नीरज के रजत पदक जीतने पर CM मोहन यादव ने कहा, ‘आपकी उपलब्धि पर देश को फक्र है’

भोपाल  पेरिस ओलंपिक की जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल हासिल किया है. नीरज चोपड़ा लगातार दो ओलंपिक में पदक जीतने वाले पहले भारतीय ट्रैक और फील्ड खिलाड़ी बन गए है. नीरज चोपड़ा की उपलब्धि पर उन्हें देशभर से बधाईयां और शुभकामनाएं दी जा रही है. इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "अप्रतिम, अद्भुत, अतुलनीय. मां भारती के लाड़ले और करोड़ों भारतीयों की आंखों के तारे नीरज चोपड़ा को पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने पर हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं. आप निरन्तर ऐसे ही नए- नए इतिहास रचते हुए अपनी गौरवपूर्ण उपलब्धियों से मां भारती को गौरवान्वित करते रहें, हम सबकी शुभकामनाएं सदैव आपके साथ हैं." मुख्यमंत्री ने हॉकी टीम को भी दी बधाई वहीं सीएम मोहन यादव ने भारतीय हॉकी टीम को भी कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "चक दे इंडिया, पुरुष हॉकी टीम को पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. आपकी सफलता पर आज समस्त भारतवासी गर्व की अनुभूति कर रहे हैं. आज टीम ने जो बेहतरीन प्रदर्शन किया है, वह भावी खिलाड़ियों को सर्वोच्च सफलता की प्रेरणा देगा. यह हमारे लिए और भी आनंद की बात है कि मध्य प्रदेश के विवेक सागर भी इस विजयी टीम का हिस्सा हैं. बधाई, अभिनंदन." डिप्टी सीएम ने भी नीरज चोपड़ा को दी बधाई वहीं मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने भी एक्स पर पोस्ट कर नीरज चोपड़ा को बधाई दी है. उन्होंने लिखा कि पेरिस ओलंपिक में भाला फेंक प्रतिस्पर्धा के फाइनल मुकाबले में भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा को रजत पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. आपने अथक परिश्रम और उत्कृष्ट खेल कौशल से मां भारती का मान बढ़ाया है और हर भारतीय में गर्व और उत्साह का संचार किया है. recent visitors 113

सागर हादसे पर CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, DM-SP हटाए गए, शाहपुर के CMO सस्पेंड

