आरोपी गिरफ्तार, छत्तीसगढ़-कोंडागांव में 1.05 लाख रुपये कीमत के पांच-पांच सौ के नकली नोट पकड़े

कोंडागांव. फरसगांव थाना पुलिस ने नकली नोटों की तस्करी में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 500-500 रुपये के कुल 210 नकली नोट बरामद किए गए। इसकी कुल राशि 1.05 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त अपराध में प्रयुक्त एक नीले रंग की बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। 28 अक्तूबर 2024 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति लाल रंग के पीठ पर टांगे गए बैग में नकली नोट लेकर माकड़ी की ओर से फरसगांव आ रहा है। सूचना मिलते ही फरसगांव थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए माकड़ी रोड पर पासंगी पुलिया के आगे नाकेबंदी कर दी। थोड़ी देर बाद मुखबिर द्वारा बताए अनुसार नीले रंग की मोटरसाइकिल पर आता हुआ एक व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेश सोरी, पिता धन्नूराम सोरी, उम्र 32 वर्ष, जाति गोड़, निवासी गुहाबोरण्ड नयापारा, थाना फरसगांव, जिला कोण्डागांव बताया। पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें 500-500 रुपये के कुल 200 नकली नोट बरामद हुए। इसके बाद आरोपी ने अपने घर से भी 500-500 रुपये के 10 नकली नोट और बरामद कराए। आरोपी के पास कुल 1.05 लाख रुपये के नकली नोट पाए गए, जिसे वह खपाने की योजना बना रहा था। पर्याप्त सबूतों के आधार पर आरोपी को 28 अक्तूबर 2024 को शाम 5:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 148/2024 धारा 179 बी. एन. एस. के तहत मामला दर्ज कर आज 29 अक्तूबर 2024 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। recent visitors 123

देशभर से आ रहे ऑर्डर, छत्तीसगढ़-कोंडागांव के कुम्हार अशोक चक्रधारी ने बनाया 24 घंटे जलने वाला दीया

कोंडागांव. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र कोंडागांव के कुम्हार अशोक चक्रधारी ने इस दिवाली के लिए ऐसा अनोखा दीया तैयार किया है, जिसकी विशेष बनावट और गुणों की चर्चा चारों ओर हो रही है। मिट्टी के इस दीये में अद्वितीय ऑटोमैटिक व्यवस्था है, जिससे दीये में जैसे ही तेल खत्म होता है, ऊपर रखे तेल से भरे गुंबद से तेल बूंद-बूंद कर स्वतः भर जाता है और दीया जलता रहता है। दिवाली के नजदीक आते ही मिट्टी के दीयों की मांग बढ़ जाती है, क्योंकि मिट्टी के दीयों से पूजा-पाठ का विशेष महत्व जुड़ा है। हालांकि, इलेक्ट्रॉनिक और चाइनीज आइटम्स के बाजार में आने के बाद भी मिट्टी के दीयों का आकर्षण आज भी कायम है। ऐसे में कोंडागांव के अशोक चक्रधारी का यह 'जादुई दीया' लोगों का ध्यान खींच रहा है, जिसमें एक बार तेल भर देने पर यह दीया 24 से 40 घंटे तक लगातार जल सकता है। कुम्हारों की प्रेरणा बने अशोक चक्रधारी कोंडागांव के शिल्पग्राम कुम्हरपारा के निवासी अशोक चक्रधारी मिट्टी के बेजान टुकड़ों में जान डालने की कला में माहिर हैं। वे न केवल मूर्तियां और सजावटी सामान बनाते हैं बल्कि रोजमर्रा की चीजें बनाकर आसपास के लोगों को रोजगार भी देते हैं। अशोक का कहना है कि उन्होंने 35–40 साल पहले भोपाल में एक प्रदर्शनी में ऐसा दीया देखा था और उसी से प्रेरणा लेकर इसे बनाया। इस दीये को बनाने के पीछे उनका मकसद कुम्हारों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाना भी है। इस विशेष दीये की अनोखी बनावट में गुंबद में तेल भरकर उसे दीये के ऊपर रखा जाता है। जैसे ही दीये में तेल खत्म होता है, गुंबद से तेल धीरे-धीरे बहकर दीये को भर देता है और दीया फिर से जलने लगता है। इस व्यवस्था के कारण यह दीया लंबे समय तक जल सकता है और इसे लेकर देश-विदेश से भारी मांग हो रही है। नए प्रयोग की जरूरत अशोक का कहना है कि कुम्हारों की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है और ऐसे में उन्हें मार्केट में बने रहने के लिए नए प्रयोग करते रहना चाहिए। उनका मानना है कि इस तरह के नए आइडिया से कुम्हारों को न केवल प्रेरणा मिलेगी, बल्कि उनकी माली हालत भी सुधरेगी।उन्होंने बताया कि वे फिलहाल रोज़ाना केवल 100 दीयों का निर्माण कर पा रहे हैं, लेकिन इस अनोखे दीये की मांग इतनी ज्यादा है कि उन्हें सप्लाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में इसकी बेहतर मार्केटिंग और उत्पादन की व्यवस्था कर वे इसे और अधिक लोगों तक पहुंचा पाएंगे। अशोक चक्रधारी ने सभी से अपील की है कि वे इस दिवाली मिट्टी के दीयों का अधिक से अधिक उपयोग करें जिससे कुम्हारों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके। recent visitors 204

