महापौर पर पद का दुरुपयोग का आरोप, छत्तीसगढ़-जगदलपुर के कांग्रेस पदाधिकारियों ने दिया ज्ञापन

जगदलपुर. बस्तर जिला कांग्रेस पदाधिकारी व पार्षदों ने नगर निगम महापौर सफिरा साहू द्वारा अपने पद का दुरुपयोग व महापौर निधि में भ्रष्टाचार की जांच कर एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में उपनेता प्रतिपक्ष राजेश राय की उपस्थिति में ज्ञापन दिया गया। जिसकी प्रतिलिपि बोधघाट थाना में भी दी गई। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने बताया कि पार्षद राजेश राय द्वारा आंबेडकर वार्ड संख्या 29 में एक अतिरिक्त कक्ष का निर्माण तथा आंबेडकर वार्ड क्र. 29 में स्थित सामुदायिक भवन की मरम्मत का कार्य का किया गया है। उल्लेखनीय है कि उक्त वार्ड में जब राजेश राय द्वारा सूक्ष्मता से जांच की और मौके पर स्वयं एवं कार्यकर्ताओं के साथ जाकर वार्ड का अवलोकन किया, तब मैंने यह पाया गया कि वार्ड क्र. 29 में भी किसी भी अतिरिक्त कक्ष का निर्माण नहीं किया गया है। क्योंकि उक्त वार्ड में अतिरिक्त कक्ष बनाए जाने जैसी कोई स्थिति है ही नहीं। ठीक इसी प्रकार आंबेडकर वार्ड क्र. 29 में स्थित सामुदायिक भवन का मरम्मत एवं संधारण कार्य करना बताया गया है उल्लेखनीय है कि आंबेडकर वार्ड में किसी प्रकार का कोई सामुदायिक भवन स्थित नहीं है। उल्लेखनीय है कि राजेश राय द्वारा सूचना के अधिकार के माध्यम से नगर पालिक निगम जगदलपुर की  सत्यप्रतिलिपि भी प्राप्त की है, जिसमें 2019 से लेकर 2024 तक के निगम के द्वारा किए गए कार्यों के भुगतान की जानकारी है। सुशील मौर्य ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि उक्त कार्य हेतु स्वीकृत राशि तथा कार्य की मूल्य राशि 198032 रुपये है। कटौती राशि 22847 रुपये एवं भुगतान राशि 175185 रुपये है, लेकिन आंबेडकर वार्ड क्र. 29 में किसी प्रकार का कोई अतिरिक्त कक्ष का निर्माण नहीं किया गया है। इसी प्रकार आंबेडकर वार्ड क्र. 29 में स्थित सामुदायिक भवन का मरम्मत कार्य से संबंधित किसी प्रकार के भुगतान की जानकारी निगम से प्राप्त दस्तावेजों में प्राप्त नहीं है। साथ ही कहा कि दोनों ही दस्तावेजों की जांच करने से यह साफ स्पष्ट होता है कि वर्तमान महापौर जगदलपुर सकीरा साहू द्वारा अपने पद का दुरुपयोग किया गया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान निगम अध्यक्ष कविता साहू, उपनेता प्रतिपक्ष राजेश राय, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद आदि मौजूद रहे। recent visitors 82

हर आतंक और अपराध में कांग्रेस का हाथ, छत्तीसगढ़-जगदलपुर के सांसद महेश कश्यप का हमला

