पीएससी अंतर्गत तीन वर्ष के पद एक ही वर्ष में भरे जाएंगे, परीक्षाएं होंगी अलग-अलग: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 12 जनवरी स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाने की परंपरा आरंभ की गई है। युवा अपने सपनों को साकार करें, जीवन में आगे बढ़ें, प्रदेश और समाज को आगे बढ़ाएं, इस उद्देश्य से राज्य सरकार सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए तत्पर है। युवाओं के जीवन में एक नया सूर्य ऊगे, वे अपने जीवन को आलौकिक करें, अपनी ऊर्जा का समाज हित में उपयोग करें, युवा दिवस के संदर्भ में युवाओं से यही अपील है। इसी क्रम में राज्य सरकार 12 जनवरी से प्रदेश में स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन का क्रियान्वयन भी आरंभ कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया को जारी संदेश में यह कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवा दिवस के अवसर पर प्रदेश की लाड़ली बहनों को जनवरी माह की अनुदान राशि का अंतरण कालापीपल जिला शाजापुर से किया जाएगा। युवाओं को उन्नति और प्रगति के सभी अवसर प्राप्त हों इस उद्देश्य से राज्य सरकार बहुआयामी गतिविधियां संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में बैकलॉग के पदों को भरने जा रही है। पीएससी के अंतर्गत गत तीन वर्ष के जो पद हैं, उनको ही एक ही वर्ष में तीन अलग-अलग परीक्षा कराकर भरने का निर्णय भी लिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का मुख्य आधार प्रदेश की युवा शक्ति है। युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के अवसर प्राप्त हों, इस उद्देश्य से कौशल उन्नयन और प्रशिक्षण की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। प्रदेश में आरंभ हुए रीवा, उज्जैन सहित अन्य आई.टी. पार्कों के माध्यम से युवाओं को अपनी योग्यता और क्षमता के आधार पर प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के परिणामस्वरूप रोजगार की संभावनाओं में वृद्धि के साथ ही शासकीय विभागों में भर्ती की प्रक्रिया जारी है। प्रदेश में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में कई नवाचार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 55 पीएम एक्सीलेंस कॉलेज आरंभ किए गए हैं। स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में आयुर्वेद, एलोपैथी, होम्योपैथी के कॉलेज आरंभ किए जा रहे हैं। पीपीपी मॉडल को सम्मिलित करते हुए 2 वर्ष में 25 मेडिकल कॉलेज आरंभ किए जाएंगे।   recent visitors 108

मुख्यमंत्री साय बोले – पानी प्रकृति का अनमोल उपहार जिसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सबकी है

देशभर के 400 जल विशेषज्ञ और अनुभवी इंजीनियर्स हो रहे शामिल रायपुर पानी प्रकृति का अनमोल उपहार है, जिसे ईश्वर ने हमें बेमोल दिया है, लेकिन हमें इसका मोल समझना होगा। आज पूरा विश्व जल संकट से जूझ रहा है। देश-दुनिया के कई शहरों में भू जल स्तर में तेजी से गिरावट आ रही है। यदि समय रहते हम सचेत नहीं हुए तो जल संकट विकराल रूप धारण कर सकता है। हम सभी को पानी की एक-एक बूंद को सहेजना होगा। जल संरक्षण की जिम्मेदारी हम सबकी है। जल प्रबंधन आज समय की मांग है। हमें आने वाली पीढ़ियों के बेहतर जीवन के लिए जल के प्रबंधन, संरक्षण के साथ ही जल स्रोतों के संवर्धन पर विशेष ध्यान देना होगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इंडियन वाटर वर्क्स एसोसिएशन के 57वें वार्षिक अधिवेशन को संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वैश्विक जलवायु संकट के परिपेक्ष्य में जल संरक्षण और भी महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने जल संरक्षण के लिए जल जीवन मिशन, जल शक्ति अभियान, अमृत सरोवर, मिशन अमृत और एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियान शुरू कर जल और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मोदी जी ने प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए हर घर नल से जल योजना शुरू की। हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नल कनेक्शन प्रदान किया है, जिससे लोगों के घरों में साफ पानी पहुंचने से उनका स्वास्थ्य स्तर भी सुधरा है और ग्रामीणों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंडियन वॉटर एसोशिएसन की स्मारिका का विमोचन किया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश भर से आए इंजीनियर्स, जल संरक्षण के विषय विशेषज्ञ जल संरक्षण के विषय में गहन विचार विमर्श करेंगे और जल संरक्षण के लिए रणनीति तैयार करने में योगदान देंगे। उल्लेखनीय है कि इंडियन वॉटर एसोशिएसन की मेजबानी में दूसरी बार राजधानी रायपुर में 10 से 12 जनवरी तक आयोजित किए जा रहे इस अधिवेशन में जल-360 डिग्री की थीम रखी गई है। अधिवेशन में देश के 400 जल विशेषज्ञ और अनुभवी इंजीनियर शामिल हो रहे हैं। अधिवेशन में जल, अपशिष्ट जल उपचार और सतत प्रबंधन में नवीन टेक्नोलॉजी को शामिल करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। recent visitors 79

