भर्ती प्रक्रिया की औपचारिकताओं की पूर्ति में न हो विलंब: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

भोपाल उप मुख्यमन्त्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्देश दिये हैं कि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में चिकित्सकीय एवं सहायक चिकित्सकीय पदों में भर्ती की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूर्ण की जाये। संबंधित विभागीय अधिकारी चयन संस्थानों से नियमित संपर्क में रहें। औपचारिकताओं की पूर्ति में किसी भी प्रकार का विलंब नहीं होना चाहिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मंत्रालय वल्लभ भवन में लोक सेवा आयोग एवं कर्मचारी चयन मंडल द्वारा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग में की जाने वाली चयन प्रक्रिया की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। आयुक्त लोक स्वास्थ्य श्री तरुण राठी, सचिव चिकित्सा शिक्षा श्रीमती सुरभि गुप्ता और संचालक श्रीमती मल्लिका नागर उपस्थित रहीं। उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में 33 हज़ार 118 पदों में भर्ती प्रक्रियाधीन है। इनमें 3 हज़ार 341 विज्ञप्त श्रेणी, 3 हज़ार 620 नर्सिंग श्रेणी के और 5 हज़ार 732 अविज्ञप्त श्रेणी के पद हैं। इनमें आईपीएचएस मानक के लिये स्वीकृत 18 हज़ार 653 पद, 263 उन्नयन संस्थाओं के लिये 5 हज़ार 664 पद, कैलाशनाथ काटजू सिविल हॉस्पिटल के 195 पद, 454 उन्नयन संस्थाओं के लिये 7 हज़ार 977 पद, 9 शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय के लिए 414 पद सहित 10 अन्य संस्थानों के 215 पद शामिल है। विशेषज्ञ, चिकित्सा अधिकारी, सिविल सर्जन, प्रशासकीय अधिकारी, अस्पताल अधीक्षक, सहायक प्रबंधक, प्रबंधक, हॉस्पिटल असिस्टेंट, नर्सिंग ऑफिसर, मेट्रन, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट, लैब टेक्निशियन, फार्मासिस्ट, रेडियोग्राफर सहित अन्य चिकित्सकीय सहायक चिकित्सकीय पदों पर चयन की कार्यवाही लोक सेवा आयोग और कर्मचारी चयन मंडल द्वारा की जा रही है।   recent visitors 67

रीवा में 15 एकड़ में बनेगा संस्कृत विश्वविद्यालय का भव्य परिसर: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि पाणिनि संस्कृत विश्वविद्यालय अब आकार ले रहा है। इसमें 80 विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका है। उन्होंने निर्देश दिए कि कक्षाएं संचालित करने के लिए दो दिन में 5 कक्ष में आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्ण कर दें। विद्यार्थियों के रहने और भोजन की भी समुचित व्यवस्था हो गई है। जब तक स्थाई रूप से प्राध्यापकों की नियुक्ति नहीं हो जाती है तब तक शहर के 20 संस्कृत विद्वानों ने विद्यार्थियों को संस्कृत ज्ञान देने का संकल्प लिया है। लक्ष्मणबाग मंदिर परिसर के समीप नदी के उस पार स्थित 32 एकड़ भूमि में से 15 एकड़ भूमि में संस्कृत विश्वविद्यालय का भव्य परिसर बनाया जाएगा। यह परिसर रीवा के संस्कृत ज्ञान की परंपरा को पुन: स्थापित करेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने लक्ष्मणबाग मंदिर परिसर रीवा में आयोजित बैठक में संस्कृत विश्वविद्यालय के रीवा परिसर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में रीवा कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि कक्षाएं संचालित करने के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। विद्यार्थियों के आवास तथा भोजन की व्यवस्था के लिए परिसर प्रभारी एवं भोजन बनाने वालों की नियुक्ति कर दी गई है। अटल पार्क का 3 अक्टूबर को करेंगे लोकार्पण उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल सिविल लाइन रीवा में 3 अक्टूबर को रीवा में नव-निर्मित अटल पार्क का लोकार्पण करेंगे। अटल पार्क का निर्माण मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड द्वारा पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत कराया गया है। लोकार्पण समारोह में सुप्रसिद्ध गायक श्री कैलाश खेर एवं उनके साथी कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देंगे।   recent visitors 86

स्वच्छता सिर्फ व्यक्तिगत स्वास्थ्य विषय नहीं, सशक्त और समृद्ध समाज की नींव है: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने समस्त प्रदेशवासियों को गांधी जयंती की शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का स्वच्छता के प्रति दृष्टिकोण आज भी प्रासंगिक है। देशव्यापी स्वच्छता अभियान ने उनके इस विचार को नई ऊर्जा प्रदान की है। स्वच्छता सिर्फ व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं है, बल्कि यह एक सशक्त और समृद्ध समाज की नींव है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि गांधीजी का मानना था कि स्वच्छता हर नागरिक की जिम्मेदारी है और इसका पालन करना समाज के उत्थान की दिशा में पहला कदम है। आज हमें गांधीजी के सपनों को साकार करने के लिए स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। स्वच्छता अभियान अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उप मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की सफाई का विशेष ध्यान रखें और इस आंदोलन को और भी सशक्त बनाएं। जब हर नागरिक स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझेगा, तभी गांधीजी के स्वच्छ और आत्मनिर्भर भारत का सपना पूरा हो सकेगा। गांधीजी के आदर्शों से प्रेरणा लें महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन को सत्य, अहिंसा और सादगी जैसे आदर्शों पर आधारित किया। उनके त्याग, दृढ़ता और नैतिक नेतृत्व ने पूरे विश्व को प्रेरित किया। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने जनता से अपील की कि वे गांधीजी के सत्य, अहिंसा, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव को अपने जीवन में अपनाएं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन आ सके। recent visitors 66

उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने रीवा में जल संरक्षण तथा वृक्षारोपण कार्यों का मुआयना किया

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा नगर निगम क्षेत्र में जल संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे वृक्षारोपण का जायजा लिया। उप-मुख्यमंत्री ने झलबदरी तालाब तालाब के चारों ओर सघन वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने तालाब में वर्ष भर पर्याप्त पानी संचित रहने के लिए यथोचित व्यवस्था करने के लिए कहा । उप-मुख्यमंत्री ने अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में वन विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि निर्धारित रोपित पौधों की उचित देखभाल और सुरक्षा का पूरा प्रबंध करें। पचमठा में सुंदरकांड के सामूहिक गायन कार्यक्रम में शामिल हुए उप-मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि रीवा में विकास के साथ-साथ भक्ति की भावना प्रवाहित हो रही है। राम दरबार द्वारा पचमठा में बीहर माँ की आरती की जा रही है जो पचमठा के भौतिक विकास को भव्यता प्रदान कर रही है। श्री शुक्ल पचमठा में राम दरबार द्वारा बीहर आरती के 201 दिन पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सुंदरकाण्ड के सामूहिक गायन कार्यक्रम में शामिल हुए तथा पूजा-अर्चना की।   recent visitors 62

उप-मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने मेडिकल कालेज रीवा से प्रदेश में गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क जाँच अभियान का शुभारंभ किया

भोपाल   उप-मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने श्यामशाह मेडिकल कालेज रीवा से प्रदेश में गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क जाँच अभियान का शुभारंभ किया। उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा कार्यक्रम के तहत हर माह की 9 और 25 तारीख को गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क जाँच के शिविर सभी अस्पतालों में लगाए जाएंगे। इनमें गर्भवती महिलाओं को जाँच, उपचार, दवा और आने-जाने की सुविधा नि:शुल्क दी जाएगी। कार्यक्रम में वीडियो कान्फ्रेंसिंग से शामिल मण्डला और रतलाम जिले के हितग्राहियों से उप-मुख्यमंत्री ने संवाद किया। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के समस्त अस्पताल और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन शामिल हुए। उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मातृ-मृत्यु दर और शिशु-मृत्यु दर को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा कार्यक्रम के तहत हर गर्भवती महिला को नि:शुल्क जाँच, उपचार और दवा की सुविधा दी जा रही है। इस कार्यक्रम के तहत यदि शासकीय अस्पताल में सोनोग्राफी की सुविधा नहीं है तो गर्भवती महिला की निजी सोनोग्राफी केन्द्र में सोनोग्राफी कराई जाएगी। इसकी राशि का भुगतान सरकार करेगी। सरकारी अस्पताल से जारी वाउचर से महिला सात दिन में कभी भी अपनी जाँच सोनोग्राफी सेंटर में करा सकती है। सही समय में रिस्क चिन्हांकन से उचित निदान कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जायेगा। मातृ-मृत्यु दर को नियंत्रित करने में जागरूकता और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उल्लेखनीय है कि मातृ-मृत्यु दर और शिशु-मृत्यु दर नियंत्रित करने के प्रयासों में निजी अस्पतालों की भागीदारी देने वाला मध्यप्रदेश देश का दूसरा राज्य है। गर्भवती महिलाओं की निजी सोनोग्राफी केन्द्रों में जाँच के लिए 15 करोड़ रुपए का प्रावधान कर दिया गया है। स्त्री रोग विशेषज्ञ और रेडियोलॉजिस्ट के पदों पर शीघ्र होगी भर्ती उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए बजट की कोई कमी नहीं है। शीघ्र ही स्त्री रोग विशेषज्ञ तथा रेडियोलॉजिस्ट के पदों पर भर्ती की जाएगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की पदस्थापना तथा आवश्यक उपकरण स्थापित करके सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में जिला अस्पताल के समकक्ष स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएंगी। सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल रीवा के लिए दूसरी कैथलैब मशीन शीघ्र ही उपलब्ध हो जाएगी। 20 करोड़ की लागत से कैंसर क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए भवन और 29 करोड़ लागत की लायनेक मशीन की व्यवस्था उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए रीवा में 20 करोड़ की लागत से भवन बनाया जा रहा है। इसमें कैंसर के उपचार के लिए 29 करोड़ रुपए की लायनेक मशीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डॉक्टरों के साथ-साथ पैरामेडिकल स्टाफ और नर्सों की भी भर्ती की जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रयासों से गरीब से गरीब रोगियों के लिए भी एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध हो गई है। उप-मुख्यमंत्री ने प्रसव-पूर्व जाँच पुस्तिका तथा पोस्टर का विमोचन किया। संयुक्त संचालक डॉ अर्चना मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक गर्भवती महिला को दवा, जाँच और आने-जाने की नि:शुल्क सुविधा दी जा रही है। जरूरत होने पर नि:शुल्क रक्ताधान का भी प्रावधान है। नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, रेडक्रास के समिति के अध्यक्ष डॉ प्रभाकर चतुर्वेदी, मेडिकल कालेज के डीन डॉ सुनील अग्रवाल, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ केएल नामदेव, संजय गांधी हास्पिटल के अधीक्षक डॉ राहुल मिश्रा तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।   recent visitors 74

