Sunday, July 5, 2026 1:31 pm

बाबरी विध्वंस के समर्थन में उद्धव सेना, सपा पार्टी विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी से करेगी किनारा

मुंबई समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अबू आजमी ने शनिवार को घोषणा करते हुए कहा है कि उनकी पार्टी ने महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (MVA) से अलग होने का निर्णय लिया है। उन्होंने शिवसेना (UBT) पर "हिंदुत्व एजेंडा" अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि इसी के चलते सपा ने इस गठबंधन से अपनी साझेदारी पर पुनर्विचार करने का फैसला किया। बता दें कि अबू आजमी सपा की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख हैं। आजमी ने आरोप लगाया कि महाविकास आघाड़ी में सीट बंटवारे और चुनाव प्रचार के दौरान कोई तालमेल नहीं था। उन्होंने कहा, "विधानसभा चुनाव में हार के बाद शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से आंतरिक बैठक में कहा कि वे हिंदुत्व एजेंडा को आक्रामक रूप से आगे बढ़ाएं।" इसके अलावा, अबू आजमी ने 6 दिसंबर को शिवसेना (UBT) द्वारा सोशल मीडिया पर बाबरी मस्जिद विध्वंस के पक्ष में पोस्ट किए गए संदेश को लेकर गहरी नाराजगी जताई। अबू आजमी ने कहा, “शिवसेना (उबाठा) द्वारा बाबरी मस्जिद को ढहाए जाने के लिए लोगों को बधाई देते हुए एक अखबार में विज्ञापन दिया गया था। उनके (उद्धव ठाकरे के) सहयोगी ने भी मस्जिद को ढहाये जाने की सराहना करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया है।” आजमी ने कहा, “हम एमवीए छोड़ रहे हैं। मैं (समाजवादी पार्टी अध्यक्ष) अखिलेश सिंह यादव से बात कर रहा हूं।” शिवसेना (उबाठा) के विधान पार्षद मिलिंद नार्वेकर ने बाबरी मस्जिद ढहाए जाने की घटना पर पोस्ट किया था, जिसके जवाब में सपा ने यह कदम उठाया। नार्वेकर ने मस्जिद ढहाए जाने की एक तस्वीर पोस्ट की, जिसके साथ ही शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे का कथन लिखा, “मुझे उन लोगों पर गर्व है जिन्होंने यह किया।” शिवसेना (उबाठा) सचिव ने पोस्ट में उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे और खुद की तस्वीरें भी पोस्ट कीं। आजमी ने कहा, “अगर एमवीए में कोई भी ऐसी भाषा बोलता है, तो भाजपा और उनके बीच क्या अंतर है? हमें उनके साथ क्यों रहना चाहिए?” गौरतलब है कि महाविकास आघाड़ी गठबंधन में शिवसेना (UBT), शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP), और कांग्रेस प्रमुख दल हैं। समाजवादी पार्टी ने 2019 में गठबंधन का हिस्सा बनने का फैसला किया था, लेकिन अबू आजमी के इस बयान से गठबंधन में दरार स्पष्ट हो गई है। महाराष्ट्र विधानसभा में समाजवादी पार्टी के दो विधायक हैं। MVA दलों की ओर से इस मुद्दे पर अभी तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। recent visitors 55

6 दिसंबर और जुमे की नमाज पर ड्रोन से निगरानी, संभल-मुरादाबाद से लेकर मेरठ-बागपत तक अलर्ट