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा – विश्व हिंदी दिवस, सांस्कृतिक पहचान और गौरव की प्रतीक हिंदी भाषा

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विश्व हिंदी दिवस, सांस्कृतिक पहचान और गौरव की प्रतीक हिंदी भाषा के वैश्विक जय घोष के विचारों को आत्मसात करने का दिन है । मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्व हिंदी दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने हिंदी भाषा के रूप में मिली विरासत को और अधिक समृद्ध करने के लिए संकल्पित होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का प्रदेशवासियों से आव्हान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया को जारी संदेश में कहा कि हिन्दी दिवस अपने आप में विशेष है। अब हिन्दी, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषाओं में से एक है। संपूर्ण विश्व में हिन्दी का महत्व तथा लोगों की हिन्दी के प्रति रूचि बढ़ी है। यूरोप हो या चीन सभी देश नई तकनीकी माध्यमों का उपयोग करते हुए अनुवाद के माध्यम से हिन्दी तक अपनी पहुंच बना रहे हैं, यह हम सब के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। मध्यप्रदेश में बोली जाती है सर्वाधिक हिन्दी मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में उपयोग में आने वाली हिन्दी, सर्वाधिक शुद्ध बोली जाने वाली हिन्दी है। बोलने, समझने और लेखन की दृष्टि से मध्यप्रदेश की हिन्दी का विशेष महत्व है। इसी का परिणाम है कि हिन्दी के संदर्भ में मध्यप्रदेश की देश में अपनी अलग पहचान है।   recent visitors 57

