97 guides of Kanha National Park received three-day refresher training
- देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को मिलेगा और बेहतर अनुभव
मंडला । विश्व प्रसिद्ध Kanha National Park में पर्यटकों को बेहतर सफारी अनुभव और सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पार्क प्रबंधन द्वारा 97 गाइडों के लिए तीन दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। खटिया स्थित ईको सेंटर में सरही और खटिया रेंज के गाइडों को नेचरलिस्ट ट्रेनरों की देखरेख में प्रशिक्षण दिया गया। रविवार को संपन्न इस शिविर में गाइडों को वन्यजीव संरक्षण, प्राकृतिक संपदा, स्थानीय संस्कृति और पर्यटक संवाद कौशल से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर गहन जानकारी दी गई । प्रशिक्षण की शुरुआत नेचर सफारी से हुई, जिसमें प्रतिभागियों को जंगल की विविधता, तितलियों, पक्षियों, सरीसृपों और पार्क के नियमों के बारे में व्यवहारिक जानकारी दी गई। संचार कौशल पर विशेष सत्र आयोजित कर गाइडों को पर्यटकों के साथ प्रभावी संवाद बनाने की तकनीकें बताई गईं। नेचर ट्रेल के दौरान गाइडों ने जंगल के वातावरण को नजदीक से समझा और प्रमुख शाकाहारी प्रजातियों के साथ-साथ आदिवासी जीवनशैली पर विशेष जानकारी प्राप्त की ।
रोचक सत्रों के माध्यम से गाइडों को जानवरों के व्यवहार, केस स्टडी और रोल प्ले के जरिए व्यावहारिक ज्ञान को मजबूत करने का अवसर मिला। “कौन कितना है हटके” जैसे इंटरैक्टिव सत्रों ने प्रशिक्षण को और अधिक ज्ञानवर्धक बनाया ।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान विशेषज्ञ याजुवेंद्र उपाध्याय, स्नेहा सुंदरम, अभिलाष वर्शी, आशीष कछवाहा और फील्ड बायोलॉजिस्ट ने अपने अनुभव साझा करते हुए गाइडों को पर्यटकों के साथ बेहतर तालमेल बनाने और कान्हा की विशेषताओं को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने के टिप्स दिए।
कान्हा प्रबंधन ने बताया कि इस प्रशिक्षण के बाद गाइड पर्यटकों को न केवल वन्यजीवों और जंगल की अनोखी जैव विविधता से परिचित कराएंगे, बल्कि संरक्षण और स्थानीय संस्कृति के महत्व को भी प्रभावी ढंग से समझा पाएंगे। इससे देश-विदेश से आने वाले सैलानियों को कान्हा भ्रमण के दौरान और अधिक समृद्ध अनुभव प्राप्त होगा।

“माय सीक्रेट न्यूज़” यह एक ऑनलाइन वेबसाइट है, जो आपको देश – दुनिया और आपके आसपास की हर छोटी-बड़ी खबरों को आप तक पहुंचाती है। इस वेबसाइट का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र जी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता में BJC (बेचलर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) और MJC (मास्टर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री 2011 में हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर मप्र से हासिल की है। उन्होंने भोपाल के स्वदेश, राज एक्सप्रेस, राष्ट्रीय हिंदी मेल, सांध्य प्रकाश, नवदुनिया और हरिभूमि जैसे बड़े समाचार पत्र समूहों में काम किया है। इस वेबसाइट का संचालन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हो रहा है, जहाँ से प्रदेश की राजनीति से लेकर विकास की योजनाएं तैयार होती हैं।दे श व प्रदेश जिले की ताजा अपडेट्स व राजनीतिक प्रशासनिक खबरों के लिए पढ़ते रहिए हमारी वेबसाइट (my secret news. Com )👈 ✍️ पुष्पेन्द्र , (वरिष्ठ पत्रकार) भोपाल, मप्र