 भोपाल  सागर जिले के शाहपुर क्षेत्र में दीवार गिरने से हुई नौ बच्चों की मौत मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्रवाई की है। उन्होंने सागर के कलेक्टर और एसपी को हटा दिया है। वहीं सीएमओ को भी सस्पेंड कर दिया है। जानकारी के अनुसार, सागर के कलेक्टर दीपक आर्य का तबादला राजधानी भोपाल स्थित वल्लभ भवन में किया गया है। वहीं, छतरपुर के कलेक्टर संदीप जी.आर. को सागर जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। इसके अलावा सागर के एसपी अभिषेक तिवारी का भी ट्रांसफर किया गया है। उन्हें भोपाल पुलिस मुख्यालय में सहायक महानिरीक्षक बनाया गया है। अभिषेक तिवारी की जगह रायसेन के एसपी विकास कुमार सहवाल को सागर का नया एसपी बनाया गया है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने 9 बच्चों की मौत पर दु:ख जताया था। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा था, “सागर जिले के शाहपुर में हुई मासूमों की मृत्यु की दुःखद घटना को गंभीरता से लेते हुए जिले के कलेक्टर, एसपी एवं एसडीएम (सागर) को हटाने हेतु निर्देशित किया है। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहपुर में पदस्थ डॉ. हरिओम बंसल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा रहा है।” उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा, “मानसून पूर्व भी प्रदेश के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया था। पुनः सभी को निर्देशित कर रहा हूं कि इस तरह की घटनाओं के प्रति संवेदनशील रहे। उपयुक्त उपाय और तत्परता से काम करे, भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो।” मध्य प्रदेश के सागर जिले के शाहपुर क्षेत्र में रविवार (4 अगस्त) को एक बड़ा हादसा हुआ था। यहां दीवार गिरने से नौ बच्चों की मौत हो गई थी और कई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मुआवजे का भी ऐलान किया था। उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए दिए जाने की घोषणा की थी। छतरपुर के कलेक्टर बने सागर के नए डीएम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, सागर जिला के कलेक्टर दीपक आर्य का भोपाल में राज्य सचिवालय में उप सचिव के रूप में ट्रांसफर किया गया है. वहीं छतरपुर के वर्तमान कलेक्टर संदीप जीआर को सागर का नया कलेक्टर बनाया गया है. संदीप जीआर 2013 के बैच के आईएएस हैं. इसके अलावा सागर के एसपी अभिषेक तिवारी (2013 बैच) को भोपाल पुलिस मुख्यालय में सहायक महानिरीक्षक (AIG) बनाया गया है. उनकी जगह 2014 बैच के आईपीएस विकास कुमार सहवाल को सागर का नया एसपी बनाया गया है, जोकि वर्तमान में रायसेन के एसपी हैं. मामले में शाहपुर के CMO सस्पेंड इससे पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शाहपुर नगर पंचायत के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) और एक सब-इंजीनियर को सस्पेंड किया था. इसके साथ ही राज्य के नागरिक निकायों  को जर्जर इमारतों की पहचान करने और कार्रवाई करने का निर्देश दिया था.   राष्ट्रपति-PM ने भी जताया दुख, मुआवजे का ऐलान इस घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया. इसके अलावा प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान भी किया गया है, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे. इससे पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया गया था.   दीवार गिरने से 9 बच्चों की गई थी जान यह घटना बीते सागर जिले के रहली विधानसभा के सानौधा थाना क्षेत्र की है. रविवार को शाहपुर के हरदौल मंदिर में शिवलिंग निर्माण और भागवत कथा का आयोजन हो रहा था. रविवार की छुट्टी होने के चलते शिवलिंग बनाने के लिए बच्चे भी पहुंचे थे. जिस जगह बच्चे बैठकर शिवलिंग बना रहे थे, वहीं मंदिर परिसर के बगल वाली दीवार भरभराकर गिर गई, जिसमें कुछ बच्चे दब गए. जब जेसीबी से मलबा हटाया गया तो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई थी. इसके अलावा सात बच्चों की अस्पताल पहुंचने पर मौत की पुष्टि हुई. मृतक बच्चों की उम्र 10 से 15 के बीच इस घटना में जिन बच्चों की मौत हुई है, उनकी उम्र 10 से 15 साल के बीच बताई जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की पहचान ध्रुव यादव (12), नितेश पटेल (13), आशुतोष प्रजापति (15), प्रिंस साहू (12), पर्व विश्वकर्मा (10), दिव्यांश साहू (12), देव साहू (12), वंश लोधी (10) और हेमन्त (10) के रूप में हुई है. बीते दो दिनों में यह इस तरह की दूसरी घटना है. इससे पहले शनिवार को रीवा जिले में स्कूल से घर लौटते समय एक बिल्डिंग की दीवार से गिरने से चार बच्चों की मौत हुई थी, जबकि एक महिला और एक बच्चा घायल हो गया था. recent visitors 103

सीएम डॉ यादव ने कहा लाड़ली बहनों के खाते में 10 अगस्त को सिंगल क्लिक से जारी होगी 1500 रुपए की राशि