मुख्यमंत्री साय ने ऑल इंडिया स्टील कॉनक्लेव 2.0 को किया संबोधित

रायपुर, विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए हम फौलादी इच्छाशक्ति के साथ काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2030 तक 300 मिलियन टन स्टील उत्पादन का लक्ष्य रखा है और इस लक्ष्य को पाने में छत्तीसगढ़ की सबसे अहम भूमिका होगी। इसके लिए प्रदेश के प्रत्येक उद्यमी को छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा का ब्रांड एंबेसडर बनना होगा। प्रदेश के स्टील उद्योग को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए हरसम्भव सहयोग हमारी सरकार प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर के मेफेयर लेक रिसॉर्ट में आयोजित ऑल इंडिया स्टील कॉनक्लेव 2.0 को संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना का रजत जयंती वर्ष मना रहा है। हम विकसित छत्तीसगढ़ की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब मैं केंद्रीय राज्य मंत्री था तब स्टील इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों से अक्सर मुलाकात होती रही है। साय ने कहा कि 17 राज्यों से आए 1500 प्रतिनिधि यहां दो दिन स्टील उद्योग की चुनौतियों व नये अवसर पर मंथन करेंगे। मुझे विश्वास है कि यहां हुई चर्चा स्टील सेक्टर के साथ ही छत्तीसगढ़ और देश की तरक्की को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया स्टील कॉन्क्लेव 2.0 का आयोजन प्रदेश में स्टील उद्योग को तो प्रोत्साहित करेगा ही, एमएसएमई के लिए भी लाभकारी होगा। देशभर के उद्योग जगत के लोग छत्तीसगढ़ की इस विकास यात्रा में भागीदार होना चाहते हैं। छत्तीसगढ़ में अवसर के कई द्वार अभी और खुलेंगे। जल्द ही हम लिथियम जैसी ऊर्जा खनिज के सबसे बड़े केंद्र बनेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्टील उद्योग के लिए काफी अवसर हैं। हमारे पास स्टील इंडस्ट्री के लिए जरुरी खनिज जैसे लोहा ओर और कोयला के साथ ही बिजली पर्याप्त मात्रा में है। हम स्टील उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर हैं। हमें गर्व है कि हमारा प्रदेश देश की इकोनॉमी का पावर हाउस है। छत्तीसगढ़ ने अब ग्रीन स्टील की ओर भी कदम बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि स्टील उद्योग में कई नवाचार हो रहे हैं। उत्पादन बढ़ाने के लिए आप लोग नई और एडवांस टेक्नोलॉजी का उपयोग कर रहे हैं, इसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं। आर्थिक विकास को गति देने के साथ हमें जलवायु परिवर्तन की चुनौती का भी समाधान करना होगा। ऐसे में अब पर्यावरण अनुकूल विकास के स्थायी उपाय करने होंगे। उन्होंने नई औद्योगिक नीति के जरिए 5 लाख नये रोजगार सृजन के लक्ष्य की बात दोहराई और कहा कि यह आप सभी के सहयोग से ही पूरा होगा। मुख्यमंत्री ने इस दौरान सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 और नई औद्योगिक नीति पर भी सरकार के विजन को साझा किया। सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 एक ऐसा नवाचारी प्लेटफॉर्म है जिसके जरिए राज्य में उद्योग, व्यवसाय और स्टार्टअप को एक पोर्टल पर तमाम सुविधाएं मिल रही हैं। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार ने निवेश के लिए अनुकूल औद्योगिक नीति तैयार की है और इससे प्रदेश में निवेश आकर्षित हो रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वनाच्छादित प्रदेश है और यहां खनिज सम्पदा के विपुल भंडार मौजूद है। प्रदेश के विकास को गति देने की सभी संभावनाएं यहां मौजूद है। देवांगन ने स्टील उद्योग को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा लिए गए निर्णयों की जानकारी भी दी। उन्होंने कॉनक्लेव में मौजूद सभी उद्योगपतियों से आग्रह करते हुए कहा कि हमारी इस औद्योगिक नीति को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, जिससे लोग इसका लाभ लें और प्रदेश की तरक्की में साझेदार बने। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का सबसे तेजी से विकसित होता हुआ राज्य बन रहा है। प्रदेश में स्टील उद्योग के लिए अनुकूल अवस्थाएं मौजूद हैं। प्रदेश में पहले से ही अनेक उद्योग स्थापित हैं अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम विकास के साथ ही पर्यावरण का भी ध्यान रखें। सीएसआर की सहायता से लोगों के जीवन को भी बेहतर बनाने का प्रयास करें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव राहुल भगत, उद्योग सचिव रजत कुमार, ऑल इंडिया स्टील कॉनक्लेव 2.0 के चेयरमैन रमेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ स्टील री रोलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय त्रिपाठी, भिलाई स्टील प्लांट के सीईओ अजॉय कुमार चक्रवर्ती सहित सीएसआरए के पदाधिकारीगण और स्टील उद्योग से जुड़े उद्योगपति उपस्थित थे।   recent visitors 72

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- मैं भी मनुष्य हूं, देवता नहीं हूं, मुझसे भी गलतियां होती हैं, राजनीति में अच्छे लोग लगातार आना चाहिए