जगदलपुर. जगदलपुर में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुये कहा है कि कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ में अशांति व अराजकता फैलाने का लगातार षड्यंत्र किया जा रहा है। प्रदेश में जहाँ भी अपराध और तनाव जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है, उसकी जड़ में कांग्रेस है। यह कांग्रेस की राष्ट्रीय स्तर पर तय हुई साजिश के तहत हो रहा है कि समूचे देश- प्रदेश को अराजकता में ढकेल दो, फिर चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करो। वहाँ भय और आतंक का वातावरण निर्माण करो। बस्तर संसदीय क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने  भाजपा जिला कार्यालय में आज सोमवार को पत्र वार्ता में कहा कि दामाखेड़ा, बलौदाबाजार, सूरजपुर, लोहारीडीह कांड जैसी गंभीर घटनाओं के पीछे कांग्रेस का हाथ है, हर घटना के पीछे कांग्रेस के कार्यकर्ता ही निकल रहे हैं। पत्रवार्ता में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि जब हम छत्तीसगढ़ का पच्चीसवां राज्योत्सव मना रहे हैं, वहाँ बडे़ ही दुख व चिंता के साथ कांग्रेस की काली कारगुजारियों को जनता के बीच रखने की विवशता है। हमारा यह स्पष्ट आरोप है कि कांग्रेस जान बूझ कर छत्तीसगढ़ को आग में झोंकना चाहती है। इसलिए पहले ख़ुद अपराध को अंजाम देती है, षड्यंत्र रचती है। फिर उस पर सरकार की घेरने में उसके बड़े नेता लग जाते हैं। छत्तीसगढ़ में हर आतंक और अपराध के पीछे कांग्रेस का ही खूनी पंजा है। कांग्रेस लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार और छत्तीसगढ़ समेत तमाम राज्यों में हुए सफ़ाये से अब जनता के प्रति बदले की भावना से भरी हुई है। वह समाज में अशांति फैलाने का काम कर रही है। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि अभी दामाखेड़ा में कबीरपंथ ही नहीं समूचे प्रदेश के आस्था के केंद्र में हमला करने वाला भी कांग्रेस का सक्रिय कार्यकर्ता निकला है। इसका प्रमाण स्वयं प्रकाशमुनि साहेब के फेसबुक के पोस्ट में है, प्रकाशमुनि साहेब ने अपने फेसबुक पोस्ट में इस बात का उल्लेख किया है कि इस घटना में भी अपराधी सरपंच पति कांग्रेस पार्टी का ही कार्यकर्ता है। प्रकाशमुनि साहब ने स्पष्ट यह आरोप लगाया है कि दामखेड़ा की घटना को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। कांग्रेस के इस कृत्य की जितनी भर्त्सना की जाय कम है, सांसद महेश कश्यप ने कहा कि इसी तरह समूचे प्रदेश वासियों ने देखा कि बलौदाबाजार में किस तरह योजनाबद्ध तरीके से कलेक्टर और एसपी कार्यालय जलाये गये। इस प्रकरण में कांग्रेस के विधायक देवेंद्र यादव के साथ-साथ सैकड़ों कांग्रेसी जेल में बंद हैं। महीनों बाद भी किसी अदालत ने इन्हें अगर जमानत देने लायक भी नहीं पाया है तो समझा जा सकता है कि इनके खिलाफ साक्ष्य कितने मजबूत हैं। इसी तरह सूरजपुर में पुलिस अधिकारी की पत्नी और बच्चे की जघन्य हत्या करने वाला एनएसयूआई का ज़िला महासचिव था तथा एनएसयूआई का जिलाध्यक्ष भी इस घृणित कृत्य में ज़िम्मेदार था। इस घिनौने कृत्य पर भी कांग्रेस उल्टा चोर कोतवाल को डाँटे की तर्ज़ पर राजनीति कर रही थी। सवाल उठता है कि क्या ये अब अपनी गंदी राजनीति चमकाने के लिए नरसंहार आदि को भी प्रायोजित करने से बाज नहीं आ रहे हैं? यह प्रश्न निराधार तो नहीं लगता। अगर ऐसा है, जो कि लग रहा है तो साफ कहा जा सकता है कि कांग्रेस अब एक गिरोह में बदल चुकी है, सांसद श्री कश्यप ने कहा कि लोहारीडीह कांड में भी बार बार गाँव में अशांति फैलाने और दो समूहों को लड़वाने का काम कांग्रेस कर रही है। यदि उन्हें पता है कि दोषी और निर्दोष कौन है तो बता दे पुलिस को या पुलिस को जाँच करने दे। यही नहीं केशकाल में युवा कांग्रेस का ब्लॉक उपाध्यक्ष 500 रुपये के लाखों के नक़ली नोट के साथ पुलिस के गिरफ़्त में है। कांग्रेस के नेता और उनसे संबंधित अधिकारियों पर कोयला   घोटाला,शराब घोटाला, पीएससी घोटाला,महादेव घोटाला आदि के आरोप हैं, महेश कश्यप ने जोर देते हुये कहा कि कांग्रेस के इन कृत्यों को छत्तीसगढ़ क़तई सहन नहीं करेगा, भाजपा की हमारी सरकार तो प्रदेश में हर क़ीमत पर शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए कटिबद्ध है ही, हमारा संगठन भी लोकतांत्रिक तरीक़े से कांग्रेस का मुक़ाबला करने तैयार है, आने वाले दिनों में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा कांग्रेस की आपराधिक कृत्य के विरोध में सभी ज़िला मुख्यालय में पुतला दहन किया जायेगा। कांग्रेस को स्पष्ट चेतावनी दी जा रही है कि वह अपने कृत्यों से बाज आये, अन्यथा उससे हर स्तर पर दो-दो हाथ करने भाजपा के कार्यकर्ता तैयार हैं। कांग्रेस को प्रदेश में अशांति, अराजकता और आतंक फैलाने और फिर उस आग पर अपना हाथ सेंकने की छूट हम बिल्कुल नहीं दे सकते, कश्यप ने कहा कि दामाखेड़ा की कबीरपंथ के आचार्य जी के निवास में हुए हमले की भाजपा घोर भर्त्सना करती हैं और इसके पीछे के षड्यंत्र की पता लगा कर दोषियों को चाहे वह कितना ही बड़ा कांग्रेस नेता क्यों न हो, सलाख़ों के पीछे भिजवाये बिना भाजपा चैन से नहीं बैठेगी। recent visitors 95

