Thursday, July 16, 2026 10:49 am

पुलिस के सामने किया सरेंडर, छत्तीसगढ़-बीजापुर में 11 लाख के इनामी सहित पांच नक्सलियों ने किया माओवाद से तौबा

बीजापुर. बीजापुर में शुक्रवार को एक बार फिर लाल आतंक को बड़ा झटका लगा है। 11 लाख रुपये के इनामी सहित पांच नक्सलियों ने नक्सल पंथ से तौबा करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया है। इस वर्ष अब तक 189 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। वहीं, विभिन्न घटनाओं में शामिल 473 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। बस्तर आईजी, डीआईजी दंतेवाड़ा, सीआरपीएफ डीआईजी ऑप्स व पुलिस अधीक्षक बीजापुर के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत डीआरजी, बस्तर फाइटर, कोबरा व सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से तथा सरकार की पुनर्वास व आत्मसमर्पण नीति तथा जिले में चलाए जा रहे नियद नेल्लानार योजना से प्रभावित होकर पश्चिम बस्तर डिवीजन के कंपनी नम्बर 2 के सेक्शन ए सदस्य, पार्टी सदस्य, जनताना सरकार अध्यक्ष सहित 5 नक्सलियों ने नक्सलवाद की खोखली विचारधारा, भेदभाव पूर्ण व्यवहार, उपेक्षा व प्रताड़ना से तंग आकर शुक्रवार को पुलिस व सीआरपीएफ के आला अफसरों के सामने नक्सल पंथ से तौबा करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। इन आत्मसमर्पित नक्सलियों में संतु कोडमे, पायकु पुनेम, गुड्डू हपका, सोमारू माड़वी व भीमा कश्यप शामिल हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों को आत्मसमर्पण व पुनर्वास नीति के तहत 25 – 25 हजार रुपये नकद प्रोत्साहन राशि प्रदाय की गई। इसी के साथ ही इस वर्ष अब तक 189 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। वहीं, विभिन घटनाओं में शामिल 473 नक्सलियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। recent visitors 70

मुखबिरी का लगाया आरोप, छत्तीसगढ़-बीजापुर में नक्सलियों ने की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हत्या

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस मुखबिर होने के संदेह में नक्सलियों ने एक महिला आंगनबाड़ी सहायिका की हत्या कर दी। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात बुगुडा पुलिस थाना क्षेत्र के थिम्मापुर गांव में घटी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात नक्सली गांव में लक्ष्मी पदम (45) के घर में घुसे और उसके परिवार के सामने ही उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। उन्होंने शव को घर के आंगन में फेंक दिया और फरार हो गए। उन्होंने बताया कि इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटनास्थल पर माओवादियों की मद्देड़ क्षेत्र समिति द्वारा जारी एक पर्चा मिला है, जिसमें उन्होंने महिला पर पुलिस मुखबिर के रूप में काम करने का आरोप लगाया है। शव के पास मिले नक्सलियों के पर्चे, मुखबिरी का आरोप: बताया जा रहा है कि महिला को पहले घर से उठाया गया. उसके बाद हत्या कर उसके शव को घर के आंगन में डाल दिया गया. शव के पास माओवादी संगठन मद्देड़ एरिया कमेटी का पर्चा भी मिला है. जिसमें मृत महिला पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर हत्या करने की बात लिखी गई है. फिलहाल बासागुड़ा थाना पुलिस शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है.     महिला की हत्या की सूचना मिली है. हमारी टीम मौके पर पहुंची है. मामले की जांच की जा रही है: मनोज कौशिक, बासागुड़ा थाना प्रभारी बीजापुर में दो पूर्व सरपंच की हत्या: इससे पहले गुरुवार को बीजापुर के भैरमगढ़ और नैमेड़ में दो पूर्व सरपंच की हत्या नक्सलियों ने की. नक्सलियों ने पहले दोनों सरपंच का अपहरण किया और फिर हत्या कर शव गांव के पास फेंक दिया. शव के पास नक्सलियों ने पर्चे भी फेंके. जिनमें नक्सलियों ने भाजपा से जुड़े होने के कारण हत्या करने की बात लिखी. recent visitors 79