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पॉडकास्ट इंटरव्यू में कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि "मैं भी मनुष्य हूं, देवता नहीं हूं। मुझसे भी गलतियां होती हैं।" उन्होंने राजनीति में आने के उद्देश्य पर बात करते हुए कहा कि राजनीति में एंबीशन नहीं, बल्कि मिशन होना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि राजनीति में अच्छे लोग लगातार आना चाहिए। जब पीएम मोदी से पूछा गया कि पहले और दूसरे टर्म में क्या अंतर है, तो उन्होंने कहा कि पहले टर्म में लोग मुझे समझने की कोशिश करते थे, और मैं भी दिल्ली को समझने की कोशिश कर रहा था। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने युवाओं को राजनीति में आने के लिए यह संदेश दिया कि अगर वह राजनीति में आना चाहते हैं तो उनके पास एक मिशन होना चाहिए। जीनोम सीक्वेंसिंग डेटा जारी किया प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को 10 हजार नागरिकों का जीनोम सीक्वेंसिंग डेटा भी जारी किया। यह जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान के क्षेत्र में एक अहम कदम है और भविष्य में इसका बड़ा असर होगा। पीएम मोदी ने वीडियो संदेश के माध्यम से बताया कि इस परियोजना में 20 से ज्यादा रिसर्च इंस्टीट्यूशन ने अहम योगदान दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस कदम को जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह शोध के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि यह डेटा अब "इंडिया बायोलॉजिकल डेटा सेंटर" में उपलब्ध है। पीएम मोदी ने कहा, "इस परियोजना की शुरुआत पांच साल पहले जीनोम इंडिया परियोजना के रूप में हुई थी और कोविड की चुनौतियों के बावजूद हमारे वैज्ञानिकों ने इसको पूरा किया।" इस डेटा से देश के असाधारण आनुवंशिक परिदृश्य का अध्ययन किया जा सकेगा और इससे भविष्य में कई महत्वपूर्ण शोध होंगे। recent visitors 61

अगर आपका आधार कार्ड 10 साल पुराना है, तो उसे अपडेट कराना जरूरी हो गया है, नहीं तो पुराने आधार कार्ड होंगे रद्द

नई दिल्ली यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने आधार कार्ड धारकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। सरकार ने 10 साल से अधिक पुराने आधार कार्ड को अपडेट कराने की आवश्यकता पर जोर दिया है। अगर आपका आधार कार्ड 10 साल पुराना है, तो उसे अपडेट कराना जरूरी हो गया है, क्योंकि पुराने आधार कार्ड को रद्द किया जा सकता है। सरकार ने फ्री आधार अपडेट की समयसीमा को फिर से बढ़ाते हुए अब अंतिम तारीख 14 जून 2025 कर दी है। इससे पहले डेडलाइन 14 दिसंबर 2024 थी। 10 साल से अधिक पुराने आधार कार्ड धारकों को अपनी जानकारी अपडेट करने की सलाह दी जा रही है ताकि उनकी पहचान प्रमाणित और अद्यतन बनी रहे। यह सुविधा केवल ऑनलाइन myAadhaar पोर्टल पर मुफ्त में उपलब्ध होगी। हालांकि, ऑफलाइन मोड के जरिए अपडेट कराने पर शुल्क देना होगा। क्यों जरूरी है आधार कार्ड अपडेट? आधार कार्ड, जिसे देश में पहचान का सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जाता है, हर व्यक्ति की बायोमेट्रिक और व्यक्तिगत जानकारी से जुड़ा होता है। समय के साथ, पते या अन्य जानकारी में बदलाव हो सकता है, जिसे अपडेट कराना आवश्यक है। इसके अलावा, फेक आधार कार्ड के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए सरकार ने 10 साल पुराने आधार कार्ड धारकों को जानकारी अपडेट कराने की सिफारिश की है। कैसे करें आधार कार्ड अपडेट? आधार कार्ड अपडेट प्रक्रिया को ऑनलाइन करना बेहद आसान है। UIDAI ने इसे सरल और सुलभ बनाने के लिए विशेष कदम उठाए हैं। इसके लिए, https://myaadhaar.uidai.gov.in/ पर लॉगिन करें और अपनी जानकारी को सत्यापित कर अपडेट करें। सरकार के इस कदम से लाखों आधार कार्ड धारकों को लाभ मिलेगा, खासकर वे लोग जिनकी जानकारी अब तक अपडेट नहीं हुई है। डेडलाइन खत्म होने के बाद आधार अपडेट के लिए शुल्क देना होगा। ऐसे में यह सलाह दी जाती है कि 14 जून 2025 से पहले अपनी जानकारी को अपडेट कराना सुनिश्चित करें।   recent visitors 105