मामूली बात पर ईंट और धारदार हथियार से किया हमला, छत्तीसगढ़-कोंडागांव में छोटे भाई ने की बड़े की हत्या

कोंडागांव. कोंडागांव में केशकाल थाना क्षेत्र के चिखलाडीही गांव में दो भाइयों के बीच मामूली विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया और छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक भूकन मरापी (25) और उसका छोटा भाई निरंजन मरापी (21) एक ही घर में रहते थे। दोनों अविवाहित थे और शराब पीने के आदी थे। मां का कुछ साल पहले देहांत होने के बाद दोनों साथ रहने लगे। छोटा भाई मजदूरी करता था जबकि बड़ा भाई बेरोजगार था। घर में अकसर दोनों भाइयों के बीच विवाद होते रहते थे। घटना के दिन रात को खाना बनाने को लेकर दोनों भाइयों के बीच बहस छिड़ी, जो हिंसक रूप ले ली। आवेश में आकर निरंजन ने पास में रखे ईंट और धारदार हथियार से बड़े भाई पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए केशकाल अस्पताल भेज दिया है। इस मामले में केशकाल थाना प्रभारी विकास बघेल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। recent visitors 65

सामुदायिक भवन और बाउंड्री वॉल बनेगी, छत्तीसगढ़-कोण्डागांव में विधायक लता उसेंडी ने दी सौगात

कोण्डागांव. भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने आज कोपाबेड़ा वार्ड में सामुदायिक भवन और बाउंड्री वॉल निर्माण का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर नगर में 10 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन और 5 लाख रुपए की लागत से डीएनके मैदान में बाउंड्री वॉल निर्माण की शुरुआत की गई। कोपाबेड़ा में आयोजित भूमि पूजन समारोह के दौरान विधायक लता उसेंडी ने बताया कि सामुदायिक भवन और खेल मैदान के विकास से स्थानीय लोगों को सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। डीएनके मैदान में बाउंड्री वॉल निर्माण खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित वातावरण प्रदान करेगा और मैदान के संरक्षण में सहायक होगा। इस मौके पर नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपेश अरोरा, पार्षद अंकुश जैन, संतोष पात्रे और भाजपा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने इन विकास कार्यों का स्वागत करते हुए कहा कि यह क्षेत्र की प्रगति के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। recent visitors 101

37 मवेशी बरामद, छत्तीसगढ़-कोंडागांव में दो गोतस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

कोंडागांव. विश्रामपुरी थाना पुलिस ने बुधवार की रात में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गोतस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 37 मवेशियों को बरामद किया है। इन मवेशियों की अनुमानित कीमत 2,95,000 रुपये बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि मुसरपुट्टा साल्हेटोला से भारी संख्या में मवेशियों को अवैध रूप से ओडिशा राज्य की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गौरव शार्दुल और उसके साथियों की मदद से ग्राम हात्मा के पास दो वाहनों से इन तस्करों को रोका। जांच के दौरान वैध लाइसेंस और बिल पर्ची वाले मवेशियों को छोड़ दिया गया, जबकि बिना लाइसेंस वाले 37 मवेशियों को बरामद किया। आरोपियों की पहचान संजय पटेल (27) और पप्पू पटेल (19) के रूप में हुई है। दोनों ओडिशा के निवासी हैं। इनके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। recent visitors 68

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, छत्तीसगढ़-कोण्डागांव में मक्के की आड़ में गांजे की खेती

कोण्डागांव. कोण्डागांव जिले के अनंतपुर थाना पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत मक्का की फसल के बीच गांजा की खेती करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी अखिलेश धीवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़े घोड़सोड़ा के बुधराम सागर ने अपने मक्का के खेत में गांजे के पौधे उगाए थे। मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधराम सागर के खेत की तलाशी ली, जहां से 43 गांजे के पौधे जब्त किए गए। जब्त किए गए गांजे का कुल वजन 1.565 किलोग्राम था, जिसकी अनुमानित कीमत 15,000 रुपये है। पुलिस ने आरोपी बुधराम सागर (उम्र 44 वर्ष) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(क) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। recent visitors 58

वाहन जब्त आरोपी को भेजा जेल, छत्तीसगढ़-कोण्डागांव में कार से पकड़ा गांजा

कोण्डागांव. जिला कोण्डागांव के थाना अनंतपुर पुलिस ने गांजा तस्करी करने वाले आरोपी कृष्णा साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उमरकोट से कोण्डागांव की ओर जा रही लाल रंग की स्वीफ्ट कार (वाहन क्रं. सी.जी. 04 पी.ए. 1630) में अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी की जा रही है। इस सूचना पर थाना प्रभारी अखिलेश धीवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अमरावती वैभव पेट्रोल पम्प के सामने मेन रोड SH-26 पर घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी कृष्णा साहू उर्फ खाड़ु (उम्र 33 वर्ष), निवासी उमरकोट, उड़ीसा के कब्जे से 0.242 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 2,500 रुपए आंकी गई। आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड में भेजा गया है और वाहन को जप्त कर लिया गया है। इस पूरे ऑपरेशन में सायबर टीम सहित पुलिस के अन्य जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। recent visitors 66