भाजपा कार्यकर्ता बताकर नक्सलियों ने दो दिन पहले किया था अपहरण, छत्तीसगढ़-बीजापुर में पूर्व सरपंच की हत्या

बीजापुर. मंगलवार को आदवाड़ा से वापस लौटते समय नक्सलियों ने बिरियाभूमि के पूर्व सरपंच को अगवा कर लिया था। बीती रात नक्सलियों ने उनकी हत्या कर शव के पास एक पर्चा छोड़ा है। जिसमें पूर्व सरपंच को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए उन्हें चेतावनी देने की बात लिखी हुई है। जिले के भैरमगढ़ ब्लाक के ग्राम बिरियाभूमि के पूर्व सरपंच सुकलु फरसा की बीती रात नक्सलियों ने हत्या कर दी। नक्सलियों ने शव के पास एक पर्चा छोड़ा है। जिसमें पूर्व सरपंच को भाजपा कार्यकर्ता बताया गया है। पर्चा में लिखा है कि फरसा को तीन बार चेतावनी दीा थी, लेकिन वह नहीं माना। इतना ही नहीं पर्चा में नक्सलियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए पार्टी छोड़ने की अपील की है। भैरमगढ़ एरिया कमेटी ने पर्चा छोड़ा है। बता दें मंगलवार को पूर्व सरपंच सुकलु फरसा अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक काम से आदवाड़ा गये हुए थे। शाम को वहां से वापस लौट रहे थे। तभी तीन लोगों ने उन्हें रोका और उन्हें अगवा कर अपने साथ ले गये। उनकी पत्नी को वहां से जाने दिया। चौबीस घंटे बीत जाने के बाद भी जब पूर्व सरपंच घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें रिहा करने की अपील अपहरणकर्ताओं से की थी। वही पूर्व सरपंच की बेटी यामिनी ने भी सोशल मीडिया से अपने पिता को छोड़ने मार्मिक गुहार लगाई थी। बावजूद नक्सलियों ने बीती रात उनकी हत्या कर दी। recent visitors 65

कांग्रेस विधायक का आरोप निराधार, छत्तीसगढ़-बीजापुर में रेत पर भाजपा जिलाध्यक्ष का पलटवार

बीजापुर. बीजापुर में इन दिनों रेत के अवैध भंडारण व परिवहन को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस व भाजपा आमने-सामने हो गए हैं। कांग्रेस ने जहां रेत से जुड़े मामले में पूर्व मंत्री व भाजपा जिलाध्यक्ष को निशाने पर लिया था। वहीं अब भाजपा ने भी कांग्रेस व बीजापुर विधायक के आरोप को निराधार बताते हुए कांग्रेस शासन में विधायक के संरक्षण में रेत माफियाओं का शोषण करने का आरोप लगाया हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार ने अपने जारी बयान में विधायक के आरोपों का खंडन करते हुए उसे निराधार बताया और कहा कि कांग्रेस के शासन काल मे रेत माफिया का पोषण विधायक के संरक्षण में हुआ है। बीते दिनों बीजापुर विधायक ने तारलागुड़ा से रेत तस्करी होने का आरोप लगाते हुए पूर्व मंत्री गागड़ा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार के तस्करी में संलिप्त होने का आरोप लगाया था। जिलाध्यक्ष ने आगे कहा है कि इन विधायक ने बीते पांच साल रेत माफिया को संरक्षण और पोषण करने का कार्य किया है, आज किस नैतिकता से आरोप लगा रहे हैं, समझ से परे है। यह किसी से नही छुपा है कि रेत का भंडारण और तस्करी कांग्रेस के शासनकाल में धड़ल्ले से हुई है। प्रधानमंत्री आवास बनाने के लिए यहां के गरीब आदिवासी कितना तरसे हैं और विधायक उस समय अनजान बने फिर रहे थे। विधायक और कांग्रेस के नेता पांच साल रेत माफिया को संरक्षण देने का काम किया है। इस तरह का खेल भाजपा के सरकार में नही चलता है। आज प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त और सुशासन वाली विष्णुदेव साय की सरकार है। जहां अवैध तस्करी के लिये कोई स्थान नही है न ही संरक्षण मिलेगा। recent visitors 60