अयोध्या/ संभल आज बाबरी विध्वंस की 32वीं बरसी है. साथ ही जुमे की नमाज भी है. संभल हिंसा के बाद जुमे की नमाज को लेकर पूरे प्रदेश को हाई अलर्ट में रखा गया है. अयोध्‍या, मथुरा-काशी के अलावा संभल और सहारनपुर में चप्‍पे-चप्‍पे पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. संभल में जुमे की नमाज पर ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी. संभल की शाही जामा मस्जिद में दोपहर डेढ़ बजे नमाज अदा की जाएगी. पीएसी की 10 कंपनी तैनात की गई है. जामा मस्जिद के आसपास इलाके को छावनी में तब्‍दील कर दिया गया है. दो दिन पहले राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संभल हिंसा को लेकर जरूरी समीक्षा के निर्देश दिए थे. सीएम ने सख्ती से कहा था कि चाहे कोई भी दिन हो, कैसे भी हालात हों किसी तरह का बवाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने राज्य पुलिस को निर्देश दिया था कि वे बबालियों से सख्ती से निपटें. इस बीच राज्य के सभी धार्मिक और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों पर भी विशेष सतर्कता बरतने को का गया है. मुरादाबाद में संवेदनशील इलाकों पर खास नजर सीएम योगी आदित्‍यनाथ के निर्देश के बाद मुरादाबाद में भी पुलिस सभी वाहनों की चेकिंग की जा रही है. चौराहे पर पीएसी की फोर्स तैनात की गई है. मुरादाबाद में देर रात्रि भी चेकिंग चलती रही. मथुरा में डीएम ने सभी अधिकारियों को अलर्ट पर रहने को कहा है. संवेदनशील इलाके पर खासकर नजर रखने को कहा गया है; मथुरा में एक हजार अतिरिक्‍त पुलिस फोर्स बुलाई गई है. मऊ जिला प्रशासन भी सतर्क है. लोगों को घरों में और मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करने को कहा है. ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी. संभल में धर्मगुरुओं से शांति बनाए रखने की अपील संभल के एसपी कृष्‍ण कुमार विश्‍नोई ने बताया कि जुमे की नमाज और छह दिसंबर को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट है. जामा मस्जिद के पास और शहर में जगह-जगह पुलिस, पीएसी, आरएएफ व आरआरएफ तैनात कर दी है. दोनों समुदाय के जिम्मेदार लोग और धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर शांति बनाए रखने की अपील की गई. उन्‍होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों से अपील की गई है कि वह जुमा नमाज अपने क्षेत्र की मस्जिदों में ही अदा करें. जिले में धारा 163 लागू है, इसलिए भीड़ एकत्र नहीं की जा सकती है. किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देना है. बाबर के युग की एक और मस्जिद पर विवाद संभल जिला एसपी कृष्णा कुमार बिश्नोई ने 6 दिसंबर को लेकर जिले में अलर्ट जारी किया था. असल में यहां भी बाबर युग में बनी शाही जामा मस्जिद को लेकर विवाद शुरू हो गया है, जिसको लेकर बीते दिनों जिले में हिंसा भी हुई. यही वजह है कि प्रशासन को यहां हाई-अलर्ट पर रखा गया है. इनके अलावा आज जुमा भी है और हिंसक घटनाओं के बाद से प्रत्येक जुमे के दिन इस जिले को अलर्ट पर रखा जाता है. इनके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी सिक्योरिटी टाइट रखी जाती ैहै, ताकि किसी तरह का कोई विरोध-प्रदर्शन न हो सके. संभल में आरएएफ-पीएसी की तैनाती 6 दिसंबर की तैयारियों के बारे में एसपी ने कहा, "संभल जिला पूरी तरह से तैयार है. आरएएफ की एक कंपनी, पीएसी की 9 कंपनियां और अतिरिक्त आरआरएफ कर्मियों को तैनात किया गया है. यह सुनिश्चित करने के लिए कि दिन शांतिपूर्ण तरीके से गुजरे, पुलिस हर कोने पर तैनात रहेगी." मथुरा में एक हजार पुलिसकर्मी तैनात उत्तर प्रदेश के मथुरा में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. यहां शाही ईदगाह को लेकर विवाद है, जहां हिंदू संगठनों ने जलाभिषेक की अपील की है. इसके लिए यहां आसपास कहा जा रहा है कि एक हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. बाबरी मस्जिद का विध्वंस दिवस भी है और इसके लिए भी सुरक्षा टाइट की गई है. पुलिस अधिकारी पैदल गश्त कर रहे हैं और एसटीएफ से लेकर एलआईयू तक अलर्ट मोड में हैं. मथुरा शहर के एसपी अरविंद कुमार का कहना है, "हमने इलाके को 4 जोन में बांटा है. संवेदनशील जगहों पर बैरिकेडिंग की गई है. ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है. जो लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी…"   recent visitors 147