चित्रकूट सीएम मोहन यादव ने ऐलान किया है कि इस बार का रक्षाबंधन का त्यौहार मप्र की बहनों के लिए खास रहने वाला है. सीएम मोहन यादव के अनुसार इस बार लाड़ली बहनों के खाते में 1250 रुपए नहीं बल्कि 1500 रुपए आएंगे. यह बड़ा ऐलान सीएम मोहन यादव ने सतना जिले के चित्रकूट में किया. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि सरकार बहनों के सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है. हमारी सरकार ने तय किया है कि चुनाव के समय हमने जो-जो घोषणाएं की थी उसे हम पूरा करेंगे. हमने लाड़ली बहना और उज्ज्वला योजना की बहनों को 450 में सिलेंडर देने की घोषणा की थी, हम वह देने जा रहे हैं और साथ ही रक्षाबंधन पर बहनों को 1500 रुपये दिए जाएंगे." 131 करोड से अधिक लागत के कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 अगस्त को चित्रकूट प्रवास के दौरान सतना जिले के 131 करोड 97 लाख रूपये लागत के कुल 36 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन लोकार्पण किया. चित्रकूट में उद्यमिता परिसर स्थित विवेकानंद सभागार में आयोजित लाडली बहना योजना के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव 27 करोड 75 लाख रूपये लागत के 27 विकास कार्यों का लोकार्पण किया. इसी तरह मुख्यमंत्री 104 करोड 21 लाख रूपये लागत के 9 विकास कार्यों का शिलान्यास और भूमिपूजन किया. एक करोड़ 39 लाख बहनों ने हमारी पार्टी को प्रेम दिया मुख्यमंत्री ने कहा -हमने जब तय किया कि सावन महोत्सव और रक्षाबंधन उत्सव मनाना चाहिए, लेकिन कहां से। तब ध्यान में आया कि चित्रकूट से धाम से मनाना चाहिए। यह वही धाम है, जहां भगवान कामतानाथ, माता मंदाकिनी, गुप्त गोदावरी हैं। 17 लाख साल पहले भगवान राम और भरत के अश्रुओं से ये धरती भीगी है। ये पावन धरती है। इससे बढ़िया स्थान इस कार्यक्रम की शुरुआत के लिए कोई और नहीं हो सकता। आज मौसम से हमारी कुश्ती हो रही थी, लगा कि पहुंच नहीं पाएंगे, लेकिन हमने कहा- बहनों का कार्यक्रम है, जाना जरूरी है। भगवान ने भी साथ दिया और मैं यहां पहुंचा। हजारों साल से ऋषि मुनियों ने त्याग, तपस्या से त्योहारों की श्रृंखला शुरू की। ये त्योहार प्रेम बांटते हैं। हमारे देश को देखने वाले लोग तो समझते हैं, लेकिन दूर रहने वालों को जरूर यह अटपटा लगता है, लेकिन जब वे आते हैं तो यहीं के हो के रह जाते हैं। होली, संक्रांति, बसंत, गुड़ी पड़वा, गुरु पूर्णिमा के महत्व को रेखांकित करते हुए सीएम ने कहा कि सावन के महीने का आनंद अनूठा होता है। बहनें मां-बाप के बाद भाई के लिए उस प्रेम की पूर्ति करती हैं। हम एक मात्र देश हैं, जहां माता का संबंध हमारी संस्कृति से जुड़ता है। हम मातृ संस्था को आदर देते हैं। भाई भले मुंह मोड़ ले, लेकिन बहन सारी जिंदगी प्रेम लुटाती है। कांग्रेसियों पर तंज, बोले- लोग कहते थे योजना बंद हो जाएगी हमारी लाड़ली बहना योजना को लेकर लोग कहते थे, बंद हो जाएगी, लेकिन भाई तुम्हारी पार्टी बंद हो जाएगी, लेकिन हमारी योजना बंद नहीं होगी। तुम बोलते रहो, हम देते रहेंगे। पैसे नहीं संबंध महत्वपूर्ण है। एक करोड़ 39 लाख बहनों ने हमारी पार्टी को प्रेम दिया है। आज जो राखी मुझे यहां बहनों ने दी, उससे मुझे ऐसा लगा कि सभी ने राखी बांध दी। राखी का धागा प्रेम का संबंध हमारी संस्कृति से जोड़ता है, आशीर्वाद देता है। सतना में 3 लाख 84 हजार 259 बहनें लाड़ली हैं, 627 करोड़ की राशि हम दे चुके हैं। आज ये यह उत्सव शुरू हो गया है। 10 तारीख तक प्रदेश के 25 हजार केंद्रों पर रक्षाबंधन उत्सव के आयोजन होते रहेंगे। 10 जुलाई को इस बार साढ़े 12 नहीं, एक साथ 1500 रुपए सभी बहनों के खाते में डालेंगे। ये 250 रुपए राखी के त्योहार के लिए हैं। जब बहनें अपने भाई को राखी बांधेंगी तो मैं समझूंगा मेरे भी माथे पर तिलक लग गया, आनंद महसूस करेंगे। उज्जवला योजना के तहत 450 रुपए भी डालेंगे हमने एक और घोषणा की है, उज्ज्वला योजना के तहत बहनों के खाते में 450 रुपए भी डालेंगे। इनमें उज्जवला गैस कलेक्शन जितनी बहनों के नाम से हैं और जिन्होंने लाड़ली बहना के फार्म भरें हैं… यानी 20 लाख उज्जलवा योजना की बहनें और 10 लाख लाड़ली बहनों के खाते में ये रुपए डाले जाएंगे। रीवा संभाग में अभी हम समिट करेंगे और सतना के युवाओं के लिए भी रोजगार के प्रबंध करेंगे, ताकि सभी के कष्ट दूर हों और जीवन खुशहाल हो। 104 करोड़ रुपए के कार्यों का किया शिलान्यास सीएम ने 104 करोड़ के 9 कार्यों का शिलान्यास और 27 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया। सीएम डॉ. यादव चित्रकूट में उद्यमिता परिसर के विवेकानंद सभागार में चित्रकूट यूनेस्को जियो पार्क स्थापना की कार्यशाला में भी शामिल हुए। मंच पर नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, महापौर योगेश ताम्रकार, भाजपा के जिला संगठन प्रभारी अभय सिंह यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह, नगर निगम स्पीकर राजेश चतुर्वेदी पालन, चित्रकूट नगर पंचायत अध्यक्ष साधना पटेल, मझगवां जनपद पंचायत अध्यक्ष रेणुका जायसवाल भी मौजूद रहीं। recent visitors 124