15 फीट का गहरा गड्ढा होने से ग्रामीणों में दहशत, छत्तीसगढ़-जगदलपुर में खेत में अचानक धंसी जमीन

जगदलपुर। जगदलपुर से 30 किलोमीटर दूर मुंडागांव में एक अजीबोगरीब घटना की वजह से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। दरअसल, कुछ दिनों पहले एक खेत में अचानक से जमीन धंसने से 3 फीट गहरा गड्ढा बन गया। इसके बाद, फसल काटने गए किसान को लगा कि यह मामूली गड्ढा है और कीचड़ की वजह से जमीन धंस गई है।लेकिन शनिवार को, धान की फसल काटने गए गांव के लोग उस वक्त हैरान हो गए जब जमीन का यह छोटा गड्ढा पहले 10 फीट और फिर लगभग 15 फीट गहरा हो गया। यह नजारा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। इस दौरान किसी ने इस रहस्यमयी गड्ढे का वीडियो भी बना लिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि खेत में अचानक बने इस गड्ढे की गहराई और चौड़ाई लगातार बढ़ती जा रही है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है कि आखिर यह गड्ढा कैसे बना। ग्रामीण इस वजह से डरे हुए हैं कि गांव के मवेशी कहीं इस गड्ढे में ना गिर जाएं। गांव के लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच करने के लिए कहा है, जिससे किसी तरह के हादसे को टाला जा सके। गांव के लोगों का कहना है कि इससे पहले आसपास के खेत में उन्होंने कभी बोरिंग नहीं कराई थी और न ही कोई पास में खदान है। ऐसे में अचानक जमीन इस तरह क्यों धंस रही है, इसे लेकर सभी डरे हुए हैं। फिलहाल गांव में गड्ढे के आसपास खेत में जाना लोगों ने बंद कर दिया है। recent visitors 119

बड़ी संख्या में पर्यटक लौटे निराश, छत्तीसगढ़-जगदलपुर की कोटमसर गुफा खोलने के विरोध में उतरे ग्रामीण

जगदलपुर. बस्तर के कांगेर वेली नेशनल पार्क में स्थित कोटमसर गुफा अपनी नैसर्गिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है. हर साल की तरह इस साल भी राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पर्यटकों के लिए खोलने का निर्णय लिया गया था. लेकिन अपनी मांगों को लेकर ग्रामीणों ने इसे खोलने के विरोध में जमकर विरोध प्रदर्शन किया है, जिसके बाद इस साल कोटमसर गुफा को खोलने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. बता दें, जब कोटमसर (कुटुम्बसर) गुफा को खोलने के लिए प्रबंधक वहां पहुंचे, तो उन्हें स्थानीय ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में पर्यटक निराश होकर लौट गए. सुबह 5 बजे से ग्रामीणों ने नेशनल पार्क के मुख्य द्वार पर धरना देना शुरू कर दिया है. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे. हर साल 1 नवंबर को खुलता है गुफा दरअसल, हर साल बारिश के बाद राज्य स्थापना दिवस यानी 1 नवंबर को इस गुफा के द्वार खोले जाते हैं. सैंकड़ों पर्यटक यहां प्रकृति का अद्भुद नजारा देखने को आते हैं, जिससे ग्रामीणों को अच्छा रोजगार मिलता है. लेकिन इस बार सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ग्रामीणों की तरफ से लगाए जाने वाले टिकट काउंटर के स्थान में बदलाव किया गया है. इसे लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखने को मिल रही है. रोजगार की कमी ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से कोटमसर गांव के पास गुफा के लिए टिकट काउंटर और पार्किंग की सुविधाएं उपलब्ध थीं, जिससे 100-150 आदिवासी ग्रामीणों को रोजगार मिलता था. वे पर्यटकों को बस्तर के स्थानीय व्यंजन परोसते और नृत्य-प्रदर्शन करते थे, जिससे उनकी आमदनी सुरक्षित रहती थी. गुफा से 5 किमी दूर बनाया गया टिकट काउंटर हालांकि, इस बार प्रशासन ने टिकट काउंटर को गुफा से 5 किलोमीटर पहले नेशनल हाइवे के पास स्थानांतरित कर दिया है. इससे ग्रामीणों का रोजगार और आय का स्रोत उनसे दूर हो गया है. नाराज ग्रामीणों ने कहा कि नई व्यवस्था उनके रोजगार को छीन रही है, इसलिए वे सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. पर्यटकों की समस्याएं: प्रशासन से समाधान की मांग इस विवाद के कारण पर्यटकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई पर्यटक जिप्सी का ऑनलाइन पेमेंट कर गुफा देखने पहुंचे थे, लेकिन विरोध के चलते उनके मंसूबों पर पानी फिर गया. प्रशासन को जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान निकालने की आवश्यकता है, ताकि पर्यटक अपनी यात्रा का आनंद ले सकें. recent visitors 111

