कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, छत्तीसगढ़-कांकेर में सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत

कांकेर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाने के तहत एक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। कार ने बाइक सवार पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया जिससे पांचों की मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार को भानुप्रतापपुर से अंतागढ़ मार्ग पर खंडी नदी के पास ये हादसा हुआ है। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मरने वालों की शिनाख्त करने में जुटी है। छत्तीसगढ़ में दुर्घटनाओं का ग्राफ साल दर साल बढ़ता जा रहा है। लोगों को यातायात नियमों के बारे में जागरुक किया जा रहा है,बावजूद इसके सड़क दुर्घटनाओं में कमी नहीं हो रही है। कांकेर जिले में सड़क दुर्घटनाओं में छह साल में 1100 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। वहीं 2084 लोग घायल हुए हैं। छह साल में 2012 सड़क दुर्घटनाओं के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। recent visitors 63

खेत में जा रहे युवक की मौत, राजस्थान-केकड़ी में कार ने बाइक को मारी टक्कर

केकड़ी. केकड़ी जिले के सावर थाना क्षेत्र में मोटालाव मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रविवार शाम को ग्राम घटियाली निवासी 18 वर्षीय मुकेश पुत्र कालूराम माली मानपुरा स्थित अपने खेत पर फसल की पिलाई के लिए बाइक पर रवाना हुआ। रास्ते में ग्राम कुशायता से आगे निकलने के बाद वह जैसे मोटालाव मोड़ पर पहुंचा। उसी समय पंडेर की ओर से आ रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी। राहगीरों ने बताया कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी। टक्कर से बाइक दूर तक उछल गई और बाइक सवार युवक मुकेश बाइक के साथ घिसट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारकर कार चालक कार सहित फरार हो गया। राहगीरों ने दुर्घटना की सूचना सावर थाना पुलिस और परिजनों को दी। जिस पर परिजन मौके पर पहुंच गए और राहगीरों की मदद से तुरंत युवक को अचेतावस्था में सावर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची सावर पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। सावर थाना पुलिस ने मृतक के चाचा पप्पू लाल माली की रिपोर्ट पर वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर के जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। recent visitors 70