कलेक्टर से ग्रामीणों ने की शिकायत, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में शिक्षक ने सरकारी जमीन पर किया कब्जा

रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले मे सरकारी शिक्षक के द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा करने की शिकायत लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंच कर ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई की मांग की है। सैकड़ों की संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचे आमापाली के ग्रामीणों ने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि उनके गांव के शासकीय भूमि खसरा संख्या 105 लगभग दो एकड़ है. शासकीय भूमि खसरा संख्या 105 लगभग दो एकड़ के अंदर लोकशक्ति तालाब भी है, उस पर जयप्रकाश पटेल उर्फ पन्ना गुरूजी निवासी डूमरपाली तहसील पुसौर ने अवैध कब्जा किया हुआ है। ग्रामीणों का कहना था कि शिक्षक के पैतृक गांव में स्वयं का मकान और कृषिभूमि होनें के बाद भी उनके द्वारा अवैध कब्जा कर अपना व्यावसायिक केंद्र बना लिया गया है। जिसे हटाने हेतु समस्त ग्रामवासी आमापाली एवं ग्राम पंचायत आमापाली के द्वारा प्रस्ताव पारित कर आवेदन पुसौर तहसीलदार को शिकायत किए जाने के बावजूद किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने पर वे कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अवैध कब्जे को हटाने की मांग कर रहे हैं। recent visitors 54

सोफे पर लिटाकर बेल्ट से बेरहमी से पीटा, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में दबंग ने युवक के कपडे उतरवाए

रायगढ़. रायगढ़ जिले में एक शख्स को कुछ दबंगों ने मिलकर बंधक बना लिया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके कपड़े उतार दिए। इसके बाद उसे सोफे पर लिटाकर बेल्ट निकालकर बेहरमी से पिटाई की। पीड़ित हाथ जोड़कर मिन्नतें करता रहा, लेकिन शराब के नशे में धुत दबंगों ने उसकी एक न सुनीं। पीड़ित ने मामले की शिकायत स्थानीय थाने में की, लेकिन शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद पीड़ित शख्स ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा की मांग की है। एसपी के नाम सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, पीड़ित रमेश साहू (34) जूटमिल क्षेत्र के वार्ड नं. 34 का रहने वाला है। पीड़ित ने बताया कि चार दिसंबर को उसने जूटमिल थाने में बंटी उर्फ रावण के खिलाफ ऑफिस में बंधक बनाकर मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद भी जूटमिल पुलिस ने इस मामले में किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि उसे और उसके परिवार को लगातार फोन करके धमकाया जा रहा है। दूसरे के घरों में सो रहे परिजन पीड़ित का कहना है कि उसका परिवार दूसरे के घरों में सोने के लिए मजबूर है। रमेश साहू का कहना है कि शिकायत वापस लेने के लिए उसके  भांजे, दीदी और उसकी भाभी को धमकी भी दी जा रही है। इतना ही नहीं आरोपी ने रायपुर में रहने वाले उसके बड़े भैया टीकम साहू के घर पहुंचकर उन्हें भी धमकियां दी है। इस वजह से उसका पूरा परिवार डर के माहौल में खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए डरा सहमा हुआ है।  मिलने के लिए नहीं गया था पीड़ित ने बताया कि आरोपी बंटी साहू उर्फ रावण ने उसे दो बार मिलने बुलाया था, लेकिन किसी कारणवश वह उसके पास नही पहुंच सका था। चार दिसंबर को आरोपी ने उसे फिर से फोन करके बोला कि 'उस दिन बुलाया था… नहीं आया आज आ जाना।' पीड़ित वहां पहुंचा, उस दौरान वहां चार से पांच लोग बैठे थे। इसके बाद वह बोला कि 'तुम्हें जीने खाने नहीं दूंगा, रायगढ़ छोड़ना पड़ेगा' और फिर जबरन कपड़ा उतरवाकर गाली-गलौज करके मारपीट शुरू कर दी। जूटमिल थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी बंटी साहू उर्फ रावण के खिलाफ अपराध दर्ज करके उसकी पतासाजी शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। मारपीट का जो वीडियो वायरल हो रहा है, वह पुराना है। बताया जा रहा है कि आरोपी इसी तरह लोगों को उठाकर अपने ऑफिस लाकर मारपीट करता है और अपने लोगों को वीडियो भेजता है, ताकि उसकी दहशत बनी रहे। recent visitors 99