शोध कार्य को बढ़ावा दें, शैक्षणिक गुणवत्ता के स्तर को उत्कृष्ट करें: उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

भोपाल   उप-मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि मेडिकल कॉलेज में शोध कार्यों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जायें। शोध कार्य के लिए आवश्यक फंड की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त और स्वास्थ्य संबंधी नवीन चुनौतियों का सामना करने के लिए शोध कार्य अहम है। उन्होंने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदाय के लिए सदैव प्रयासरत रहने के निर्देश दिये। उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज से शिक्षा प्राप्त चिकित्सक ऐसे हों कि उनकी प्रतिभा देश-विदेश में स्थापित हो। उप-मुख्यमंत्री गाँधी मेडिकल कॉलेज भोपाल की सामान्य सभा की बैठक में शामिल हुए। सहजता से एवं समय पर जाँच सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गाँधी मेडिकल कॉलेज स्वशासी समिति भोपाल के विगत वित्तीय वर्ष (2023-24) के आय-व्यय की समीक्षा की। उन्होंने छात्रावासों के उन्नयन और आवश्यकतानुसार नवनिर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिये। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक जाँच सुविधाओं के लिए बजट में आवश्यक प्रावधान किए गये हैं। नागरिकों को सहजता से एवं समय पर जाँच सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। कैथलैब शिफ्टिंग कार्य में हुए विलंब पर नाराज़गी उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने हमीदिया चिकित्सालय में कैथलैब शिफ्टिंग कार्य में हुए विलंब पर नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिये कि अविलंब शिफ्टिंग का कार्य पूर्ण किया जाये तथा मरीज़ों को असुविधा न हो यह सुनिश्चित करें। संबंधित विभागीय अधिकारी ने बताया कि समस्त औपचारिकताएँ एवं सक्षम अनुमतियाँ (जिनमें एईआरबी की अनुमति भी शामिल है) प्राप्त कर ली गई हैं, शिफ्टिंग कार्य 3 माह के अंदर पूर्ण कर लिया जायेगा। उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने परिसर में प्रगतिरत एवं प्रस्तावित नवीन ओपीडी ब्लॉक, मल्टी लेवल पार्किंग, गर्ल्स हॉस्टल निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। कैंसर उपचार के लिए अत्याधुनिक लायनैक मशीन हमीदिया में शीघ्र होगी स्थापित उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि हमीदिया हॉस्पिटल प्रदेश का महत्वपूर्ण चिकित्सालय है यहाँ पर पूरे प्रदेश से मरीज़ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आते हैं, इसलिए आवश्यक है कि यहाँ अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि हमीदिया हॉस्पिटल में कैंसर के उपचार के लिए अत्याधुनिक लायनैक मशीन स्वीकृत की गयी है। इस मशीन के समयबद्ध इंस्टालेशन के लिए आवश्यक कार्य समय से पूर्ण कर लिए जायें। उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने हमीदिया चिकित्सालय में सहायक चिकित्सकीय एवं अन्य सहयोगी स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। समस्त उपस्थितों ने अंगदान करने और अन्य लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। उल्लेखनीय है विगत वित्तीय वर्ष (2023-24) में गाँधी मेडिकल कॉलेज स्वशासी समिति को 28 करोड़ 30 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई और 28 करोड़ 97 लाख रुपये का व्यय किया गया है। समिति द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष (2024-25) में 29 करोड़ 7 लाख की प्राप्तियों का आंकलन किया गया है और 30 करोड़ 65 लाख के व्यय के प्रावधान का प्रस्ताव किया गया है। विधायक श्री भगवान दास सबनानी, महापौर भोपाल श्रीमती मालती राय, कमिश्नर भोपाल श्री पवन कुमार शर्मा, अपर आयुक्त चिकित्सा शिक्षा डॉ पंकज जैन, डीन गाँधी मेडिकल कॉलेज भोपाल डॉ कविता सिंह, संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ अरुण श्रीवास्तव, अधीक्षक हमीदिया हॉस्पिटल डॉ सुनीत टंडन सहित स्वशासी समिति के सदस्य, मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, विभागीय अधिकारी निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।   recent visitors 101