दो की मौत और एक गंभीर, छत्तीसगढ़-जगदलपुर में कार और स्कूटी की भिड़ंत

जगदलपुर. जगदलपुर में नगरनार सीमा से लगे एनएमडीसी के सामने शुक्रवार की रात एक स्कूटी व कार में भिड़ंत हो गई, इस हादसे में स्कूटी सवार 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया, घायल को डायल 112 की मदद से मेकाज भेजा गया, साथ मे दोनों युवकों से शव को भी, पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए बताया गया कि नगरनार डोगरीगुड़ा निवासी जय कश्यप 23 वर्ष, लखीराम मौर्य 26 वर्ष व एक अन्य युवक स्कूटी में सवार होकर ओड़िसा की ओर से नगरनार की ओर आ रहे थे, वही जगदलपुर से कार ओड़िसा की ओर जा रही थी, जैसे कि दोनों एनएमडीसी गेट के पास पहुँचे की अचानक से दोनों में भिड़ंत हो गई। इस घटना में जय और लखीराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, घटना के तत्काल बाद घायल को बेहतर उपचार के लिए पहले महारानी अस्पताल भेजा गया, वहां से उसे मेकाज रेफर कर दिया गया, जबकि दोनों शव को पीएम के लिए मेकाज भेजा गया है, घटना के बाद नगरनार थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है, वही आगे की कार्यवाही की जा रही है। recent visitors 130

कैमरे में कैद हुई चोरों की हरकत, छत्तीसगढ़-जगदलपुर की शॉप में चोरी

जगदलपुर. जगदलपुर के कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र के बस स्टैंड में स्थित मोबाइल दुकान को चोरों ने बीती रात अपना निशाना बनाते हुए नगदी रुपये के साथ ही 25 से 30 नग मोबाईल फोन भी चोरी करके ले गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि केशकाल बस स्टैंड में स्थित गांधी मोबाइल दुकान में बीती रात को दो अज्ञात चोर मुंह पर कपड़ा बांधकर दुकान में पहुंचे और शटर को तोड़कर अंदर गए। जहां चोरों ने करीब 15 से 20 हजार रुपये नगदी के साथ ही 20 से 25 नग मोबाइल फोन चुरा कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह पता चली। जिसके बाद केशकाल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी चेक किया। जहां दो युवक दिखाई दे रहे हैं, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। वहीं दुकानदार की मानें तो चोरों ने करीब चार से पांच लाख रुपये के फोन चोरी किए हैं। recent visitors 101

परिजनों में पसरा मातम, छत्तीसगढ़-जगदलपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत

जगदलपुर। जगदलपुर के भानपुरी थाना क्षेत्र के सम्राट ढाबा के पास बीती रात एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने पैदल जा रहे युवक को ठोकर मार दिया, जिसके बाद घायल को बेहतर उपचार के लिए महारानी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते मे ही उसकी मौत हो गई। मृतक के शव को पीएम के लिए मेकाज भिजवाया गया, पीएम के बाद शव परिजनों को सौप दिया गया। मामले की जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि देवड़ा निवासी भदरू कोशले पिता लोकनाथ कोशले 29 वर्ष जो कि खेती किसानी का काम करता था, बीती रात पैदल घूमते हुए सम्राट ढाबा तक पहुँचा था, की विपरीत दिशा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने ठोकर मार फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल को भानपुरी अस्पताल ले गए, जहाँ से खराब हालात को देखते हुए महारानी अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ रास्ते मे ही युवक ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, युवक की मौत के साथ ही 3 मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, देर रात को मृतक का शव मेकाज लाया गया,वही मृतक 4 भाई बहनों में चौथे नंबर का था। recent visitors 85