स्वास्थ्य शिक्षा और सुविधाएं बढ़ेंगी, छत्तीसगढ़-रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में पीजी के शुरू होंगे दो नए कोर्स

रायगढ़/रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णदेव साय के पहल से राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार और युवाओं के लिए राज्य में ही मेडिकल शिक्षा की सुविधा मिलेगी। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने स्व. लखीराम मेमोरियल शासकीय मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में पीजी के दो नए कोर्स प्रसुति और स्त्रीरोग विभाग के लिए चार सीट और चर्मरोग विभाग के लिए चार सीट की मंजूरी दी है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य शासन की ओर से नए पाठ्यक्रमों को मंजूरी दिए जाने पर सीटों में वृद्धि से मेडिकल के छात्रों को लाभ मिलेगा। राज्य में ही पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश की संभावना बढ़ने से छात्रों को राज्य में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिलेगा। राज्य शासन की तरफ से स्व. लखीराम अग्रवाल मेमोरियल शासकीय मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में पीजी के दो नए पाठ्यक्रमों को शुरू करने की मंजूरी दी गयी है। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इशेंसियेलिटी सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया गया है। नए कोर्स में प्रसूति और स्त्री रोग विभाग के लिए चार सीट,चर्म और रजित रोग विभाग के लिए चार सीट पीजी के लिए अनुमति प्रदान की गई है। कुछ समय पहले भी जनरल सर्जरी के सात, एमडी पीडियाट्रिक्स से चार और जनरल मेडिसीन के पांच की अनुमति प्रदान की गई थी। recent visitors 160

बिलासपुर और बालोद के युवाओं ने दिखाया कौशल, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में 12 दिसंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली

रायगढ़. रायगढ़ जिले में 4 से 12 दिसंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के सभी जिलों से लिखित परीक्षा पास करने वाले युवा बारी-बारी से रायगढ़ स्टेडियम पहुंचकर शारीरिक दक्षता परीक्षा में अपना दमखम दिखा रहे हैं। रोस्टर के अनुसार फिजिकल टेस्ट सेना के अधिकारियों की निगरानी में हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ स्टेडियम में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के पहले दिन जांजगीर-चांपा और सारंगढ़ के कुल 770 अभ्यर्थी शामिल हुए। इसमें 285 लोगों ने दौड़ पास की है। वहीं, दूसरे दिन सक्ती, मुंगेली, रायगढ़, सरगुजा, बीजापुर, कोरबा और गरियाबंद जिलों के 1063 अभ्यर्थी फिजिकल टेस्ट में शामिल हुए। इसमें से 351 अभ्यर्थी दौड़ में सफल रहे। तीसरे दिन छत्तीसगढ़ के 2 जिलों बिलासपुर और बालोद के युवाओं ने अपना कौशल दिखाया। कुल 1175 उम्मीदवारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उम्मीदवारों ने एक दूसरे से प्रतिस्पर्धा करने में बहुत उत्साह और शारीरिक दृढ़ता दिखाई और इसमें से 363 युवाओं ने दौड़ पास की है। दौड़ पास उम्मीदवारों को इसके बाद शारीरिक प्रवीणता, कागजी कार्यवाही और मेडिकल जांच की प्रक्रिया से गुजरना होता है। गौरतलब है कि सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर द्वारा चार से 12 दिसंबर तक रायगढ़ स्टेडियम में हो रहा है। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के पुरुष अग्निवीर उम्मीदवारों के लिए सभी श्रेणियों की भर्ती का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 8556 युवा शामिल होंगे। रैली के लिए उम्मीदवारों द्वारा पंजीकरण फरवरी-मार्च में ऑनलाइन किया गया था। इसी तरह अप्रैल-मई 2024 में ऑनलाइन सीईई का आयोजन किया गया था। ऑनलाइन सीईई का रिजल्ट मई-जून 2024 में घोषित किया गया और शार्ट लिस्ट किए गए उम्मीदवारों को ई-मेल के माध्यम से सूचित किया गया था। जरूरी डाक्यूमेंट लाना जरूरी उम्मीदवारों को रैली एडमिट कार्ड में दी गई तारीख और समय पर रायगढ़ स्टेडियम, रायगढ़ के गेट पर रिपोर्ट करना है। उम्मीदवारों को अपने साथ रैली एडमिट कार्ड, 8वीं, 10वीं, 12वीं व स्नातक की मार्कशीट, स्थानीय निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, शपथ पत्र, एनसीसी, खेल, आईटीआई, ड्राइविंग लाइसेंस, रिलेशनशिप सर्टिफिकेट, जेआईए और आधार कार्ड से जुड़ा हुआ मोबाइल नंबर लेकर आना है। युवाओं में दिख रहा उत्साह सेना भर्ती कार्यालय रायपुर और जिला प्रशासन रायगढ़ के संयुक्त सहयोग से भर्ती प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है तथा युवाओं में इस रैली भर्ती के प्रति अपार उत्साह देखा जा रहा है। भारतीय सेना में चयन निष्पक्ष, पारदर्शी केवल योग्यता के आधार पर होती इसलिए सेना भर्ती कार्यालय ने अनाधिकृत व्यक्तियों से सावधान रहने की अपील की है। recent visitors 131

शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में हथियार के दम पर दुकानदार और साथियों से मारपीट

रायगढ़. खरसिया थाना क्षेत्र में हथियार के दम पर दुकान संचालक और उसके साथियों के साथ मारपीट कर नकदी रकम लूटकर फरार हो जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम हालहुली का रहने वाला कृपालू सिदार गांव में ही किराना दुकान का संचालन करता है। पीड़ित युवक ने खरसिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि कल रात गांव में एक परिवार के यहां शादी का आयोजन हो रहा था, जिसमें शामिल होने आरोपी रामतोप सिदार निवासी पनझर उनके गांव पहुंचा था। गांव में शादी समारोह की वजह से पीड़ित देर रात 11 बजे तक दुकान खोलकर रखा हुआ था। इसी बीच चोरी की नीयत से उसकी दुकान में आरोपी युवक रामतोप सिदार पहुंचा इसकी भनक लगते ही पीड़ित ने उससे पूछताछ की तो आरोपी युवक एयर पिस्टर और खुखरी निकालकर उसे डराते धमकाते हुए मारपीट शुरू की दी। पीड़ित युवक ने बताया कि आरोपी के द्वारा मारपीट करने से वह हो हल्ला करना शुरू कर दिया। इसके बाद आसपास मौजूद उसके साथ उसे बचाने जब मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने हथियार दिखाकर उनके साथ भी मारपीट करते हुए दुकान के गल्ले में रखे नगदी रकम 9 हजार 360 रूपये लेकर फरार हो गया। हथियार के दम पर लूट की शिकायत खरसिया थाने में दर्ज कराये जाने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एयर गन, खुखरी के अलावा अन्य हथियार बरामद कर लिया है। recent visitors 81

युवक के दोनों पैर कुचले, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में झगड़े में दोस्त को ट्रक से सामने धकेला

रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मामूली बात में उपजे विवाद के बाद दोस्त की हत्या करने के इरादे से उसे ट्रक के सामने धक्का देने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को हत्या के प्रयास के मामले में अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक खरसिया पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में 25 वर्षीय आरोपी यशवंत ऊर्फ अरुण सारथी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी की गिरफ्तारी उस घटना के बाद हुई, जिसमें यशवंत ने अपने 18 वर्षीय दोस्त बसंत कुमार सारथी को जानलेवा इरादे से ट्रक के सामने धकेल दिया था। भागवत कथा में हुआ था झगडा घटना 13 नवंबर को ग्राम उल्दा में हुई, जहां श्रीमद भागवत कथा के दौरान यशवंत का झगड़ा उदित नारायण नामक व्यक्ति से हो गया था। बसंत ने झगड़े को शांत कराया, लेकिन बाद में यशवंत ने उदित को मारने का इरादा बनाया। इस पर बसंत ने रोकने की कोशिश की। बसंत को आई गंभीर चोट बताया जा रहा है कि झगड़ा शांत होने के बाद दोनों पैदल नेशनल हाईवे-49 होकर अपने घर लौट रहे थे। यशवंत ने अचानक गुलशन की दुकान के पास बसंत को तेज रफ्तार ट्रक के सामने धक्का दे दिया। इस घटना में बसंत का सिर ट्रक से टकरा गया और दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए। गंभीर हालत में उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों को उसके दोनों पैर काटने पड़े। आरोपी को भेजा गया जेल पीड़ित बसंत ने 2 दिसंबर को थाना खरसिया में इस घटना की लिखित शिकायत की। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित के शिकायत आवेदन के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 110 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी यशवंत सारथी पिता साध राम सारथी उम्र 25 साल निवासी ग्राम उल्दा थाना खरसिया को गिरफ्तार किया। recent visitors 57