बजरंग दल और गोसेवकों की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश, दो क्विंटल गोमांस संग छह गिरफ्तार

रायपुर    आजाद चौक के मोमिनपारा में पुलिस ने बुधवार देर रात 226 किलो गोमांस बरामद किया। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें पिता-पुत्र भी शामिल हैं। बजरंग दल और गोसेवकों की सूचना पर पुलिस ने दुलदुल गली स्थित मकान में दबिश दी थी। यहां गोमांस के साथ पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा का समीर मंडल पकड़ा गया, जबकि आरोपित आटो चालक फरार है। गोमांस बरामद होने से निकाय चुनाव से पहले रायपुर का माहौल गरमा गया है। इस मामले में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल शुक्रवार को एसपी ऑफिस का घेराव करेंगे। पुलिस ने छापा मारकर प्लास्टिक की अलग-अलग थैलियों में गोमांस बरामद किया। इसके साथ ही बड़ा चाकू, तराजू सहित अन्य सामान जब्त किया गया। पुलिस ने जब्त मांस को लैब भेजा, जहां से इसके गोमांस होने की पुष्टि हुई है। पुलिस इन गोवंशों का अंतिम संस्कार करेगी। यह धाराएं लगाई आरोपियों पर पुलिस ने आरोपियों पर धारा 299, 325 बीएनएस तथा कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5, 6, 10 में केस दर्ज हुआ। इसमें आठ वर्ष का कारावास हो सकता है। 50 हजार जुर्माने का प्रावधान प्रदेश में गोतस्करी, वध और गोमांस बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। गौवध और गोमांस रखने वालों को जेल जाना पड़ेगा। साथ ही 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया जाएगा। धनेली में बेसहारा गोवंशों को काटा एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने पत्रकारों को मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आरोपितों ने विधानसभा रोड स्थित धनेली के एक मैदान में दो बेसहारा गायों को काटा था। ऑटो से घर लाया गया और कुछ लोगों को बेचा भी गया है। ये हैं गिरफ्तार आरोपित     समीर मंडल पिता साइफल मंडल निवासी नंदग्राम मधबापुर ग्राम जेएल नंबर 152 थाना कोतुलपुर जिला बांकुरा, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) हाल-दरगाह वाली गली मौदहापारा।     खुर्शीद अली निवासी मोमिनपारा दुलदुल गली के पास।     मोहम्मद मुंतजीर हैदर उर्फ पिता खुर्शीद अली निवासी डॉ. भागवत क्लीनिक के सामने मोमिनपारा।     अशफाक अली पिता खुर्शीद अली निवासी मोमिनपारा जेके किराया भंडार के सामने।     अरमान हैदर पिता खुर्शीद अली निवासी मोमिनपारा दुलदुल गली हांडीपारा।     ईरशाद कुरैशी पिता मो. रज्जाक कुरैशी निवासी बिलालनगर, बोरियाखुर्द (टिकरापारा)। रात में ऑटो से गोमांस लेकर पहुंचे थे आरोपी शहर के मोमिनपारा की दुलदुली गली के जिस घर में पुलिस ने छापा मारकर भारी मात्रा में गोमांस बरामद किया है, वह घर खुर्शीद अली का है। बीते कुछ दिनों से रात के समय यहां पर नए-नए चेहरे के लोगों की आवाजाही को देखकर आसपास के लोगों को शक हुआ। इसके बाद यह जानकारी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं तक पहुंची। जब यह तस्दीक हो गई कि घर में भारी मात्रा में गोमांस रखकर बेचा जा रहा है। तब पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद रात 12 बजे आजाद चौक सीएसपी अमन कुमार ने दल-बल के साथ घर में छापा मारा। एक कमरे में गोमांस के साथ समीर मंडल को दबोचा। इसके बाद खुर्शीद, उसके तीन बेटों के साथ मोहम्मद ईरशाद कुरैशी हत्थे चढ़े। आरोपितों के खिलाफ धारा 299, 325 बीएनएस,छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5, 6, 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है। पुलिस को कर रहे थे गुमराह पूछताछ में पहले तो समीर मंडल ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने बताया कि वह मटन खरीदने आया था। मगर, जरा सी सख्ती बरतने पर वह टूट गया। घर से उसका आधार कार्ड भी मिला। समीर की निशानदेही पर ही शेष पांच आरोपितों की गिरफ्तारी की गई। पूछताछ में खुर्शीद अली ने स्वीकार किया कि विधानसभा रोड स्थित धनेली के सुनसान मैदान में दो गोवंश को काटा था। इसके बाद उनके मांस को निकालकर ऑटो, टैक्सी से लेकर बुधवार रात दस बजे घर आए थे। फिलहाल गोमांस लाने वाला आटो चालक फरार है, जिसकी पतासाजी की जा रही है। रात भर चला मोमिनपारा में हंगामा गोरक्षक अजय सोना ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि कुछ लोग घर के अंदर से गोमांस बेच रहे थे। तभी बजरंग दल और गोरक्षकों ने घर में घुसकर मामले की जांच-पड़ताल की। सूचना सही होने के बाद उनका गुस्सा फूटा और हंगामा शुरू हुआ। इसके बाद तत्काल आजाद चौक पुलिस थाने की टीम के साथ सीएसपी मौके पर पहुंचे। 250 रुपये किलो में बेच रहे थे गोमांस एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपितों ने स्वीकार किया कि 250 रुपये किलो वे गोमांस बेच रहे थे। इनसे गोमांस खरीदने वालों की पूरी जानकारी ली गई है, उनसे भी पूछताछ करेंगे। बाजार में और कहां-कहां पर आरोपितों ने गोमांस बेचा है, इसकी भी जानकारी एकत्र कर रहे हैं। कब से गोमांस बेचने का कारोबार आरोपित कर रहे थे, इसके बारे में फिलहाल कोई पुख्ता सुबूत नहीं है। हालांकि, पुलिस को शक है कि यह पूरा गिरोह पिछले कुछ महीने से सुनसान स्थान पर आने वाले बेसहारा मवेशियों को अपना शिकार बनाता था। हालांकि, अभी तक एक भी पशु पालक ने अपने मवेशियों के गायब होने की सूचना पुलिस थाने में दर्ज नहीं कराई है। लिहाजा, माना जा रहा है कि आवारा गोवंशों को आरोपियों ने पकड़कर काटा था। एसएसपी ने बताया कि इस पूरे मामले का मुख्य आरोपित खुर्शीद अली है। खुर्शीद के तीन बेटे और समीर, इरशाद मिलकर गौवंश काटने और बेचने का काम करते थे। अब तक की जांच में यह सामने आया कि कुल सात लोग इस घटना में संलिप्त हैं। दो गोवंशों की हत्या कर आरोपितों ने कई लोगों को मांस को बेचा है। कैमरे की भी जांच कर रही है, ताकि मांस खरीदने वालों की पहचान हो सके। मौके पर पहुंची टीम गो सेवक दल एवं विश्व हिंदू परिषद के गोल्डी शर्मा ने बताया कि गो मांस की बिक्री की जानकारी मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंची और पुलिस के माध्यम से कार्रवाई करवाई गई। इसे लेकर व्यापक रूप से आंदोलन किया जाएगा। इसी क्रम में शुक्रवार को दोपहर 12 बजे एसपी कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा। recent visitors 178