश – दुनिया और आपके आसपास की हर छोटी-बड़ी खबरों को आप तक पहुंचाती है। इस वेबसाइट का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र जी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता में BJC (बेचलर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) और MJC (मास्टर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री 2011 में हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर मप्र से हासिल की है। उन्होंने भोपाल के स्वदेश, राज एक्सप्रेस, राष्ट्रीय हिंदी मेल, सांध्य प्रकाश, नवदुनिया और हरिभूमि जैसे बड़े समाचार पत्र समूहों में काम किया है। इस वेबसाइट का संचालन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हो रहा है, जहाँ से प्रदेश की राजनीति से लेकर विकास की योजनाएं तैयार होती हैं।दे श व प्रदेश जिले की ताजा अपडेट्स व राजनीतिक प्रशासनिक खबरों के लिए पढ़ते रहिए हमारी वेबसाइट (my secret news. Com )👈 ✍️ पुष्पेन्द्र , (वरिष्ठ पत्रकार) भोपाल, मप्र