सुरक्षा बलों ने चलाया अभियान, छत्तीसगढ़-बीजापुर से सटे तेलंगाना के मुलुगु जिले में सात नक्सली मारे गए

बीजापुर। बीजापुर जिले से सटे तेलंगाना के मुलुगु जिले में तेलगांना के ग्रेहाउंड्स और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ जारी है. खबर है कि सुरक्षाबलों ने सात नक्सलियों को ढेर कर दिया है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. जानकारी के अनुसार, तेलंगाना ग्रेहाउंड्स और माओवादी विरोधी दस्ते ने एक संयुक्त अभियान चलाया. तेलंगाना ग्रेहाउंड्स और माओवादी विरोधी दस्ते ने एक संयुक्त अभियान में मुलुगु जिले के इथुरुनगरम में चालपाका के पास वन क्षेत्र में नक्सलियों से उनकी भिड़ंत हुई है. इसमें सात माओवादी मारे गए हैं. बताया जा रहा है कि मरने वालों में माओवादियों के प्रमुख नेता भी शामिल हैं. recent visitors 32

भैरमगढ़ एरिया कमेटी का मिला पर्चा, छत्तीसगढ़-बीजापुर में नक्सलियों ने ने मुखबिरी में युवक का घोंटा गला

बीजापुर. बीजापुर जिले में नक्सलियों ने शनिवार रात पुलिस मुखबिरी के आरोप में एक ग्रामीण युवक की गला घोंटकर निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी। भैरमगढ़ एरिया कमेटी द्वारा जारी पर्चा छोड़ा गया है। इसमें ग्रामीण युवक पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए हत्या करने की बात लिखी हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के डालेर निवासी युवक कुममेश कुंजाम (25) की शनिवार रात नक्सलियों ने गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद नक्सलियों ने शव को चिहका टिन्डोडी जोडान मार्ग पर डाल दिया। घटनास्थल से भैरमगढ़ एरिया कमेटी द्वारा जारी पर्चा छोड़ा गया है। इसमें ग्रामीण युवक पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए हत्या करने की बात लिखी हुई है। भैरमगढ़ पुलिस शव को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई कर रही है। recent visitors 32

जवानों ने सुरक्षित तरीके से किया निष्क्रिय, छत्तीसगढ़-बीजापुर में दो-दो किलो वजनी दो आईईडी बरामद

बीजापुर. नक्सल विरोधी अभियान पर निकले डीआरजी व बीडीएस की संयुक्त पार्टी ने दो किलो वजनी दो आईईडी को बरामद कर उसे निष्क्रिय कर दिया है। पुलिस ने बताया कि डीआरजी बीजापुर और बीडीएस की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर पोंजेर, काकेकोरमा व पेदाकोरमा की ओर निकली हुई थी। सर्चिंग से वापसी के दौरान डी माइनिंग के समय बीडीएस बीजापुर की टीम द्वारा दो-दो किलो के दो आईईडी बरामद किया गया, जिसे नक्सलियों के द्वारा बीयर की बोतल में लगाया गया था। यह पहली बार है कि जब गंगालुर क्षेत्र में नक्सलियों के द्वारा बीयर की बोतल में कॉर्डेक्स सप्लाइन्टर का उपयोग कर सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाया गया था। नक्सलियों के द्वारा बीयर बोतल को डायरेक्शनल बम की तरह पगडंडी कच्चे मार्ग पर सड़क के दोनों तरह लगाया गया था। नक्सलियों ने आईईडी को प्रेशर स्विच सिस्टम से लगाया गया था। बीडीएस की टीम द्वारा उसे बरामद कर मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया। recent visitors 56