बस स्टैंड पर बस के इंतज़ार में बैठे हजारों युवा, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में अग्निवीर उम्मीदवारों की भर्ती रैली शुरू

रायगढ़. 4 से 12 दिसंबर तक रायगढ़ स्टेडियम में छत्तीसगढ़ के 33 जिलों के पुरुष अग्निवीर उम्मीदवारों के लिए सभी श्रेणियों की भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस भर्ती रैली मे प्रदेश के 8556 युवा उम्मीदवार हिस्सा लेंगे। जिला प्रशासन की ओर से युवा उम्मीदवारों के लिए रुकने व रायगढ़ रेलवे स्टेशन तथा रायगढ़ बस स्टैंड से लाने और ले जाने के लिए बस की नि:शुल्क व्यवस्था करने की बात कही गई थी लेकिन भर्ती रैली शुरू होने से पहले ही पूरी व्यवस्था की पोल खुल गई। जिले में पहली बार अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली 4 से 12 दिसम्बर तक रायगढ़ स्टेडियम में होगी इस रैली में प्रदेश भर के 8556 युवा शामिल होंगे। ये वे युवा हैं जिन्होंने अप्रैल– मई में आयोजित सीईई की ऑनलाइन परीक्षा पास की है। जिन युवाओं को भर्ती के योग्य पाया गया है, उन उम्मीदवारों को ई-मेल के माध्यम से सूचित किया गया था। उम्मीदवारों को रैली एडमिट कार्ड में दी गई तारीख और समय पर रायगढ़ स्टेडियम के गेट पर रिपोर्ट करना है। इस रैली में सबसे अधिक बालोद जिला के 983 युवाओं को बुलाया गया है, इसी प्रकार दूसरे नंबर पर जांजगीर–चांपा जिला के युवा हैं, उन युवाओं की संख्या 808 है। रायगढ़ जिले के 243 युवा इस रैली में शामिल होने के लिए पात्र पाए गए हैं। सेना रैली भर्ती के लिए सेना के अधिकारी पहले ही रायगढ़ पहुंच चुके हैं। 1 दिसंबर को उन्होंने रायगढ़ स्टेडियम को अपने कब्जे में ले लिया है। ये दस्तावेज जरूरी- ये जरूरी दस्तावेज लेकर आना होगा युवाओं को उम्मीदवारों को अपने साथ रैली एडमिट कार्ड, 8वीं, 10वीं, 12वीं व स्नातक की मार्कशीट, स्थानीय निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, शपथ पत्र, एनसीसी, खेल, आईटीआई, ड्राइविंग लाइसेंस, रिलेशनशिप सर्टिफिकेट, जेआईए और आधार कार्ड से जुड़ा हुआ मोबाइल नंबर लेकर आना है। पहली रात सारंगढ़ और जांजगीर के अभ्यर्थी होंगे शामिल अग्निवीर भर्ती रैली की शुरूआत 4 दिसंबर की रात पड़ोसी जिलों सारगंगढ़–बिलाईगढ़ और जांजगीर–चांपा के अभ्यर्थियों से होगी। जनरल ड्यूटी में सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के 109 तथा जांजगीर–चांपा जिले के 808 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहली रात 917 अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षण के लिए बुलाया है। मेजबान जिला रायगढ़ के उम्मीदवारों के लिए फिजिकल टेस्ट 5 दिसंबर की रात को होगा। जिले के 243 अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे। recent visitors 62